You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, ईरान ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित समझौते के बारे में क्या-क्या बताया

बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने शुक्रवार शाम एक टेलीविजन कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका के साथ एक समझौता होने वाला है और होर्मुज स्ट्रेट का खुलना इसका हिस्सा होगा.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. ईरान ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित समझौते के बारे में क्या-क्या बताया

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने शुक्रवार शाम एक टेलीविजन कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका के साथ एक समझौता होने वाला है और होर्मुज स्ट्रेट का खुलना इसका हिस्सा होगा.

    उन्होंने कहा, "हम पहले से कहीं अधिक समझौते के क़रीब हैं. यानी, यह अगले एक-दो दिनों में हो सकता है, या अगले कुछ दिनों के भीतर हो सकता है."

    अराग़ची ने इस समझौते को लेकर मीडिया में चल रही अटकलों को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि मीडिया को ऐसी अटकलों से बचना चाहिए, ये 'माहौल को बिगाड़ सकती हैं'.

    ईरानी विदेश मंत्री के मुताबिक़, यह समझौता दो या डेढ़ पन्ने लंबा है और इसके बिंदुओं पर दो महीने से अधिक समय तक बातचीत हुई है.

    उनके अनुसार, समझौते के सभी बिंदुओं और वाक्यों की कई बार समीक्षा की गई है.

    अराग़ची ने कहा, "सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद और सुरक्षा संस्थानों के सामने समय पर रिपोर्टें पेश की गई हैं और सैन्य बलों ने होर्मुज़ स्ट्रेट और युद्ध की समाप्ति सहित महत्वपूर्ण मुद्दों की निगरानी भी की है."

    ईरानी विदेश मंत्री ने होर्मुज़ स्ट्रेट के भविष्य को लेकर भी बयान दिया.

    उन्होंने कहा कि अब तक होर्मुज़ स्ट्रेट में सेवाएं मुफ़्त थीं, लेकिन 'ईरान का अंतिम निर्णय यह है कि भविष्य में होर्मुज़ स्ट्रेट का प्रबंधन अतीत से अलग होगा.'

  2. अमेरिका ने कहा- ईरान की ओर से होर्मुज़ स्ट्रेट में छोड़े गए कई ड्रोन मार गिराए गए

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया है कि उसने होर्मुज़ स्ट्रेट में कॉमर्शियल जहाज़ों पर हमले के लिए छोड़े गए ईरानी ड्रोन्स को मार गिराया है.

    सेंटकॉम ने एक्स पर बयान जारी कर कहा, "ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे कॉमर्शियल जहाज़ों को निशाना बनाने की कोशिश में कई ड्रोन लॉन्च किए."

    "अमेरिकी सेना ने पिछले कुछ घंटों में इन सभी ड्रोन्स को मार गिराया है और स्ट्रेट से जहाज़ों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के जारी है."

    अप्रैल महीने में अमेरिका और ईरान के बीच सीज़फ़ायर के बाद से दोनों देश एक-दूसरे पर सीज़फ़ायर उल्लंघन का आरोप लगाते रहे हैं.

    बुधवार को फ़ारस की खाड़ी से गुज़र रहे एक कॉमर्शियल जहाज़ को अमेरिकी सेना ने निशाना बनाया था. इस हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई थी.

  3. डोनाल्ड ट्रंप का दावा, 'अमेरिका ने भारतीय जहाज़ों पर ईरान के ड्रोन हमले को नाकाम किया'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि 'भारतीय जहाज़ों पर ईरान के ड्रोन हमले को अमेरिकी सेना ने नाकाम कर दिया.'

    शुक्रवार को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पोस्ट में लिखा, "बीती रात होर्मुज़ स्ट्रेट से निकल रहे भारतीय जहाज़ों पर किया गया उनका (ईरान) ड्रोन हमला पूरी तरह नाकाम कर दिया गया. यह पूरी तरह अस्वीकार्य है. उन्हें तुरंत अपनी स्थिति तेज़ी से सुधारनी चाहिए."

    ग़ौरतलब है कि इस हफ़्ते ओमान की खाड़ी में भारतीय नाविकों वाले तीन जहाज़ों पर अमेरिकी नेवी ने हमला किया था, जिनमें तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई है.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बुधवार को एक वीडियो जारी कर पलाऊ के झंडे वाले तेल टैंकर सेटेबेलो के इंजन को निशाना बनाने की बात कही थी.

    यह वही जहाज़ है, जिस पर हुए हमले में तीनों भारतीय नाविक मारे गए.

    इसे लेकर भारत ने नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के राजनयिक के साथ कड़ा विरोध दर्ज कराया.

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात कर इस घटना को लेकर विरोध दर्ज कराया है. उन्होंने शुक्रवार को बताया कि मार्को रुबियो से इस बारे में उनकी बात हुई है.

    उधर, ईरान ने भी भारतीय नाविकों की मौत के लिए अमेरिका की निंदा की है.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने एक्स पर लिखा, "भारतीय कमर्शियल जहाज़ों पर अमेरिका के क्रूर हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई है. ये हमले अमेरिका की सशस्त्र लूट और राज्य प्रायोजित समुद्री डकैती की नीति के स्पष्ट प्रमाण हैं."

  4. कल्याण बनर्जी के हमले के बाद नरम पड़े अभिषेक बनर्जी, जानिए क्या कहा

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के वफ़ादार माने जाने वाले नेता कल्याण बनर्जी ने दो दिन पहले ही अभिषेक बनर्जी को आड़े हाथों लिया था.

    अभिषेक ममता बनर्जी के भतीजे हैं और टीएमसी महासचिव.

    कल्याण बनर्जी ने यहाँ तक कह दिया था कि ममता को उनमें या अभिषेक में से किसी एक को चुनना होगा. उन्होंने अभिषेक को अहंकारी बताया था.

    शुक्रवार को अभिषेक बनर्जी ने इसका जवाब दिया लेकिन उनका लहजा बहुत ही उदार था.

    उन्होंने कहा, "जो टॉप लीडर्स मेरे ख़िलाफ़ बोल रहे हैं, पार्टी में इन मुद्दों पर चर्चा करने की पूरी गुंजाइश है. और आप ख़ास तौर पर कह सकते हैं कि कल्याण बनर्जी ने अपनी बात रखी है. कल्याण बनर्जी को मेरे बारे में बोलने का पूरा अधिकार है. उन्हें मेरे बारे में कुछ कड़े शब्द कहने का भी अधिकार है."

    अभिषेक ने कहा, "कल्याण बनर्जी ने मुझे बचपन से देखा है. उन्होंने मुझे बड़ा होते हुए देखा है. मैं उनकी इन बातों को नकारात्मक रूप में नहीं लेता. हो सकता है कोई ऐसी घटना हुई हो जिससे उन्हें बुरा लगा हो, इसलिए उन्होंने ऐसा कहा हो."

    "लेकिन कल्याण बनर्जी के प्रति मेरे मन में कोई व्यक्तिगत नाराज़गी या शिकायत नहीं है. मैं पहले भी उनका सम्मान करता था और आने वाले दिनों में भी करता रहूँगा."

  5. जयशंकर ने कहा- हमने मार्को रुबियो से बात कर कड़ा विरोध दर्ज कराया

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ओमान के पास अमेरिकी हमले में मारे गए तीन भारतीय नाविकों के मामले में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की है.

    जयशंकर ने कहा कि उन्होंने गल्फ़ में 'अमेरिकी नौसेना के हमलों के ख़िलाफ़ कड़ा विरोध जताया'.

    फ़ोन पर हुई इस बातचीत के बारे में भारतीय विदेश मंत्री ने एक्स पर बताया, "आज (शुक्रवार) शाम अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात हुई. मैंने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के हमलों के ख़िलाफ़ भारत का कड़ा विरोध दोहराया, जिनमें तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई."

    उन्होंने कहा, "कॉमर्शियल शिपिंग को निशाना बनाने वाली ऐसी घातक कार्रवाई किसी भी तरह से उचित नहीं है."

    इसी हफ़्ते बुधवार को ओमान के पास ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिकी नाकाबंदी अभियान के दौरान तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी.

    इस हफ़्ते अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में भारतीय चालक दल वाले तीन तेल टैंकरों पर हमला किया है. भारत ने इस मुद्दे पर विरोध दर्ज कराते हुए एक वरिष्ठ अमेरिकी राजनयिक को तलब किया था.

    संबंधित ख़बरें:

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.