लाइव, पश्चिमी यूरोप में भीषण हीटवेव, फ़्रांस में अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज

जलवायु परिवर्तन दुनिया भर में तापमान बढ़ा रहा है, लेकिन इसका प्रभाव यूरोप में विशेष रूप से अधिक देखा जा रहा है.

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल

  1. पश्चिमी यूरोप में भीषण हीटवेव, फ़्रांस में अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज

    पेरिस हीटवेव

    इमेज स्रोत, Annice Lyn/Getty Images

    इमेज कैप्शन, बुधवार को फ़्रांस की राजधानी पेरिस में तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया

    पश्चिमी यूरोप में जारी भीषण हीटवेव के कारण कई देशों में अप्रत्याशित तापमान दर्ज किया गया है.

    फ़्रांस ने अपने इतिहास का सबसे गर्म दिन देखा, जबकि ब्रिटेन में जून महीने का रिकॉर्ड तापमान दर्ज हुआ और स्पेन में 1950 के बाद, दिन का सबसे अधिक औसत तापमान रिकॉर्ड किया गया.

    यूरोप में करोड़ों लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं. फ़्रांस की राजधानी पेरिस में तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि महाद्वीप के बड़े हिस्सों में रेड हीट अलर्ट जारी किया गया है.

    पूरे फ़्रांस में 1947 से रिकॉर्ड शुरू होने के बाद कल सबसे गर्म दिन माना गया.

    देश के आधे से अधिक हिस्से में अभी भी रेड हीट अलर्ट लागू है, जबकि पश्चिमी क्षेत्रों में हजारों घरों को बिजली नहीं मिल रही है.

    जलवायु परिवर्तन दुनिया भर में तापमान बढ़ा रहा है, लेकिन इसका प्रभाव यूरोप में विशेष रूप से अधिक देखा जा रहा है.

    कोपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विस के अनुसार, यूरोप दुनिया का सबसे तेजी से गर्म होने वाला महाद्वीप है और यहां तापमान वैश्विक औसत की तुलना में लगभग दोगुनी गति से बढ़ रहा है.

    इसके परिणामस्वरूप गर्मियों में हीटवेव की घटनाएं बढ़ रही हैं, जल संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है और जंगलों में आग लगने की घटनाएं तेज़ होती जा रही हैं.

  2. अमेरिकी विदेश मंत्री बोले, ‘अगर ईरान ने अपने वादे पूरे नहीं किए तो ट्रंप के पास कई विकल्प हैं’

    मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो तीन दिवसीय दौरे पर मध्य पूर्व पहुंचे हैं

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का कहना है कि ईरान के लिए 60 दिनों की प्रतिबंधों में दी गई राहत एक अस्थायी कदम है और अमेरिका को उम्मीद है कि ईरान समझौते के तहत किए गए अपने वादों को पूरा करेगा.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक कुवैत सिटी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मार्को रुबियो ने कहा कि अगर ईरान अपने वादों को पूरा नहीं करता, तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास कई विकल्प मौजूद हैं, जिनमें प्रतिबंधों को फिर से लागू करना भी शामिल हो सकता है.

    उन्होंने कहा, “मैं यह नहीं कह रहा कि ऐसा निश्चित रूप से होगा, लेकिन राष्ट्रपति के पास यह अधिकार है कि प्रतिबंधों को दोबारा बहाल किया जा सकता है.”

    मार्को रुबियो ने कहा कि ईरान ने स्विट्ज़रलैंड में हुई बातचीत के दौरान स्पष्ट वादे किए थे और राष्ट्रपति ट्रंप ने भी स्पष्ट कर दिया है कि इन वादों का पालन करना ज़रूरी है.

    उन्होंने आगे कहा कि यदि ईरान अपने वादों को पूरा करता है, तो प्रगति जारी रहेगी. नहीं तो, अमेरिका के पास स्थिति से निपटने के लिए दूसरे रास्ते मौजूद हैं.

  3. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    - सरियों से पिटाई, चोकर की रोटी और पिटबुल का पहरा: 12 बंधुआ मज़दूरों की आपबीती