ईरान फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप से हुआ बाहर, जॉर्डन के ख़िलाफ़ मेसी ने बनाया यह रिकॉर्ड
इमेज स्रोत, Ryan Pierse - FIFA/FIFA via Getty Images
इमेज कैप्शन, मेसी ने जॉर्डन के ख़िलाफ़ एक गोल किया
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में
अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया का मैच 3-3 से ड्रॉ पर ख़त्म हुआ. इसी के साथ ईरान के
नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की उम्मीद समाप्त हो गई.
ईरान, अल्जीरिया और ऑस्ट्रिया ग्रुप-जे में हैं.
ईरान को नॉकआउट स्टेज में जगह बनाने
के लिए ग्रुप की शीर्ष तीन टीमों में जगह बनाने की ज़रूरत थी.
ग्रुप-जे के एक अन्य मुक़ाबले में
अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हरा दिया.
अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी ने इस मैच में एक गोल करके एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के लगातार सात मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं.
महिला टी-20 वर्ल्ड कप: अब तक ये टीमें सेमीफ़ाइनल में पहुंचीं, भारत का मैच आज
इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images
इमेज कैप्शन, डैनी वायट हॉज ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ 89 रन बनाए
आईसीसी विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के लीग
मुक़ाबले में इंग्लैड ने मौजूदा चैंपियन न्यूज़ीलैंड को हराकर सेमीफ़ाइनल में जगह
पक्की कर ली है.
इंग्लैंड की टीम ने न्यूज़ीलैंड को
नौ विकेट से हराया है. इंग्लिश बैटर डैनी वायट हॉज ने 53 गेदों पर 89 रन की पारी
खेली. वह नॉटआउट रहीं.
मौजूदा चैंपियन न्यूज़ीलैंड इस हार
के साथ ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई है. इंग्लैंड की टीम ग्रुप-बी में पांचों मैच जीतकर शीर्ष पर है.
ग्रुप-बी के एक अन्य मुक़ाबले में
वेस्ट इंडीज़ ने श्रीलंका को पांच विकेट से हरा दिया है. इसी के साथ वेस्ट इंडीज़
ने भी सेमीफ़ाइनल में जगह पक्की कर ली है.
ग्रुप-बी में वेस्ट इंडीज़ और
श्रीलंका ने पांच मैचों में तीन-तीन मैच जीते हैं और दोनों ही टीमों के छह-छह अंक
हैं. ऐसे में नेट रनरेट के आधार पर वेस्ट इंडीज़ को सेमीफ़ाइनल में जगह मिली.
वहीं, ग्रुप-ए के आख़िरी दो लीग मैच रविवार को होने हैं. भारतीय टीम का
मुक़ाबला ग्रुप की टॉप टीम ऑस्ट्रेलिया से आज शाम सात बजे से होगा, जबकि दक्षिण अफ़्रीकी टीम बांग्लादेश से भिड़ेगी.
ऑस्ट्रेलिया का सेमीफ़ाइनल में जाना
लगभग तय माना जा रहा है, जबकि
भारत और दक्षिण अफ़्रीका में से कोई एक टीम ही सेमीफ़ाइनल में जाएगी.
अमेरिकी सेना ने ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया
इमेज स्रोत, US CENTCOM/Handout/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी सेना ने लड़ाकू विमानों के ज़रिए ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही है (प्रतीकात्मक तस्वीर)
अमेरिकी सेना ने अपने ताज़ा बयान में दावा किया है कि उसके लड़ाकू विमानों ने होर्मुज़ स्ट्रेट के नज़दीक स्थित ईरान के क़रीब
10 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने
एक्स पर बताया, "ईरान की ओर से एम/टी किकू पर किए गए
ड्रोन हमले के जवाब में अमेरिकी नौसेना और वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने शनिवार
रात होर्मुज़ स्ट्रेट और उसके आसपास कई स्थानों पर ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर
हमले किए."
सेंटकॉम ने इस बयान के साथ एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें रात के अंधेरे में धमाके होते दिख रहे हैं.
इससे पहले एक अन्य बयान में सेंटकॉम
ने बताया था कि उसने ईरान पर ताज़ा हमले किए हैं. सेंटकॉम ने कहा था कि यह
कार्रवाई ईरान की ओर से पनामा के झंडे वाले एम/टी किकू जहाज़ पर हमले के बाद की
गई.
उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इन हमलों की पुष्टि की और
ईरान को चेतावनी दी कि अगर वह युद्धविराम का उल्लंघन करता रहेगा तो उसका 'अस्तित्व ख़त्म कर दिया जाएगा'.
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: कोलंबिया ने पुर्तगाल को ड्रॉ पर रोका, इंग्लैंड ने पनामा को 2-0 से हराया
इमेज स्रोत, ROBERTO SCHMIDT / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, कोलंबिया के डेविन्सन सांचेज़ के गोल को मान्यता नहीं मिली
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के एक ग्रुप स्टेज
मुक़ाबले में कोलंबिया ने पुर्तगाल को ड्रॉ पर रोक दिया है. इसी के साथ कोलंबिया
ने अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर ग्रुप स्टेज मुक़ाबले ख़त्म किए.
ग्रुप-के में पुर्तगाल ने दूसरे नंबर
पर ख़त्म किया है.
इस मैच में कोलंबिया के डेविन्सन
सांचेज़ ने एक गोल मारा, जो कि
उनकी टीम के लिए संभावित विजयी गोल हो सकता था. लेकिन मामूली ऑफ़साइड फ़ैसले के
कारण उनके गोल को मान्यता नहीं मिली.
ग्रुप-के के एक अन्य मुक़ाबले में
कांगो डीआर ने उज़्बेकिस्तान को 3-1 से हराया.
वहीं, ग्रुप-एल के मुक़ाबलों में इंग्लैंड ने पनामा को 2-0 से हराया,
जबकि क्रोएशिया ने घाना को 2-1 से मात दी.
इंग्लैंड ने इस जीत के साथ ही अपने
ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए ग्रुप स्टेज़ ख़त्म किया.
ईरान ने कुवैत और बहरीन स्थित इन अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले का दावा किया
इमेज स्रोत, Stringer/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, इससे पहले भी ईरान ने बहरीन में अमेरिका के पांचवें बेड़े के मुख्यालय पर मिसाइल हमला किया था (28 फ़रवरी की तस्वीर)
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़,
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर
(आईआरजीसी) ने कहा है कि उसने रविवार सुबह 'कुवैत स्थित अली अल-सलेम एयरबेस और बहरीन में अमेरिका के पांचवें
बेड़े के मुख्यालय से संबंधित आठ ठिकानों को निशाना बनाया' है.
आईआरजीसी के मुताबिक़, उसने ये हमले एक संयुक्त अभियान के तहत किए. इस
दौरान 'बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन'
दागे गए.
बयान में दावा किया गया है कि ये
हमले हाल ही में हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में किए गए. अमेरिकी अधिकारियों ने अब
तक किसी भी नुक़सान या हताहतों के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है.
आईआरजीसी का यह भी कहना है कि
अमेरिका ने पहले आईआरजीसी नौसेना और एक जहाज़ का आमना-सामना होने के बहाने ईरान की
पांच तटीय चौकियों पर हमला किया था.
बयान में इस बात पर ज़ोर दिया गया कि
इस्लामाबाद समझौते के आधार पर ईरान होर्मुज स्ट्रेट में यातायात को नियंत्रित करने
के लिए ज़िम्मेदार है और आईआरजीसी अब से उन जहाज़ों के ख़िलाफ़ अधिक कठोर कार्रवाई
करेगा जिन्हें वह 'उल्लंघनकर्ता' मानता है.
आईआरजीसी ने चेतावनी दी है कि
युद्धविराम का उल्लंघन करने से इस्लामाबाद समझौते की आगे की प्रक्रियाएं रुक सकती हैं.
इससे पहले बीबीसी फ़ारसी सेवा ने
रिपोर्ट किया कि कुवैत की सेना ने मिसाइल और ड्रोन हमलों की पुष्टि की है.
कुवैती सेना के जनरल स्टाफ़ ने कहा
कि देश के एयर डिफ़ेंस सिस्टम 'दुश्मन'
मिसाइल और ड्रोन हमलों का मुक़ाबला कर रहे हैं.
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को नष्ट करने की नई धमकी दी
इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images
इमेज कैप्शन, ट्रंप की प्रतिक्रिया ईरान पर अमेरिका के ताज़ा हमलों के बाद आई है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
धमकी दी है कि अगर युद्धविराम का उल्लंघन जारी रहा तो 'ईरान का अस्तित्व मिट जाएगा'.
ट्रंप की यह धमकी ईरान पर अमेरिका के
ताज़ा हमलों के बाद आई है. अमेरिकी सेना ने दावा किया कि ईरान ने पनामा के झंडे
वाले एक तेल टैंकर को निशाना बनाया, जिसके
बाद उसने ईरान पर हमले किए.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफ़ॉर्म पर लिखा, "युद्धविराम
समझौते का फिर से उल्लंघन करने पर अमेरिकी विमानों ने ईरान के मिसाइल और ड्रोन
स्टोरेज ठिकानों और रडार ठिकानों पर हमले किए हैं."
उन्होंने कहा, "यह पूरी तरह संभव है कि वे कभी सबक न सीखें. ऐसा समय आ सकता है जब हम उचित रवैया अपनाने की स्थिति में नहीं रहेंगे और हमें उस
काम को सैन्य बल से पूरा करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा जिसकी शुरुआत हमने बहुत
सफलतापूर्वक की थी."
"अगर ऐसा हुआ, तो इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान अस्तित्व में नहीं रहेगा."
अमेरिका ने फिर किया ईरान पर हमला, बताई ये वजह
इमेज स्रोत, Shady Alassar/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, सेंटकॉम ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट से कारोबारी जहाज़ों की आवाजाही जारी है (सांकेतिक तस्वीर)
होर्मुज़ स्ट्रेट में पनामा के झंडे
वाले जहाज़ पर शनिवार को ड्रोन हमले के बाद अमेरिका ने ईरान पर नए हमले किए हैं.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने
कहा कि उसने ईरान में कई ठिकानों को निशाना बनाया. यह कार्रवाई कारोबारी जहाज़ों
के ख़िलाफ़ 'लगातार आक्रामक गतिविधियों' के सीधे जवाब में की गई.
सेंटकॉम ने जिन ठिकानों को निशाना
बनाने की बात कही, उनमें सैन्य साजो-सामान, कम्युनिकेशन सिस्टम, एयर डिफ़ेंस और ड्रोन स्टोरेज से जुड़े ठिकाने शामिल थे.
सेंटकॉम ने एक बयान में कहा,
"ईरान को युद्धविराम समझौते का सम्मान
करने का मौक़ा दिया गया था, लेकिन
उसने ऐसा नहीं किया. उसकी सेना ने एकतरफ़ा हमले वाले ड्रोन से एम/टी किकू पर हमला
किया."
एम/टी किकू पनामा के झंडे वाला एक
टैंकर है. सेंटकॉम के मुताबिक़, यह टैंकर दो मिलियन बैरेल से अधिक कच्चा तेल लेकर स्ट्रेट के पास से गुज़र रहा था.
सेंटकॉम ने यह भी कहा कि होर्मुज़
स्ट्रेट से कारोबारी जहाज़ों की आवाजाही जारी है.
ईरान ने अब तक इन ताज़ा हमलों पर कोई
टिप्पणी नहीं की है.
पाकिस्तान: कराची में रेंजर्स कार्यालय के पास धमाका, कई लोग ज़ख़्मी, रियाज़ सोहेल, बीबीसी उर्दू, कराची से
इमेज स्रोत, Reuters
पाकिस्तान के कराची के
गुलिस्तान-ए-जौहर इलाक़े में स्थित रेंजर्स कार्यालय के पास हुए विस्फोट और
गोलीबारी की घटना में कई लोगों के घायल होने की ख़बरें हैं.
यह घटना शनिवार रात गुलिस्तान-ए-जौहर
के ब्लॉक पांच में स्थित सचल रेंजर्स भवन के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बीबीसी
को बताया कि पहले एक विस्फोट की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद रुक-रुक कर गोलीबारी हुई.
विस्फोट की प्रकृति और जानमाल के
नुक़सान के बारे में अब तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. अधिकारियों का
कहना है कि घटना की प्रकृति का पता लगाने के लिए जांच चल रही है.
अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद इलाक़े में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और
जांच एजेंसियां भी घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटा रही हैं.
रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता के अनुसार,
केंद्रीय कमान एवं नियंत्रण कक्ष को सूचना मिलते
ही बचाव दल घटनास्थल पर भेज दिए गए.
बचाव दल के एक वरिष्ठ अधिकारी के
अनुसार, इस घटना में अब तक तीन लोग घायल हुए
हैं.
घटनास्थल पर मौजूद रेस्क्यू 1122 के सीईओ डॉ. आबिद जलाल ने बीबीसी को बताया कि ग्रेनेड सबसे पहले रेंजर्स के कार्यालय में फेंका गया था, जिसके बाद से गोलीबारी जारी है.
उन्होंने शनिवार शाम को बताया कि अब तक दो रेंजर्स कर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन गोलीबारी अब भी जारी है. एहतियात के तौर पर किसी को भी घटनास्थल पर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.
सिंध सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने पुलिस से घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.
प्रवक्ता ने बताया कि सिंध के मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि घटना की प्रकृति का तुरंत पता लगाया जाए.
चरमपंथी संगठन जमात-उल-अहरार से जुड़े एक समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. समूह ने यह भी दावा किया है कि हमला अब भी जारी है.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर
आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम
ख़बरें पहुंचाऊंगा.