पश्चिम बंगाल उपचुनाव: रेजीनगर के निर्दलीय उम्मीदवार सैफुल इस्लाम गिरफ़्तार

इमेज स्रोत, Getty Images
पश्चिम बंगाल के रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार सैफुल इस्लाम को पुलिस ने शनिवार को गिरफ़्तार कर लिया.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, उनकी गिरफ़्तारी 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान दो गुटों के बीच हुई झड़प से जुड़े पांच साल पुराने मामले में की गई है.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बरहामपुर थाने की पुलिस ने सैफुल इस्लाम को गिरफ़्तार किया है. इस मामले में उनका नाम अभियुक्त के तौर पर दर्ज था.
इससे एक दिन पहले शुक्रवार को कांग्रेस के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव उम्मीदवार मिलन प्रधान को भी पुलिस ने गिरफ़्तार किया था.
प्रधान की गिरफ़्तारी क़रीब दो दशक पुराने उस मामले में हुई, जो भूमि अधिग्रहण के ख़िलाफ़ हुए आंदोलन से जुड़ा है.
पश्चिम बंगाल में रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 6 अक्तूबर को होने हैं. नंदीग्राम सीट मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफ़े के बाद खाली हुई है.
वहीं, हुमायूं कबीर ने 2026 के विधानसभा चुनाव में नवदा और रेजीनगर, दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी. बाद में उन्होंने रेजीनगर विधानसभा सीट से इस्तीफ़ा दे दिया, जिसके चलते यहां उपचुनाव हो रहा है.











