लाइव, सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की, क्या कहा

सीजेपी के संस्थापक ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है और इससे लोकतंत्र की मूल भावना बदल गई है.

लाइव कवरेज

संदीप राय,अरशद मिसाल

  1. सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की, क्या कहा

    सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ तीखा बयान देते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की है.

    गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभिजीत दीपके ने ज्ञानेश कुमार को देश के लिए “सबसे बड़ा खतरा” बताते हुए उन पर लोकतंत्र को नुक़सान पहुंचाने का आरोप लगाया.

    दीपके ने कहा कि लोकतंत्र का मतलब है कि जनता अपने प्रतिनिधियों और सरकार को चुनती है.

    उन्होंने कहा, "ज्ञानेश कुमार के मुख्य चुनाव आयुक्त बनने के बाद सरकार यह तय कर रही है कि कौन वोट दे सकेगा और कौन नहीं. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इसे लोकतंत्र कहा जा सकता है."

    सीजेपी के संस्थापक ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है और इससे लोकतंत्र की मूल भावना बदल गई है.

    दीपके ने ज्ञानेश कुमार को इस्तीफे के लिए 48 घंटे का समय दिया है. उन्होंने कहा कि अगर 48 घंटे में इस्तीफ़ा नहीं दिया गया तो सीजेपी देशभर में आंदोलन शुरू करेगी और जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक पीछे नहीं हटेगी.

    वहीं, प्रेस कॉन्फ़्रेंस में सीजेपी के सौरव दास ने ज्ञानेश कुमार का इस्तीफ़ा और उनके ख़िलाफ़ क्रिमिनल प्रोसीडिंग्स की मांग की है. साथ ही उन्होंने आने वाले चुनाव होल्ड करने, एसआईआर को फ्रीज़ करने और जनवरी 2025 के वोटर रोल करने की मांग की.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस में सौरव दास ने साल 2023 में चुनाव आयुक्त चुनने के लिए बनाए गए क़ानून को वापस लेने की मांग की.

  2. भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराया, एशियाई खेलों में लगातार तीसरी जीत

    हॉकी इंडिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय हॉकी खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाई खेल 2026 में लगातार तीसरी जीत दर्ज की है. भारत ने पूल ए के मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराया.

    हॉकी इंडिया के अनुसार,भारत ने मैच के पहले हाफ़ में 5-0 की बढ़त बना ली थी. टीम ने दूसरे हाफ़ में तीन और गोल किए, जबकि दक्षिण कोरिया दो गोल कर सका.

    यह एशियाई खेलों के इतिहास में दक्षिण कोरिया के ख़िलाफ़ भारत की सबसे बड़ी जीत भी है.

    भारत का अगला मुकाबला 26 सितंबर को जापान से होगा.

    एशियाई खेलों में भारत की यह लगातार तीसरी जीत है.

  3. अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  4. प्रियंका गांधी की ज्ञानेश कुमार पर 'देशद्रोह' के लिए आपराधिक मुकदमा चलाने की मांग

    प्रियंका गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी ने चुनाव आयुक्त को क़ानूनी सुरक्षा मिलने पर सवाल उठाया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    केरल में वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने चीफ़ इलेक्शन कमिश्नर (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह के लिए आपराधिक मुकदमा चलाने की मांग की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गुरुवार को वायनाड के दौरे पर पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "जो कोई भी हमारे चुनावों की प्रक्रिया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ खिलवाड़ करता है और देश के ख़िलाफ़ देशद्रोह कर रहा है. मुझे नहीं लगता कि इस पद पर बैठे किसी भी व्यक्ति को उस तरह की कानूनी सुरक्षा मिलनी चाहिए, जैसी मुख्य चुनाव आयुक्त को मिलती है."

    उन्होंने कहा, "मतदाता सूची में छेड़छाड़ करना, 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाना यह लोकतंत्र, संविधान और देश के ख़िलाफ़ आपराधिक कृत्य है. चूंकि आपराधिक कृत्य एक ख़ास क़ानून के तहत आते हैं और ऐसे कृत्य करने वाले लोगों पर आम तौर पर मुकदमा चलाया जाता है, इसलिए मुझे समझ नहीं आता कि चुनाव आयुक्त को इससे किसी तरह की क़ानूनी सुरक्षा क्यों मिलनी चाहिए."

    प्रियंका गांधी ने कहा, "उनके ख़िलाफ़ किसी अन्य अपराधी की तरह आपराधिक मुकदमा चलना चाहिए और उन पर देशद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए."

    इस बीच चुनाव आयोग को लेकर उठे सवाल पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार शाम चार बजे नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस करेंगे.

  5. नोएडा डीएम मेधा रूपम के ख़िलाफ़ इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट का स्टे

    अदालत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने नोएडा में मज़दूरों के प्रदर्शन के दौरान ज़िला प्रशासन के रवैये की सख़्त आलोचना की थी

    दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) की ज़िलाधिकारी मेधा रूपम के ख़िलाफ़ इलाहाबाद हाई कोर्ट के दंडात्मक आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है.

    बीते अप्रैल में नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन के मामले में स्टूडेंट आकृति चौधरी को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत हिरासत में रखने के लिए हाई कोर्ट ने डीएम को अपनी जेब से 5 लाख रुपये का मुआवज़ा देने का निर्देश दिया था.

    सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के उस फैसले के अमल पर भी रोक लगा दी, जिसमें छात्रा की हिरासत को रद्द कर दिया गया था.

    लाइव लॉ के मुताबिक़ जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस एनके सिंह की बेंच ने डीएम और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दायर दो अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए अंतरिम रोक का आदेश दिया.

    सुनवाई के दौरान बेंच ने डीएम की ओर से पेश भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी की दलीलें सुनीं.

    सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश के पैराग्राफ 27 से 33 पर रोक लगा दी. इन पैराग्राफ़ में हाई कोर्ट ने डीएम के ख़िलाफ़ कड़ी टिप्पणियां की थीं और चेतावनी दी थी कि लापरवाह नौकरशाही का लगातार 'तानाशाही' रवैया उत्तर प्रदेश को 'ऑरवेलियन डिस्टोपिया' में बदल सकता है.

    इन्हीं पैराग्राफ़ में डीएम को 5 लाख रुपये का मुआवज़ा अपनी जेब से देने का निर्देश भी शामिल था.

  6. अफ़ग़ानिस्तान के 10 ड्रोन ठिकानों पर पाकिस्तान ने किया हमला

    अफ़ग़ानिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कंधार के पास हुए हमले के बाद आग का गुबार उठता दिखाई दिया है

    पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया है कि वायुसेना ने अफ़ग़ानिस्तान के उन 10 ठिकानों पर हमला किया जहां से ड्रोन स्टोर किए गए थे और लॉन्च किए गए थे.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान ने उन जगहों का कोई ब्योरा नहीं दिया जहां हमले हुए.

    इससे पहले पाकिस्तान ने बुधवार को दावा किया था कि अफ़ग़ानिस्तान से उसके हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाले 'आठ ड्रोन्स को मार गिराया' था.

    तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सिद्दीकुल्लाह नुसरत ने बुधवार को बीबीसी को बताया कि 'पाकिस्तान पर अफ़ग़ानिस्तान की ओर से कोई हमला नहीं किया गया.'

    उन्होंने कहा, "अफ़ग़ान वायु सेना ने अभी तक कोई ड्रोन हमला नहीं किया है, और जवाबी कार्रवाई का समय और स्वरूप अफगान वायु सेना द्वारा ही निर्धारित किया जाएगा."

    उधर, अफ़ग़ानिस्तान के टोलो न्यूज़ ने खोस्त के गवर्नर के प्रवक्ता मुस्तग़फ़र गुरबुज़ के हवाले से बताया, "पाकिस्तान के हमले सुबह करीब 3.30 बजे हुए और गुरबुज़ ज़िले के कैंप गुल्लन इलाके के साथ-साथ इस्माइल खेल और मंदोजी ज़िलों के कुछ इलाकों को निशाना बनाया गया."

    उनके अनुसार, हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ.

    अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार ने ये नहीं बताया कि हमले वाली जगहें कौन सी हैं.

    हालांकि गेटी इमेजेज़ ने एएफ़पी समाचार एजेंसी की ओर से कुछ तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें कंधार में हवाई हमले के बाद आग की लपटें और धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है.

  7. बिहारः जमुई के बाद समस्तीपुर में लड़की के साथ अभद्रता, चार गिरफ़्तार

    बिहार पुलिस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, समस्तीपुर से लोकसभा सांसद शाम्भवी चौधरी ने लड़की की पहचान ज़ाहिर न करने की लोगों से अपील की है (प्रतीकात्मक फ़ोटो)

    बिहार में जमुई के बाद, समस्तीपुर में भी एक लड़की के साथ यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, समस्तीपुर के एसपी ने बताया कि जगतसिंहपुर बांध इलाक़े में दिन-दहाड़े एक लड़की को परेशान करते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके आधार पर चार आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया है और एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    समस्तीपुर पुलिस ने बयान जारी किया है, “उक्त मामले में कर्पूरीग्राम थाना की पुलिस ने चारों अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया गया है. अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.”

    बयान के अनुसार, "लड़की की पहचान नहीं हो पाई है लेकिन पुलिस अधिकारियों के बयान के आधार पर ही भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत कर्पूरीग्राम थाना में गुरुवार को मामला दर्ज किया गया है."

    समस्तीपुर से लोकसभा सांसद शाम्भवी चौधरी ने गुरुवार को एक्स पर लिखा, “हमें कल देर रात इस घटना की जानकारी मिली. इसके बाद से ही हम लगातार पुलिस अधीक्षक एवं प्रशासन के संपर्क में हैं और मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए बात की. वीडियो के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.”

    “हमारी बहन-बेटियों के सम्मान और सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. दोषियों के ख़िलाफ़ क़ानून के तहत सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित हो, इसके लिए हम प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं.”

    साथ ही उन्होंने घटना से संबंधित वीडियो को बच्ची के चेहरे या पहचान के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित न करने की अपील की है.

  8. जज ने ट्रंप के व्हाइट हाउस मीडिया बैन पर लगाई रोक तुरंत हटाने को कहा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Spencer Platt/Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले सप्ताह तीन समाचार संगठनों पर व्हाइट हाउस की रिपोर्टिंग से बैन कर दिया था

    अमेरिका में एक जज ने व्हाइट हाउस को तीन समाचार संगठनों पर लगाई गई रोक को तुरंत हटाने का आदेश दिया है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले सप्ताह इन समाचार संगठनों को व्हाइट हाउस में प्रवेश से रोक दिया था.

    डिस्ट्रिक्ट ऑफ़ कोलंबिया की एक अदालत ने इस प्रतिबंध के ख़िलाफ़ अस्थायी रोक का आदेश जारी किया है. इसके तहत सीएनएन, एमएस नॉउ और पॉलिटिको की व्हाइट हाउस तक पहुंच 14 दिनों के लिए बहाल करनी होगी.

    इन तीनों मीडिया संस्थानों ने प्रतिबंध को असंवैधानिक बताते हुए अदालत में क़ानूनी चुनौती दी थी.

    ट्रंप प्रशासन ने अदालत में इस कदम का बचाव करते हुए इन मीडिया संस्थानों पर ग़लत जानकारी प्रकाशित करने और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ख़तरा पैदा करने का आरोप लगाया.

    अदालत ने इस दलील को ख़ारिज़ कर दिया.

  9. अमेरिका में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भव्य स्वागत, देखें तस्वीरें

    ट्रंप और शी जिनपिंग

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी की फ़र्स्ट लेडी मेलानिया, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन

    डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी यात्रा पर पहुंचे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भव्य स्वागत किया.

    ज्वाइंट बेस एंड्रयूज में शी जिनपिंग का रेड कार्पेट और सैन्य विमानों के फ्लाईपास्ट के साथ स्वागत किया गया.

    स्वागत समारोह के दौरान 100 फुट लंबा रेड कार्पेट बिछाया गया था और शी के आगमन के मौके पर दो बी-1 बॉम्बर विमानों ने ऊपर से उड़ान भरी.

    शी जिनपिंग और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सुपरसोनिक विमान अमेरिकी सैन्य हथियारों का अहम हिस्सा हैं और इनके गुजरने पर बेहद तेज़ आवाज़ होती है.

    शी जिनपिंग और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, शी जिनपिंग के स्वागत के लिए रनवे पर रेड कार्पेट बिछाया गया था

    बीबीसी संवाददाता बर्न्ड डेबुसमैन ज्वाइंट बेस एंड्रयूज में मौजूद थे. उन्होंने शी के अमेरिका पहुंचने पर हुए भव्य स्वागत और समारोह के बारे में जानकारी दी.

    अमेरिकी की फ़र्स्ट लेडी मेलानिया के साथ रष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी की फ़र्स्ट लेडी मेलानिया के साथ रष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग और उनकी पत्नी की अगवानी करने पहुंचे

    शी के तीन दिवसीय दौरे का कार्यक्रम

    चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अमेरिका यात्रा तीन दिनों तक चलेगी और व्हाइट हाउस उनके स्वागत की भव्य तैयारियां कर रहा है.

    शी जिनपिंग अपने तीन दिवसीय दौरे पर अमेरिका पहुंचे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शी जिनपिंग अपने तीन दिवसीय दौरे पर अमेरिका पहुंचे

    यात्रा का कार्यक्रम इस तरह होगा-

    बुधवार

    शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन मैरीलैंड स्थित ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पहुंचे, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनका स्वागत किया.

    गुरुवार

    • ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप व्हाइट हाउस में शी जिनपिंग और पेंग लियुआन की मेजबानी करेंगे.
    • स्वागत समारोह के बाद व्हाइट हाउस के रोज गार्डन में सैन्य निरीक्षण होगा.
    • ट्रंप और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी.
    • अमेरिकी और चीनी अधिकारियों के साथ टेक्नोलॉजी क्षेत्र के नेता राजकीय रात्रिभोज में शामिल होंगे. ट्रंप और शी दोनों भाषण देंगे.

    शुक्रवार

    • शी जिनपिंग और पेंग लियुआन व्हाइट हाउस में ट्रंप और मेलानिया ट्रंप के साथ निजी चाय बैठक में शामिल होंगे.
    • दोनों दंपती नेशनल आर्काइव्स का दौरा करेंगे, जहां अमेरिका के स्वतंत्रता की घोषणा और संविधान जैसे संस्थापक दस्तावेज सुरक्षित रखे गए हैं.
    • इसके बाद शी जिनपिंग और पेंग लियुआन ज्वाइंट बेस एंड्रयूज से रवाना होंगे.
    तोपों की बैटरी

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, शी जिनपिंग के स्वागत के समय एयर बेस पर अत्याधुनिक फ़ाइटर जेट और अन्य हथियार भी रखे गए थे
    शी जिनपिंग का स्वागत

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति के स्वागत के लिए 100 फ़ुट का रेड कार्पेट बिछाया गया
    चीन के राष्ट्रपति का स्वागत

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति के स्वागत के लिए वाहनों का एक लंबा काफ़िला भी बेस पर मौजूद था
    चीन के राष्ट्रपति का स्वागत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्वागत में तोपों की सलामी, अमेरिका और चीन के झंडे वाली तीन तीन कलर टीमें, अमेरिकी वायु सेना के बैंड भी थे. इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए गए.
  10. एआई एजेंट ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार के पोर्टल में लगाई सेंध, पीएम ने क्या कहा

    ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इसे 'अस्वीकार्य' बताया है.

    ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा है कि ओपन एआई के एक आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस एजेंट ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार की एक वेबसाइट में 'घुसपैठ' की.

    एजेंट ने ऑस्ट्रेलिया की सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवा योजना मेडिकेयर से जुड़े 'गैर-संवेदनशील' डेटा वाले एक स्टैटिस्टिक्स पोर्टल को हैक किया.

    अल्बनीज के मुताबिक़, यह सेंध जून में लगी थी, लेकिन ओपन एआई को इसकी जानकारी अगस्त में हुई और उसने 10 सितंबर तक सरकार को इसकी सूचना नहीं दी.

    ओपन एआई का कहना है कि ऐसा नहीं माना जा रहा है कि किसी मरीज के रिकॉर्ड तक पहुंच बनाई गई थी.

    अल्बनीज ने कहा कि उन्होंने इस घटना को लेकर ओपन एआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन के साथ 'बेहद स्पष्ट बातचीत' की.

    ऑस्ट्रेलिया की साइबर सुरक्षा एजेंसी इस सेंध की जांच कर रही है. अल्बनीज ने इसे 'अस्वीकार्य' बताया है.

  11. दिल्ली से महोबा जा रही स्लीपर बस में जेवर के पास लगी आग, 9 यात्रियों की मौत

    महिला यात्री

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, महिला यात्री रिंकू राजपूत ने बताया कि बस में धुआं भर गया था

    ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक यात्री बस में आग लग गई, जिसमें एक महिला समेत 9 लोगों की मौत हो गई.

    समाचार एजेंसी एएनआई और पीटीआई ने जेवर पुलिस के हवाले से बताया कि गुरुवार तड़के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई.

    पुलिस के मुताबिक, घटना जेवर थाना क्षेत्र में 33 किलोमीटर के माइलस्टोन के पास हुई. बस दिल्ली से महोबा जा रही थी और रात के दौरान उसमें आग लग गई.

    यात्री बस में आग

    इमेज स्रोत, ANI

    हादसे में बच गई एक महिला यात्री रिंकी राजपूत ने एएनआई से कहा, "मैं सो रही थी, तभी किसी ने दरवा़ा जोर से खटखटाया. जब मेरी आंख खुली तो वहां पहले से ही काफ़ी भीड़ थी. मैंने अपना कोई सामान नहीं उठाया, यहां तक कि जूते भी नहीं पहने."

    "मैंने बस अपना फ़ोन उठाया और बाहर निकल गई. इतनी भीड़ थी कि लोग एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे. मुझे भी धक्के लगे और आखिरकार किसी ने मुझे बाहर खींच लिया. इसके बाद मुझे कुछ और याद नहीं है."

    उनके अनुसार, "बस पूरी तरह धुएं से भर गई थी. वहां अफरा-तफरी मची हुई थी और बाहर निकलना बेहद मुश्किल था. इतना धुआं था कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था. अंदर लोग दम घुटने से परेशान थे. बहुत कम लोग बाहर निकल पाए, सिर्फ वही लोग जो धक्का-मुक्की के बीच किसी तरह रास्ता बना सके."

    महिला ने बताया, "कई लोगों की जान चली गई. मेरे पीछे काफी लोग थे, जो शायद बाहर नहीं निकल पाए, क्योंकि मैं खुद काफ़ी देर बाद बाहर निकल पाई."

  12. अमेरिकी विदेश मंत्री ने भारत और पाकिस्तान के बीच 'संभावित संघर्ष' को लेकर क्या कहा

    मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र पर निशाना साधते हुए कहा कि वो संभावनाओं के मुताबिक़ काम नहीं कर रहा

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच के विवाद समेत अगर दुनिया भर में संभावित संघर्षों से निपटने के लिए एक प्रभावी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था होती तो यह 'बेहद अच्छा' होता.

    रुबियो ने बुधवार को पत्रकारों से कहा, "हम अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की उपयोगिता देखते हैं. मेरा मानना है कि राष्ट्रपति ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र में काफ़ी संभावनाएं हैं, लेकिन वह उन संभावनाओं के मुताबिक़ काम नहीं कर रहा है..."

    उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि कई नेताओं ने इस तथ्य की ओर इशारा किया कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था विफल हो रही है और ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि यह अपने अधिकार क्षेत्र से आगे बढ़ गई है. यह कई ऐसे मामलों में शामिल हो गई है, जिनमें इसे शामिल नहीं होना चाहिए और यह दुनिया के लगभग किसी भी बड़े संघर्ष को हल करने में सक्षम नहीं है."

    अमेरिका विदेश मंत्री ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में इस बात पर 'एकमत और सहमति' है कि अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था टूट चुकी है.

    उन्होंने कहा, "लेकिन यह इसलिए टूटी है क्योंकि उसने खुद को ही कमजोर कर लिया है. इसे उसके उचित फोकस और उचित भूमिका में वापस लाने की ज़रूरत है. यह बहुत अच्छा होता अगर हमारे पास एक प्रभावी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था होती, जो उदाहरण के लिए थाईलैंड और कंबोडिया के बीच हुए युद्ध या भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित संघर्ष से निपट सकती."

    "फ़िलहाल ऐसा लगता है कि हमारे पास ऐसी प्रभावी अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था नहीं है, जो इसका समाधान कर सके."

    रुबियो ने कहा कि ऐसी व्यवस्था के अभाव में राष्ट्र अपने राष्ट्रीय हितों के अनुसार काम करेंगे.

  13. रोशिबिना देवी ने एशियाई खेलों में लगातार तीन मेडल जीत कर रचा इतिहास

    रोशिबिना देवी नाओरेम

    इमेज स्रोत, Andy Cheung/Getty Images

    इमेज कैप्शन, मणिपुर की रोशिबना देवी ने एशियाई खेलों में वुशु स्पर्धा में लगातार तीसरा मेडल जीता है

    जापान के नागोया में हो रहे एशियन गेम्स में गुरुवार को भारतीय वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी नाओरेम ने महिला 60 किग्रा भार वर्ग की वुशु स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, आइची प्रीफ़ेक्चरल मार्शल आर्ट्स हॉल में 20वें एशियाई गेम्स आइची-नागोया के चौथे दिन, रोशिबिना देवी ने इंडोनेशिया की कुसुमानिंगत्यास थानिया को हराया था.

    फ़ाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के हाथों 0-2 से हार का सामना करना पड़ा.

    फ़ाइनल मुकाबले में झांग ने दबदबा बनाए रखा. उन्होंने दोनों राउंड 5-0 से जीते और कुल 10-0 के स्कोर के साथ मुकाबला अपने नाम किया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, रोशिबिना देवी एशियाई खेलों में वुशु में लगातार तीन मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला वुशु खिलाड़ी बन गई हैं.

    रोशिबिना का यह एशियाई खेलों में तीसरा पदक है. उन्होंने 2023 के हांगझोउ एशियाई खेलों में सिल्वर और 2018 के जकार्ता-पालेमबांग एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज़ पदक जीता था.

    रोशिबिना देवी नाओरेम मणिपुर की रहने वाली हैं और 2023 में उन्हें अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था.

  14. यूएसएस अब्राहम लिंकन के आठ नाविकों ने सुसाइड की कोशिश की थी- पेंटागन

    यूएसएस अब्राहम लिंकन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, युद्धपोत अब्राहम लिंकन को लगभग 10 महीने पहले मध्य पूर्व में तैनात किया गया था

    अमेरिकी विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन और उसके स्ट्राइक ग्रुप के कम से कम आठ नाविकों ने आत्महत्या की कोशिश की थी.

    इस बात की पुष्टि बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस को मिले अमेरिकी नौसेना के एग्ज़ीक्यूटिव सेक्रेटरी हांग काओ के एक पत्र से हुई है.

    सीएनएन ने सबसे पहले इस चिट्ठी की ख़बर दी थी.

    इस युद्धपोत को लगभग 10 महीने पहले मध्य पूर्व में तैनात किया गया था और वो रिकॉर्ड समय तक तैनाती में रहा.

    सीबीएस न्यूज ने इस मामले पर टिप्पणी के लिए अमेरिकी नौसेना से संपर्क किया है.

    लिंकन जहाज़ और उसके चालक दल के लगभग 5,000 सदस्यों की तैनाती उस समय जांच के दायरे में आ गई जब पिछले महीने नाविकों के परिजनों और कांग्रेस के कई सदस्यों ने युद्धपोत पर रहने की स्थिति और उसके कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य के बारे में चिंता ज़ाहिर की थी.

    ईरान-अमेरिका जंग शुरू होने के बाद, लिंकन और उसके स्ट्राइक ग्रुपों को मध्य पूर्व में तैनात किया गया था.

    यह युद्धपोत अब उस इलाक़े से निकल चुका है और सैन डियागो स्थित अपने अड्डे पर लौट रहा है.

    विमानवाहक पोत के स्ट्राइक ग्रुप में विमानवाहक पोत का एयर फ़ोर्स विंग, स्ट्राइक ग्रुप हेडक्वार्टर, विध्वंसक स्क्वाड्रन, एस्कॉर्ट विध्वंसक और विमानवाहक पोत पर तैनात सभी विमानन स्क्वॉड्रन शामिल हैं.

    यह चिट्ठी न्यूयॉर्क की डेमोक्रेटिक सीनेटर क्रिस्टन गिलिब्रैंड के जहाज़ पर मौजूद स्थितियों के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में भेजी गई थी.

    (आत्महत्या एक गंभीर मानसिक और सामाजिक समस्या है। यदि आप भी तनाव में हैं, तो आप भारत सरकार की जीवन आस्था हेल्पलाइन 18002333330 से सहायता ले सकते हैं। आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए।)

  15. अमेरिका में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का अभूतपूर्व स्वागत, ट्रंप खुद पहुंचे एयरपोर्ट

    शी जिनपिंग और ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग तीन दिन की यात्रा पर अमेरिका पहुँचे हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ज्वाइंट बेस एंड्रयूज में शी जिनपिंग का विशेष स्वागत किया.

    चीन के राष्ट्रपति अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर वॉशिंगटन पहुँचे हैं.

    राष्ट्रपति ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ज्वाइंट बेस एंड्रयूज के रनवे पर शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत करने पहुंचे. इस दौरान रेड कार्पेट बिछाया गया था.

    1962 के बाद यह पहली बार है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस एयरबेस पर किसी विदेशी नेता का व्यक्तिगत रूप से स्वागत किया है. बीबीसी के व्हाइट हाउस संवाददाता के मुताबिक, यह भव्य स्वागत इस यात्रा को ट्रंप द्वारा दिए जा रहे महत्व को दर्शाता है.

    विमान से उतरने के बाद शी जिनपिंग और डोनाल्ड ट्रंप ने हाथ मिलाया. इस दौरान दोनों नेताओं की पत्नियां भी उनके साथ थीं.

    चीन के राष्ट्रपति के पहुंचने के मौके पर दो बी-1 बमवर्षक विमानों ने ऊपर से उड़ान भरी. अमेरिकी वायुसेना के बैंड ने अमेरिका और चीन दोनों के राष्ट्रगान बजाए और दोनों देशों के झंडे लहराए गए.

    इसके बाद ट्रंप और शी जिनपिंग को अलग-अलग वॉशिंगटन डीसी के लिए रवाना होते देखा गया.

    बाद में अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा कि अमेरिका और चीन नवंबर में खत्म होने वाले व्यापार युद्धविराम को 10 जनवरी तक बढ़ाने पर सहमत हुए हैं.

  16. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहांक्लिक करें.