अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस बोले, 'हिंसा का जवाब हिंसा से दिया जाएगा'
अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ने पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि 'हिंसा का जवाब हिंसा से दिया जाएगा'.
अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को ईरान के मिसाइल-ड्रोन ठिकानों और रडार ठिकानों पर हमला किया. यह कार्रवाई उस ड्रोन हमले के बाद हुई, जिसमें होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजर रहे एक मालवाहक जहाज़ (कार्गो शिप) को निशाना बनाया गया था.
इसके बाद जेडी वेंस एक्स पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड की उस पोस्ट को रीपोस्ट किया, जिसमें ईरान पर अमेरिकी हमले की जानकारी दी गई थी.
वेंस ने अपनी पोस्ट में लिखा, "ईरान ने युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. हमने उसका पालन किया है. अगर उन्हें एमओयू (समझौते) को लागू करने के तरीक़े पर कोई असहमति है, तो वे हमें फ़ोन कर सकते हैं. लेकिन हिंसा का जवाब हिंसा से दिया जाएगा."
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर सीज़फ़ायर के 'मूर्खतापूर्ण उल्लंघन' का आरोप लगाया था.