डोनाल्ड ट्रंप के इस फ़ैसले से नाराज़ हुआ अमेरिकी मीडिया, उठाया ये क़दम

इमेज स्रोत, Charles McQuillan/Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कुछ मीडिया आउटलेट्स (सीएनएन, एमएस नाऊ और पॉलिटिको) को व्हाइट हाउस से 'बैन' कर दिया था.
अमेरिका के प्रमुख मीडिया आउटलेट्स ने व्हाइट हाउस की ‘टीवी पूल’ कवरेज नहीं करने का फ़ैसला किया.
दरअसल, ‘टीवी पूल’ कवरेज एक ऐसी व्यवस्था है, जिसके के तहत अलग-अलग मीडिया संस्थान राष्ट्रपति के कार्यक्रमों की कवरेज साझा करते हैं, जिससे संसाधनों की बचत होती है.
फ़ॉक्स न्यूज़ के वॉशिंगटन ब्यूरो प्रमुख ब्रायन बॉटन ने एक ईमेल में कहा, "सोमवार से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन कार्यक्रमों की कवरेज के लिए टीवी पूल काम नहीं करेगा, जिन्हें पूल कवरेज के तौर पर निर्धारित किया गया है."
ईमेल में कहा गया कि व्हाइट हाउस ने ट्रंप की न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान सीएनएन को अपनी कवरेज की ज़िम्मेदारी निभाने से रोक दिया था. इसके बाद टीवी नेटवर्क ने पूल कवरेज बंद करने का फ़ैसला किया. ईमेल में यह भी कहा गया कि इसकी जगह कोई नई पूल टीम नहीं बनाई जाएगी.
एबीसी, सीबीएस, सीएनएन, फ़ॉक्स न्यूज़ और एनबीसी ने संयुक्त बयान जारी कर कहा, "लोगों के लिए अपनी सरकार के बारे में सही और स्वतंत्र जानकारी पाना बहुत ज़रूरी है. किसी भी प्रशासन को किसी समाचार संस्था की ख़बरों से असहमति होने के कारण उसे रीस्ट्रिक्ट नहीं करना चाहिए."
ये पांचों नेटवर्क उन प्रमुख अमेरिकी टीवी संस्थानों में शामिल हैं, जिनके पास व्हाइट हाउस और राष्ट्रपति के कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण करने के लिए ज़रूरी वित्तीय संसाधन और तकनीकी ढांचा है.
कई अन्य अमेरिकी मीडिया संस्थानों ने भी पूल के तहत होने वाले कार्यक्रमों की कवरेज में शामिल नहीं होने की घोषणा की. न्यूयॉर्क टाइम्स और वॉशिंगटन पोस्ट समेत कुछ संस्थानों ने सोमवार को ट्रंप के कार्यक्रमों की तस्वीरें साझा नहीं करने की बात कही.




