पीएम मोदी मिले स्टीव वॉ से, बिग बैश लीग का पहला मैच भारत में होगा

इमेज स्रोत, Getty Images
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड का दौरा किया है. इस दौरान पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट कप्तान स्टीव वॉ और अन्य लोगों से भी मिले.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा प्रधानमंत्री अल्बनीज़ के साथ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड जाना बहुत अच्छा रहा. खेल के प्रति जुनून भारत और ऑस्ट्रेलिया के लोगों को लगातार क़रीब ला रहा है.
प्रधानमंत्री अल्बनीज़ ने घोषणा की कि इस साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलियाई पुरुष बिग बैश लीग (बीबीएल) के उद्घाटन मैच का आयोजन भारत के चेन्नई में होगा.
यह पहला मौक़ा होगा, जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का मैच भारत में खेला जाएगा.

इमेज स्रोत, Getty Images
यह मुक़ाबला दिसंबर में भारत के अलग-अलग शहरों में आयोजित होने वाले सप्ताहभर के 'जीडे नमस्ते' उत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा. इस कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया की संस्कृति, कारोबार और खेल से जुड़े कई आयोजन किए जाएंगे.
'जीडे नमस्ते' का मक़सद भारत के साथ आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देना है. यह पहल 'भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया की आर्थिक भागीदारी के लिए नए रोडमैप' में तय प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएगी.
दोनों प्रधानमंत्रियों ने खेल सहयोग के लिए एक नए रोडमैप की भी घोषणा की.

इमेज स्रोत, Getty Images
इस रोडमैप के तहत बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी के क्षेत्र में ऑस्ट्रेलिया के अनुभव और भारत की महत्वाकांक्षाओं का लाभ उठाया जाएगा.
इसका मक़सद व्यापार, पर्यटन और निवेश के नए अवसर पैदा करना है. यह रोडमैप बड़े खेल आयोजनों के संचालन और तैयारी में दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करेगा.
ऑस्ट्रेलिया साल 2032 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी की तैयारी कर रहा है, जबकि भारत 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की तैयारी में जुटा है.
इन खेलों का आयोजन राष्ट्रमंडल खेलों की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रस्तावित है.












