भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने किसे बताया 'गुरु' और 'लीजेंड'
इमेज स्रोत, Paul Kane/Getty Images for Cricket Australia
इमेज कैप्शन, रोहित ने इंस्टाग्राम पर टी दिलीप के साथ अपनी तस्वीर साझा की (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने पूर्व फ़ील्डिंग कोच टी दिलीप के पांच साल का कार्यकाल ख़त्म होने पर सोशल मीडिया पर एक संदेश साझा किया.
रोहित ने इंस्टाग्राम पर दिलीप के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें 'लीजेंड' बताया और पर्दे के पीछे टीम के लिए उनकी मेहनत की सराहना की.
रोहित शर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "आप लीजेंड हैं दिलीप गुरु. आपने टीम के अंदर जादू रचा और पर्दे के पीछे एक सच्चे वर्कहॉर्स रहे. आगे के लिए शुभकामनाएं."
गौरतलब है कि टी दिलीप नवंबर 2021 में मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम से जुड़े थे. इसके बाद 2024 में गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के बाद भी उन्हें एक साल का विस्तार दिया गया था.
इमेज स्रोत, Instagram/@rohitsharma45
इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा ने पूर्व फ़ील्डिंग कोच टी दिलीप के साथ खींची गई यह तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट की (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका के 25 राज्यों ने ट्रंप प्रशासन के किस फ़ैसले के ख़िलाफ़ मुक़दमा किया, ऑस्मंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर
इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के 25 राज्यों ने ट्रंप प्रशासन के टैरिफ़ फ़ैसले को 'मनमाना, तर्कहीन और क़ानून के ख़िलाफ़' बताया (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका के 25 राज्यों ने ट्रंप प्रशासन के नए टैरिफ़ के ख़िलाफ़ मुक़दमा दायर किया है. राज्यों ने 60 व्यापारिक साझेदार देशों से आने वाले सामान पर लगाए गए 10 से 12.5 फ़ीसदी टैरिफ़ को चुनौती दी है.
उनका कहना है कि यह फ़ैसला 'मनमाना, तर्कहीन और क़ानून के ख़िलाफ़' है.
दरअसल, ट्रंप प्रशासन ने जुलाई में इन टैरिफ़ को लागू किया था. इसके दायरे में ब्रिटेन, चीन और यूरोपीय संघ समेत कई देश शामिल हैं.
अमेरिकी सरकार का कहना है कि इन देशों ने जबरन श्रम (फोर्स्ड लेबर) से तैयार सामान के आयात को रोकने के लिए पर्याप्त क़दम नहीं उठाए हैं.
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने कहा कि अमेरिका अपने अधिकारों के तहत यह कार्रवाई कर रहा है. उनका कहना है कि जिन देशों की वजह से जबरन श्रम से बने सामान अमेरिका पहुँच रहे हैं, उनके ख़िलाफ़ क़दम उठाना ज़रूरी है, क्योंकि इससे अमेरिकी कंपनियों को नुक़सान हो रहा है.
ट्रंप प्रशासन ने ये टैरिफ़ 1974 के अमेरिकी ट्रेड एक्ट की धारा 301 के तहत लगाए हैं. इस क़ानून के तहत अमेरिका उन देशों के ख़िलाफ़ कार्रवाई कर सकता है, जहाँ जबरन श्रम जैसी गतिविधियाँ सामने आती हैं.
टैरिफ़ से प्रभावित कई देशों ने भी अमेरिकी फ़ैसले पर नाराज़गी जताई है. ब्राज़ील और जापान की सरकारों ने इन क़दमों को “अनुचित” बताया है. वहीं, चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने इसे “राजनीतिक हेरफेर का बहाना” क़रार दिया है.
व्हाट्सऐप ने भारत में कई अकाउंट्स रिव्यू पर डाले, क्या है पूरा मामला
इमेज स्रोत, Omar Marques/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
इमेज कैप्शन, व्हाट्सऐप का इस्तेमाल नहीं कर पाने के बाद कई प्रभावित यूज़र्स ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स का रुख किया और मदद की गुहार लगाई (फ़ाइल फ़ोटो)
व्हाट्सऐप ने सोमवार (3 अगस्त) को कथित तौर पर भारत समेत कई देशों के कुछ यूज़र्स के अकाउंट्स को 24 घंटे तक समीक्षा (रिव्यू) के लिए चिन्हित कर दिया.
इस दौरान प्रभावित यूज़र्स के लिए ऐप की सभी सुविधाएँ अस्थायी रूप से बंद रहीं, जिसके बाद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी चिंता जाहिर की.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कई यूज़र्स ने बताया कि बिना किसी पूर्व सूचना के उनके अकाउंट को अचानक समीक्षा के लिए चिन्हित कर दिया गया. समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने तक वे व्हाट्सऐप का इस्तेमाल नहीं कर सके.
समीक्षा के लिए चिन्हित हुए अकाउंट
यह समस्या सोमवार रात करीब 8 बजे (भारतीय समयानुसार) सामने आई, जब यूज़र्स ने सोशल मीडिया पर शिकायत करनी शुरू की कि उनके व्हाट्सऐप अकाउंट को समीक्षा के लिए रखा गया है.
प्रभावित यूज़र्स को ऐप पर यह संदेश दिखाई दिया, "आपके अकाउंट की समीक्षा की जा रही है. अनुरोध की तारीख: 3 अगस्त 2026. यह सुनिश्चित करने के लिए कि आपका अकाउंट हमारी सेवा शर्तों का पालन करता है, आपकी अकाउंट गतिविधि और डिवाइस संबंधी जानकारी की जाँच की जा रही है. 24 घंटे के भीतर आपको इसका नतीजा बता दिया जाएगा."
इस नोटिफिकेशन में व्हाट्सऐप का ज़िम्मेदारी से इस्तेमाल करने संबंधी दिशा-निर्देश, चोरी हुए फ़ोन और हैक या कम्प्रोमाइज़ किए गए अकाउंट्स से जुड़ी जानकारी के लिंक भी शामिल थे.
व्हाट्सऐप ने क्या कहा
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए व्हाट्सऐप के एक प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी अपने प्लेटफ़ॉर्म के दुरुपयोग को रोकने के लिए लगातार काम करती है, लेकिन कभी-कभी ग़लतियाँ भी हो सकती हैं.
पीटीआई ने प्रवक्ता के हवाले से कहा, "हम लगातार उन लोगों से आगे रहने की कोशिश करते हैं जो हमारी सेवा का दुरुपयोग करने का इरादा रखते हैं. अन्य यूज़र्स की सुरक्षा के लिए हम ऐसे अकाउंट्स पर पाबंदी (बैन) लगाते हैं. हालाँकि, कभी-कभी हमसे ग़लती हो जाती है. अगर ऐसा होता है, तो हम उसे जल्द से जल्द ठीक करने की कोशिश करते हैं, ताकि यूज़र्स दोबारा सामान्य रूप से चैट कर सकें."
हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि कितने अकाउंट इस समीक्षा से प्रभावित हुए या किन कारणों से इन अकाउंट्स को समीक्षा के लिए चिन्हित किया गया.
सोशल मीडिया पर यूज़र्स ने मांगी मदद
व्हाट्सऐप का इस्तेमाल नहीं कर पाने के बाद कई प्रभावित यूज़र्स ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स का रुख किया और मदद की गुहार लगाई.
कई यूज़र्स ने बताया कि उनका अकाउंट अचानक रिव्यू के लिए चिन्हित कर दिया गया, जिसके कारण वे मैसेज भेजने, प्राप्त करने या ऐप की अन्य सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे.
कैसे होता है रिव्यू?
व्हाट्सऐप के इन-ऐप नोटिफिकेशन के अनुसार, कंपनी किसी अकाउंट की गतिविधियों और उससे जुड़े डिवाइस की जानकारी की समीक्षा करती है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह व्हाट्सऐप की सेवा शर्तों का पालन कर रहा है या नहीं.
मध्य प्रदेश: दतिया सीट पर हुई बीजेपी की हार को लेकर क्या बोले सीएम मोहन यादव?
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि जनता ने जो निर्णय दिया उसे हम स्वीकार करते हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह की जीत पर प्रतिक्रिया दी है. मोहन यादव ने कहा है कि कांग्रेस की सीट थी, जो कांग्रेस के पास ही है.
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास है, ये बात अलग है कि पिछले विधानसभा चुनाव से भी हमने 1700 वोट ज़्यादा पाए हैं. लोकसभा के बाद, विधानसभा के उपचुनाव में न केवल बुधनी की बीजेपी की सीट हमने अपने पास रखी बल्कि अमरवाड़ा की कांग्रेस की सीट भी हमने जीती थी.
उन्होंने कहा, "लोकतंत्र में चुनाव इसी बात के लिए हैं. हमने अपनी बात रखी, कांग्रेस ने अपनी बात रखी, जनता ने जो निर्णय दिया उसे हम स्वीकार करते हैं और उम्मीद करते हैं कि आने वाले समय में हम और अधिक ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे."
दतिया सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कुंवर घनश्याम सिंह ने बीजेपी के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों से हरा दिया.
प्रशांत किशोर की जीत पर क्या बोलीं उनकी पत्नी जाह्नवी दास?
इमेज स्रोत, ANI Video Grab
इमेज कैप्शन, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की पत्नी डॉ जाह्नवी दास
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में जीत दर्ज की है. इस पर उनकी पत्नी डॉ जाह्नवी दास ने ख़ुशी ज़ाहिर की है.
जाह्नवी दास ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "हम सभी बहुत ख़ुश हैं. यह सीट बहुत कठिन थी, इसलिए यह जीत हमारे लिए और भी ख़ास है और इससे हमारी ख़ुशी और बढ़ गई है."
उन्होंने कहा, "मैं बांकीपुर की जनता और बिहार के लोगों का दिल से धन्यवाद करती हूं कि उन्होंने उन्हें इतनी बड़ी जीत दी. मैं हमेशा उन सभी की आभारी रहूंगी. उन्होंने (प्रशांत) इस जीत के लिए बहुत मेहनत की है."
गौरतलब है कि बांकीपुर सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद ख़ाली हुई थी.
प्रशांत किशोर यहां बीजेपी के उम्मीदवार नीरज कुमार से 19,324 से अधिक वोटों से जीत गए हैं. उन्हें कुल 64,151 वोट मिले जबकि बीजेपी उम्मीदवार को 44,827 वोट मिले.
बांकीपुर और दतिया में हुई हार को लेकर क्या बोले बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, सोमवार को घोषित हुए उपचुनाव के नतीजों के बाद नितिन नबीन ने कहा कि पार्टी आत्ममंथन करेगी
तीन विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) दो सीटों पर हार गई है, जबकि एक सीट पर उसने जीत दर्ज की है.
दो सीटों पर मिली हार के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने चुनाव परिणामों पर गंभीरता से आत्ममंथन करने की बात कही है.
सोमवार को घोषित हुए उपचुनाव के नतीजों के बाद नितिन नबीन ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "तीन विधानसभा उपचुनावों में आए जनादेश को हम स्वीकार करते हैं."
उन्होंने लिखा, "गुजरात की मांजलपुर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी पर अपना विश्वास व्यक्त करने के लिए वहां की जनता का हृदय से आभार. इस विजय के लिए बीजेपी के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई."
नितिन नबीन ने लिखा, "बांकीपुर और दतिया में हमें अपेक्षित जनादेश प्राप्त नहीं हुआ. हम इन दोनों क्षेत्रों के चुनाव परिणामों का पूरी गंभीरता से आत्ममंथन करेंगे तथा नई ऊर्जा और संकल्प के साथ जनता के बीच जाकर उनके विश्वास को और अधिक मज़बूत करने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे."
उपचुनाव के परिणामों की बात करें तो बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की है. मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस के घनश्याम सिंह विजयी रहे, जबकि गुजरात की मांजलपुर सीट पर बीजेपी के सतेंद्रभाई पटेल ने जीत हासिल की.
पाकिस्तान में सस्ता हुआ पेट्रोल-डीज़ल, अब एक लीटर की क़ीमत हुई इतनी
इमेज स्रोत, Illustration by Sean Gallup/Getty Images
इमेज कैप्शन, पेट्रोल की क़ीमत में 4 रुपये 8 पैसे प्रति लीटर की कमी की गई है (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के पेट्रोलियम डिवीजन ने 4 अगस्त से लागू होने वाली पेट्रोल और डीज़ल की नई क़ीमतों का नोटिफ़िकेशन जारी कर दिया है. सरकार ने दोनों की क़ीमतों में कटौती का एलान किया है.
पेट्रोलियम डिवीजन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल की क़ीमत में 4 रुपये 8 पैसे प्रति लीटर की कमी की गई है. कटौती के बाद पेट्रोल की नई क़ीमत 331.95 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है.
वहीं, हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमत में भी 2 रुपये 45 पैसे प्रति लीटर की कमी की गई है. इसके बाद डीज़ल की नई क़ीमत 389.93 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर हो गई है.
गौरतलब है कि बीते हफ़्ते पाकिस्तान ने पेट्रोल और हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमतों में वृद्धि की थी. तब पेट्रोल की क़ीमत में 1.63 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमत 1.56 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी.
डोनाल्ड ट्रंप ने किस बात पर कहा- ईरान के पास आख़िरी मौक़ा है
इमेज स्रोत, Anna Moneymaker/Getty Images
इमेज कैप्शन, व्हाइट हाउस में पत्रकारों से वार्ता के दौरान ट्रंप ने दावा किया है कि बातचीत ईरान के अनुरोध पर शुरू हुई है (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ बातचीत फ़िलहाल जारी है. उन्होंने कहा कि यह ईरान के लिए "एक अच्छे समझौते पर हस्ताक्षर करने का आख़िरी मौक़ा" है.
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से वार्ता के दौरान ट्रंप ने दावा किया है कि बातचीत ईरान के अनुरोध पर शुरू हुई है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नेतृत्व पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है. सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर जारी एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि ईरानी नेतृत्व बातचीत के लिए बैठक का अनुरोध करता है, लेकिन सार्वजनिक रूप से यह दावा करता है कि दोनों देशों के बीच कोई वार्ता नहीं हो रही.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया, "होर्मुज़ स्ट्रेट पहले से ही अमेरिकी नौसेना के पूर्ण नियंत्रण में है और उनकी अनुमति के बिना ईरान तक कुछ भी नहीं पहुँच सकता. यह स्थिति तब तक बनी रहेगी, जब तक कोई समझौता नहीं हो जाता या फिर ईरान आत्मसमर्पण नहीं करता."
उधर, ट्रंप ने सोमवार को अमेरिकी कंपनियों से ईंधन की क़ीमतों में तत्काल कटौती करने की अपील भी की.
विश्लेषकों के मुताबिक़, ईंधन की बढ़ती क़ीमतें और महँगाई को लेकर बढ़ती चिंताएँ नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले रिपब्लिकन पार्टी के लिए चुनौती बन सकती हैं.
माना जा रहा है कि यदि महँगाई का दबाव जारी रहा, तो रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा में अपना बहुमत गंवा सकती है और कांग्रेस पर उसका नियंत्रण भी कमज़ोर पड़ सकता है.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.