अमेरिका ने युद्धविराम के बीच ईरान के रडार और ड्रोन कंट्रोल साइट्स पर किया हमला
इमेज स्रोत, U.S. Navy via Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका ने ईरान की साइट्स पर किए गए हमलों को जवाबी कार्रवाई बताया है (तस्वीर 20 अप्रैल 2026 की है, जब अमेरिकी बलों ने ईरानी झंडे वाले जहाज़ पर गोलीबारी की)
अमेरिका ने दावा किया है कि उसने शनिवार और रविवार को ईरान में रडार और ड्रोन कंट्रोल साइट्स पर हमले किए हैं.
यूएस सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, "हफ़्ते के आखिर में ईरान के गोरुक और क़ेश्म आइलैंड में ईरानी रडार और ड्रोन कंट्रोल साइट्स पर आत्मरक्षा में हमला किया गया."
इन हमलों को सेंटकॉम ने जवाबी कार्रवाई क़रार दिया है. दरअसल, इससे पहले ईरान ने यूएस एमक्यू-1 ड्रोन को गिरा दिया था. ईरान ने दावा किया था कि यह ड्रोन उनके समुद्री क्षेत्र में था.
इसके बाद यूएस लड़ाकू विमान तुरंत सक्रिय हुए और ईरानी एयर डिफ़ेंस सिस्टम, एक ग्राउंड कंट्रोल स्टेशन और दो ड्रोन को नष्ट कर दिया. अमेरिका ने इन्हें वहां से गुज़र रहे जहाज़ों के लिए ख़तरा बताया.
मशहूर गायिका सुमन कल्याणपुर का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार
इमेज स्रोत, X/@PawarSpeaks
इमेज कैप्शन, कल्याणपुर ने 1960 और 1970 के दशक में अपनी आवाज़ से लोकप्रियता हासिल की
मशहूर गायिका सुमन कल्याणपुर का रविवार शाम को मुंबई में 89 की उम्र में निधन हो गया.
उनकी एक क़रीबी दोस्त ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि उम्र से जुड़ी समस्याओं के कारण सुमन कल्याणपुर का निधन हुआ.
सुमन कल्याणपुर का अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई में पवन हंस श्मशान घाट पर सुबह करीब 11.30 बजे से 12 बजे के बीच किया जाएगा.
कल्याणपुर ने 1960 और 1970 के दशक में अपनी आवाज़ से लोकप्रियता हासिल की. वो पद्म भूषण से सम्मानित भी हुई थीं.
कल्याणपुर ने कई मशहूर गाने गाए, इनमें 'आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे', 'ना ना करते प्यार तुम ही से' और 'तुमने पुकारा और हम चले आए' शामिल हैं.
आईपीएल 2026: आरसीबी की जीत के बाद शुभमन गिल ने इंस्टा पर ये लिखा
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, शुभमन गिल फ़ाइनल मुक़ाबले में 0 रन बनाकर आउट हो गए थे
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का फ़ाइनल मुक़ाबला जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने लगातार दूसरे सीज़न का ख़िताब अपने नाम कर लिया है. आरसीबी ने गुजरात टाइटंस (जीटी) को 5 विकेट से हराया.
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने आरसीबी को बधाई दी है.
गिल ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट करते हुए लिखा, "आरसीबी ने बहुत निडर होकर खेला और वे सफलता के हक़दार हैं."
फ़ाइनल मुक़ाबले में आरसीबी के सामने शुभमन गिल 10 रन बनाकर आउट हो गए थे. जोश हेज़लवुड ने तीसरे ओवर में गिल का विकेट लिया.
आईपीएल के इस सीज़न में शुभमन गिल के नाम कुल 722 रन हैं, जीटी को फ़ाइनल तक लाने में उनका अहम योगदान रहा है.
इमेज कैप्शन, शुभमन गिल ने इंस्टाग्राम पर यह स्टोरी पोस्ट की
कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर हुआ महंगा, अब इतनी हो गई क़ीमत
इमेज स्रोत, Praful Gangurde/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर 3113.50 रुपए में मिल रहा है
कॉमर्शियलसिलेंडर की क़ीमतों में आज यानी 1 जून से इज़ाफ़ा हुआ है. भारत की सबसे बड़ी सरकारी रिफ़ाइनर कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की क़ीमत 42 रुपये बढ़ा दी है.
समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक़, पांच किलो वाले फ़्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की क़ीमतों में भी 11 रुपए का इज़ाफ़ा किया गया है.
दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर 3113.50 रुपए में मिल रहा है. जबकि पांच किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की क़ीमत 821 रुपये हो गई है.
हालांकि, घरेलू सिलेंडरों के दामों में किसी तरह की वृद्धि नहीं हुई है.
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने शुक्रवार कहा था कि सरकार ईंधन सुरक्षा को मज़बूत करने के लिए रणनीतिक भंडार बना रही है और लगातार सप्लाई सुनिश्चित कर रही है.
उन्होंने यह भी बताया कि जमाख़ोरी के ख़िलाफ़ क़दम लगातार उठाए जा रहे हैं.
वैभव सूर्यवंशी ने पांच अवॉर्ड जीतने के बाद भी क्यों कहा- दबाव महसूस कर रहा हूं
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने सीज़न में सबसे अधिक 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप का टाइटल जीता है
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरे सीज़न में आईपीएल का ख़िताब अपने नाम कर लिया. हालाँकि इस सीज़न में सबसे अधिक चर्चा में राजस्थान रॉयल्स के प्लेयर वैभव सूर्यवंशी रहे.
वैभव सूर्यवंशी ने सीज़न में सबसे अधिक 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप का टाइटल जीता है. उन्होंने मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर, मोस्ट सिक्स अवॉर्ड और सुपर स्ट्राइकर ऑफ़ द सीज़न समेत कुल 5 अवॉर्ड जीते.
मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर का अवॉर्ड मिलने पर वैभव सूर्यवंशी ने प्रेज़ेंटेशन सेरेमनी में कहा, "अच्छा लग रहा है लेकिन इंटरव्यू देने में थोड़ा दबाव महसूस कर रहा हूं."
वैभव सूर्यवंशी ने रवि शास्त्री से बातचीत में कहा, "इस सीज़न में सीखा कि प्रेशर के गेम में कैसे खेलना है, अपने गेम को कब किस तरीक़े से चेंज करना है."
उन्होंने कहा, "हर गेम में आप एक मोड में नहीं खेल सकते. आपको गेम के सिचुएशन को रीड करके खेलना पड़ेगा और टीम की क्या ज़रूरत है उसके हिसाब से खेलना पड़ेगा."
म्यांमार: भीषण धमाके में 55 लोगों की मौत, अब तक क्या-क्या पता है, पैट्रिक जैक्सन और बीबीसी बर्मीज़
इमेज स्रोत, Shwe Phee Myay
इमेज कैप्शन, टीएनएलए ने कहा कि ख़दान और पत्थर तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले विस्फ़ोटक फ़ट गए, इस कारण यह हादसा हुआ (फ़ाइल फ़ोटो)
म्यांमार में रविवार को हुए एक भीषण धमाके में 55 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए हैं. यह उस इलाक़े में हुई है जो विद्रोहियों के क़ब्ज़े में है.
शान राज्य में नामख़ाम टाउनशिप में हुई इस घटना के बारे में एक सूत्र ने बताया कि 25 महिलाएँ और 30 पुरुष मारे गए. कुछ अन्य रिपोर्टों में अलग-अलग आँकड़े दिए गए हैं.
इस इलाक़े पर नियंत्रण रखने वाले समूह और सेना के ख़िलाफ़ लड़ रहे ताआंग नेशनल लिबरेशन आर्मी (टीएनएलए) ने कहा कि ख़दान और पत्थर तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले विस्फ़ोटक फट गए, इस कारण यह हादसा हुआ.
टीएनएलए के बयान के मुताबिक़ यह 'अनजाने में हुआ धमाका' रविवार को दोपहर 12:00 बजे हुआ.
टीएनएलए ने कहा, "इस धमाके की वजह से कई गाँव के लोगों की जान गई, लोग घायल हुए और उनके घरों को नुक़सान पहुँचा."
एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर लिखा कि शुरुआत में कई लोगों को लगा यह हवाई हमला है.
उसने लिखा, "क़िस्मत से मेरे फ़ोन ने मेरी जान बचा ली. मैं अपने कमरे में बैठकर नूडल्स खा रहा था और फ़ोन देख रहा था. अगर मैं रसोई में होता तो शायद ज़िंदा न रहता."
उसने बताया कि उसके पैर में हल्की चोट आई और उसका घर भी तबाह हो गया. उसने लिखा, "लोग रो रहे थे, अपने माँ-बाप को पुकार रहे थे. ऐसा लग रहा था जैसे दुनिया ख़त्म हो गई हो."
उसने सवाल उठाया कि रिहायशी इलाक़े के पास विस्फ़ोटक चलाने की इजाज़त क्यों दी गई. उसने कहा कि जिनके परिवार के लोग मरे हैं, वे तब तक संतुष्ट नहीं होंगे जब तक अधिकारी पूरी तरह से सफ़ाई नहीं देंगे.
एएफ़पी के मुताबिक़ देश के कई विद्रोही ग्रुप अपने अभियान चलाने के लिए कीमती खनिजों की ख़दानों पर निर्भर रहते हैं. सुरक्षा के ढीले इंतज़ामों की वजह से ख़दान धँसने की घटनाएं और ऐसे हादसे होते हैं.
आईपीएल 2026: आरसीबी की जीत के बाद कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार क्यों बोले- हमारे साथ नाइंसाफ़ी हुई
इमेज स्रोत, Arijit Sen/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, गुजरात के मैदान पर फ़ाइनल मुक़ाबला होने से नाराज़ हैं डीके शिवकुमार (फ़ाइल फ़ोटो)
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के फ़ाइनल मुक़ाबले में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने जीत हासिल कर ट्रॉफ़ी अपने नाम कर ली. हालांकि, कांग्रेस के नेता डीके शिवकुमार ने कहा है कि कर्नाटक के साथ नाइंसाफ़ी हुई है.
शिवकुमार ने पत्रकारों से बातचीत में आयोजकों से फ़ाइनल का मैदान गुजरात में बदले जाने से नाराज़गी जताई.
उन्होंने कहा, "आईपीएल का फ़ाइनल मैच बेंगलुरु में होना चाहिए था. हमारे साथ नाइंसाफ़ी हुई है. राजनीति की वजह से इसे दूसरे मैदान पर कराया गया. मैं इस पर ज़्यादा नहीं बोलूंगा."
उन्होंने आगे कहा, "मैं आरसीबी के सभी फ़ैन्स और कर्नाटक सरकार की तरफ़ से उन्हें बधाई देता हूं."
इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर भी टीम को बधाई देते हुए लिखा, "आरसीबी ने इतिहास रच दिया है, लगातार दूसरा आईपीएल ख़िताब जीतकर. हिम्मत, संतुलन और सच्चे चैंपियनों के जज़्बे के साथ टीम ने एक बार फिर बेंगलुरु को गर्व महसूस कराया."
गौरतलब है कि गुजरात टाइटंस के साथ हुए मुक़ाबले में आरसीबी ने पांच विकेट से जीत दर्ज की.