लाइव, अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा, 'एच-1बी वीज़ा धोखेबाज़ों ने लिए नहीं'

उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि अमेरिका का एच-1बी वीज़ा असाधारण प्रतिभा वाले लोगों के लिए है, धोखेबाज़ों के लिए नहीं.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा, ‘एच-1बी वीज़ा धोखेबाज़ों ने लिए नहीं’

    जेडी वेंस

    इमेज स्रोत, @RapidResponse47

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि अमेरिकी नौकरियां अमेरिका के लोगों के लिए हैं

    उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि अमेरिका का एच-1बी वीज़ा असाधारण प्रतिभा वाले लोगों के लिए है, धोखेबाज़ों के लिए नहीं.

    अमेरिकी करदाताओं के पैसे की सुरक्षा से जुड़े एक कार्यक्रम में वेंस ने कहा, "हमारे पास एच-1बी वीज़ा कार्यक्रम है. हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं कि करदाताओं के पैसे का सही इस्तेमाल हो और कोई धोखेबाज़ इस वीजा कार्यक्रम का ग़लत फ़ायदा न उठा सके."

    उन्होंने कहा, "यह वीज़ा कार्यक्रम इसलिए बनाया गया था ताकि अगर कोई असाधारण प्रतिभा वाला प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, वैज्ञानिक या डॉक्टर हों, तो वह अमेरिका आकर इस वीज़ा कार्यक्रम का लाभ ले सके."

    उन्होंने बताया कि उन दर्जनों विदेशी धोखेबाज़ों के ख़िलाफ़ समन जारी किए गए हैं और जांच शुरू की गई है, जो एच-1बी वीज़ा कार्यक्रम का ग़लत फ़ायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं.

    वेंस ने कहा, "अमेरिकी नौकरियां अमेरिकी कामगारों को मिलनी चाहिए, न कि ऐसे विदेशी धोखेबाज़ों को जो इस व्यवस्था का दुरुपयोग करना चाहते हैं."

  2. प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया में ऊर्जा संकट और अनिश्चितता को लेकर ये कहा

    मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में मौजूदा दौर में ऊर्जा संकट, सप्लाई चेन में रुकावट और दुनियाभर में फ़ैली अनिश्चितता को लेकर बयान दिया है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "दुनिया इस समय अनिश्चितता, सप्लाई चेन में रुकावट और ऊर्जा संकट जैसे दौर से गुजर रही है. ऐसे समय में भारत और ऑस्ट्रेलिया का स्वाभाविक और भरोसेमंद साझेदार के रूप में आगे बढ़ना स्वाभाविक भी है, और ज़रूरी भी है."

    उन्होंने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में हमने दोनों देशों की क्षमताओं के साथ भावी साझेदारी का मजबूत ढांचा तैयार किया है. साल 2022 में रिकॉर्ड समय में किए गए ईसीटीए (आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता) से हमारी आर्थिक साझेदारी और मजबूत हुई है."

    "इसके लागू होने के बाद भारत से ऑस्ट्रेलिया को होने वाला निर्यात दोगुना हो गया है और दोनों देशों के कारोबारियों को नए बाज़ारों तक पहुंच का लाभ मिला है."

    पीएम मोदी फ़िलहाल ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर हैं. इस यात्रा में वे आपसी हितों के सभी क्षेत्रों में भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स के साथ बातचीत करेंगे.

  3. लापता पाकिस्तानी विमान का मलबा अरब सागर में मिला, चालक दल की तलाश जारी

    विमान का मलबा निकालते नौसैनिक

    इमेज स्रोत, @Pk_PAA_Official

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तानी नौसेना और पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा ने समुद्र में 12 घंटे के अभियान में मलबे की तलाश की

    शारजाह से कराची जा रहे पाकिस्तान के एक कार्गो विमान का मलबा मिल गया है. ये विमान पाकिस्तानी तट के पास लापता हो गया था, लेकिन विमान में सवार लोगों की तलाश अभी भी जारी है.

    बुधवार को अरब सागर में लापता हुए एक निजी कंपनी के मालवाहक विमान का मलबा ओरमारा के तट से 53 समुद्री मील दक्षिण में मिला.

    पाकिस्तानी नौसेना और पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा ने समुद्र में 12 घंटे के अभियान में मलबे की तलाश की.

    पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (पीएए) का कहना है कि विमान के चालक दल को खोजने के लिए बचाव अभियान अभी भी जारी है.

    पीएए के अनुसार, पाकिस्तानी नौसेना और वायु सेना खोज अभियान में लगी हुई है.

    पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार रात 9:21 बजे रडार पर विमान को तेजी से नीचे उतरते हुए देखा गया और उसकी दिशा अचानक बदल गई, जिसके बाद कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में विमान से रडार और संचार संपर्क टूट गया था.

    लापता विमान एक बोइंग 737 है और यह पाकिस्तान के कराची स्थित एक निजी एयरलाइन के2 एयरवेज़ का है.

    एयरलाइन का कहना है कि विमान में मोहम्मद रिज़वान इदरीस (पायलट इन कमांड), फ़ैसल महमूद (फर्स्ट ऑफिसर), मोहम्मद तौफीक़ ख़ान (लोड मास्टर), आरिफ़ सिद्दीकी (इंजीनियर) और मोहम्मद हामिद (इंजीनियर) सहित चालक दल के पांच सदस्य सवार थे.

  4. संयुक्त राष्ट्र ने पाकिस्तान की किस बात को लेकर कहा, 'घोर अन्याय'

    महरंग बलोच के समर्थन में बैठे लोग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, महरंग बलोच के पिता को साल 2009 में कथित तौर पर सुरक्षा कर्मियों ने अगवा कर लिया था, बाद में उनका शव मिला (फ़ाइल फ़ोटो)

    संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने बलोच मानवाधिकार कार्यकर्ता डॉक्टर महरंग बलोच को सुनाई गई उम्रकैद की सज़ा की कड़ी निंदा की है.

    उन्होंने इसे घोर अन्याय बताया है और कहा, "इस सज़ा से बलूचिस्तान में स्वतंत्र आवाज़ों के दबने और नागरिकों के लिए काम करने की संभावना कम होने का ख़तरा है."

    पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में कुछ लोगों को जबरन ग़ायब किए जाने के मामलों के ख़िलाफ़ लंबे समय से अभियान चलाने वाली प्रमुख मानवाधिकार कार्यकर्ता महरंग बलोच को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई गई है.

    बलोच याकजेती कमेटी (बीवाईसी) की नेता डॉक्टर महरंग बलोच और उनके साथी कार्यकर्ता सिबग़तुल्लाह के साथ हत्या और चरमपंथ के आरोपों में दोषी ठहराया गया है.

    अभियोजन पक्ष ने दोनों पर आरोप लगाया कि उन्होंने भीड़ को उकसाया, जिसने अर्द्धसैनिक बल के जवान शब्बीर अहमद पर जानलेवा हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई.

  5. पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहुंचे, प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ से होगी मुलाक़ात

    मोदी

    इमेज स्रोत, @narendramodi

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंच गए हैं

    पीएम मोदी अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मेलबर्न पहुंच गए हैं. इस यात्रा में रक्षा सहयोग को लेकर बातचीत होने की उम्मीद है.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि ‘यह यात्रा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करेगी.’

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा, "पीएम मोदी प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ के साथ तीसरे सालाना शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे."

    उन्होंने आगे लिखा है कि इस यात्रा में आपसी हितों के सभी क्षेत्रों में भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स के साथ बातचीत होगी.

  6. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.