डॉन: कामयाबी और इस फ़िल्म सिरीज़ से जुड़ी उतार-चढ़ाव की दिलचस्प कहानी

इमेज स्रोत, Satish Bate/Hindustan Times via Getty Images
- Author, यासिर उस्मान
- पदनाम, बीबीसी हिन्दी के लिए
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 8 मिनट
'धुरंधर' और 'धुरंधर 2: द रिवेंज' की ब्लॉकबस्टर कामयाबी के बाद रणवीर सिंह की अगली रिलीज़ होने वाली फिल्म होगी 'प्रलय'.
जय मेहता के निर्देशन में बनने वाली 'प्रलय' की शूटिंग मुंबई में अगस्त से ही जारी है और इसी हफ़्ते फ़िल्म के सेट से रणवीर सिंह का फर्स्ट लुक भी सामने आया है. मगर इसकी शूटिंग के साथ ही मुंबई फ़िल्म इंडस्ट्री के गलियारों में ये चर्चा भी है कि रणवीर से जुड़ा फिल्म डॉन 3 वाला विवाद तो अभी तक सुलझा नहीं है.
इसी साल जून के महीने में रणवीर सिंह के डॉन 3 छोड़ने और निर्माताओं (एक्सेल एंटरटेनमेंट) द्वारा कथित रूप से 45 करोड़ रुपये का मुआवज़ा मांगने को लेकर छिड़े विवाद में फिल्म इंडस्ट्री में अनुबंधों, ज़िम्मेदारी और जवाबदेही जैसे बड़े सवाल भी जुड़े थे.
दरअसल डॉन ये जुड़ी यह कहानी एक ऐसी फ्रेंचाइज़ी की है जिसने बड़ी कामयाबी तो देखी, लेकिन पिछले 48 वर्षों किसी न किसी रुकावट, विवाद या बदकिस्मती का सामना भी किया, और डॉन 3 तक आते-आते तो मानो ये किसी 'अभिशाप' की तरह नज़र आने लगा है.
रणवीर सिंह के बाहर होने की पूरी कहानी समझने से पहले हमें सिनेमाई इतिहास के पन्ने पलट कर थोड़ा पीछे जाना होगा जब 48 साल पहले, डॉन पर पहली बार बदकिस्मती का साया पड़ा था.

इमेज स्रोत, PRAKASH SINGH / AFP) (Photo by PRAKASH SINGH/AFP via Getty Images
डॉन की नींव और पहला हादसा
कहानी की शुरुआत होती है साल 1974 से. निर्देशक मनोज कुमार अपनी फ़िल्म रोटी, कपड़ा और मकान बना रहे थे. फ़िल्म को शूट कर रहे थे मशहूर सिनेमैटोग्राफ़र नरीमन इरानी.
इरानी ने सुनील दत्त को लेकर कुछ समय पहले ज़िंदगी-ज़िंदगी (1972) नाम की एक फ़िल्म बनाई थी जो बुरी तरह फ्लॉप हो गयी थी. इरानी कर्ज़ में डूबे बेहद ख़राब दौर से गुज़र रहे थे. मनोज कुमार ने उनकी मदद का फ़ैसला किया और तय हुआ कि एक नयी फिल्म नरीमन इरानी के लिए बनाई जाएगी. फ़िल्म रोटी, कपड़ा और मकान में अभिनय कर रहे अमिताभ बच्चन और ज़ीनत अमान इरानी की मदद के लिए फौरन तैयार हो गए.
अभिनेता प्राण भी साथ आ गए. फिल्म के निर्देशन की ज़िम्मेदारी मनोज कुमार के युवा असिस्टेंट डायरेक्टर, चंद्रा बारोट को सौंपी गयी.
अब तलाश थी एक अदद स्क्रिप्ट की जिसपर फ़िल्म बनाई जा सके.
लेखक सलीम-जावेद से बात की गई. उन्होंने कहा कि उनके पास एक स्क्रिप्ट है, जिसे कई निर्माता-निर्देशक और अभिनेता ठुकरा चुके हैं. नरीमन इरानी के लिए वो ये स्क्रिप्ट देने को तैयार हो गए. स्क्रिप्ट का शीर्षक था 'डॉन'.
बेहद कम बजट में किसी तरह इस फ़िल्म की शूटिंग शुरू की गई.
नरीमन इरानी की उम्मीद जाग चुकी थी. वो मेहनत से फ़िल्म पूरी करने में जुट गए. लेकिन बदक़िस्मती ने साथ नहीं छोड़ा. शूटिंग के बीच में ही हादसा हो गया. निर्माता नरीमन इरानी जिनके लिए ये फिल्म खड़ी की गयी थी, शूटिंग के दौरान ही एक दीवार गिरी और इस दुर्घटना में इरानी की मौत हो गई.
इसके बावजूद पूरी टीम ने यह फिल्म किसी तरह पूरी की, ताकि इरानी के परिवार को सहारा मिल सके.
आख़िरकार 12 मई 1978 को डॉन रिलीज़ हुई और अमिताभ बच्चन के करियर की पहली बड़ी सोलो ब्लॉकबस्टर बन गई.
लेकिन सबसे दुखद ये था जिस इंसान के सपने के लिए यह फिल्म बनी थी, वह इस सफलता को देखने के लिए ज़िंदा नहीं था.
जब शाहरुख़ ख़ान ने डॉन 3 छोड़ी

इमेज स्रोत, SUJIT JAISWAL/AFP via Getty Images
रणवीर सिंह के 'डॉन 3' छोड़ने की कहानी कुछ जानी-पहचानी सी लगती है, बस किरदार और हालात नए हैं.
शहरुख़ ख़ान के साथ डॉन (2006) और फिर डॉन 2 (2011) की कामयाबी के बाद निर्देशक फ़रहान अख़्तर ने एलान किया था कि वो डॉन 3 भी बनाएंगे. लेकिन उसके बाद 'ज़िंदगी ना मिलेगी दोबारा' (2011) और 'भाग मिल्खा भाग' (2013) के साथ फ़रहान अख़्तर का करियर बतौर अभिनेता चल निकला.
डॉन 3 नहीं बनी. उस दौर में शाहरुख़ भी ख़राब दौर से गुज़रे. फैन, जब हैरी मेट सेजल और ज़ीरो जैसी उनकी कई फिल्में फ्लॉप हुईं. मीडिया में खबरें आयीं कि ऐसे माहौल में फ़रहान अख़्तर और उनकी कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने डॉन 3 बनाने में तेज़ी नहीं दिखाई.
साल 2023 में शाहरुख़ ने पठान और जवान के साथ ऐतिहासिक वापसी की. सूत्रों की माने तो तकरीबन इसी वक़्त तक एक्सेल एंटरटेनमेंट ने भी डॉन 3 के नए स्क्रिप्ट आयडिया को लेकर शाहरुख से संपर्क किया. लेकिन डॉन 3 पर फ़रहान और शाहरुख सोच मिल नहीं सकी. मई 2023 में शाहरुख़ खान ने डॉन फ्रेंचाइज़ी से खुद को अलग कर लिया.
नए डॉन के रूप में रणवीर सिंह के नाम का एलान किया गया. रणवीर इस किरदार को लेकर बेहद उत्साहित थे. तब से दर्शकों को डॉन 3 का इंतज़ार था.
अतीत की एक दिलचस्प परछाईं फिर नज़र आई
योजना के मुताबिक, फ़िल्म डॉन 3 की शूटिंग जनवरी 2026 में शुरू होनी थी और अगले लगभग छह महीने चलने वाली थी. एक्सेल एंटरटेनमेंट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक रणवीर सिंह ने पहले से तैयारी भी शुरू कर दी थी. नवंबर 2025 में उन्होंने फ़िल्म डॉन 3 के लिए ख़ास एक्शन और स्टंट की ट्रेनिंग भी की थी, जिसका पूरा खर्च एक्सेल एंटरटेनमेंट ने उठाया था.
वेराइटी के मुताबिक दिसंबर 2025 में रणवीर सिंह ने खुद निर्माताओं को फ़ोन कॉल करके डॉन 3 से हटने का फैसला सुना दिया. यानी शाहरुख़ ख़ान की तरह रणवीर भी डॉन 3 से अलग हो गए, उल्लेखनीय है कि धुरंधर 5 दिसंबर को रिलीज़ हुई थी और बड़ी हिट हो चुकी थी.
एक्सेल एंटरटेनमेंट के मुताबिक, उन्होंने प्री-प्रोडक्शन में लगभग 45 करोड़ रुपये खर्च किए जिसमें अंतरराष्ट्रीय लोकेशन का चुनाव, क्रू पर खर्च, ट्रेनिंग, कॉस्ट्यूम्स और शुरुआती सेट डिज़ाइन शामिल थे.
रणवीर सिंह से जुड़े क़रीबी सूत्रों के हवाले से मीडिया में खबर आई कि रणवीर डॉन 3 के अंतिम ड्राफ्ट से पूरी तरह ख़ुश नहीं थे.
ये विवाद बढ़ा और निर्माता फ़रहान अख़्तर और रितेश सिधवानी ने फ़ेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सीने इम्पलॉयज (एफ़डब्ल्यूआईसीई) में शिकायत दर्ज की. इसके बाद फ़ेडरेशन ने रणवीर सिंह के ख़िलाफ "नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव" जारी किया था, जिसे इंडस्ट्री में एक तरह का 'शैडो बैन' माना गया.
इसके जवाब में रणवीर सिंह ने इस फ़ेडरेशन के अधिकार क्षेत्र को चुनौती देते हुए एक क़ानूनी नोटिस भेजा, क्योंकि यह एक निजी अनुबंध विवाद था. एक हफ़्ते बाद फ़ेडरेशन ने यह निर्देश वापस ले लिया. तीन जून को एफ़डब्ल्यूआईसीई के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने मीडिया को बताया कि अपील और फिल्म उद्योग के बड़े हित को देखते हुए यह (नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव) निर्देश तुरंत हटा लिया गया है.
इस विवाद को सुलझाने के लिए पर्दे के पीछे कई कोशिशें की गईं. एक्सेल एंटरटेनमेंट ने इस साल की शुरुआत में प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ़ इंडिया से संपर्क किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत और मध्यस्थता की कोशिशें शुरू हुईं.
क्या 'धुरंधर' के कामयाबी के बाद छोड़ी डॉन 3?

इमेज स्रोत, Prodip Guha/Getty Images
वेराइटी में छपी रिपोर्ट में तो एक और चौंकाने वाला दावा किया गया.
इसके मुताबिक मध्यस्थता को लेकर हुई एक मीटिंग में जब आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा था तो एक्सेल एंटरटेनमेंट में फ़रहान अख़्तर के पार्टनर निर्माता रितेश सिधवानी ने रणवीर से सीधा सवाल किया था-अगर 'धुरंधर' ब्लॉकबस्टर नहीं होती, तो क्या आप 'डॉन 3' छोड़ते? वहां मौजूद लोगों को मुताबिक इस पर रणवीर ने सीधा जवाब दिया कि तब वो शायद ऐसा नहीं करते.
एक्सेल एंटरटेनमेंट से जुड़े सूत्रों के मुताबकि स्थिति को संभालने के लिए रणवीर की ओर से 10 करोड़ रुपये के मुआवज़े और भविष्य की किसी भी साझेदारी में फ़ीस में रियायत का प्रस्ताव दिया गया था. लेकिन निर्माताओं ने इसे स्वीकार नहीं किया और 45 करोड़ रुपये की पूरी भरपाई की मांग पर अड़े हैं.
रणवीर सिंह ने इन आरोपों पर ख़ुद सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा है.
हालांकि 25 मई को उनके प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया था- "डॉन 3 से जुड़ी हालिया घटनाओं के दौरान उन्होंने जानबूझकर खामोश रहने का फैसला किया है, क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर बातचीत और निजी संबंधों को गरिमा, परिपक्वता और आपसी सम्मान के साथ ही संभाला जाना चाहिए."
फिलहाल कहां खड़ा है ये मामला?

इमेज स्रोत, Prodip Guha/Getty Images
फ़रहान अख़्तर और रितेश सिधवानी इस मामले को इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (आईएमपीपीए) में लेकर गए और रणवीर के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज की. अगस्त में आईएमपीपीए के प्रेसिडेंट अभय सिन्हा ने मीडिया से कहा कि फ़रहान और रितेश की शिकायत पर आईएमपीपीए ने रणवीर सिंह से उनका जवाब मांगते हुए एक पत्र लिखा था जिसका जवाब उनके वकील ने दिया.
रणवीर के वकील का कहना था कि ये मामला आईएमपीपीए के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता इसलिए वो इसका हिस्सा नहीं बनेंगे.
अभय सिन्हा ने ये भी बताया था कि रणवीर सिंह के पिता ने आईएमपीपीए से संपर्क करते हुए मिलने की इच्छा जताई. इसके बाद ख़बर आई कि 20 अगस्त को रणवीर के पिता जगजीत सिंह भवनानी ने आईएमपीपीए के अधिकारियों से मुलाकात की.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने इस विवाद और एक्सेल एंटरटेनमेंट की ओर से कथित तौर पर मांगे जा रहे 45 करोड़ रुपये के मुआवजे को चुनौती देने को लेकर एसोसिएशन के सामने एक याचिका भी सौंपी.
आईएमपीपीए की लीगल टीम फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से जमा किए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है और एसोसिएशन के तय प्रोटोकॉल के मुताबिक आगे बढ़ेगी.
ये मामला अभी जारी है और फिलहाल दोनों ही पक्ष पीछे हटते नज़र नहीं आ रहे. इस बीच रणवीर सिंह अपनी फिल्म प्रलय की शूटिंग में जुटे हैं. प्रलय एक जॉम्बी सर्वाइवल थ्रिलर फ़िल्म है. इस फ़िल्म में उनके साथ दक्षिण भारत की मशहूर अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन नजर आएंगी, जो इस फिल्म से अपना बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.


























