ईरान की अमेरिका को नई चेतावनी- हमने अपनी सैन्य रणनीति बदल ली है

इमेज स्रोत, IRAN
ईरान ने अमेरिका को नई चेतावनी देते हुए कहा है कि उसने अपनी सैन्य रणनीति में बड़ा बदलाव किया है.
यह दावा ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी मेजर जनरल मोहसिन रज़ाई ने किया है.
मोहसिन रज़ाई ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, "हाल के दिनों में ईरान की नई मिसाइलों से वॉशिंगटन को साफ़ चेतावनी मिल गई है. आर्थिक युद्ध का जवाब फ़ारस की खाड़ी में समुद्री रास्तों को रोककर और नाकाबंदी करके दिया जाएगा. अमेरिकी युद्धपोतों और ठिकानों के खिलाफ़ कार्रवाई के तरीक़े में पूरी तरह बदलाव किया गया है."
दरअसल, इससे पहले अमेरिका की ओर से भी ईरान को कड़ी चेतावनी दी गई थी, जिसके बाद ईरान की ओर से जवाब दिया गया है.
दो दिन पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक्स पर एक पोस्ट में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स को चेतावनी देते हुए कहा था, "अगर ईरान ने अमेरिकी दो जहाज़ों पर हमला किया, तो अमेरिका उस पर भारी आर्थिक प्रतिबंध लगाएगा और उसके तीन जहाज़ों को नष्ट कर देगा."




















