ईरान के मुद्दे पर जल्द ही कुछ बड़ा होने वाला है, ट्रंप ने दिया ये संकेत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध को लेकर निकट भविष्य में 'बहुत बड़ी चीजें' होने वाली हैं और वह इस संबंध में 'फ़ैसला लेने वाले' हैं.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • आईआईटी बॉम्बे में एक स्टूडेंट की मौत के बाद प्रदर्शन
  • मगरमच्छों वाली इस नदी में होंगे ओलंपिक के कॉम्पिटीशन
  • डूसू चुनाव: एबीवीपी ने तीन और निर्दलीय कैंडिडेट ने एक पद जीता
  • हंपबैक व्हेल
  • यूपीआई पेमेंट पर चार्ज को लेकर ये बोले लोग
  • जेलीफ़िश
  • लॉस एंजेलिस में हेलिकॉप्टर क्रैश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. नमस्कार

    अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ईरान के मुद्दे पर जल्द ही कुछ बड़ा होने वाला है, ट्रंप ने दिया ये संकेत

    (फ़ाइल फ़ोटो- राष्ट्रपति ट्रंप)

    इमेज स्रोत, Anna Moneymaker/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान का आरोप है कि अमेरिका खाड़ी देशों के अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फिर से हमले की तैयारी कर रहा है (फ़ाइल फ़ोटो- राष्ट्रपति ट्रंप)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध को लेकर निकट भविष्य में 'बहुत बड़ी चीजें' होने वाली हैं और वह इस संबंध में 'फ़ैसला लेने वाले' हैं.

    फ़ॉक्स न्यूज़ के मुताबिक़, ट्रंप ने उनके चीफ़ फॉरेन कॉरेस्पॉन्डेंट से कहा, "मेरा सवाल यह है कि अगर ज़रूरत पड़ी तो मैं पूरे देश को कब तबाह कर दूं? बेहतर होगा कि वे सही व्यवहार करें."

    ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान की ओर से युद्ध ख़त्म करने की मांगों की एक सूची भेजे जाने के बाद वह ईरान के राष्ट्रपति से मिलने के लिए 'तैयार' हैं.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि युद्ध को लेकर मेज पर तीन विकल्प हैं- "ईरान का पूरी तरह सफ़ाया करना, उन्हें आर्थिक रूप से सड़ने देना या समझौता करना."

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ईरानी सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी मोहसेन रेज़ाई ने इससे पहले कहा है, "अगर दोबारा युद्ध शुरू होता है तो अमेरिकी जहाज़ जब तक हिंद महासागर से बाहर नहीं निकलते, तब तक हिंद महासागर में वे जहां भी होंगे, उन पर हमला किया जाएगा. हमने ये क्षमताएं विकसित की हैं."

    उन्होंने कहा है, "हमने अपनी हाइपरसोनिक मिसाइलों की गति मैक 6 से बढ़ाकर मैक 10 कर दी है. हमने अपनी इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणालियों को भी विकसित किया है, अपनी एयर डिफ़ेंस में सुधार किया है और हमारे पास अन्य उपाय भी हैं, जिनका इस्तेमाल हम उचित समय पर करेंगे."

    इससे पहले रविवार को ईरानी सेना के ख़ातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय ने दावा किया कि उन्हें सूचना मिली है कि कुछ क्षेत्रीय देशों के समर्थन से अमेरिका ईरान पर हमले की तैयारी कर रहा है.

    इस बीच अमेरिकी समाचार वेबसाइट एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति के विश्राम स्थल कैंप डेविड में अपना वीकेंड पूरा किए बिना ही व्हाइट हाउस लौट आए हैं.

    हालांकि, व्हाइट हाउस ने उनकी छुट्टी कम करने का कोई कारण नहीं बताया.

  3. राहुल गांधी ने कहा- अर्पित का परिवार जानना चाहता है, 'उस मासूम की क्या ग़लती थी?'

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, @RahulGandhi

    इमेज कैप्शन, दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में देवास के छात्र अर्पित की भी मौत हुई थी

    कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने स्टूडेंट्स की हॉस्टल की समस्याओं को लेकर सवाल खड़े किए हैं.

    राहुल गांधी ने शनिवार को इंदौर में हुए छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तस्वीर शेयर की और एक्स पर लिखा, "उस मासूम की क्या ग़लती थी? सत्य निकेतन की हादसे में अपने बेटे अर्पित जाज को खोने वाला परिवार डबडबाई आंखों से यही सवाल पूछ रहा है."

    दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में देवास के छात्र अर्पित जाज की भी मौत हुई थी. राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में अर्पित के परिवार के लोगों से भी बातचीत की.

    उन्होंने लिखा, "अगर अच्छे और सुरक्षित हॉस्टल होते, तो उन्हें अपने बच्चे को ऐसी ख़तरनाक जगह में रखने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ता और अगर सुरक्षा मानकों का सच में पालन होता तो शायद यह हादसा होता ही नहीं. एक ऐसा हादसा जिसकी कल्पना उन बच्चों और उनके माता-पिता ने सपने में भी नहीं की होगी."

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया, "सिस्टम की ग़ैर-ज़िम्मेदारी और भ्रष्टाचार ने सपनों से भरी कई ज़िंदगियां छीन लीं और उम्मीदों से भरे कई परिवारों को उजाड़ दिया.अर्पित का परिवार भी पूरे देश की तरह जवाबदेही मांग रहा है."

    राहुल गांधी ने लिखा, "सिस्टम से मेरा सीधा सवाल है- नए और सुरक्षित हॉस्टल क्यों नहीं बनाए जा रहे? छात्रों को असुरक्षित पीजी में रहने के लिए मजबूर क्यों होना पड़ रहा है? सत्य निकेतन हादसे की जांच कहां तक पहुंची?"

    दिल्ली के सत्य निकेतन में 6 सितंबर की दोपहर एक पांच मंज़िला इमारत ढह गई थी. इस इमारत में एक पीजी चल रहा था.

    इस हादसे में कम से कम सात लोगों (छात्रों) की मौत हो गई थी और कई घायल भी हुए थे.

  4. 'मोदी सरकार के कदमों से अरावली पर सबसे गंभीर ख़तरा', जयराम रमेश ने लगाए ये आरोप

    जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, जयराम रमेश यूपीए सरकार के दौर में पर्यावरण और वन्य विभाग के मंत्री रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अरावली में खनन से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ और सीकर के लोगों के सामने पानी का संकट गहरा गया है और पानी के भंडार दूषित हो गए हैं.

    अरावली भारत की सबसे पुरानी पर्वत श्रृंखलाओं में से एक है. पीटीआई ने यहां जारी खनन और उससे पैदा हालात की तस्वीर साझा की है.

    पीटीआई ने विशेषज्ञों के हवाले से बताया है कि दिल्ली से गुजरात तक फैली "अरावली की पहाड़ियों में मौजूद प्राकृतिक दरारों और छिद्रों से हर साल प्रति हेक्टेयर 20 लाख लीटर पानी ज़मीन के अंदर पहुंच सकता है."

    इसलिए यह पर्वत श्रृंखला उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाक़ों के लिए भूजल रिचार्ज का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है.

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इस ख़बर को सोशल मीडिया एक्स पर शेयर करते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा है.

    उन्होंने लिखा, "मोदी सरकार के कदमों से अरावली पर सबसे गंभीर ख़तरा मंडरा रहा है. सरकार अरावली की परिभाषा में बदलाव करना चाहती है, जिससे खनन, रियल एस्टेट और दूसरी परियोजनाओं का रास्ता साफ हो सकता है."

    अरावली की पहाड़ियों में हो रहे खनन को लेकर बहस जारी है (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, अरावली की पहाड़ियों में हो रहे खनन को लेकर बहस जारी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पिछले साल नवंबर महीने में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार की सिफ़ारिशों के बाद अरावली की जिस परिभाषा को स्वीकार किया था उस पर रोक लगा दी थी.

    केंद्र सरकार की सिफ़ारिशों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अरावली की जिस परिभाषा को स्वीकार किया था उसके अनुसार आसपास की ज़मीन से कम से कम 100 मीटर (328 फीट) ऊँचे ज़मीन के हिस्से को ही अरावली पहाड़ी माना जाएगा.

    इस मुद्दे पर कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन भी हुए और पर्यावणविदों ने इसका जोरदार विरोध किया, क्योंकि उन्हें आशंका है ऐसी परिभाषा से अरावली का खनन बढ़ेगा और एक विशाल इलाक़े में लोगों के सामने कई तरह के संकट खड़े हो जाएंगे.

  5. एशियन गेम्स 2026: महिला टीम ने शूटिंग स्पर्धा में जीता सिल्वर, पीएम मोदी ने दी बधाई

    20वां एशियन गेम्स जापान में हो रहा है.

    इमेज स्रोत, @PMOIndia

    इमेज कैप्शन, 20वां एशियन गेम्स जापान में हो रहा है, जहां 10 मीटर एयर राइफ़ल प्रतिस्पर्धा रविवार को हुई

    एशियन गेम्स 2026 में महिला शूटिंग टीम के सिल्वर मेडल जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है.

    प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ''कड़ी मेहनत और टीमवर्क से यह शानदार नतीजा हासिल हुआ है.''

    ''एशियाई खेल 2026 में 10 मीटर एयर राइफ़ल महिला स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर सोनम उत्तम मस्कर, इलावेनिल वलारिवन और विदर्सा के. विनोद पर गर्व है. इनकी सफलता आने वाले समय में कई खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी.''

    20वां एशियन गेम्स जापान में हो रहा है. ख़बर लिखे जाने तक भारत पदक तालिका में 10वें स्थान पर है. उसने प्रतियोगिता में 2 सिल्वर मेडल जीते हैं.

    भारत की ओर से एक और सिल्वर मेडल महिला 10 मीटर एयर राइफ़ल की व्यक्तिगत स्पर्धा में इलावेनिल वलारिवन ने जीता है.

    पदक तालिका में चीन शीर्ष पर है. उसने 11 गोल्ड, 6 सिल्वर और तीन ब्राॉन्ज़ के साथ कुल 20 पदक हासिल किए हैं.

    दूसरे पायदान पर मौजूद जापान ने 6 गोल्ड और 7-7 सिल्वर और ब्रॉन्ज़ के साथ कुल 20 पदक हासिल किए हैं.

  6. एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश में गठबंधन को लेकर ये कहा

    असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, असदुद्दीन ओवैसी का कहना है कि बिहार में उनकी बात नहीं मानी गई, इसलिए बीजेपी ने सहयोगियों के साथ अपनी सरकार बना ली

    एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में कोई अकेले बीजेपी को नहीं रोक सकता.

    उन्होंने कहा, "हम नहीं चाहते कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बने. अगर कोई नहीं चाहता कि बीजेपी सरकार बनाए, तो वह हमसे बात कर सकता है. हम बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने के लिए आपका साथ देने के लिए तैयार हैं. लेकिन यह समझना ज़रूरी है कि आप अकेले बीजेपी को नहीं रोक पाएंगे."

    ओवैसी ने कहा कि उन्होंने बिहार में भी गैर-बीजेपी दलों को एक साथ आने की अपील की थी, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई और राज्य में बीजेपी ने गठबंधन वाली सरकार बना ली.

    ओवैसी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "उत्तर प्रदेश में हमारा पार्टी संगठन काफ़ी मज़बूत हुआ है. हमारे नेताओं का ज़मीन से जुड़ाव है. पार्टी पूरी मेहनत कर रही है."

    उन्होंने कहा, "अगर आप बीजेपी को रोकना चाहते हैं, तो हम आपके साथ काम करने के लिए तैयार हैं. अब अगर वे ऐसा नहीं करना चाहते, तो ठीक है. उत्तर प्रदेश की जनता देख रही है कि कौन बीजेपी को रोकना चाहता है और कौन उसकी सफलता में मदद करना चाहता है."

    उत्तर प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं. असदुद्दीन ओवैसी इन चुनावों के लिए कई बार समाजवादी पार्टी से गठबंधन करने की इच्छा जता चुके हैं.

    हालाँकि उनके इस प्रस्ताव पर समाजवादी पार्टी ने सार्वजनिक तौर पर अपनी सहमति नहीं दी है.

  7. अभिजीत दीपके बोले, 'स्कूल बैग पर ही नहीं, टॉयलेट पर भी मुख्यमंत्री लगाएं फ़ोटो'

    अभिजीत दीपके ने स्कूल के "टॉयलेट की जर्जर हालत" की तस्वीर दिखाई

    इमेज स्रोत, @Cockroachisback

    इमेज कैप्शन, अभिजीत दीपके ने स्कूल के "टॉयलेट की जर्जर हालत" की तस्वीर दिखाई

    कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में एक कथित स्कूल का दौरा किया और वहां के हालात की एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की.

    अभिजीत दीपके ने वीडियो में दावा किया, "यह महाराष्ट्र का एक आदिवासी इलाक़ा है. यहां गर्ल्स वॉशरूम भी पूरी तरह खुला हुआ है. इसमें दरवाज़ा तक नहीं है और दीवार भी खुली हुई है."

    उन्होंने उस कथित स्कूल में टॉयलेट की हालत दिखाई जो काफ़ी गंदा पड़ा था. साथ ही उन्होंने एक स्कूल बैग भी दिखाया और दावा किया कि यह बैग सरकार की तरफ से बच्चों को मिलता है.

    दीपके ने कहा, "जहां बुनियादी सुविधा नहीं मिलती है, वहां मुख्यमंत्री के चेहरे के साथ बैग मिलता है. भले ही शिक्षा मिले न मिले, ये बैग ज़रूर मिल जाते हैं क्योंकि प्रचार ज़्यादा महत्वपूर्ण है."

    उन्होंने कहा, "मेरी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से बस एक गुज़ारिश है कि बैग पर ही क्यों फ़ोटो लगा रहे हैं, इस टॉयलेट पर भी लगा दें. असली उपलब्धि यही है."

    कॉकरोज जनता पार्टी (सीजेपी) कई दिनों से देश के अलग-अलग इलाक़ों में स्कूलों का दौरा कर रही है. उसकी मांग है कि देश में स्कूलों के हालात ठीक किए जाएं.

  8. ईरान का दावा अमेरिका फिर से हमले की तैयारी में, ये चेतावनी दी

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Anna Moneymaker/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने अमेरिका से बातचीत के लिए अपनी शर्तें भेजी हैं और वह राष्ट्रपति ट्रंप की प्रतिक्रिया का इंतज़ार कर रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरानी सेना के ख़ातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय ने दावा किया है कि उन्हें सूचना मिली है कि कुछ क्षेत्रीय देशों के समर्थन से अमेरिका ईरान पर हमले की तैयारी कर रहा है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा ने बताया है कि ख़ातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय ने एक बयान जारी कर कहा, "हमें मिली जानकारी के मुताबिक़ अमेरिका ने एक यूरोपीय देश में संयुक्त बैठक में कुछ क्षेत्रीय देशों की सहमति से ईरान के ख़िलाफ़ उपायों को फिर से शुरू करने का फ़ैसला किया है."

    ख़ातम अल-अंबिया मुख्यालय ने इस बैठक में शामिल अन्य देशों या मेज़बान यूरोपीय देश के बारे में और अधिक जानकारी नहीं दी है.

    मुख्यालय ने क्षेत्रीय देशों को चेतावनी दी कि अगर वे अमेरिकी हमले में "सहयोग" करते हैं, तो "उन सभी को इस बुरे काम में भागीदार माना जाएगा और वे ईरान के शक्तिशाली सशस्त्र बलों से संयम या शालीनता की उम्मीद नहीं कर सकते."

    ख़ातम अल-अंबिया के केंद्रीय मुख्यालय ने अमेरिका को चेतावनी दी कि हमले की स्थिति में, "क्षेत्र में उसके सभी ठिकाने बिना किसी पाबंदी या विचार के ईरानी हमलों का निशाना बनेंगे."

    इस बीच अमेरिकी समाचार वेबसाइट एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति के विश्राम स्थल कैंप डेविड में अपना वीकेंड पूरा किए बिना ही व्हाइट हाउस लौट आए हैं.

    हालांकि, व्हाइट हाउस ने उनकी छुट्टी कम करने का कोई कारण नहीं बताया.

    समाचार एजेंसियों के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप का वीकेंड से जल्दी लौटना ऐसे समय में हुआ है जब उनका प्रशासन ईरान के साथ चल रहे संघर्ष में अगले कदमों पर विचार कर रहा है.

  9. लाहौर पुलिस ने इमरान ख़ान की बहन अलीमा को हिरासत में लिया

    अलीमा ख़ानम के भाई इमरान ख़ान पाकिस्तान की जेल में बंद हैं, जिनकी रिहाई के लिए वह लगातार कोशिशों में लगी हैं

    इमेज स्रोत, FAROOQ NAEEM/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अलीमा ख़ानम के भाई इमरान ख़ान पाकिस्तान की जेल में बंद हैं, जिनकी रिहाई के लिए वह लगातार कोशिशों में लगी हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के लाहौर में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की बहन अलीमा ख़ानम को हिरासत में लिया गया है. लाहौर के डिप्टी कमिश्नर ने इसकी पुष्टि की है.

    इस मुद्दे पर इमरान ख़ान के बेटे कासिम ख़ान ने एक्स पर लिखा, "आज मेरी बुआ अलीमा ख़ानम को लाहौर में पुलिस ने अगवा कर लिया है. हमारे परिवार को यह नहीं बताया गया है कि उन्हें कहां ले जाया गया है. उनका परिवार और वकील उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं."

    उन्होंने आरोप लगाया, “यह एक फासीवादी सरकार का व्यवहार है, जो लोगों को अगवा कर रही है, परिवारों में डर पैदा कर रही है और मानवाधिकारों, उचित क़ानूनी प्रक्रिया और क़ानून के शासन को कुचल रही है, जबकि लोकतंत्र के समर्थन का दिखावा कर रही है.”

    "पहले उन्होंने मेरे पिता को जेल में डाल दिया. अब वे उनके परिवार के पीछे पड़े हैं."

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, अलीमा ख़ानम के रिश्तेदार कासिम ज़मान ख़ान ने बीबीसी को बताया कि अलीमा ख़ानम को लाहौर जिमखाना के बाहर हिरासत में लिया गया और कोट लखपत जेल में स्थानांतरित कर दिया गया.

    उन्होंने आगे कहा कि ऐसी ख़बरें हैं कि डीसी ने शांति भंग करने की आशंकाओं के आधार पर अलीमा ख़ानम को हिरासत में लेने का आदेश पुलिस को जारी किया था, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की.

    लाहौर पुलिस ने अभी तक इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    जेल में बंद इमरान ख़ान की पार्टी पीटीआई (पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़) ने 27 सितंबर को इस्लामाबाद की ओर एक लंबे मार्च की घोषणा कर रखी है. इससे पहले अलीमा ख़ानम को हिरासत में ले लिया गया है.

    अलीमा ख़ानम पहले भी अपने समर्थकों के साथ प्रदर्शनों में हिस्सा लेती रही हैं.

  10. ज़ेलेंस्की ने यूक्रेनी हमले में रूस को बड़े नुक़सान का दावा किया

    ज़ेलेंस्की ने रूस के तेल उद्योग से जुड़े बड़े ठिकाने को नुक़सान का दावा किया

    इमेज स्रोत, @ZelenskyyUa

    इमेज कैप्शन, ज़ेलेंस्की ने रूस के तेल उद्योग से जुड़े बड़े ठिकाने को नुक़सान का दावा किया

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है.

    उन्होंने दावा किया है कि बीती रात मॉस्को के इलाक़े में यूक्रेनी हमले ने रूस को भारी नुक़सान पहुंचाया है.

    मॉस्को रिजन के गवर्नर ने बताया है कि इस हमले में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं.

    ज़ेलेंस्की ने लिखा, "रूस के प्रमुख तेल उद्योग प्रतिष्ठानों में से एक और रूस की लॉजिस्टिक्स सुविधा को निशाना बनाया गया. युद्ध को जारी रखने में इनका अरबों डॉलर का योगदान है."

    उन्होंने लिखा, "मैं देश के योद्धाओं की सटीक कार्रवाई के लिए उनका धन्यवाद करता हूं. इसमें यूक्रेन की सिक्योरिटी सर्विस ने मानव रहित हमलों, स्पेशल टास्क फ़ोर्स, यूक्रेन की ख़ुफ़िया सेवा और विदेशी ख़ुफ़िया सेवा के साथ मिलकर काम किया."

    ज़ेलेंस्की ने कहा, "रूस को अपना क्रूर युद्ध ख़त्म करना चाहिए और शांति का रास्ता चुनना चाहिए."

    उन्होंने लिखा, "मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं, जो यूक्रेन की लंबी दूरी की क्षमताओं को मज़बूत कर रहे हैं और उन सभी का आभारी हूं, जो प्रतिबंधों के ज़रिए (रूस को) जवाब दे रहे हैं."

  11. उत्तर कोरिया ने लॉन्च किया संदिग्ध मिसाइल, जापान में इमरजेंसी अलर्ट जारी

    दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल में टीवी पर लोग मिसाइल लॉन्च से जुड़ी ख़बर देखते हुए

    इमेज स्रोत, Lillian SUWANRUMPHA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल में टीवी पर लोग मिसाइल लॉन्च से जुड़ी ख़बर देखते हुए

    जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने इमरजेंसी अलर्ट जारी किया है. इसमें कहा गया है कि उत्तर कोरिया ने संदिग्ध तौर पर बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च किया है.

    जापानी प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है. इसमें बताया गया है कि इस घटना से जुड़ी ज़्यादा जानकारी जुटाई जा रही है.

    जापान की प्रधानमंत्री ने संदिग्ध मिसाइल लॉन्च किए जाने के बाद कई निर्देश जारी किए हैं.

    इसमें कहा गया है, "जानकारी जुटाने और उसका विश्लेषण करने के लिए पूरी क्षमता के साथ प्रयास करें और जनता को समय पर उचित जानकारी उपलब्ध कराएं."

    "विमानों, जहाज़ों और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें. आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारी समेत सभी संभव एहतियाती कदम उठाएं."

  12. मायावती ने बताया बीएसपी में किसे दी जाएगी भविष्य की ज़िम्मेदारी

    मायावती ने बताया है कि वह अपने भाई के परिवार के किसी सदस्य को पार्टी में आगे बढ़ाएंगी

    इमेज स्रोत, @Mayawati

    इमेज कैप्शन, मायावती ने बताया है कि वह अपने भाई के परिवार के किसी सदस्य को पार्टी में आगे बढ़ाएंगी

    उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पार्टी में भविष्य की ज़िम्मेदारी पर अपना फ़ैसला साझा किया है.

    मायावती ने लिखा, "अगर राजनीति में कामयाब होना है और समाज के लिए कुछ करना है तो मेरी तरह अपने भाई-बहन और नज़दीकी रिश्ते-नातों के मोह से ऊपर उठकर अपनी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य काम करना होगा."

    मायावती ने कहा कि महिला होने के नाते अकेले रहने से बचने के लिए उन्हें अपने छोटे भाई आनंद कुमार को अपने साथ रखना पड़ा.

    मायावती ने लिखा, "मुझे उनके (आनंद कुमार) बड़े बेटे आकाश आनन्द को राजनीति में आगे करना पड़ा. शादी होने के बाद से आकाश आनन्द का ऐसा रवैया और गतिविधियाँ रही हैं कि जिससे कुछ दिन पहले उन्हें फिर से पार्टी से अलग भी करना पड़ा है."

    मायावती का कहना है, "ऐसे में अब मैं आनन्द कुमार के परिवार में से किसे पार्टी में आगे करूँ या ना करूँ, इस पर काफ़ी सोच-विचार के बाद फ़ैसला किया है कि उनके परिवार से ईशान आनन्द को पार्टी में सम्मानजनक ज़िम्मेदारी दी जाएगी."

    "फिर भी अगर उन्होंने पार्टी विरोधी ऐसा कोई भी गंभीर काम किया तो फिर इनको भी पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा, लेकिन तब ऐसी स्थिति में आनन्द कुमार के परिवार में से अन्य किसी भी सदस्य को पार्टी की कोई भी छोटी-बड़ी ज़िम्मेदारी नहीं दी जाएगी."

    मायावती के मुताबिक़, "उस स्थिति में पार्टी में ही काम करने वाले दलित वर्ग के किसी भी एक मिशनरी और वफादार कार्यकर्ता को ही आगे कर दिया जाएगा."

  13. राहुल गांधी ने कहा- सरकार के पास दीये जलाने के लिए पैसा है

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Chandradeep Kumar/ The India Today Group via Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने इंदौर में छात्रों की गूंज के दौरान एक छात्रा की बताई ''परेशानी'' का ज़िक्र किया

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सरकार की निंदा की है. उन्होंने कहा कि कई लड़कियां इसलिए पढ़ाई छोड़ देती हैं क्योंकि रहने के लिए जगह नहीं है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "सरकार के पास दीये जलाने के लिए पैसे हैं, हमारे हॉस्टल के लिए क्यों नहीं; यह सवाल कल इंदौर में एक छात्रा ने मुझसे पूछा."

    उन्होंने इंदौर में एक छात्रा की कही बातों को लिखा, "गांव से पढ़ने शहर आई. हॉस्टल है नहीं, तो पीजी में रहना पड़ता है. सिर्फ़ सुरक्षित रहने में लाखों ख़र्च हो जाते हैं. हर महीने किराए की चिंता, और बेघर होने का डर - इसी में पढ़ाई करनी पड़ती है."

    राहुल गांधी के मुताबिक़, "कई लड़कियां इसी वजह से पढ़ाई छोड़ देती हैं. सिर्फ़ इसलिए कि रहने की जगह नहीं है. और आवास भत्ता महंगाई के साथ नहीं बढ़ता, ऊपर से भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है. नरेंद्र मोदी जी, उस बच्ची के सवाल का कोई जवाब है आपके पास?"

    गौरतलब है कि शनिवार को राहुल गांधी का इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम था, जिसमें उन्होंने कुछ स्टूडेंट्स से भी बात की थी. इस कार्यक्रम का टॉपिक था- 'सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स.'

  14. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  15. एशियन गेम्स 2026: भारत की महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को हराया, फ़ाइनल में श्रीलंका से मुक़ाबला

    स्मृति मंधाना

    इमेज स्रोत, Francois Nel/Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसी मैच में स्मृति मंधाना ने महिला टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत ने एशियन गेम्स 2026 की महिला क्रिकेट स्पर्धा के फ़ाइनल में एंट्री कर ली है. टीम इंडिया ने रविवार को खेले गए दूसरे सेमीफ़ाइनल में बांग्लादेश को 114 रन से हराया.

    भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुक़सान पर 195 रन बनाए थे. जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई.

    भारत की ओर से शेफ़ाली वर्मा ने 49 गेंदों पर नाबाद 100 रन की शानदार पारी खेली.

    इसी मैच में स्मृति मंधाना ने महिला टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया.

    इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स 2026 की महिला क्रिकेट स्पर्धा के फ़ाइनल में जगह पक्की कर ली है. 22 सिंतबर को फ़ाइनल में भारत का मुक़ाबला श्रीलंका से होगा.

  16. ईरानी संसद के स्पीकर ग़ालिबाफ़ ने कहा- हमें लड़ना भी है और बातचीत भी करनी है

    मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़

    इमेज स्रोत, Karar Jabbar / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने कहा है कि ईरान ने मध्यस्थों के ज़रिए अमेरिका तक अपने संदेश और बातचीत से जुड़ी शर्तें पहुंचा दी हैं.

    संसद में अपने संबोधन के दौरान ग़ालिबाफ़ ने कहा, "कुछ लोग युद्ध की बात तो करते हैं, लेकिन उसके निर्णायक अंत के लिए कोई स्पष्ट दिशा नहीं बताते हैं."

    "इस तरह की सोच बातचीत और कूटनीति की सभी संभावनाओं को नकारते हुए देश को धीरे-धीरे कमज़ोर करने वाले लंबे और अंतहीन युद्ध की ओर ले जा सकती है."

    ग़ालिबाफ़ ने कहा, “हमें लड़ना भी है और बातचीत भी करनी है.”

    उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक ईरान की पहले वाली शर्तें पूरी नहीं होतीं, तब तक बातचीत बहाल करने और होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने का सवाल ही नहीं उठता.

    गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसिन रेज़ाई का भी ऐसा ही बयान सामने आया था.

    उन्होंने कहा था कि ईरान ने क़तर और पाकिस्तान के मध्यस्थों के ज़रिए अमेरिका तक बातचीत के लिए अपनी शर्तें पहुंचा दी हैं.

    रेज़ाई ने कहा था कि अब ईरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जवाब का इंतज़ार कर रहा है.

  17. मणिपुर में हिंसक प्रदर्शन: सुरक्षाबलों की गाड़ियों पर पत्थर फेंके, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए के लिए

    प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Dilip Kumar Sharma

    इमेज कैप्शन, मणिपुर के कांगपोकपी जिले में हुए प्रदर्शन में ज्यादातर गांव के गार्ड और महिलाएं शामिल थीं

    मणिपुर के कांगपोकपी जिले में सुरक्षाबलों ने कथित तौर पर छह कुकी लोगों को हिरासत में लिया, जिसके बाद शनिवार को कुछ स्थानीय लोगों ने हिंसक प्रदर्शन किया.

    प्रदर्शन में ज्यादातर गांव के गार्ड और महिलाएं शामिल थीं.

    मणिपुर में तैनात एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सीआरपीएफ की कोबरा यूनिट के जवानों ने कांगपोकपी ज़िले के नागा गांव चावांगकिनिंग के पास एक ऑपरेशन चलाया था. इस दौरान उग्रवादी होने के शक में छह लोगों को हिरासत में लिया गया था.

    उन्होंने कहा, "प्रदर्शनकारियों ने पत्थर फेंके और रास्तों को बंद करने का प्रयास किया. रात क़रीब 9 बजे मोटबुंग में सभी अतिरिक्त सुरक्षा बलों और यात्रियों को रोक दिया गया था. फ़िलहाल स्थिति नियंत्रण में है."

    जिस खोलेन गांव से छह कुकी लोगों को पकड़ा था, वहां हाल ही में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने कम से कम दो घरों पर हमला कर उन्हें आग के हवाले कर दिया था.

    छह लोगों को हिरासत में लेने की ख़बर के बाद मोटबुंग और आस-पास के इलाक़ों में शनिवार शाम से आधी रात तक कुछ कुकी लोगों ने विरोध-प्रदर्शन जारी रखा. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर टायर जलाए और सुरक्षाबलों की गाड़ियों पर पत्थर फेंके तथा आगज़नी की.

    प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों की गाड़ियों की आवाजाही रोकने के लिए इंफ़ाल से दीमापुर को जोड़ने वाले नेशनल हाइवे-2 के कुछ हिस्सों को खोद दिया था. इसके अलावा राजमार्ग को बंद करने के लिए जगह-जगह बांस के बैरिकेड भी लगा दिए. जबकि सुरक्षाबलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए कई राउंड आँसू गैस के गोले दागे.

    सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सुरक्षाबलों के कैस्पिर ट्रक को रोकने की कोशिश करती हुई गुस्साई भीड़ दिखाई दे रही है. ट्रक आधा जला हुआ दिख रहा था और भीड़ से बचकर निकलने की कोशिश कर रहा था.

    प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय मीडिया के समक्ष दावा किया कि सुरक्षाबलों ने बिना किसी कारण के छह लोगों को हिरासत में ले लिया. बीते फ़रवरी महीने से कुकी और नागा जनजाति के बीच हिंसक टकराव जारी है.

    अब तक हुई हिंसा में दोनों समुदायों के 40 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. इस हिंसा को देखते हुए ख़ासकर नागा-कुकी सीमावर्ती गांवों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं.

  18. जंतर-मंतर पर होने वाली ‘यूजीसी रोलबैक सवर्ण महापंचायत’ स्थगित

    जेपी नड्डा

    इमेज स्रोत, X/@JPNadda

    इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के साथ क्षत्रिय करणी सेना के प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर रविवार (20 सितंबर) को प्रस्तावित ‘यूजीसी रोलबैक सवर्ण महापंचायत’ को स्थगित कर दिया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, यह फ़ैसला केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के साथ क्षत्रिय करणी सेना के प्रतिनिधिमंडल की बैठक के बाद लिया गया.

    महापंचायत का आयोजन यूजीसी के 2026 के नियमों से जुड़ी मांगों को लेकर किया जाना था.

    केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बैठक और महापंचायत स्थगित किए जाने की जानकारी दी.

    उन्होंने लिखा, "सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई और सरकार मांगों पर न्यायसंगत विचार करेगी. हम आने वाले तीन सप्ताह में पुनः इनके साथ बैठक करेंगे. राज शेखावत और उनके प्रतिनिधि मंडल ने 20 सितम्बर 2026 की महापंचायत को स्थगित करने का निर्णय लिया है."

    इससे पहले क्षत्रिय करणी सेना ने सामान्य वर्ग के लोगों से रविवार सुबह 10 बजे जंतर-मंतर पहुंचकर महापंचायत में शामिल होने की अपील की थी.

  19. स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास, महिला टी-20 इंटरनेशनल में बनाया ये रिकॉर्ड

    स्मृति मंधाना

    इमेज स्रोत, Francois Nel/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना ने रविवार को एशियन गेम्स 2026 के सेमीफ़ाइनल मुकाबले में इतिहास रच दिया.

    मंधाना महिला टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज़ बन गई हैं.

    जापान के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेलते हुए मंधाना ने यह उपलब्धि अपने नाम की. उन्होंने न्यूज़ीलैंड की सूज़ी बेट्स को पीछे छोड़ा.

    मंधाना ने अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर में अब तक 178 मैचों की 171 पारियों में 4760 से अधिक रन बनाए हैं.

    वहीं, बेट्स ने अपने करियर में 186 मैचों की 178 पारियों में 4,758 रन अपने नाम किए हैं.

    मंधाना महिला टी-20 इंटरनेशनल में 50 से अधिक रन बनाने के मामले में भी सबसे आगे हैं. उनके नाम अब तक दो शतक और 36 अर्धशतक दर्ज हैं.

    इसके अलावा वह इस फ़ॉर्मेट में भारत की सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाली बल्लेबाज़ भी हैं और 100 छक्कों के आँकड़े से सिर्फ़ दो छक्के दूर हैं.

    मंधाना ने इसी महीने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था. दुबई में खेले गए एशिया कप 2026 के दौरान उन्होंने भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ा था.

  20. राहुल गांधी के कार्यक्रम में पीएम मोदी की मिमिक्री पर बीजेपी ने क्या कहा

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Congress

    इमेज कैप्शन, इंदौर में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान की तस्वीर

    इंदौर में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "किसी का सरनेम चुराया जा सकता है, संस्कार नहीं."

    इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के इंदौर वाले कार्यक्रम की क्लिप भी शेयर की.

    वहीं, बीजेपी ने भी आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, "एक तरफ़ पीएम मोदी ने एक बुज़ुर्ग मां को सम्मान और अपनापन दिया, दूसरी तरफ़ राहुल गांधी ने अपने कार्यक्रम में उनका मज़ाक उड़ाया."

    आगे लिखा, "यही फ़र्क है संस्कार और दिखावे की राजनीति में. जिस उम्र में सम्मान मिलना चाहिए, वहां राहुल गांधी का यह शर्मनाक रवैया उनकी सोच के बारे में क्या कहता है?"

    दरअसल, कुछ समय पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे. भाषण के दौरान उनकी नज़र भीड़ में खड़ी एक बेहद बुज़ुर्ग महिला पर पड़ी. पीएम मोदी ने भाषण बीच में रोका और वहां मौजूद आयोजकों से महिला को कुर्सी देने के लिए कहा था.

    इसके बाद शनिवार को इंदौर में जब राहुल गांधी के कार्यक्रम में मौजूद एक परफ़ॉर्मर ने पीएम मोदी के इसी 'कुर्सी मंगवाने' वाले वाक्य और उनके लहजे की नकल उतारी थी.