अब्बास अराग़ची बोले, 'ईरान जंग अमेरिका के लिए बड़ी आपदा साबित हुई'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची(फ़ाइल फ़ोटो)
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि अमेरिका को समझ आ गया है कि मध्य पूर्व में बने रहना उसके लिए फ़ायदेमंद नहीं है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "इस युद्ध की बदौलत, अमेरिका आखिरकार इस निष्कर्ष पर पहुंच गया है कि इस क्षेत्र में बने रहना उसके लिए लाभदायक नहीं है."
उन्होंने आगे लिखा, "इसराइल की नाराज़गी के बावजूद, अगर अमेरिका को वहां से निकलने का रास्ता मिलता है तो वो अपनाएगा. क्योंकि इसराइल ने ही अमेरिका को इस युद्ध में धकेला था, और यह एक बड़ी आपदा साबित हुई. इसराइल अमेरिका को सिर्फ़ गैर-ज़रूरी संघर्षों में खींचता है."
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026: स्कॉटलैंड पर ज़ोरदार जीत से अगले राउंड में पहुंचा ब्राज़ील
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ मैच में ब्राज़ील के लिए विनीशियस जूनियर ने दो गोल किए
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप सी के एक मैच में ब्राज़ील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर राउंड ऑफ़ 32 में जगह बना ली है. अब उसका मुक़ाबला 29 जून को जापान से होगा.
ग्रुप सी में ब्राज़ील के दो जीत और एक ड्रॉ के साथ कुल 7 अंक हैं. इसी ग्रुप में मोरक्को ने भी 7 अंक के साथ राउंड ऑफ़ 32 में जगह बना ली है. मोरक्को 30 जून को नीदरलैंड्स से भिड़ेगा.
स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ मैच में ब्राज़ील के लिए विनीशियस जूनियर ने दो गोल किए जबकि मैट्योस कुन्या ने एक गोल किया.
ब्राज़ील के स्टार स्ट्राइकर नेमार जूनियर पहली बार इस वर्ल्ड कप में मैदान में उतरे थे. चोट की वजह से वो पहले दो मैच नहीं खेल पाए थे. वो रिप्लेसमेंट के तौर पर 76वें मिनट में मैदान में आए.
24 जून को खेले गए अन्य मैचों में बोस्निया हरजेगोविना ने क़तर को 3-1 से हरा दिया. स्विटज़रलैंड ने कनाडा को 2-1 से हराया. जबकि मोरक्को ने हैती को 4-2 से हराया.
कोलंबिया ने डी आर कांगो को 1-0 से हरा दिया. जबकि क्रोएशिया ने पनामा को 1-0 से हराया.
कोलकाता गोदाम हादसा: पांच लोगों की मौत के बाद दो गिरफ़्तार, बचाव कार्य अभी भी जारी, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मलबे में अब भी कुछ मज़दूर फंसे हैं. उनको निकालने का काम चल रहा है
कोलकाता के तारातला इलाके़ में बुधवार को एक निर्माणाधीन गोदाम ढहने से पांच लोगों की मौत हो गई है.
इस हादसे में 20 लोग घायल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मुख्यमंत्री के मुताबिक उनमें से दो की हालत गंभीर है.
इस हादसे की जांच के लिए कोलकाता पुलिस के खुफिया विभाग के सहायक आयुक्त के नेतृत्व में सात-सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है.
पुलिस ने खुद से मामला दर्ज करते हुए सुपरवाइज़र समेत सात लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दो लोगों को गिरफ़्तार भी किया गया है.
मलबे में अब भी कुछ मज़दूर फंसे हुए हैं. उनको निकालने का काम चल रहा है.
बुधवार दोपहर को यह गोदाम ढह गया था. उस समय कम से कम 40 मज़दूर मलबे में फंस गए थे. बचाव कार्यों में पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन बल के अलावा सेना की भी मदद ली जा रही है.
बंदरगाह की यह ज़मीन एक निजी संस्था ने 30 साल के लिए लीज पर ली थी और वहां चाय का गोदाम बनाने का काम चल रहा था.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बुधवार शाम को मौके पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने विशेषज्ञों के हवाले से पत्रकारों को बताया कि इस गोदाम के नक्शे में गड़बड़ी थी. कोलकाता नगर निगम ने इसी साल 17 जनवरी को इस नक्शे का अनुमोदन किया था.
इस हादसे के बाद सरकार ने नगर निगम इलाके में तमाम निर्माणाधीन इमारतों पर 31 जुलाई तक रोक लगा दी है. एक विशेष टीम उन परियोजनाओं के नक्शे और निर्माण कार्य की जांच के बाद सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी. उसके बाद ही काम शुरू करने की अनुमति दी जाएगी.
ट्रंप ने रूटे से कहा 'यूरोप के रवैये से निराशा', रूटे बोले- 'यूरोप आपके साथ'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूरोपीय सहयोगियों के व्यवहार पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने निराशा जताई
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और नेटो के महासचिव मार्क रूटे ने बुधवार को व्हाइट हाउस में मुलाक़ात की.
इस दौरान मार्क रुटे ने ईरान जंग पर अपनी बात रखी.
उन्होंने कहा, "मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि ईरान के मुद्दे पर आप जो कर रहे हैं, वह कितना अहम है. यह सबसे पहले उस परमाणु क्षमता के बारे में है, जिसे ईरान लगभग हासिल करने वाला था. यह पूरी दुनिया के लिए ख़तरा बन सकता था."
उन्होंने आगे कहा, "ईरान परमाणु क्षमता हासिल करने के बहुत करीब पहुंच चुका था. आपने देखा होगा कि जी-7 के सभी नेताओं ने इस बात की सराहना की कि इस परमाणु क्षमता को काफी हद तक कमज़ोर कर दिया गया है."
"इस युद्ध के दौरान छह हफ़्ते में यूरोप स्थित ठिकानों से 4 हज़ार से 5 हज़ार अमेरिकी विमान उड़ान भर चुके थे. रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट के हवाई अड्डे को व्यावसायिक उड़ानों के लिए अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आप हवाई ईंधन भरने वाले टैंकर विमानों को संचालित कर सकें."
"कुछ अलग-थलग घटनाएं जरूर हुईं, जिनसे आप निराश हैं, लेकिन कुल मिलाकर आपके यूरोपीय सहयोगी आपके साथ खड़े रहे हैं."
वहीं यूरोपीय सहयोगियों के व्यवहार पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने निराशा जताई.
ट्रंप ने कहा, "अगर मेरी जगह कोई और होता, तो आज आपकी हमारे साथ यह बैठक भी नहीं हो रही होती. यह अच्छा होता अगर वो कहते कि हम मदद करना चाहते हैं. अगर मैं इन्हें फोन करता, तो शायद ज़रूरत पड़ने पर ये मदद का कोई न कोई रास्ता निकाल लेते.”
ट्रंप ने कहा, “मैं इटली, ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस से निराश था. स्पेन की स्थिति तो बेहद खराब है. फिर भी, मुझे इस व्यक्ति का बहुत सम्मान करता हूं. इसलिए हम यहां इस बात पर चर्चा करने वाले हैं कि क्या हुआ था, और आगे क्या होता है, यह देखेंगे."
पश्चिमी यूरोप में भीषण हीटवेव, फ़्रांस में अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज
इमेज स्रोत, Annice Lyn/Getty Images
इमेज कैप्शन, बुधवार को फ़्रांस की राजधानी पेरिस में तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया
पश्चिमी यूरोप में जारी भीषण हीटवेव के कारण कई देशों में अप्रत्याशित तापमान दर्ज किया गया है.
फ़्रांस ने अपने इतिहास का सबसे गर्म दिन देखा, जबकि ब्रिटेन में जून महीने का रिकॉर्ड तापमान दर्ज हुआ और स्पेन में 1950 के बाद, दिन का सबसे अधिक औसत तापमान रिकॉर्ड किया गया.
यूरोप में करोड़ों लोग भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं. फ़्रांस की राजधानी पेरिस में तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि महाद्वीप के बड़े हिस्सों में रेड हीट अलर्ट जारी किया गया है.
पूरे फ़्रांस में 1947 से रिकॉर्ड शुरू होने के बाद कल सबसे गर्म दिन माना गया.
देश के आधे से अधिक हिस्से में अभी भी रेड हीट अलर्ट लागू है, जबकि पश्चिमी क्षेत्रों में हजारों घरों को बिजली नहीं मिल रही है.
जलवायु परिवर्तन दुनिया भर में तापमान बढ़ा रहा है, लेकिन इसका प्रभाव यूरोप में विशेष रूप से अधिक देखा जा रहा है.
कोपरनिकस क्लाइमेट चेंज सर्विस के अनुसार, यूरोप दुनिया का सबसे तेजी से गर्म होने वाला महाद्वीप है और यहां तापमान वैश्विक औसत की तुलना में लगभग दोगुनी गति से बढ़ रहा है.
इसके परिणामस्वरूप गर्मियों में हीटवेव की घटनाएं बढ़ रही हैं, जल संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है और जंगलों में आग लगने की घटनाएं तेज़ होती जा रही हैं.
अमेरिकी विदेश मंत्री बोले, ‘अगर ईरान ने अपने वादे पूरे नहीं किए तो ट्रंप के पास कई विकल्प हैं’
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो तीन दिवसीय दौरे पर मध्य पूर्व पहुंचे हैं
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो का कहना है कि ईरान के लिए 60 दिनों की प्रतिबंधों में दी गई राहत एक अस्थायी कदम है और अमेरिका को उम्मीद है कि ईरान समझौते के तहत किए गए अपने वादों को पूरा करेगा.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक कुवैत सिटी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मार्को रुबियो ने कहा कि अगर ईरान अपने वादों को पूरा नहीं करता, तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास कई विकल्प मौजूद हैं, जिनमें प्रतिबंधों को फिर से लागू करना भी शामिल हो सकता है.
उन्होंने कहा, “मैं यह नहीं कह रहा कि ऐसा निश्चित रूप से होगा, लेकिन राष्ट्रपति के पास यह अधिकार है कि प्रतिबंधों को दोबारा बहाल किया जा सकता है.”
मार्को रुबियो ने कहा कि ईरान ने स्विट्ज़रलैंड में हुई बातचीत के दौरान स्पष्ट वादे किए थे और राष्ट्रपति ट्रंप ने भी स्पष्ट कर दिया है कि इन वादों का पालन करना ज़रूरी है.
उन्होंने आगे कहा कि यदि ईरान अपने वादों को पूरा करता है, तो प्रगति जारी रहेगी. नहीं तो, अमेरिका के पास स्थिति से निपटने के लिए दूसरे रास्ते मौजूद हैं.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.