कैंसर फ़ैलने से जो बाइडन की तकलीफ़ बढ़ी, बेटे ने बीबीसी को बताया, शइमा खलील और पैडी ओकॉनल

इमेज स्रोत, Mandel NGAN / AFP) (Photo by MANDEL NGAN/AFP via Getty Images
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रोस्टेट कैंसर ने उनकी हड्डियों से आगे तक असर कर दिया है और वे काफ़ी तकलीफ़ में हैं. उनके बेटे हंटर बाइडन ने बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में यह जानकारी दी.
हंटर बाइडन ने बीबीसी के 'न्यूज़नाइट' कार्यक्रम में कहा, "कैंसर उनकी हड्डियों और उससे आगे तक फैल गया है. यह काफ़ी तकलीफ़ देने वाला है और कई मायनों में बहुत कमजोर करने वाला है."
जो बाइडन ने मई 2025 में, व्हाइट हाउस छोड़ने के क़रीब चार महीने बाद बताया था कि उन्हें प्रोस्टेट कैंसर है. उस समय उन्होंने कहा था कि कैंसर उनकी हड्डियों तक फैल गया है.
बाइडन ने साल 2020 में अमेरिकी राष्ट्रपति का चुनाव जीता था. साल 2021 से 2025 तक राष्ट्रपति रहने के दौरान बाइडन की सेहत को लेकर सवाल उठते रहे. जो बाइडन फ़िलहाल 83 साल के हैं.
इंटरव्यू के दौरान हंटर बाइडन कई बार भावुक हो गए, ख़ासकर जब उन्होंने अपने पिता की सेहत के बारे में बात की.
उन्होंने कहा, "आज भी मेरे पिता हमारे परिवार के केंद्र में हैं. वह सबसे अच्छे पिता, सबसे अच्छे पति और सबसे अच्छे दादा हैं."
हंटर बाइडन ने जून 2024 में हुई उस प्रेसिडेंशियल डिबेट पर भी बात की, जिसके बाद उनके पिता का दोबारा चुनाव लड़ने का अभियान आख़िरकार ख़त्म हो गया था.
उन्होंने कहा कि उन्होंने कैलिफोर्निया स्थित अपने घर से यह डिबेट देखी थी और तुरंत महसूस कर लिया था कि कुछ गड़बड़ है.
उन्होंने कहा, "मैं हैरान रह गया था. मुझे पता था कि कुछ गड़बड़ है."




