ऑस्ट्रेलिया-फ़िजी रक्षा समझौते के बाद चीन ने दागी टेस्ट मिसाइल, जापान ने जताया विरोध
ऑस्ट्रेलिया और फ़िजी के बीच नए रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर होने के कुछ घंटे बाद चीन ने डमी वॉरहेड वाली लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल का प्रशांत महासागर में परीक्षण किया.
ऑस्ट्रेलिया-फ़िजी रक्षा समझौते के बाद चीन ने दागी टेस्ट मिसाइल, जापान ने जताया विरोध, हेलन लिविंगस्टोन, सिडनी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चीनी सेना (प्रतीकात्मक तस्वीर)
ऑस्ट्रेलिया और फ़िजी के बीच नए रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर होने के कुछ घंटे बाद चीन ने डमी वॉरहेड वाली लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल का प्रशांत महासागर में परीक्षण किया.
चीन ने इसे "चीन के सालाना सैन्य कार्यक्रम का नियमित हिस्सा" बताया, लेकिन इस परीक्षण से जापान, न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया समेत कई पड़ोसी देशों में नाराज़गी है.
ऑस्ट्रेलिया ने चीन पर क्षेत्र को "अस्थिर" करने का आरोप लगाया. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि उन्हें नहीं लगता कि यह मिसाइल परीक्षण नए सुरक्षा समझौते के जवाब में किया गया है.
ऑस्ट्रेलिया पिछले कुछ वर्षों से प्रशांत क्षेत्र के अपने पड़ोसी देशों के साथ रक्षा संबंध मज़बूत करने में जुटा है, ताकि क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव और सैन्य विस्तार का संतुलित जवाब दिया जा सके.
रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया कि मिसाइल परीक्षण की अपनी योजना की जानकारी चीन ने कुछ घंटे पहले ही ऑस्ट्रेलिया को दे दी थी.
मार्ल्स ने कहा, "प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता, शांति और सुरक्षा को कमज़ोर करने वाली किसी भी कार्रवाई को लेकर ऑस्ट्रेलिया बेहद चिंतित है."
सोमवार को समुद्र आधारित सैन्य अभ्यास करने की अपनी सेना की योजना के बारे में चीन के अधिकारियों ने न्यूज़ीलैंड, जापान और पापुआ न्यू गिनी समेत पूरे हिंद-प्रशांत क्षेत्र की कई सरकारों को पहले ही जानकारी दे दी थी.
जापान ने कहा कि मिसाइल प्रक्षेपण के 90 मिनट पहले उसे जानकारी मिली थी और तभी उसने चीन से इस क़दम पर दोबारा विचार करने की अपील की थी.
जबकि चीन ने कहा कि यह उसका रूटीन टेस्ट था, जो दो साल बाद हुआ है.
मणिपुर में असम राइफ़ल्स के काफ़िले पर घात लगाकर हमला, दो जवानों की मौत, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, असम राइफ़ल्स (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मणिपुर
के उखरुल ज़िले में संदिग्ध चरमपंथियों ने असम राइफ़ल्स के काफ़िले पर घात लगाकर
हमला किया, जिसमें
दो जवानों की मौत हो गई है.
यह हमला सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे नुंगशांग नदी इलाक़े के पास किया गया
था.
असम राइफ़ल्स के एक प्रवक्ता ने बीबीसी से इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया, "उखरुल में आज एक
हमला हुआ है जिसमें दो जवान शहीद हो गए. फिलहाल इस हमले में और कितने जवान घायल
हुए है इसकी पूरी जानकारी प्राप्त करने की कोशिश की जा रही है."
इस
बीच मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने इस हमले की
निंदी की.
एक्स पर एक बयान में कहा गया है,"मणिपुर के गवर्नर आज उखरुल में घात लगाकर किए गए हमले में असम
राइफ़ल्स के दो बहादुर जवानों की दुखद मौत से बहुत दुखी हैं. राज्यपाल हिंसा की इस
कायराना हरकत की कड़ी निंदा करते हैं."
ज़िला
पुलिस के एक सूत्र के अनुसार, चरमपंथियों ने इस हमले में विस्फोटकों के साथ ही
गोलीबारी का इस्तेमाल किया.
यह हमला उखरुल पुलिस स्टेशन से लगभग 16 किलोमीटर पूर्व
में नुंगसांगखोंग के पास हुआ. फ़िलहल इलाक़े की घेराबंदी कर सुरक्षा बलों ने
हमलावरों की तलाश में एक अभियान शुरू किया है.
मणिपुर
के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने हमले की निंदा करते हुए मारे गए लोगों के
परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
सीएम ने एक्स पर लिखा, "आतंक की ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं
किया जाएगा. मणिपुर सरकार दोषियों को सज़ा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और शांति,
सुरक्षा तथा क़ानून
के शासन को बनाए रखने के लिए दृढ़ संकल्पित है."
पहलगाम हमला: पूरक आरोपपत्र में हाफ़िज़ सईद के ख़िलाफ़ भारत के ख़िलाफ़ जंग छेड़ने की धारा जोड़ी गई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, हाफ़िज़ सईद (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पहलगाम हमला मामले में पूरक आरोप पत्र दाख़िल किया है.
एनआईए के एक्स हैंडल पर जारी एक बयान के अनुसार, पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख और संस्थापक हाफ़िज़ सईद और प्रॉक्सी संगठन द रेज़िस्टेंस फ़्रंट (टीआरएफ़) के ख़िलाफ़ पूरक आरोप पत्र दाख़िल किया गया है.
जांच एजेंसी ने बताया कि यह पूरक आरोप पत्र जम्मू स्थित एनआईए की विशेष अदालत में दाख़िल किया गया है.
इसमें हाफ़िज़ सईद पर व्यक्तिगत हैसियत के साथ-साथ प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख और उनके सक्रिय सहयोगी संगठन द रेज़िस्टेंस फ़्रंट के प्रमुख के रूप में भी आरोप लगाए गए हैं.
एनआईए के मुताबिक़, आरोप पत्र में हाफ़िज़ सईद के ख़िलाफ़ भारत के ख़िलाफ़ जंग छेड़ने और सीमा पार से साज़िश रचने से जुड़ी दंडात्मक धाराएं भी शामिल की गई हैं.
एनआईए का कहना है कि 1,597 पन्नों के मूल आरोप पत्र के क्रम में दाख़िल किए गए इस पूरक आरोपपत्र में पाकिस्तान की कथित साज़िश, हाफ़िज़ सईद की कथित भूमिका और मामले में जुटाए गए सबूतों का ब्योरा शामिल है.
एजेंसी के मुताबिक, ये सबूत वैज्ञानिक जांच और ज़मीनी जांच के दौरान जुटाए गए हैं.
ज़िम्बाब्वे टी-20 सिरीज़ के लिए संजू सैमसन टीम से बाहर, रिंकू सिंह की वापसी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, संजू सैमसन
इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टी-20 मैच में प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप किए गए संजू सैमसन को ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ आगामी टी-20 सिरीज़ में नहीं लिया गया है.
बीसीसीआई ने सोमवार को तीन मैचों की
टी-20 सिरीज़ के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान किया.
इसमें वैभव सूर्यवंशी को बरक़रार रखा गया है, जिन्होंने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टी-20 मैच में संजू सैमसन की जगह डेब्यू का
मौक़ा दिया गया था.
टीम में तेज़ गेंदबाज़ मयंक यादव और
बल्लेबाज़ रिंकू सिंह की वापसी हुई है.
यह सिरीज़ 23 जुलाई से शुरू होगी और सभी मैच हरारे में होंगे.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
कार्टून: मुंबई में लगातार बारिश- 'बताना तो पड़ेगा'
इमेज कैप्शन, मुंबई में लगातार बारिश पर आज का कार्टून
पश्चिम बंगालः बारुईपुर तालाब से किशोरी के बाद एक और शव बरामद, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, रविवार को दक्षिण 24 परगना के बारुपुर में एक तालाब से एक किशोरी का शव बरामद किया गया था
पश्चिम बंगाल के बारुईपुर इलाके में रविवार को एक तालाब से 12 साल
की एक किशोरी का शव बरामद होने के बाद सोमवार को उसी तालाब से
कृष्णकांत हालदार नामक एक अन्य व्यक्ति का शव बरामद किया गया.
पुलिस के एक अधिकारी ने नाम ना बताने की शर्त पर बताया कि वह बीते तीन दिनों से लापता थे.
कोलकाता से सटे दक्षिण 24-परगना ज़िले के बारुईपुर के तालाब से जिस किशोरी का शव बरामद हुआ है उसके घरवालों ने
दावा किया था कि रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई है.
हत्या का सुराग हासिल करने के
लिए सोमवार को तालाब में तलाशी अभियान के दौरान ही कृष्णकांत का शव बरामद हुआ.
इस शव के बरामद होने के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, हालात को देखते हुए इलाक़े में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है (प्रतीकात्मक तस्वीर)
अभियुक्तों को पुलिस हिरासत में भेजा
किशोरी का शव बरामद होने के 24 घंटे बाद पुलिस ने बलात्कार का मामला भी दर्ज किया गया है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य अभियुक्त समेत तीन लोगों को गिरफ़्तार करने का दावा किया है.
उनमें से दो को आज स्थानीय अदालत में पेश करने पर उनको 14 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.
उधर, रविवार को किशोरी का शव बरामद होने के बाद संदेह में स्थानीय लोगों की पिटाई से एक युवक की मौत हो गई थी.
लोगों ने इसके बाद इलाके में नाकेबंदी की. इससे क़रीब पांच घंटे तक सड़क पर आवाजाही ठप रही और लोकल ट्रेनों का संचालन भी एक घंटे रुका रहा.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस मामले में दोषियों को सबसे कड़ी सजा देने की बात कही है. उन्होंने किशोरी के पिता से बात कर उनको मंगलवार को मिलने के लिए बुलाया है. मुख्यमंत्री ने कहा है कि वह खुद मंगलवार को मौके का दौरा करेंगे.
इलाके में तनाव को ध्यान में रखते हुए भारी तादाद में पुलिस वालों को तैनात कर दिया गया है.
इसबीच, पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक तृणमूल कार्यकर्ता के फ़ेसबुक लाइव में आरोप लगाया है कि वो अकेले बारुईपुर जाकर मृतका के परिजनों से मिलना चाहती थीं, लेकिन उनको घर में ही लगभग नज़रबंद कर दिया गया है.
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर के सामने आरजेडी ने इन्हें उतारा, सीटू तिवारी, पटना से, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, ANI/RJD
इमेज कैप्शन, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी ने अभी तक अपने उम्मीदवार का एलान नहीं किया है
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव का मुक़ाबला हाई प्रोफ़ाइल बनता जा रहा है. यहां से पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने चुनाव लड़ने का एलान किया.
इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल ने भी अपना उम्मीदवार उतार दिया है.
आरजेडी ने रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है. वो साल 2025 में इसी सीट से आरजेडी के सिंबल पर चुनाव लड़ चुकी हैं.
सोमवार को आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस करके रेखा गुप्ता के नाम का एलान किया.
मंगनी लाल मंडल ने दावा किया कि उन्हें मैदान में उतारना 'पूरे महागठबंधन का फ़ैसला था.'
रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वो प्रशांत किशोर को चुनौती नहीं मानतीं, "मैं बांकीपुर में जनता के बीच सक्रिय रहती हूं और जनता का आशीर्वाद मुझे मिलेगा."
इससे पहले जन सुराज पार्टी ने प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया था.
अभी तक बीजेपी ने अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है. बांकीपुर सीट लंबे समय से बीजेपी जीतती रही है. यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा चले जाने के बाद खाली हुई थी.
इस सीट को बीजेपी का गढ़ माना जाता है और पिछले विधानसभा चुनाव में नितिन नबीन 51 हज़ार से अधिक वोटों से जीते थे. उन्हें कुल 63 प्रतिशत वोट मिले थे.
आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार में क्यों लहराए जा रहे हैं लाल झंडे, लीज़ डूसेट, बीबीसी संवाददाता, तेहरान
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, तेहरान में ईरान के दिवंगत सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम विदाई के दौरान लाल रंग प्रमुखता से दिखाई दे रहा है
ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के
अंतिम संस्कार के जुलूस के दौरान तेहरान में बड़ी संख्या में लोगों के हाथ में लाल झंडे देखे जा रहे हैं.
लगभग 10 किलोमीटर लंबी सड़क के दोनों ओर लोगों की
भीड़ उमड़ पड़ी है. कुछ लोग शोकगीत गा रहे हैं, जबकि कई लोग रो रहे हैं.
अंतिम संस्कार जुलूस प्रसिद्ध 'इंक़लाब स्क्वायर' से होकर गुज़रेगा. इस चौक पर एक विशाल प्रतिमा है,
जिसे 'प्रतिरोध की मुट्ठी' के नाम
से जाना जाता है.
यह प्रतिमा उत्सवों का एक प्रमुख प्रतीक है, जिस पर 'हमें उठ खड़ा होना चाहिए' का नारा उकेरा गया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सोमवार को आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई का जुलूस 10 किलोमीटर तक फैला था
शासन के वफ़ादार समर्थकों के बीच एक और नारा लगातार गूंज रहा है, "अमेरिकी और इसराइली हवाई हमलों में सुप्रीम लीडर की हत्या का बदला."
लाल झंडे को प्रतिशोध के प्रतीक के रूप में देखा जाता है और भीड़ में ये लाल झंडे प्रमुखता से दिखाई दे रहे हैं, जबकि कई पोस्टर विशेष रूप से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को संबोधित हैं.
हालांकि इसमें से कुछ बातें महज़ बयानबाज़ी हैं, लेकिन आयतुल्लाह की हत्या को लेकर फैला गुस्सा ईरान के नए नेतृत्व में भी अशांति पैदा कर रहा है. कट्टरपंथी ट्रंप टीम के साथ हो रही बातचीत की विशेष रूप से आलोचना कर रहे हैं.
अंतिम संस्कार जुलूस की तस्वीरों में, कुछ शोक संतप्त लोगों को ट्रंप विरोधी पोस्टर और बैनर लिए हुए देखा जा सकता है, जिनमें मौत की धमकियां भी शामिल हैं.
इन बैनरों में नेतन्याहू और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वैंस के ख़िलाफ़ नारे भी शामिल हैं.
अर्ध-सरकारी फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के टेलीग्राम चैनल पर एक वीडियो भी पोस्ट किया गया है, जिसमें शोक मनाने वाले लोग एक पुल पर अमेरिकी राष्ट्रपति के पोस्टर पर पत्थर फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं.
पीएम मोदी इंडोनेशिया पहुंचे, किन देशों की और करेंगे यात्रा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, इंडोनेशियाई वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने प्रधानमंत्री के विमान को एस्कॉर्ट किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंच गए.
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, एयरपोर्ट पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका स्वागत किया.
एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का स्वागत सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ किया गया.
भारतीय वायुक्षेत्र से इंडोनेशिया के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही इंडोनेशियाई वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने प्रधानमंत्री के विमान को एस्कॉर्ट किया.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "जकार्ता पहुंच गया हूं. एयरपोर्ट पर मेरा स्वागत करने के लिए राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का आभार. उनके इस आत्मीय स्वागत से मैं बेहद प्रभावित हूं. साल 2018 में हमने अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था. इससे दोनों देशों के लोगों को फ़ायदा मिला है."
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी.
प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया के बाद ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड जाएंगे.
भारत की प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने इस यात्रा को लेकर एक्स पर टिप्पणी की है.
कांग्रेस ने लिखा है, "पीएम मोदी को कोई अवॉर्ड दीजिए, वो वहां दौड़े चले जाएंगे."
'भारत का यह अपनापन कभी नहीं भूलेंगे', ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने पर ईरान ने कहा
इमेज स्रोत, @Iran_in_India
इमेज कैप्शन, तेहरान में तीन और चार जुलाई को शुरू हुई आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की अंतिम विदाई की रस्मों में शामिल होने के लिए भारत की ओर से प्रतिनिधिमंडल गया था
ईरान ने सोमवार को अपने दिवंगत सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने पर भारत का आभार जताया.
भारत में ईरान के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "भारत की यह पहल आपसी सम्मान और सच्ची एकजुटता का मजबूत संदेश है."
दूतावास ने लिखा, "ईरान के लोग दोस्ती, संवेदना और दिल से जताए गए सम्मान के इस भाव को कभी नहीं भूलेंगे. वे इसे इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान और भारत गणराज्य के बीच लंबे समय से चले आ रहे रिश्तों का अनमोल प्रतीक मानते हैं. साथ ही, यह दोनों देशों की मित्रता को और मजबूत करने की अहम नींव भी है."
पिछले सप्ताह तेहरान में शुरू हुए अंतिम संस्कार कार्यक्रम में भारत की ओर से प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ था.
इसमें भारत सरकार की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन शामिल थे.
इसके अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद और पीडीपी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती भी शामिल होने तेहरान गए थे.
ईरानी दूतावास ने लिखा, "भारत के राजनीतिक नेताओं, सांसदों, प्रमुख शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और मानवीय संबंधों को दर्शाती है."
बीते फ़रवरी में अमेरिका और इसराइल के हवाई हमले में मारे गए अली ख़ामेनेई और उनके परिजनों को अंतिम विदाई देने के लिए ईरान ने एक हफ़्ते का कार्यक्रम घोषित किया है, जिसमें दुनिया भर से गणमान्य लोग शामिल हो रहे हैं.
तीन से छह जुलाई तक तेहरान के ग्रैंड
मोसल्ला में अंतिम विदाई की रस्में रखी गई हैं. सात जुलाई को क़ोम में सेरेमनी होगी
और जामकारान में नमाज़ अदा की जाएगी. आठ जुलाई को इराक़ के नजफ़ और कर्बला
में रस्में होंगी.
नौ जुलाई को मशहद में दफ़नाने की
प्रक्रिया पूरी होगी.
श्रीलंका: जेल में दो गुटों की झड़प में तीन अफ़सरों समेत 25 की मौत और 100 से अधिक घायल
इमेज स्रोत, Ishara S. KODIKARA / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, श्रीलंका की नेगोम्बो जेल में सोमवार सुबह क़ैदियों के दो गुटों में झड़प हो गई
श्रीलंका के नेगोम्बो जेल में सोमवार सुबह भारी हिंसा के चलते 25
लोग मारे गए जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं.
बीबीसी सिंहला के मुताबिक़, मारे गए लोगों में तीन पुलिस अधिकारी हैं.
बीबीसी संवाददाता का कहना है
कि जेल के अंदर गोलियों की आवाज़ सुनी गई है और स्पेशल टास्क फ़ोर्स और दंगा
नियंत्रण इकाई के अधिकारी जेल में प्रवेश करते दिखाई दिए हैं.
ग़ौरतलब है कि रविवार को भी इसी जेल
में झड़प हुई थी जिसमें दो लोग मारे गए और 39 लोग घायल हुए थे.
हालांकि रविवार को नेगोम्बो जेल के अंदर तनावपूर्ण स्थिति को अधिकारियों
ने संभाल लिए जाने का दावा किया था.
लेकिन सोमवार को जेल के अंदर फिर से अशांति फैल गई और
वहां मौजूद बीबीसी सिंहला के एक संवाददाता ने बताया कि अंदर से लगातार गोलियों की
आवाज़ें सुनाई दे रही थीं.
उन्होंने यह भी कहा कि कई क़ैदियों और
जेल अधिकारियों को जेल से बाहर ले जाते हुए देखा गया.
इमेज स्रोत, Ishara S. KODIKARA / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, श्रीलंका की नेगोम्बो जेल में रविवार से ही तनाव चल रहा था
जेल आयुक्त ने क्या बताया
जेल आयुक्त और जेल मीडिया प्रवक्ता एसी गजनायके ने मीडिया को बताया कि अशांति का कारण वहां क़ैदियों के दो समूहों के बीच हुई झड़प थी. रविवार को झड़प हुई थी जिसे अधिकारियों ने सुलझा लिया था लेकिन सोमवार की सुबह फिर अशांति फैल गई.
उन्होंने कहा कि अशांति को शांत करने के लिए पहुंचे जेल अधिकारियों पर क़ैदियों ने हमला कर दिया.
उन्होंने बताया कि उस समय जेल अधिकारी मुख्य द्वार की ओर दौड़े और क़ैदियों ने उनका पीछा किया और उन पर हमला कर दिया. क़ैदियों ने बाद में जेल के मुख्य द्वार को तोड़ने का प्रयास किया और उस समय जेल अधिकारियों ने क़ैदियों को नियंत्रित करने के लिए न्यूनतम बल का प्रयोग किया.
ओडिशा पेट्रोल डीलर एसोसिएशन ने ई20 पर केंद्र से दोबारा विचार करने की मांग की
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पेट्रोल ब्लेंडिंग को लेकर उपभोक्ताओं के बढ़ते विवाद के बीच ओडिशा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने सरकार से पुनर्विचार करने की अपील की है
ओडिशा के पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से ई20 पेट्रोल नीति पर दोबारा विचार करने की अपील की है.
ओडिशा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के प्रेसीडेंट शशांक शेखर साहू ने एएनआई से कहा, "ईंधन में क्या चीज़ कितनी मात्रा में है इसे तय करने में डीलरों की कोई भूमिका नहीं होती, लेकिन मौजूदा नीति की वजह से हमें मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है."
साहू ने कहा कि दुनिया के कई देशों में अब भी पेट्रोल में अधिकतम 10 प्रतिशत एथेनॉल मिलाया जाता है, जबकि भारत ने इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत कर दिया है. इससे वाहनों की अनुकूलता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
उन्होंने कहा, "भारतीय सड़कों पर बीएस6 मॉडल समेत चल रहे बड़ी संख्या में वाहन मूल रूप से ई20 पेट्रोल पर चलने के लिए डिज़ाइन नहीं किए गए थे. इससे कार्बोरेटर जाम होने जैसी कई मैकेनिकल समस्याएं सामने आ रही हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है."
साहू ने कहा, "ई20 पेट्रोल लागू होने के बाद ही ये समस्याएं सामने आने लगीं. इसलिए इस नीति को और आगे बढ़ाने से पहले इसका वैज्ञानिक आधार पर पुनर्मूल्यांकन किया जाए."
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जंतर मंतर पर रविवार को ई20 को लेकर एक प्रदर्शन भी आयोजित किया गया
'ग्राहकों का ग़ुस्सा, डीलरों की मुसीबत'
एसोसिएशन के प्रेसिडेंट ने कहा कि, 'जनता का ग़ुस्सा बेवजह पेट्रोल डीलरों को झेलना पड़ रहा है.'
उन्होंने कहा, "ग्राहक पेट्रोल पंप पर आकर हंगामा करते हैं और हमें समस्याओं के लिए ज़िम्मेदार मानते हैं. जबकि डीलर सिर्फ सरकार की नीति के तहत उपलब्ध कराया गया ईंधन बेचते हैं. ईंधन की संरचना तय करने का उनके पास कोई अधिकार नहीं होता."
एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से अपील की है कि ई20 पेट्रोल के विस्तार से पहले वाहनों की अनुकूलता, उपभोक्ताओं की चिंताओं और पेट्रोल पंप संचालकों के सामने आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए इस नीति की दोबारा समीक्षा की जाए.
साहू ने कहा, "यह भी सुनिश्चित किया जाए कि स्वच्छ ईंधन की दिशा में भारत का कदम वाहन चालकों और ईंधन विक्रेताओं पर नकारात्मक असर न डाले."
यूक्रेन की राजधानी पर एक ही हफ़्ते में रूस का दूसरा बड़ा हमला, 11 लोगों की मौत, सराह रेन्सफोर्ड, पूर्वी यूरोप संवाददाता, कीएव और हैरी सेकुलिच
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, सोमवार तड़के हुए हमलों के बाद कीएव में आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी क्षतिग्रस्त इमारतों से लोगों को बाहर निकालने में जुटे रहे
यूक्रेन की राजधानी कीएव पर एक सप्ताह के भीतर हुए रूसी हमलों में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है.
शहर के शीर्ष सैन्य प्रशासक तिमूर तकाचेंको ने यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि 46 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं.
वहीं, कीएव क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी तीन लोगों की मौत हुई है. आपातकालीन अधिकारियों के मुताबिक़, बचाव अभियान 20 से अधिक स्थानों पर जारी है.
उन्होंने बताया कि शहर के दो ज़िलों में ऊंची आवासीय इमारतें भी हमले की चपेट में आई हैं.
ये हमले तुर्की में होने वाले नेटो शिखर सम्मेलन से ठीक एक दिन पहले हुए हैं, जहां यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात होने की उम्मीद है.
ताज़ा हमलों से कुछ घंटे पहले ज़ेलेंस्की ने चेतावनी दी थी कि रूस कीएव पर दूसरा 'बड़ा हमला' करने की तैयारी कर रहा है. बीते गुरुवार को हुए रूसी हमलों में 30 लोगों की मौत हुई थी.
कीएव के लोगों के लिए यह एक और डरावनी रात रही. शहर में लगातार तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं. हमलों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भूमिगत शरणस्थलों में जाकर शरण ली.
अभी तक बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता संदीप राय रात दस बजे तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
अयोध्या में बैठक से पहले राम जन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष ने जारी किया पत्र, क्या कहा, प्रेरणा, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास (फ़ाइल फ़ोटो)
श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास ने एक पत्र जारी किया है.
इस पत्र में लिखा है कि राम मंदिर में हुई चढ़ावा चोरी से वह बहुत आहत हैं, लेकिन उनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर उनका पूरा भरोसा है. इस मामले पर किसी को भी राजनीति नहीं करनी चाहिए.
उन्होंने लिखा है, ''इस मामले में दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. ये करोड़ों हिंदुओं की आस्था का प्रश्न है और मेरा निवेदन है कि इसमें किसी भी व्यक्ति को अपने निजी लाभ के लिए राजनीति नहीं करनी चाहिए.''
ये पत्र ऐसे समय में जारी हुआ है जब राम मंदिर में चढ़ावा चोरी से जुड़ी जांच को लेकर दोपहर तीन बजे राम जन्मभूमि ट्रस्ट की अयोध्या में बैठक होने वाली है.
अब तक इस मामले में आठ लोगों की गिरफ़्तारी हुई है. जबकि ट्रस्ट के सचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा इस्तीफ़ा दे चुके हैं.
आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में लोगों का सैलाब, तस्वीरों में देखें
ईरान के सर्वोच्च नेता रहे आयतुल्लाह अली अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़ी रस्में तेहरान में शुरू हो चुकी हैं. बड़ी तादाद में लोग इसमें शामिल होते दिख रहे हैं.
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, बड़ी संख्या में लोग दिवंगतों को श्रद्धांजलि देने के लिए जुटे हुए हैं. श्रद्धांजलि सभा के बीच वाहनों का काफिला लोगों की भीड़ के बीच से गुजरता दिखाई दिया
इमेज स्रोत, Reuter
इमेज कैप्शन, बताया जा रहा है कि इन वाहनों में ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों के ताबूत रखे गए हैं
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, तेहरान में लोगों के बीच से गुजरता एक वाहन दिखाई दे रहा है, जिसमें ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों के ताबूत रखे हुए हैं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के निधन पर शोक मनाते लोग
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, तेहरान में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में लोगों की जुटी भीड़
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, ईरान में इन ताबूतों का दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं. इनमें आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई और उनके परिवार के लोगों के शव रखे गए हैं
पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन सीटों पर उपचुनाव 24 जुलाई को
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सुष्मिता देव तृणमूल कांग्रेस के उन तीन राज्यसभा सांसदों में शामिल थीं, जिन्होंने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था
पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की तीन सीटों पर उपचुनाव 24 जुलाई को होंगे.