महिला टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में इंग्लैंड की श्रीलंका के ख़िलाफ़ बड़ी जीत

इमेज स्रोत, Philip Brown/Getty Images
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 87 रन से हरा दिया है. इंग्लैंड की ओर से डैनी वायट-हॉज ने शतक जड़ा है.
हॉज 62 गेंदों में 105 रन की पारी खेलकर नॉटआउट रहीं. मैच के बाद उन्होंने कहा, "जब मैं क़रीब 90 रन पर थी तो मैंने सोचा कि मुझे डेज़ी (उनकी बेटी) के लिए शतक बनाना है."
हॉज ने कहा, "मैंने यह अपनी तीन हफ़्ते की बेटी के लिए किया."
डैनी वायट-हॉज ने बीती 20 मई को अपने पहले बच्चे को जन्म दिया. 10 दिन बाद वह फिर से पैड पहनकर मैदान में उतर गईं और टूर्नामेंट के पहले मैच में शानदार शतक जड़ा.
हॉज ने अपने शतक का जश्न बल्ले को गोद में बच्चे की तरह झुलाकर मनाया. उनकी इस पारी ने इंग्लैंड को टूर्नामेंट में दमदार शुरुआती जीत की राह दिखाई.
श्रीलंका ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी. इंग्लैंड ने शानदार बल्लेबाज़ी कर महज़ एक विकेट खोकर 219 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.
टीम के लिए डैनी वायट-हॉज ने 105, एमी जोन्स ने 53 और कप्तान नैट सीवर-ब्रंट ने 22 गेंदों में 46 रन की पारी खेली.
220 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत ख़राब रही. टीम ने पावरप्ले में अपने तीन विकेट गंवा दिए.
श्रीलंकाई टीम संभल नहीं पाई और 132 रन पर ऑलआउट हो गई. श्रीलंका के लिए नीलाक्षी डी सिल्वा से सबसे अधिक 39 रन बनाए.













