लाइव, 'पाकिस्तान का साथ देंगे...' वाले बयान पर राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष ने दी सफ़ाई

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पाकिस्तान को लेकर दिए गए अपने बयान पर सफ़ाई दी है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • अंकिता भंडारी के माता-पिता
  • animal
  • आशुतोष रांका और सौरव दास अचानक पहुंचे जंतर-मंतर
  • भारत, मदर ऑफ़ डेमोक्रेसी है- नरेंद्र मोदी
  • दिल्ली में कांग्रेस सहित विपक्ष का विरोध प्रदर्शन

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. 'पाकिस्तान का साथ देंगे...' वाले बयान पर राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष ने दी सफ़ाई

    मदन राठौड़
    इमेज कैप्शन, राजस्थान बीजेपी के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि उनकी बात को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पाकिस्तान को लेकर दिए गए अपने बयान पर सफ़ाई दी है.

    अमेरिका और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच होने पर पाकिस्तान का समर्थन करने संबंधी उनकी टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा था.

    इस पर राठौड़ ने कहा कि उनकी बात को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया है. उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी केवल क्रिकेट मैच को लेकर थी, युद्ध को लेकर नहीं.

    दरअसल, मदन राठौड़ ने अपने एक बयान में कहा था, "अमेरिका और पाकिस्तान का मैच हो तो हम पाकिस्तान के साथ हैं, क्योंकि पाकिस्तान हमारा पड़ोसी है."

    उनका यह बयान सामने आने के बाद कांग्रेस ने वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "बीजेपी का पाकिस्तान प्रेम फिर सामने आया. बीजेपी वालों की रग-रग में देशद्रोह भरा है."

    विवाद बढ़ने के बाद मदन राठौड़ ने शुक्रवार को सफ़ाई देते हुए कहा, "कल पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम की जयंती थी. इस मौके पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था जिसमें मुस्लिम समुदाय के कार्यकर्ता बैठे थे. मैंने कहा था कि राष्ट्रभक्ति ज़रूरी है. अगर भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हो और दुर्भाग्य से भारत हार जाए और उस समय जो पटाखा फोड़ता है, वो देशभक्त नहीं है."

    "मैंने आगे कहा कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच मैच हो तो वो बात अलग है. लेकिन अगर इसको युद्ध ले लिया जाए तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है. किसी ने मुझे नुक़सान पहुंचाने के लिए ऐसी बात कही है. मैंने जो कहा उसका हर शब्द सुनो और अगर पूरा सुनेंगे तो साफ़ हो जाएगा. आपको संदर्भ पर भी ध्यान देना चाहिए. 2 सेकंड या 8-10 सेकंड का क्लिप निकालकर कोई दे दे तो इसमें षडयंत्र है, दुर्भावना है."

    उन्होंने आगे कहा, "पाकिस्तान के साथ हमारे रिश्ते दुश्मनी वाले हैं. वे आतंकवाद पैदा करते हैं और आतंकवादियों को ट्रेनिंग देते हैं. वे हमारे ख़िलाफ़ साज़िशें रचते हैं और हमले करते हैं. ऐसे में हम उनके साथ कैसे रह सकते हैं? हम कभी साथ नहीं रह सकते. हमारा रुख एकदम साफ़ है लेकिन क्रिकेट मैच से जुड़ी एक टिप्पणी को इस तरह तोड़-मरोड़ कर पेश करना, यह बिल्कुल गलत है. यह पूरी तरह से क्रिकेट मैच के बारे में था. इसमें युद्ध का कोई ज़िक्र नहीं था."

  2. राजनाथ सिंह ने कहा- बांग्लादेश की तर्ज़ पर शासन बदलने की कोशिश हो रही

    राजनाथ सिंह
    इमेज कैप्शन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को यूपी के लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस की

    निर्वाचन आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के ख़िलाफ़ जारी प्रदर्शनों के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और उसके राजनीतिक सहयोगियों पर निशाना साधा है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाने के बजाय उन्हें अराजकता और राजनीतिक टकराव का मोहरा बनाने की कोशिश की जा रही है.

    राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बात कही.

    राजनाथ सिंह ने कहा, "दिल्ली में पिछले दिनों जो घटनाक्रम हुए, वो कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं. ऐसा लगता है कि कांग्रेस और उनके राजनीतिक सहयोगी प्रत्यक्ष रूप से और अपने समर्थक संगठनों के माध्यम से युवाओं की ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों और राष्ट्रनिर्माण की दिशा में लाने की जगह राजनीतिक टकराव और अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं."

    "देश के नौजवानों को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाने की कोशिश की जा रही है. बांग्लादेश की तर्ज़ पर शासन बदलना चाहते हैं और एक प्रेस वार्ता में खुलकर कहते हैं कि उसने शासन बदलने की प्रेरणा बांग्लादेश से ली है. तो दूसरा डंके की चोट पर सरकार गिराने की बात करता है. यह साफ़ करता है कि इनका इकलौता एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को ध्वस्त करना और देश में आग लगाना है."

    राजनाथ ने कहा, "शासन बदलने जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है, इससे पता चलता है कि उनकी लड़ाई चुनाव सुधार, एसआईआर, ज्ञानेश कुमार, देश के नौजवानों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नहीं है. उनकी लड़ाई देश में अराजकता पैदा करके सत्ता हासिल करने की उनकी साज़िश है."

    दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तंज कसते हुए इसे उत्तर प्रदेश की राजनीति से जोड़ दिया.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "सुना है सत्ताधारियों की तरफ़ से कोई बड़ी प्रेस-कांफ्रेंस हो रही है. लगता है ‘लखनऊ-एक्सप्रेस’ का इंजन फ़ेल हो गया है, तभी दिल्ली के इंजन ने लखनऊ की कमान किसी और को थमाने का अंदरूनी फ़ैसला कर लिया है."

    अखिलेश ने लिखा, "ये प्रेस कॉन्फ़्रेंस तो बस दिखावटी है, असली खेल तो लखनऊ के इंजन को खटारा साबित करके उसे पर्मानेंट हटाने का है. अब लखनऊवालों की रक्षा कौन करेगा?"

  3. अभिजीत दीपके के एलान के बाद कनॉट प्लेस पर भारी सुरक्षा बल तैनात, देखें तस्वीरें

    दिल्ली पुलिस
    इमेज कैप्शन, कनॉट प्लेस और आसपास के इलाक़ों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं

    दिल्ली के कनॉट प्लेस में सेंट्रल पार्क में 16 अक्टूबर को सीजेपी के तिरंगा फहराने के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने नई दिल्ली और आसपास के इलाक़ों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं.

    दिल्ली पुलिस की डीसीपी नेहा यादव ने बताया कि सीजेपी ने सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ़्रेंस के ज़रिए लोगों से 16 अक्तूबर को शाम पांच बजे सेंट्रल पार्क में राष्ट्रीय ध्वज के साथ जुटने की अपील की है.

    नेहा यादव ने कहा, "मौजूदा सुरक्षा और क़ानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कनॉट प्लेस और आसपास के इलाक़ों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है."

    इस बीच कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें कनॉट प्लेस पर दुकानें बंद दिखाई दे रही हैं और भारी पुलिस बल तैनात है.

    सुरक्षा बल
    सुरक्षा बल
    सुरक्षा बल
    सुरक्षा बल
    सुरक्षा बल
  4. एलन मस्क के आरोपों पर रिलायंस ने दिया जवाब- हम प्रतिस्पर्धा से नहीं डरते

    मुकेश अंबानी
    इमेज कैप्शन, रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ने शुक्रवार को आधिकारिक बयान जारी कर अपना पक्ष सामने रखा है और कहा है कि वो कभी प्रतिस्पर्धा से नहीं डरते (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के चर्चित कारोबारी एलन मस्क ने हाल ही में आरोप लगाया था स्टारलिंक की भारत में एंट्री रोकी जा रही है.

    एलन मस्क ने मुकेश अंबानी पर तंज़ कसते हुए उन्हें 'प्रधानमंत्री अंबानी' तक कह दिया था और पूछा कि क्या वह स्टारलिंक को भारत में निष्पक्ष रूप से प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति देंगे.

    इसके बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज़ ने शुक्रवार को आधिकारिक बयान जारी कर अपना पक्ष सामने रखा है और कहा है कि वो कभी प्रतिस्पर्धा से नहीं डरते.

    इस पर रिलायंस इंडस्ट्रीज़ कहा, "हर भारतीय कंपनी की तरह, रिलायंस भी ऐसे देश में आगे बढ़ी है, जहां देशी और विदेशी निवेश के साथ-साथ नए विचारों का स्वागत किया जाता है. ख़ासकर ऐसे कामों का, जिनसे लोगों की ज़िंदगी बेहतर होती है."

    "यह आज़ादी कानून के नियमों पर टिकी है. भारत सरकार ने कहा है कि हर आवेदन करने वाले के लिए एक जैसी प्रक्रिया अपनाई जाती है, चाहे वह भारतीय हो या विदेशी. जियो की अपनी सैटेलाइट सेवाओं को भी अभी मंज़ूरी मिलने का इंतज़ार है."

    "रिलायंस ने कभी भी प्रतिस्पर्धा से डर महसूस नहीं किया. हम इसे इस बात की सबसे बड़ी कसौटी मानते हैं कि ग्राहकों को सबसे अच्छी सेवा कौन देता है. जियो ने भी 2016 में भारत के टेलीकॉम बाज़ार में कदम रखा था, जहां पहले से कई कंपनियां थीं. उस समय जियो के पास एक भी ग्राहक नहीं था. सिर्फ़ दस साल में जियो ने 53 करोड़ से ज़्यादा ग्राहकों का भरोसा जीता है और भारतीयों को दुनिया के सबसे अच्छे डिजिटल ढांचे में से एक और सबसे सस्ता डेटा उपलब्ध कराया है."

    रिलायंस ने कहा हम स्टारलिंक समेत सैटेलाइट संचार के क्षेत्र में मुक़ाबले का स्वागत करते हैं.

    बयान में कहा गया कि जियो समेत हर कंपनी को भारत के लोगों को सेवाएं देनी चाहिए और देश के कानूनों और नीतियों का पालन करना चाहिए.

  5. ईरान पर परमाणु हथियार के इस्तेमाल करने के सवाल पर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की ज़मीन पर अमेरिकी सैनिकों को तैनात करने की संभावना से भी इनकार किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान के ख़िलाफ़ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं करेगा.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की ज़मीन पर अमेरिकी सैनिकों को तैनात करने की संभावना से भी इनकार किया है.

    न्यूज़मैक्स को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, "मैं परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं करूंगा. हमें ऐसा करने की ज़रूरत नहीं है."

    ट्रंप ने इस दौरान ‘मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स’ का भी ज़िक्र किया. सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक़, ईरान पर संभावित हमलों के लिए इस बेहद शक्तिशाली बम के इस्तेमाल पर विचार किया जा सकता है. ट्रंप ने इसे गैर-परमाणु हथियार बताते हुए कहा, "यह एक बहुत बड़ा बम है, लेकिन परमाणु बम नहीं है."

    इसके अलावा, ट्रंप ने कहा कि अमेरिका परमाणु निरस्त्रीकरण के मुद्दे पर रूस और चीन के साथ बातचीत कर रहा है.

    गौरतलब है कि अमेरिका में जल्द ही मिडटर्म चुनाव होने वाले हैं, हाल के सर्वेक्षणों में ईरान युद्ध के चलते ट्रंप की लोकप्रियता कम हुई है.

  6. एसआईआर पर सवाल उठाने वाली अमेरिकी सांसद को भारत ने दिया ये जवाब

    प्रमिला जयपाल
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) प्रक्रिया पर सवाल उठाया था, जिसके बाद भारत की प्रतिक्रिया सामने आई है.

    अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने गुरुवार को कहा कि भारत की चुनावी और राजनीतिक प्रक्रियाओं पर टिप्पणी करना आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप है, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "भारत की चुनावी और राजनीतिक प्रक्रियाओं पर प्रमिला जयपाल की टिप्पणियां देश के आंतरिक मामलों में अनुचित हस्तक्षेप हैं, जिन्हें स्वीकार नहीं किया जा सकता."

    उन्होंने लिखा, "भारत एक मजबूत लोकतंत्र है, जहां स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाएं हैं और लंबे समय से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने का रिकॉर्ड रहा है. उनकी ग़लतफ़हमियों को दूर करने के लिए हम रचनात्मक बातचीत करने के लिए हमेशा तैयार हैं."

    दरअसल, प्रमिला जयपाल ने भारत में एसआईआर को लोकतंत्र-विरोधी प्रयास बताया था.

    उन्होंने लिखा था, "यह वैसा ही लगता है, जैसा ट्रंप प्रशासन मतदान के अधिकार को कमज़ोर करने के लिए अमेरिका में कर रहा है."

  7. एनएसयूआई के विनोद जाखड़ और यूथ कांग्रेस के उदय भानु चिब समेत कई नेता हिरासत में लिए गए

    विनोद जाखड़ और उदय भानु चिब
    इमेज कैप्शन, एनएसयूआई महिला कार्यकर्ताओं से कथित मारपीट के मामले में एफ़आईआर दर्ज करने की मांग को लेकर धरना दे रहे थे

    दिल्ली में संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, कांग्रेस सेवा दल से जुड़े बीवी श्रीनिवास और इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है.

    कुछ कार्यकर्ताओं को गुरुवार देर रात और कुछ को शुक्रवार अलसुबह हिरासत में लिया गया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन एनएसयूआई ने कहा है कि वो संगठन की महिला कार्यकर्ताओं से कथित मारपीट के मामले में एफ़आईआर दर्ज करने की मांग को लेकर धरना दे रहे थे.

    एनएसयूआई का आरोप है कि दिल्ली पुलिस की एक महिला अधिकारी ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की. संगठन ने दावा किया कि इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक एफ़आईआर दर्ज नहीं की गई है.

    विनोद जाखड़ ने कहा, "हमने बुधवार को एडिशनल डीसीपी से भी मुलाक़ात की थी, लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई."

    एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि मामले में एफ़आईआर दर्ज नहीं की गई, तो संगठन अपना आंदोलन और तेज़ करेगा. संगठन ने कहा कि उसके नेताओं को हिरासत में लेने से न्याय की मांग को लेकर उसका विरोध प्रदर्शन नहीं रुकेगा.

    एनएसयूआई के आरोपों पर दिल्ली पुलिस ने अभी तक प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  8. अमेरिका के प्राइमरी स्कूल में गोलीबारी, तीन बच्चों और टीचर की मौत

    ओरेगन
    इमेज कैप्शन, घटना के लिए ज़िम्मेदार बताया जा रहा 16 वर्षीय संदिग्ध भी मारा गया है

    अमेरिका के ओरेगन राज्य में गुरुवार को एक प्राइमरी स्कूल में गोलीबारी की घटना में चार लोगों की मौत हो गई.

    स्थानीय पुलिस के मुताबिक़, मृतकों में तीन बच्चे और एक टीचर शामिल हैं. बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर सीबीएस न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के लिए ज़िम्मेदार बताया जा रहा 16 वर्षीय संदिग्ध भी मारा गया है.

    गोलीबारी में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं. इनमें 7 साल का एक बच्चा और एक अन्य शिक्षक शामिल हैं. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

    पुलिस के मुताबिक़, गुरुवार दोपहर ओरेगन के बेंड स्थित सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में गोलीबारी की सूचना मिली थी.

    बताया गया कि एक अज्ञात संदिग्ध ने पहले एक कार पर गोली चलाई और फिर स्कूल परिसर में दाख़िल हो गया.

    बेंड पुलिस प्रमुख माइक क्रैंट्ज़ ने बताया, "संदिग्ध को एक स्थानीय नागरिक ने गोली मारी थी. उस व्यक्ति ने संदिग्ध को स्कूल में प्रवेश करते देखा और उसका पीछा करते हुए इमारत के अंदर पहुंच गया, जहां दोनों के बीच मुठभेड़ हुई. इसी में संदिग्ध मारा गया."

  9. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें.