मुंबई में भारी बारिश का कहर- स्कूल-कॉलेज बंद, पुणे में भूस्खलन से चार लोगों की मौत

इमेज स्रोत, Getty Images
महाराष्ट्र में बारिश का कहर जारी है. मुंबई में मंगलवार सुबह लोगों की नींद घने बादलों और तेज़ हवाओं के बीच खुली.
मौसम विभाग ने शहर के लिए भारी बारिश और तेज़ हवाओं की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
एहतियात के तौर पर मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम संचालित स्कूलों और कॉलेजों में मंगलवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है.

इमेज स्रोत, Getty Images
सोमवार को लगातार हुई बारिश से मुंबई और आसपास के ज़िलों में जनजीवन लगभग ठप हो गया.
कई सड़कें पानी में डूब गईं, पेड़ उखड़ गए और दीवारों तथा होर्डिंग गिरने की कई घटनाएं सामने आईं
ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि लोग बेहद ख़राब मौसम के लिए तैयार रहें.
ऐसी स्थिति में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो सकता है, यातायात बाधित हो सकता है और बिजली सप्लाई भी ठप पड़ सकती है.

इमेज स्रोत, ANI
चार रंगों वाली चेतावनी प्रणाली में ऑरेंज अलर्ट तीसरे स्तर का होता है.
ये येलो अलर्ट से ऊपर और रेड अलर्ट से नीचे होता है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इस बीच मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे बाइपास पर मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग सोमवार रात करीब 18 घंटे बंद रहने के बाद फिर से खोल दिया गया.
भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की वजह से यह मार्ग बंद करना पड़ा था.

इमेज स्रोत, Getty Images
पुणे ज़िले में भारी बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई.
इनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं, जिनकी जान भूस्खलन और दीवार गिरने की घटना में गई. वहीं दो अन्य लोग तेज़ बहाव में बह गए.















