टीएमसी के बाग़ी विधायकों के गुट ने पार्टी हेडक्वार्टर पर कब्ज़ा किया, लगाया अपना बैनर

तृणमूल कांग्रेस के बाग़ी गुट के नेताओं ने ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में शुक्रवार को कोलकाता स्थित पार्टी के सांगठनिक मुख्यालय पर कब्जा कर लिया.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार
  • ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार, पहुंचे विदेशी मेहमान
  • सूडान
  • venezuela rescue
  • pat cumins
  • एक ऐसी बच्ची, जिसका 'जन्म' एक नहीं, दो बार हुआ!
  • ज़िनेदिन ज़िदान
  • डोनाल्ड ट्रंप
  • जापान की पीएम

लाइव कवरेज

दीपक मंडल और सौरभ यादव

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. टीएमसी के बाग़ी विधायकों के गुट ने पार्टी हेडक्वार्टर पर कब्ज़ा किया, लगाया अपना बैनर, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    टीएमसी

    इमेज स्रोत, Sandeep Saha

    इमेज कैप्शन, टीएमसी के बाग़ी गुट के नेताओं की अगुवाई ऋतब्रत बनर्जी कर रहे हैं.

    तृणमूल कांग्रेस के बाग़ी गुट के नेताओं ने ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में शुक्रवार को कोलकाता स्थित पार्टी के सांगठनिक मुख्यालय पर कब्जा कर लिया.

    इससे पहले ऋतब्रत की अगुवाई में दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को दिल्ली में चुनाव आयोग से मुलाक़ात की थी.

    बीते महीने करीब 60 विधायकों की बगावत के बाद से ही पार्टी, चुनाव चिह्न और बैंक में जमा कोष पर कब्ज़े की लड़ाई लगातार तेज़ हो रही है.

    यह ऑफ़िस साल 2022 से ही पार्टी के मुख्यालय के तौर पर काम कर रहा है. पार्टी ने ईएम बाईपास स्थित मुख्यालय में पुनर्निर्माण शुरू होने के कारण अपना मुख्यालय इस दफ़्तर में शिफ़्ट किया था.

    शनिवार सुबह ऋतब्रत बनर्जी के साथ फिरहाद हकीम, जावेद ख़ान, संदीपन साहा और अखरुजम्मां समेत बाग़ी गुट के कई नेता इस दफ़्तर में पहुंचे. उन लोगों ने खुद को असली तृणमूल कांग्रेस बताते हुए वहां अपना बैनर लगा दिया.

    उनका दावा था कि इस इमारत के मालिक के साथ ज़रूरी कागजी औपचारिकता पूरी होने के बाद ही उन्होंने यहां प्रवेश किया है. अखरुजम्मां ने मौके पर पत्रकारों से कहा, "हम तृणमूल कांग्रेस हैं और यह हमारा दफ़्तर है. पार्टी का इस दफ़्तर से बेहद भावनात्मक संबंध है."

    दूसरी ओर ममता खेमे ने इसे जबरन कब्ज़ा बताया और आलोचना करते हुए इसमें राज्य सरकार और पुलिस की मदद का आरोप लगाया है.

    पार्टी के विधायक कुणाल घोष ने मौके पर पत्रकारों से कहा, "अब जबरन कब्ज़े की संस्कृति चल रही है. सरकार और पुलिस की मदद से टीएमसी से निष्कासित एक विधायक के नेतृत्व में बीजेपी की बी टीम बन गई है."

    इस मुख्यालय में ममता की तस्वीरें और कटआउट लगे हैं. लेकिन ऋतब्रत गुट के नेताओं ने उनको हाथ नहीं लगाया. उनका कहना था कि वो ममता के सलाहकार के तौर पर पार्टी में रहने के इच्छुक हैं.

    ऋतब्रत गुट ने बीते महीने एक बैठक में ममता की जगह अरूप राय को पार्टी का अध्यक्ष चुना था. नई समिति में अभिषेक बनर्जी को भी जगह नहीं दी गई.

    पार्टी का चुनाव चिह्न और बैंक में जमा कोष किस खेमे के पास रहेगा?

    इस सवाल पर ऋतब्रत का कहना था, "इस पर किसी विवाद का सवाल ही नहीं पैदा होता. पार्टी के दो-तिहाई विधायकों समेत कई पूर्व मंत्री, पार्षद और ज़िला परिषद के सदस्य हमारे साथ हैं."

  3. बिहार: राबड़ी देवी ने खाली किया 10 सर्कुलर रोड, निर्माण विभाग को सौंपा भवन, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    राबड़ी देवी
    इमेज कैप्शन, 10 सर्कुलर रोड में लालू राबड़ी परिवार साल 2006 से रह रहा था

    बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपना आवास खाली कर दिया है. बीते कल राबड़ी देवी कौटिल्य नगर स्थित अपने आवास में चली गई थीं.

    आज भवन निर्माण विभाग की एक टीम ने 10 सर्कुलर रोड पहुंचकर जांच की. जांच टीम में शामिल कांट्रैक्टर किशोर कुमार मुन्ना ने 10 सर्कुलर रोड के मुख्य गेट पर ताला लगाया.

    उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "पूरे आवास की जांच हो गई है और सभी सामान सुरक्षित है. आवास की चाभी अब भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों को दी जाएगी."

    10 सर्कुलर रोड में लालू राबड़ी परिवार साल 2006 से रह रहा था. बीते 20 साल में ये आवास राजद और लालू परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र रहा.

    ये आवास अब मंत्री नंद किशोर राम को अलॉट किया गया है. वहीं विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड का बंगला मिला है.

    कयास लगाए जा रहे हैं कि राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव अब अपने कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में ही रहेंगे. बीती 22 जून को भवन निर्माण विभाग ने 29 जून तक राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड खाली करने को कहा था.

    जिसके बाद राबड़ी देवी ने उन सामान की सूची मांगी थी जो बंगला अलॉट करते वक़्त यानी 2006 में 10 सर्कुलर रोड में थी.

    राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड खाली करने के लिये 5 जुलाई तक का समय मांगा था, हालांकि उन्होंने इससे पहले ही बंगला खाली कर दिया.

  4. ई20 ईंधन वापस लेने की मांग को लेकर केजरीवाल लिखेंगे पीएम मोदी को चिट्ठी

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार के ई20 कार्यक्रम पर सवाल खड़ा किए हैं

    आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर 20 फ़ीसदी एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ई20) कार्यक्रम वापस लेने की मांग करेंगे.

    उनका आरोप है कि इससे वाहनों का माइलेज प्रभावित हो रहा है और लोगों के बीच चिंता बढ़ी है.

    एक्स पर जारी वीडियो संदेश में केजरीवाल ने दावा किया कि केंद्र सरकार ने 30 जून को अटॉर्नी जनरल के ज़रिए सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि ई20 ईंधन कार्यक्रम 'एक प्रयोग' है और इसका आगे का रास्ता उसके नतीजों पर निर्भर करेगा.

    उन्होंने आरोप लगाया कि अदालत की कार्यवाही से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने ऐसा कोई बयान देने से इनकार कर दिया और उन रिपोर्टों को ग़लत बताया.

    ई20 ईंधन कार्यक्रम लागू करने पर सवाल उठाते हुए केजरीवाल ने कहा कि इस तरह का कोई भी प्रयोग पहले सीमित संख्या में वाहनों पर किया जाना चाहिए. उसके बाद ही इसे बड़े पैमाने पर लागू किया जाना चाहिए.

  5. भारत अफ़ग़ानिस्तान को मानवीय सहायता पहुंचा रहा है: भारतीय विदेश मंत्रालय

    रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि हम अफ़ग़ानिस्तान को दवाइयां और अन्य प्रकार की सहायता भेज रहे हैं.

    अफ़ग़ानिस्तान पर पाकिस्तान की ओर से किए गए हमलों के बाद अफ़ग़ानिस्तान को मदद भेजे जाने को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.

    साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “अफ़ग़ानिस्तान पर पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमलों की भारत ने कड़ी निंदा की थी, जिनमें महिलाओं और बच्चों समेत कई आम नागरिकों की जान चली गई थी. हमने उन क़ीमती जानों के नुकसान पर शोक व्यक्त किया और साथ ही, अफ़ग़ानिस्तान की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता के लिए अपना मज़बूत समर्थन दोहराया.”

    मदद भेजे जाने के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “जहां तक समर्थन की बात है तो अफ़ग़ानिस्तान के साथ हमारी मानवीय सहायता और विकास सहयोग की प्रक्रिया जारी है. हम दवाइयां और अन्य प्रकार की सहायता भेजते रहे हैं. हम ऐसे विकास प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रहे हैं जिनसे वहां के लोगों के जीवन को फ़ायदा हो सके.”

    बीते 28 जून को पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान पर हवाई हमले किए थे. संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, उन हमलों में 28 नागरिकों की मौत हुई थी.

  6. छत्तीसगढ़: विधायकों के बंगले बनाने के लिए ग्रामीणों के मकान तोड़े जाने का क्या है पूरा मामला, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़

    इमेज स्रोत, Praphull Thakur

    इमेज कैप्शन, छत्तीसगढ़ में ग्रामीणों के 85 मकानों को तोड़े जाने का मामला सामने आया है.

    छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे नकटी गांव में 85 ग्रामीणों के घर बुलडोजर से ढहाए जाने को लेकर रायपुर से बीजेपी सांसद बृजमोहन अग्रवाल अपनी ही सरकार के ख़िलाफ़ खड़े हो गए हैं.

    उन्होंने कहा है कि जिन अफसरों ने इस तोड़फोड़ को अंजाम दिया है, उन्हें सज़ा मिलनी चाहिए. इधर कांग्रेस पार्टी ने भी कहा है कि वह इस मामले को लेकर राज्यव्यापी प्रदर्शन करेगी.

    रायपुर एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर नकटी गांव की जिस ज़मीन पर ये मकान बने थे, उसे अवैध बताते हुए ज़िला प्रशासन ने सोमवार को भारी विरोध के बीच पुलिस बल की मदद से ये मकान ढहा दिए थे. सरकार का कहना है कि इस ज़मीन पर विधायकों के बंगले बनाए जाने हैं.

    साल 1990 से 2023 तक रायपुर से बीजेपी विधायक और इन दिनों रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपनी ही सरकार की कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा, "रात के अंधेरे में घर तोड़ने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए. ये अन्याय है. मैं आज भी नकटी गांव के ग्रामीणों के साथ खड़ा हूं."

    प्रशासन का कहना है कि गांव में अतिक्रमण करके मकान बनाए गए थे, जिन्हें नोटिस के बाद हटाया गया. हटाए गए कई परिवारों को नवा रायपुर के सेक्टर-30 में आर्थिक रुप से कमजोर लोगों के लिए बनाए गए फ्लैट में जगह दी गई है.

    लेकिन पीड़ितों का कहना है कि जिनके घर तोड़े गए हैं. उनमें से बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है, जिनका घर बीजेपी सरकार के कार्यकाल में ही प्रधानमंत्री आवास योजना में सरकारी पैसे से बना था.

    सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस संबंध में राज्य सरकार को पत्र लिख कर मकान नहीं तोड़ने और विधायकों के बंगले कहीं और बनाए जाने का अनुरोध किया था.

    घर तोड़े जाने से नाराज़ ग्रामीणों ने शुक्रवार को कई घंटों तक राज्य के वित्त और राजस्व मंत्री ओपी चौधरी के घर का घेराव किया. एक दिन पहले ग्रामीणों ने कलेक्टर के दफ्तर का घेराव किया था, जिसके बाद कलेक्टर कार्यालय के पीछे की लोहे की घेराबंदी को काट कर कलेक्टर और दूसरे कर्मचारी अपने घर जा पाए थे.

    कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि बारिश के दिनों में गरीबों के 85 मकान तोड़े जाने के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी राज्य सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी.

  7. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: होसबाले के बयान के पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने क्या कहा

    पवन खेड़ा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा है कि संघ का बयान छवि को बचाने की कोशिश है

    आयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में दत्तात्रेय होसबाले के बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रतिक्रिया दी है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में पवन खेड़ा ने कहा, "दत्तात्रेय होसबाले का यह बयान राम मंदिर के करोड़ों के चढ़ावे और दान की लूट का सच सामने लाने के लिए नहीं बल्कि यह सच्चाई पर पर्दा डालकर संघ की छवि को बचाने का कुत्सित प्रयास है."

    इससे पहले आरएसएस के सरकार्यवाहक दत्तात्रेय होसबाले ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि "दान पात्रों में जमा राशि की चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना है."

    पवन खेड़ा ने दत्तात्रेय के वीडियो संदेश पर कहा, "इस वीडियो का वास्तविक मक़सद उत्तर प्रदेश सरकार की उस एसआईटी को वैध ठहराने की कोशिश है, जिसका गठन एफ़आईआर दर्ज होने से पहले ही कर दिया गया था."

    "एसआईटी ने इस संवेदनशील मामले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक किए बगैर इस गोपनीयता से काम किया है कि लगता है कि बहुत कुछ छिपाया गया हो और मालूम होता है कि इसमें बड़े मगरमच्छों को बचाकर कुछ छोटी मछलियों की बलि कर दिया जाना तय है."

    उन्होंने कहा, "राम मंदिर के चंदे की इस लूट ने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास को गहरी चोट पहुंचाई है. आज संघ के इस दिखावे ने उस जले पर नमक छिड़कने का काम भी कर दिया है."

  8. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर बोले विनय कटियार- चंपत राय, गोपाल रॉव, अनिल मिश्रा जाएंगे जेल

    बजरंग दल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बजरंग दल के नेता विनय कटियार ने कहा है कि चंदा चोरी मुद्दे पर उनकी पीएम मोदी से बात हुई है.

    अयोध्या के राम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी के मामले में बजरंग दल के नेता विनय कटियार ने प्रतिक्रिया दी है.

    विनय कटियार ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "सीधी बात यह है कि पैसे का गबन हुआ है. जबरदस्त गबन किया गया है. इस मामले में मैंने मोदी जी से बातचीत की है. मैं उनसे संपर्क में भी हूं. मोदी जी ने मुझसे फ़ोन पर कहा- अरे भाई क्या-क्या होगा अब, मैंने कहा कुछ नहीं होगा सब ठीक हो जाएगा."

    कटियार ने कहा, "लेकिन मुझे घर आकर मालूम चला कि उसमें चंपत राय भी हैं. गोपाल रॉव भी हैं, अनिल मिश्रा भी हैं. ये बस जितने भी लोग है. ये किसी कारण से बच गए हैं जेल नहीं जा पा रहे हैं. हो सकता है आगे ये लोग भी जेल जाएं."

  9. गर्मी से बेहाल फ़्रांस, जून के आखिरी हफ़्ते में हीटवेव ने ली 2000 से अधिक लोगों की जान

    फ़्रांस

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, यूरोप में गर्मी का कहर जारी है.

    फ़्रांस ने कहा है कि यूरोप में रिकॉर्ड तोड़ने वाली भीषण गर्मी के दौरान जून के आखिरी हफ़्ते में 2,000 से ज़्यादा मौतें दर्ज की गईं.

    वहीं मौसम का अनुमान लगाने वालों ने चेतावनी दी है कि आने वाले कुछ दिनों में महाद्वीप में तापमान और भी ज़्यादा बढ़ सकता है.

    जून के आखिरी हफ़्ते में उससे पहले के हफ़्ते की तुलना में मौतों की संख्या में 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई. फ्रांस की स्वास्थ्य मंत्री स्टेफ़नी रिस्ट ने बताया कि 45 साल से ज़्यादा उम्र के लोगों की मौत के मामलों में "साफ़ तौर पर बढ़ोतरी" देखी गई है.

    24 जून को पूरे फ्रांस में अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया. पेरिस में तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और देश के आधे हिस्से में 'रेड हीट अलर्ट' जारी किया गया.

  10. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरएसएस ने कहा- 'राष्ट्र विरोधी शक्तियों को फ़ायदा उठाने न दें'

    दत्तात्रेय होसबाले

    इमेज स्रोत, ANI

    अयोध्या के राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने एक वीडियो जारी कर प्रतिक्रिया दी है.

    आरएसएस के सरकार्यवाहक दत्तात्रेय होसबाले ने कहा है, "अयोध्या में श्री रामलला मंदिर में रखे हुए दान पात्रों में जमा राशि की चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से समूचे समाज और राम भक्तों की भावना एवं श्रद्धा को आघात पहुंचा है."

    उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित संपूर्ण हिंदू समाज की न्यास से स्वाभाविक अपेक्षा है कि इस घोर निंदनीय घटना को असाधारण मान कर गंभीरता से व्यवस्था और संचालन की सभी कमियों को दूर करने को कदम उठाए ताकि अयोध्या मंदिर पर करोड़ों रामभक्तों की आस्था अटूट बनी रहे."

    आरएसएस के सरकार्यवाहक ने कहा, "आरएसएस संपूर्ण हिन्दू समाज से भी आह्वान करता है कि इस कठिन क्षण में वह आवश्यक धैर्य और संयम का परिचय दें तथा इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिन्दू विरोधी, राष्ट्र विरोधी शक्तियों के हिंदू धर्म एवं समाज को बदनाम करने के षड़यंत्रों को विफल करे."

  11. 23 विपक्षी दलों ने चीफ़ जस्टिस को लिखा पत्र, चुनाव प्रक्रिया पर जताई चिंता

    ज्ञानेश कुमार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पार्टियों ने 'स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न' (एसआईआर) प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं.

    भारत के 23 विपक्षी दलों ने मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत को पत्र लिखकर भारत की चुनाव प्रक्रिया पर चिंता जताई है.

    लाइव लॉ के मुताबिक, “दलो ने 'स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न' (एसआईआर) प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं और दावा किया है कि हाल के चुनावों के नतीजे 'जनता की इच्छा' को नहीं दर्शाते हैं.”

    “बीजेपी का विरोध करने वाली एक जैसी सोच वाली पार्टियों' की तरफ से लिखे गए इस लेटर में आरोप लगाया गया है कि ईडी, सीबीआई और एनआईए जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष को 'टारगेट' करने और चुनी हुई सरकारों को गिराने के लिए किया जाता है.”

    इसमें यह भी कहा गया है कि जहां भी उचित हो, वहां पेपर बैलेट वोटिंग सिस्टम को वापस लाने पर विचार किया जाए.

    पार्टियों की ओर से लिखे गए पत्र में कहा गया है, "मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कथित तौर पर हर राज्य में वोटर लिस्ट को ठीक करने का फ़ैसला किया. इसका मकसद यह पक्का करना था कि लिस्ट में सिर्फ़ उन्हीं लोगों के नाम हों जो संविधान और 'जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951' के तहत वोट देने के हकदार हैं."

    पत्र में आगे कहा गया है. "मुख्य चुनाव आयुक्त के मुताबिक, वोटर लिस्ट की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए 'स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न प्रोसेस ज़रूरी था. लेकिन नतीजा बिल्कुल उल्टा निकला. एसआईआर का यह प्रयोग सबसे पहले बिहार में शुरू किया गया था. इस प्रोसेस को सही ठहराने के लिए राजनीतिक बयानबाज़ी मुख्य रूप से बिहार की वोटर लिस्ट में बांग्लादेशियों के कथित घुसपैठ पर केंद्रित थी.

    “अब जब बिहार विधानसभा चुनाव खत्म हो चुके हैं, तो ऐसा कोई डेटा नहीं है जिससे पता चले कि वाकई ऐसी कोई घुसपैठ हुई थी और न ही चुनाव आयोग ने भारत में गैर-कानूनी तरीके से वोट देने का अधिकार पाने वाले बांग्लादेशियों की संख्या के बारे में कोई डेटा सार्वजनिक किया है."

  12. कार्टून: कहाँ चले ?

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, विरोध को दबाए जाने पर बॉम्बे हाईकोर्ट की टिपण्णी पर आज का कार्टून.
  13. आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के साथ दफ़नाए जाएंगे ये चार लोग

    आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान और अमेरिका के हमलों में ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत हो गई थी.

    ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़ा समारोह तेहरान में शुरू हो चुका है. फ़रवरी में इसराइल और अमेरिका के हमलों में अली ख़ामेनेई की मौत हो गई थी.

    आयुतल्लाह अली ख़ामेनेई के साथ इन चार लोगों को दफ़नाया जाएगा.

    • अली ख़ामेनेई की बेटी, बशर अल-ख़ामेनेई.
    • उनके दामाद मिसबाह अल-होदा बघेरी.
    • मोजतबा ख़ामेनेई की पत्नी, ज़हरा हद्दाद आदेल.
    • अली ख़ामेनेई की पोती, ज़हरा मोहम्मदी गोलपायगानी.
  14. अली ख़ामेनेई के अंतिम विदाई की सेरेमनी 'घोषित समय से पहले' शुरू हुई

    आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, IRNA

    इमेज कैप्शन, शुक्रवार को विदेशी मेहमानों की ओर से श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरू हो चुका है

    बीती फ़रवरी में अमेरिका और इसराइल के हवाई हमले में मारे गए ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों का अंतिम संस्कार घोषित समय से पहले शुरू हो गया है.

    ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी इरना के मुताबिक़, पहले यह घोषणा की गई थी कि इस्लामिक गणराज्य के पूर्व सुप्रीम लीडर अली ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार शुक्रवार शाम को शुरू होगा, लेकिन विदेशी मेहमानों की ओर से श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरू हो चुका है और जारी है.

    इरना के अनुसार, इसमें शहीद क्रांतिकारी नेता और उनके परिवार के कई सदस्यों के शवों को तेहरान मोसाल्ला के मंच के सामने रखा गया है.

    रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद रज़ा अरेफ़ तेहरान के मेहराबाद हवाई अड्डे पर पहुंच चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों व प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत कर रहे हैं.

    इरना का कहना है कि अली ख़ामेनेई के दामाद मेस्बाह अल-होदा बघेरी कानी को भी शुक्रवार को तेहरान के पश्चिम में शहरान स्क्वायर और कानी गांव में दफनाया जाएगा और संभवतः बाद में उन्हें मोसाल्ला ले जाया जाएगा.

    इससे पहले, तेहरान के गवर्नर और अंतिम संस्कार समारोह आयोजन समिति ने घोषणा की थी कि समारोह शनिवार 4 जुलाई की सुबह 'इमाम खुमैनी मस्जिद' में 'विदाई समारोह' के साथ शुरू होगा.

  15. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब न्यूज़ीलैंड के दौरे पर जाएंगे

    न्यूज़ीलैंड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यह दौरान प्रधानमंत्री मोदी का न्यूज़ीलैंड का पहला आधिकारिक दौरा होगा

    भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते न्यूज़ीलैंड के दौरे पर जाएंगे. न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफ़र लक्सन ने इसकी जानकारी दी है.

    न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री ने सोशल मीडियो प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर कहा, "मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि भारत के प्रधानमंत्री अगले हफ़्ते न्यूज़ीलैंड की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आएंगे."

    उन्होंने आगे कहा, “भारत दुनिया की सबसे बड़ी और तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और न्यूज़ीलैंड की आर्थिक समृद्धि के लिए बहुत महत्वपूर्ण देश है. हम अप्रैल में हुए न्यूज़ीलैंड-भारत मुक्त व्यापार समझौते के ज़रिए दोनों देशों के रिश्तों को एक नए स्तर पर ले जा रहे हैं.”

    न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री ने कहा, “इससे न्यूज़ीलैंड में ज़्यादा नौकरियां मिलेंगी, निर्यात बढ़ेगा और आर्थिक विकास मज़बूत होगा. इससे 1.4 अरब लोगों के बाज़ार में हमारे सामान और सेवाओं के निर्यात को बढ़ाने के नए मौके मिलेंगे, जिससे न्यूज़ीलैंड के समुदायों में ज़्यादा पैसा आएगा, नौकरियां पैदा होंगी और लोगों की आमदनी बढ़ेगी."

    न्यूज़ीलैंड के अलावा इंडोनेशिया और ऑस्ट्रेलिया भी जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी

    विदेश मंत्रालय के सचिव (ईस्ट) रुद्रेंद टंडन ने बताया, "प्रधानमंत्री 8 और 9 जुलाई को इंडोनेशिया के दौरे पर रहेंगे. इसके बाद वे 10 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न और फिर 11 जुलाई को न्यूज़ीलैंड जाएंगे. इंडोनेशिया में मुख्य कार्यक्रम राजधानी जकार्ता में होगा.

  16. अली ख़ामेनेई का ताबूत तेहरान की मस्जिद में रखा गया

    ईरान

    इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीती फ़रवरी में अमेरिका-इसराइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई और उनके परिवार के कुछ सदस्यों की मौत हो गई थी

    इसराइल और अमेरिका की ओर से किए गए हमले में मारे गए ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्यों के ताबूत को तेहरान की मस्जिद में रखा गया है.

    बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान पहुंचे कुछ विदेशी मेहमानों ने तेहरान में आयोजित प्रार्थना सभा में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की. यह समारोह दिन भर जारी रहेगा.

    पाकिस्तानी गृह मंत्री मोहसिन नकवी और तालिबान के विदेश मंत्री आमिर ख़ान मुत्तक़ी समारोह में शामिल होने के लिए तेहरान में हैं.चीन के कम्युनिस्ट पार्टी के उप प्रमुख भी तेहरान में मौजूद हैं.

    ऐसी ख़बरें हैं कि ताजिकिस्तान,चीन और भारत के कई अधिकारी भी समारोह में शामिल होने वाले हैं.

    बीती फ़रवरी में ईरान के पूर्व इस्लामी गणराज्य के सुप्रीम लीडर के दामाद, पोते, उनकी एक बेटी और उनकी बहू (मोजतबा ख़ामेनेई की पत्नी) समेत परिवार के कई उनके साथ मारे गए थे.

    घोषित योजना के मुताबिक़,अली ख़ामेनेई का 'विदाई और अंतिम संस्कार' के आयोजन कई चरणों में और लगातार कई दिनों तक होंगे.

    अगले गुरुवार को मशहद में उन्हें दफ़नाया जाएगा.

  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

    इंस्टाग्राम में छिपी एक भयानक दुनिया का पर्दाफ़ाश- बीबीसी पड़ताल

    ब्रिटेन की महिला का दावा: भारत यात्रा के बाद उनके दिमाग़ में पाए गए 38 परजीवी

    रूस तेल बेचता था लेकिन ख़ुद ही तेल संकट में कैसे घिरा, पंपों पर लंबी क़तारें, भारत का भी ज़िक्र

  18. दिल्ली हाई कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी के विवादित वीडियो को हटाने को लेकर क्या कहा

    ध्रुव राठी

    इमेज स्रोत, DHRUV RATHEE/FACEBOOK

    दिल्ली हाई कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्र सरकार की शिकायत अपीलीय कमिटी (जीएसी) को निर्देश दिया कि वह 15 दिनों के भीतर यूट्यूबर ध्रुव राठी के उस वीडियो को हटाने की मांग पर फ़ैसला करे, जिसमें कथित तौर पर कहा गया था कि भगवान राम, सीता और भगवान कृष्ण मांस और शराब का सेवन करते थे.

    शिकायत अपीलीय कमिटी केंद्र सरकार की ओर से गठित एक निकाय है. यह सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म और दूसरी ऑनलाइन इंटरमिडयरी की ओर से की जाने वाली ऑनलाइन सामग्री या अकाउंट से जुड़ी शिकायतों पर लिए गए फ़ैसलों के ख़िलाफ़ अपील की सुनवाई करती है.

    क़ानूनी मामलों की ख़बरों और विश्लेषण की वेबसाइट बार एंड बेंच के मुताबिक़ जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा ने कहा कि जीएसी अपना फ़ैसला 15 दिनों के भीतर लेकर इसकी जानकारी अदालत को भी दे.

    उन्होंने यह भी कहा, "अगर इस आदेश की अवहेलना की गई तो अदालत इसे गंभीरता से लेगी."

    यह आदेश अदालत ने वकील अमिता सचदेवा की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया. याचिका में सचदेवा ने ध्रुव राठी की ओर से 21 मार्च 2026 को यूट्यूब पर अपलोड किए गए 'कैन हिन्दुज ईट बीफ़ :केरला स्टोरी 2 एक्सपोज्ड' शीर्षक वाले वीडियो पर आपत्ति जताई गई है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि इस वीडियो में ध्रुव राठी ने भगवान राम, माता सीता और भगवान कृष्ण जैसे पूजनीय पात्रों के बारे में यह ग़लत दावा किया है कि वे मांस और शराब का सेवन करते थे.

    इस याचिका के मुताबिक़, इससे हिंदू आस्था का अपमान हुआ है और करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं.

  19. पाकिस्तान : बलूचिस्तान-ख़ैबर पख़्तूनख़्वा सीमा पर बस गहरी खाई में गिरी, 40 लोगों की मौत

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, DISTRICT ADMINSTRATION SHERANI

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में भीषण बस हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत

    पाकिस्तान में बलूचिस्तान और ख़ैबर पख्तूनख़्वा की सीमा पर स्थित दाना सर क्षेत्र में एक बस हादसे में कम से कम 40 लोग मारे गए हैं.

    बलूचिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि ये हादसा शेरानी जिले में एक यात्री बस के साथ हुआ. क्वेटा में रेस्क्यू 1122 के एक प्रवक्ता के मुताबिक़ बस क्वेटा से पेशावर जा रही थी.

    बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के सहायक शाहिद रिंद ने दुर्घटना में 40 लोगों की मौत की पुष्टि की और कहा कि आठ यात्री घायल भी हुए हैं.

    उनका कहना है कि शुरुआत जानकारी से पता चला है कि हादसे की शिकार बस में अपने यात्रियों के अलावा एक अन्य बस के यात्री भी सवार थे, जो खराब हो गई थी.

    स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, बस एक गहरी खाई में गिर गई, जिससे यात्रियों तक पहुंचना और उन्हें बचाना मुश्किल हो गया.

    दुर्घटनास्थल से मिली तस्वीरों से पता चलता है कि बस पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है.

  20. ईरान : अली ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार समारोह शुरू,कई विदेशी मेहमान तेहरान पहुंचे

    ईरान

    इमेज स्रोत, ISNA

    इमेज कैप्शन, चाइना पीपुल्स कांग्रेस के उप प्रमुख हे वेई से मुलाक़ात करते ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ (दाएं)

    ईरान के सर्वोच्च नेता रहे आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार समारोह शुरू हो गया है. इस बीच, वहां विदेशी मेहमानों और गणमान्य लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है.

    बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, एक घंटे पहले चाइना पीपुल्स कांग्रेस के उप प्रमुख हे वेई की तस्वीरें जारी की गईं, जो आज के समारोह में शामिल होने के लिए तेहरान पहुंचे थे.

    अपनी यात्रा की शुरुआत में उन्होंने ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ से मुलाक़ात की.

    अब तक, तुर्कमेनिस्तान के राष्ट्रीय नेता, इराकी संसद के अध्यक्ष, देश के राष्ट्रपति, इराकी कुर्दिस्तान क्षेत्र के प्रमुख और आर्मेनिया के प्रधानमंत्री उन लोगों में शामिल हैं, जो आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित समारोह में उपस्थित रहेंगे.

    इस समारोह में दर्जनों अन्य देशों के नेताओं, संसद अध्यक्षों और विदेश मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है. आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की ईरान पर इसराइल के हमले में मौत हो गई थी. उनके साथ ईरान के कई आला अधिकारियों की भी मौत हो गई थी.

    तेहरान नगर पालिका में सांस्कृतिक और सामाजिक मामलों के उप प्रमुख मोहम्मद अमीन तवाकलिज़ादेह के अनुसार, "4, 5, 6, 7 और 8 जुलाई को होने वाले अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में राजधानी तेहरान में डेढ़ से दो करोड़ लोग शामिल हो सकते हैं."