इथेनॉल वाले पेट्रोल पर उठाए जा रहे सवालों पर पेट्रोलियम मंत्री ने क्या कहा

इमेज स्रोत, Dhiraj Singh/Bloomberg via Getty Images
भारत में पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने को लेकर चल रही बहस के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि रेसिंग कारों में इसका पूरी सफलता से इस्तेमाल हो रहा है.
उन्होंने कहा कि ये इन कारों की रफ़्तार और उनके प्रदर्शन बेहतर बनाने में मदद करता है.
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि रेसिंग कारों में इथेनॉल का इस्तेमाल अच्छे नतीजे दे रहा है.
उनके मुताबिक़ यह जैव ईंधन इंजन की क्षमता बढ़ाने के साथ बेहतर प्रदर्शन में भी मददगार साबित हो रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार उच्च स्तर के जैव ईंधन मिश्रण की नीति पर आगे बढ़ रही है.
उन्होंने बताया कि मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव आया है.
इसका सीधा असर सरकारी तेल कंपनियों पर पड़ा है और उन्हें भारी वित्तीय बोझ उठाना पड़ रहा है.
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि इथेनॉल ब्लेंडिंग से से कुछ मामलों में वाहनों के माइलेज में हल्की कमी आ सकती है, लेकिन इसके पीछे कई अन्य कारण भी हो सकते हैं.
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों और बायो फ़्यूल वाले वाहनों, दोनों के लिए बाजार में पर्याप्त जगह है.
सरकार की ओर से पेट्रोल में इथेनॉल ब्लेंडिंग की योजना पर दिए जाने के बीच ऐसी आशंकाएं जताई जा रही हैं इससे गाड़ियों के इंजन ख़राब हो रहे हैं और उनकी रफ़्तार कम हो रही है.





