कंगना रनौत ने ऋतिक रोशन से क्यों कहा- आग में घी डालने के बजाय...

इमेज स्रोत, Getty Images
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने अभिनेता ऋतिक रोशन के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए उसे 'बेबुनियाद' क़रार दिया है. कंगना का आरोप है कि ऋतिक की टिप्पणियां उनके ख़िलाफ़ हो रही ऑनलाइन ट्रोलिंग को बढ़ावा देती हैं और ऐसे लोगों के ख़िलाफ़ वह खुलकर बोलने से बच रहे हैं.
दरअसल, सोशल मीडिया पर इन दिनों 'सॉरी ऋतिक' ट्रेंड और कंगना-ऋतिक के पुराने विवाद को लेकर चर्चा तेज़ है.
इस बीच एक इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा गया, "हमें ऋतिक रोशन से माफ़ी मांगनी चाहिए."
यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई, जब कंगना रनौत ने छात्रों के प्रदर्शन को लेकर टिप्पणी की थी.
इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए ऋतिक रोशन ने कहा कि लोगों को सोशल मीडिया पर चल रहे नैरेटिव से प्रभावित नहीं होना चाहिए.
उन्होंने कहा कि वह किसी भी मुद्दे पर अपनी राय बनाने से पहले सही संदर्भ और तथ्यों का इंतज़ार करेंगे.
ऋतिक ने कमेंट में लिखा, "मेरे दोस्त, सिर्फ़ इसलिए 'ए' का साथ देना क्योंकि अब तुम्हें 'बी' पसंद नहीं है, हमारे समाज की बड़ी समस्या का एक छोटा हिस्सा है. मैं सही संदर्भ और तथ्यों का इंतज़ार करूँगा. वही निष्पक्ष होगा. लेकिन अब इसकी परवाह किसे है?"
ऋतिक के इस बयान का स्क्रीनशॉट कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया और उनकी आलोचना की.
कंगना ने आरोप लगाया कि जो लोग ऋतिक का नाम लेकर उन्हें ट्रोल और परेशान कर रहे हैं, उनके ख़िलाफ़ अभिनेता कोई क़दम उठाने या सार्वजनिक रूप से बोलने की हिम्मत नहीं दिखा रहे हैं.
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, "प्रिय ऋतिक, मुझे ख़ुशी है कि आपको आपका परफ़ेक्ट मैच सबा आज़ाद मिल गई हैं. आप दोनों साथ में बेहद अच्छे लगते हैं और एक कमिटेड रिलेशनशिप में हैं. ऐसे में किसी महिला को इस तरह चिढ़ाना आपको शोभा नहीं देता."
उन्होंने आगे कहा, "इसके बजाय आपको उन लोगों की निंदा करनी चाहिए, जो आपका नाम लेकर मुझे परेशान कर रहे हैं और ऑनलाइन बुलिंग कर रहे हैं. आग में घी डालने और अपनी पार्टनर को शर्मिंदा करने के बजाय समझदारी से काम लीजिए. उम्मीद है कि आपको सद्बुद्धि आएगी और आप इस तरह की बेबुनियाद टिप्पणियाँ करना बंद करेंगे."
कंगना ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियां करना उचित नहीं है और इससे सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग को बढ़ावा मिलता है.














