लाइव, अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तानी हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत 28 नागरिकों की मौत - संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र के अफ़ग़ानिस्तान मिशन ने कहा है कि पाकिस्तान ने रविवार को सीमा से लगे अफ़ग़ान प्रांतों में हवाई हमले किए और सैनिक भेजकर ज़मीनी अभियान चलाया. इसमें कम से कम 28 आम नागरिकों की मौत हुई है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • venezuela earthquake
  • ancy sojan
  • ज़िनेदिन ज़िदान
  • एक ऐसी बच्ची, जिसका 'जन्म' एक नहीं, दो बार हुआ!
  • पतंगें
  • सूडान
  • बोट चलाता हुआ रोबोट

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. ईरान ने दोहा में अमेरिका के साथ बैठक के ट्रंप के दावे को ख़ारिज किया

    इस्माइल बग़ाई

    इमेज स्रोत, Foad Ashtari/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि क़तर में अमेरिकी प्रतिनिधियों की यात्रा का ईरानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा से कोई संबंध नहीं है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरानी विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोहा में ईरान के साथ बैठक के दावे को ख़ारिज कर दिया है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा है कि आने वाले दिनों में ईरान "अमेरिकी पक्ष के साथ किसी भी स्तर पर कोई वार्ता बैठक नहीं करेगा."

    उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि क़तर में अमेरिकी प्रतिनिधियों की यात्रा का ईरानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा से कोई संबंध नहीं है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के उप विदेश मंत्री और तकनीकी वार्ता टीम के प्रमुख काज़ेम ग़रीबाबादी ने भी कहा कि इस हफ़्ते ऐसी कोई बैठक की योजना नहीं है.

    ईरानी अधिकारियों के ये बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे के बाद आए, जिसमें उन्होंने कहा कि ईरान के अनुरोध पर मंगलवार, 30 जून को अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधि दोहा में मिलेंगे.

    व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट ने बताया कि ट्रंप के प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ़ और जैरेड कुशनर इस बैठक में शामिल होंगे.

  2. अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तानी हमलों में महिलाओं और बच्चों समेत 28 नागरिकों की मौत - संयुक्त राष्ट्र, बीबीसी पश्तो और बीबीसी उर्दू

    अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान के हमले

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, तालिबान सरकार के अधिकारियों के अनुसार, पक्तिया प्रांत के मंडोखैल गांव में सबसे ज़्यादा लोग हताहत हुए

    संयुक्त राष्ट्र के अफ़ग़ानिस्तान मिशन ने कहा है कि पाकिस्तान ने रविवार को सीमा से लगे अफ़ग़ान प्रांतों में हवाई हमले किए और सैनिक भेजकर ज़मीनी अभियान चलाया. इसमें कम से कम 28 आम नागरिकों की मौत हुई है.

    यूएनएएमए के मुताबिक़, इन हमलों में 49 लोग घायल हुए हैं. मृतकों और घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा कि हमले में आम नागरिकों के घरों को निशाना बनाया गया और इसे 'कायरतापूर्ण कार्रवाई' और 'अत्याचार' क़रार दिया.

    वहीं, पाकिस्तान ने कहा कि उसने अफ़ग़ानिस्तान के पक्तिया, पक्तिका और कुनार प्रांतों में चरमपंथियों के ठिकानों को निशाना बनाया.

    दोनों पड़ोसी देशों ने पिछले साल अक्तूबर में कई हफ़्तों तक चली झड़पों के बाद युद्धविराम पर सहमति जताई थी, लेकिन यह समझौता बाद में टूट गया.

  3. अयोध्या: कांग्रेस नेता अजय राय ने पुलिस पर नज़रबंद करने का लगाया आरोप

    अजय राय

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अजय राय का कहना है कि ​उत्तर प्रदेश कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार, 30 जून को अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए जाने वाला था (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि अयोध्या में एक होटल में पुलिस ने उन्हें नज़रबंद कर लिया है.

    राय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें दो पुलिस अधिकारी नज़र आ रहे हैं. इस वीडियो में वह एक पुलिस अधिकारी से बातचीत करते नज़र आ रहे हैं.

    वीडियो में वह पुलिस अधिकारी से सवाल करते हैं कि 'क्या दर्शन के लिए भी सरकार रोक देगी?' इस पर एक व्यक्ति कहता है, "नहीं, हम दर्शन करा देंगे."

    अजय राय का कहना है कि ​उत्तर प्रदेश कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार, 30 जून को अयोध्या में रामलला के दर्शन और पूजन के लिए जाने वाला था.

    उन्होंने कहा, "मैं अयोध्या पहुँचा ही था कि बीजेपी सरकार इतनी डर गई कि पुलिस मुझे होटल से गिरफ़्तार कर अपनी जीप में बैठाकर ले जा रही है. अयोध्या में ज़मीन घोटालों और चढ़ावा चोरी करने वाले इन 'चढ़ावा चोरों' को राम भक्तों के आने से डर क्यों लग रहा है? "

    इसके बाद अजय राय के हैंडल से एक और वीडियो साझा किया गया, जिसमें उनकी पत्नी रीना राय आरोप लगाती हैं कि उनके पति को 'पुलिस जीप में ले जाने के बाद, उनके सहयोगियों को गलत जानकारियां देकर भटकाया जा रहा है'.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने कांग्रेस के एक बयान के हवाले से बताया है कि अयोध्या जाने वाले इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अजय राय करेंगे. इसमें अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज सांसद उज्ज्वल रमण सिंह और बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया भी शामिल हैं.

  4. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: ब्राज़ील ने बड़ा उलटफेर रोका, जापान के ख़िलाफ़ दूसरे हाफ़ में पलटी बाज़ी

    ब्राज़ील की ओर से दूसरा गोल दागने के बाद जश्न मनाते गेब्रियल मार्टिनेली और अन्य खिलाड़ी

    इमेज स्रोत, Michael Regan - FIFA/FIFA via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ब्राज़ील की ओर से दूसरा गोल दागने के बाद जश्न मनाते गेब्रियल मार्टिनेली और अन्य खिलाड़ी

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के अंतिम 32 के नॉकआउट मुक़ाबले में ब्राज़ील ने जापान को 2-1 से हरा दिया है. इसी के साथ ब्राज़ील अंतिम 16 में पहुंच गया है.

    ह्यूस्टन में हुए इस रोमांचक मैच में हाफ़ टाइम तक जापान ब्राज़ील को गोल करने से रोकने में ना सिर्फ़ कामयाब रहा बल्कि एक गोल करके बढ़त भी बना ली. हालांकि, आख़िर के 45 मिनट में ब्राज़ील ने वापसी की और दो निर्णायक गोल दागे.

    अगर ब्राज़ील यह मैच हार जाता तो 1966 के बाद यह पहली बार होता, जब वह टूर्नामेंट से इतनी जल्दी बाहर होता.

    अंतिम-32 के इस मुक़ाबले में जापान ने ब्राज़ील को काफ़ी हद तक रोके रखा, बढ़त भी हासिल कर ली और टीम काफ़ी सहज नज़र आ रही थी.

    मैच देख रहे लोगों के लिए उलटफेर की संभावना काफ़ी वास्तविक लगने लगी थी. इसका कारण है कि ब्राज़ील ने साल 2002 के बाद से वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुक़ाबले में पिछड़ने के बाद कभी जीत हासिल नहीं की थी.

    ब्राज़ील की टीम अब तक पांच बार फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप चैंपियन रह चुकी है. उसने आख़िरी बार 2002 का ख़िताब अपने नाम किया था.

  5. भारत ने अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमलों पर जारी किया बयान

    एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, Antti Aimo-Koivisto / Lehtikuva / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये हमले पाकिस्तान के 'लापरवाह व्यवहार' को दिखाते हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत ने अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है और इन हमलों में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. इसको लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है.

    बयान में कहा गया, "भारत अफ़ग़ान क्षेत्र पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें कई आम नागरिकों की मौत हुई है. इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं."

    भारत ने कहा, "पाकिस्तान की यह खुली आक्रामक कार्रवाई अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता पर हमला है और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सीधा ख़तरा है."

    विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये हमले पाकिस्तान के 'लापरवाह व्यवहार' को दिखाते हैं और वह अपनी 'आंतरिक विफलताओं' से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे कामों का सहारा लेता है.

    इसके अलावा भारत ने अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने 'अटूट समर्थन' को दोहराया है.

    पाकिस्तानी सेनाओं ने रविवार और सोमवार की रात अफ़ग़ानिस्तान में ज़मीनी और हवाई अभियान चलाने की बात कही थी. पाकिस्तान सरकार के मुताबिक़, इन हमलों में 29 चरमपंथी मारे गए.

    वहीं, अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा कि इन हमलों में दर्जनों नागरिक मारे गए, जिनमें बच्चे और महिलाएं शामिल हैं.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.