लाइव, फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: ब्राज़ील ने बड़ा उलटफेर रोका, जापान के ख़िलाफ़ दूसरे हाफ़ में पलटी बाज़ी

फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के अंतिम 32 के नॉकआउट मुक़ाबले में ब्राज़ील ने जापान को 2-1 से हरा दिया है. इसी के साथ ब्राज़ील अंतिम 16 में पहुंच गया है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • venezuela earthquake
  • ancy sojan
  • ज़िनेदिन ज़िदान
  • एक ऐसी बच्ची, जिसका 'जन्म' एक नहीं, दो बार हुआ!
  • पतंगें
  • सूडान
  • बोट चलाता हुआ रोबोट

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: ब्राज़ील ने बड़ा उलटफेर रोका, जापान के ख़िलाफ़ दूसरे हाफ़ में पलटी बाज़ी

    ब्राज़ील की ओर से दूसरा गोल दागने के बाद जश्न मनाते गेब्रियल मार्टिनेली और अन्य खिलाड़ी

    इमेज स्रोत, Michael Regan - FIFA/FIFA via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ब्राज़ील की ओर से दूसरा गोल दागने के बाद जश्न मनाते गेब्रियल मार्टिनेली और अन्य खिलाड़ी

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के अंतिम 32 के नॉकआउट मुक़ाबले में ब्राज़ील ने जापान को 2-1 से हरा दिया है. इसी के साथ ब्राज़ील अंतिम 16 में पहुंच गया है.

    ह्यूस्टन में हुए इस रोमांचक मैच में हाफ़ टाइम तक जापान ब्राज़ील को गोल करने से रोकने में ना सिर्फ़ कामयाब रहा बल्कि एक गोल करके बढ़त भी बना ली. हालांकि, आख़िर के 45 मिनट में ब्राज़ील ने वापसी की और दो निर्णायक गोल दागे.

    अगर ब्राज़ील यह मैच हार जाता तो 1966 के बाद यह पहली बार होता, जब वह टूर्नामेंट से इतनी जल्दी बाहर होता.

    अंतिम-32 के इस मुक़ाबले में जापान ने ब्राज़ील को काफ़ी हद तक रोके रखा, बढ़त भी हासिल कर ली और टीम काफ़ी सहज नज़र आ रही थी.

    मैच देख रहे लोगों के लिए उलटफेर की संभावना काफ़ी वास्तविक लगने लगी थी. इसका कारण है कि ब्राज़ील ने साल 2002 के बाद से वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुक़ाबले में पिछड़ने के बाद कभी जीत हासिल नहीं की थी.

    ब्राज़ील की टीम अब तक पांच बार फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप चैंपियन रह चुकी है. उसने आख़िरी बार 2002 का ख़िताब अपने नाम किया था.

  2. भारत ने अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमलों पर जारी किया बयान

    एस जयशंकर

    इमेज स्रोत, Antti Aimo-Koivisto / Lehtikuva / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये हमले पाकिस्तान के 'लापरवाह व्यवहार' को दिखाते हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत ने अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है और इन हमलों में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. इसको लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है.

    बयान में कहा गया, "भारत अफ़ग़ान क्षेत्र पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है, जिनमें कई आम नागरिकों की मौत हुई है. इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं."

    भारत ने कहा, "पाकिस्तान की यह खुली आक्रामक कार्रवाई अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता पर हमला है और क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए सीधा ख़तरा है."

    विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये हमले पाकिस्तान के 'लापरवाह व्यवहार' को दिखाते हैं और वह अपनी 'आंतरिक विफलताओं' से ध्यान भटकाने के लिए ऐसे कामों का सहारा लेता है.

    इसके अलावा भारत ने अफ़ग़ानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने 'अटूट समर्थन' को दोहराया है.

    पाकिस्तानी सेनाओं ने रविवार और सोमवार की रात अफ़ग़ानिस्तान में ज़मीनी और हवाई अभियान चलाने की बात कही थी. पाकिस्तान सरकार के मुताबिक़, इन हमलों में 29 चरमपंथी मारे गए.

    वहीं, अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने कहा कि इन हमलों में दर्जनों नागरिक मारे गए, जिनमें बच्चे और महिलाएं शामिल हैं.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.