दक्षिणी दिल्ली में पांच मंज़िला इमारत ढही, कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एएनआई के मुताबिक़, यह घटना महरौली पुलिस थाना क्षेत्र की है
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
दक्षिणी दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास
शनिवार शाम एक पांच मंज़िला इमारत ढह गई.
पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से
बताया है कि मलबे के नीचे कई लोगों के फंसे होने की आशंका है.
मौक़े पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार
पूरी पांच मंज़िला इमारत भर-भराकर गिर गई और मलबे के एक बड़े ढेर में तब्दील हो गई.
पुलिस अधिकारियों ने पीटीआई को बताया
कि इमारत के ग्राउंड फ़्लोर पर एक कोचिंग संस्थान संचालित हो रहा था, जबकि ऊपरी मंज़िलों पर निर्माण कार्य चल रहा था.
आशंका जताई जा रही है कि मलबे में
फंसे लोगों में स्टूडेंट्स भी हो सकते हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें मलबा दिख रहा है. एएनआई ने बताया कि यह
घटना महरौली पुलिस थाना क्षेत्र की है. वहीं, पीटीआई के मुताबिक़, यह घटना
साकेत की है.
अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया पानी के भीतर काम करने वाली इस ख़ास तकनीक को विकसित करेंगे, टेसा वॉन्ग, एशिया डिजिटल रिपोर्टर, शांगरी-ला डायलॉग, सिंगापुर
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने कहा कि ब्रिटेन इस प्रोजेक्ट में 150 मिलियन पाउंड का योगदान देगा
अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया ने कहा है कि वे समुद्र के भीतर बिछी केबलों
की सुरक्षा और रक्षा क्षमताओं को मज़बूत करने के लिए पानी के भीतर काम करने वाली
ड्रोन तकनीक विकसित करेंगे.
यह काम तीनों देशों के सैन्य गठबंधन
ऑकस (एयूकेयूएस) के तहत किया जाएगा.
बिना क्रू के पानी के भीतर चलने वाली
इस तकनीक (अनक्रूड अंडरसी व्हीकल /यूयूवी) के अगले साल तक तैयार होने की उम्मीद है. हालांकि इस प्रोजेक्ट
की कुल लागत नहीं बताई गई है, लेकिन
ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने कहा कि ब्रिटेन 150 मिलियन पाउंड का योगदान
देगा.
सिंगापुर में आयोजित शांगरी-ला डायलॉग के दौरान तीनों देशों के रक्षा मंत्रियों ने इस प्रोजेक्ट की घोषणा की. यह
घोषणा ऑकस की विभिन्न परियोजनाओं की धीमी प्रगति को लेकर उठे सवालों के बाद आई है.
इन आलोचनाओं को स्वीकार करते हुए जॉन
हीली ने कहा, "काफ़ी समय तक ऑकस में हमने ज़्यादा
बातें कीं और कम काम किया. अब हमारी तीनों (तीनों देशों की) सरकारों में यह स्थिति
बदल गई है."
2021 में शुरू हुए ऑकस रक्षा समझौते के
तहत तीनों देशों ने परमाणु पनडुब्बियां विकसित करने और सैन्य विशेषज्ञता साझा करने
पर सहमति जताई थी.
इसे व्यापक तौर पर हिंद-प्रशांत
क्षेत्र में चीन की बढ़ती समुद्री मौजूदगी और दक्षिण चीन सागर जैसे विवादित
इलाक़ों में बढ़ते तनाव का जवाब माना जाता है.
एनटीए ने सीयूईटी-यूजी परीक्षा के इन अभ्यर्थियों के लिए दोबारा एग्ज़ाम कराने की घोषणा की
इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, कॉलेज में दाख़िले के लिए सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा शनिवार को हुई (सांकेतिक तस्वीर)
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने
कहा है कि सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा के लिए जिन अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक
पंजीकरण पूरा हो चुका था और वह परीक्षा
केंद्र छोड़कर चले गए, उनके लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की
जाएगी.
शनिवार को कॉलेज में दाख़िले के लिए
होने वाली सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा हुई. यह परीक्षा कुछ सेंटर्स पर देर से शुरू
होने के बाद विपक्षी दलों ने सवाल उठाए.
इसके बाद एनटीए ने बताया है कि कुछ
तकनीकी दिक्कतों की वजह से परीक्षा में देरी हुई, जिसका समाधान कर दिया गया.
अब एनटीए का नया बयान आया है,
जिसमें पहली शिफ़्ट के 3,765 अभ्यर्थियों के लिए
दोबारा परीक्षा आयोजित करने की बात कही गई है.
बयान में कहा गया, "कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी के कारण
शिफ़्ट 1 की परीक्षा शुरू होने में देरी हुई. हम जानते हैं कि यह तनावपूर्ण था,
और इससे हुई चिंता के लिए हमें खेद है."
एनटीए ने कहा, "परीक्षा दोबारा शुरू होने के बाद अधिकांश
अभ्यर्थी (क़रीब 95 प्रतिशत) अपनी परीक्षा पूरी करने में सफल रहे. हम यह भी समझते
हैं कि 3,765 अभ्यर्थी, जो परीक्षा केंद्रों पर मौजूद थे और
जिनका बायोमेट्रिक पंजीकरण पूरा हो चुका था और वह परीक्षा दोबारा शुरू होने से
पहले ही केंद्र छोड़कर चले गए. इन अभ्यर्थियों के लिए एनटीए एक विशेष व्यवस्था के
तहत दोबारा परीक्षा आयोजित करेगा."
एजेंसी ने कहा कि दोबारा आयोजित होने
वाली परीक्षा की तारीख़ और अन्य जानकारी अलग से घोषित की जाएगी.
एनटीए ने यह भी कहा कि तकनीकी सर्विस
प्रोवाइडर टीसीएस आईओएन को परीक्षा में हुई गड़बड़ी की मूल वजह की जांच करने और
तुरंत अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है.
हेगसेथ ने एशिया के सहयोगी देशों से रक्षा बजट बढ़ाने की अपील की, चीन-ताइवान पर भी बोले, टेसा वॉन्ग, एशिया डिजिटल रिपोर्टर, शांगरी-ला डायलॉग, सिंगापुर
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, हेगसेथ ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिका की प्रतिबद्धता को लेकर सहयोगी देशों को भरोसा दिलाने की कोशिश की
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने
सिंगापुर में आयोजित एक प्रमुख क्षेत्रीय डिफ़ेंस फ़ोरम में कहा कि ईरान युद्ध
जैसी 'वैश्विक ज़िम्मेदारियों' को निभाने के साथ-साथ अमेरिकी सेना एशिया को 'अकेला नहीं छोड़ रही' है.
हेगसेथ ने एशिया-प्रशांत क्षेत्र में
अमेरिका की प्रतिबद्धता को लेकर सहयोगी देशों को भरोसा दिलाने की कोशिश की.
इसमें ताइवान के लिए हथियारों के एक
पैकेज को निलंबित किए जाने के बाद भी हथियार सौदों को पूरा करने का आश्वासन शामिल
था. हालांकि उन्होंने एक बार फिर एशियाई साझेदार देशों से रक्षा पर ज़्यादा ख़र्च
करने की अपील भी दोहराई.
क्षेत्र में चीन की सैन्य क्षमता
बढ़ने से पैदा होने वाले ख़तरे का ज़िक्र करते हुए हेगसेथ ने यह भी कहा कि अमेरिका
'बेवजह टकराव' से बचना चाहता है.
हेगसेथ का यह बयान उस समय आया है जब
कुछ हफ़्ते पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बीजिंग में चीन के
राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात की थी.
शनिवार को शांगरी-ला डायलॉग के दौरान
जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी ने हेगसेथ से अमेरिका की प्रतिबद्धता को
लेकर उठ रही चिंताओं पर जवाब देने को कहा.
इस पर हेगसेथ ने जवाब दिया कि
अमेरिका की राष्ट्रीय रक्षा रणनीति का एक हिस्सा प्रशांत क्षेत्र में 'शक्ति प्रदर्शन' और सहयोगी देशों के साथ मिलकर काम करने पर केंद्रित है.
उन्होंने कहा, "कुछ लोग हमारी वैश्विक ज़िम्मेदारियों को इस
क्षेत्र से मुंह मोड़ने के तौर पर पेश करना चाहते हैं."
अभिषेक बनर्जी के साथ मारपीट पर ममता बनर्जी क्या बोलीं?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी ने टीएमसी के एक्स हैंडल पर पोस्ट कि गए एक वीडियो को भी रीपोस्ट किया है (फ़ाइल फ़ोटो)
तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक
बनर्जी पर सोनारपुर में हुए हमले पर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी
प्रमुख ममता बनर्जी की प्रतिक्रिया आई है.
ममता बनर्जी ने राज्य की सत्ताधारी
पार्टी पर निशाना साधते हुए एक्स पर लिखा, "शासक हत्यारे बन गए, बीजेपी
पर शर्म आती है."
ममता बनर्जी ने टीएमसी के एक्स हैंडल
पर पोस्ट हुए एक वीडियो को भी रीपोस्ट किया है. इस वीडियो में अभिषेक बनर्जी के
साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते देखा जा रहा है और कुछ लोग उन्हें बचाते नज़र आ
रहे हैं.
अभिषेक बनर्जी शनिवार को दक्षिण 24
परगना ज़िले के सोनारपुर इलाक़े में चुनाव बाद हुई हिंसा से प्रभावित परिवारों से
मिलने पहुंचे थे, तभी उन्हें कथित स्थानीय लोगों के
ग़ुस्से का सामना करना पड़ा.
घटना के बाद अभिषेक बनर्जी को पुलिस
की कड़ी सुरक्षा में सुरक्षित निकाला गया. अभिषेक बनर्जी ने ख़ुद पर जानलेवा हमले
को लेकर कोर्ट में जाने की बात कही है.
कर्नाटक: डीके शिवकुमार चुने गए कांग्रेस विधायक दल के नेता, इस दिन लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पीटीआई के मुताबिक़, सिद्धारमैया ने विधायक दल की बैठक में नए नेता के तौर पर डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा (फ़ाइल फ़ोटो)
कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके
शिवकुमार को राज्य में कांग्रेस विधायक दल का नेता चुन लिया गया है और वह कर्नाटक
के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे.
उनके नाम की घोषणा कांग्रेस महासचिव
केसी वेणुगोपाल ने की. उन्होंने यह भी बताया कि तीन जून की शाम को शिवकुमार का शपथ
ग्रहण समारोह होगा.
वेणुगोपाल ने कहा, "वह (डीके शिवकुमार) सरकार बनाने का दावा पेश करने
के लिए राजभवन जा रहे हैं और तीन जून की शाम अपनी टीम के साथ मुख्यमंत्री पद की
शपथ लेंगे."
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
सिद्धारमैया ने विधायक दल की बैठक में नए नेता के
तौर पर डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव रखा. इस बैठक की निगरानी कांग्रेस
महासचिव केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला ने की.
पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया
कि नए नेता के चुनाव के लिए चल रही कांग्रेस विधायक दल की बैठक के दौरान क़रीब दस
मिनट का विराम लिया गया.
इस दौरान सिद्धारमैया, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत कई
वरिष्ठ नेता एक अलग कमरे में चर्चा के लिए जुटे.
अभिषेक बनर्जी ख़ुद पर हुए हमले पर बोले- 'वे मुझे जान से मारना चाहते हैं'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना ज़िले के सोनारपुर में चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने गए थे
तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक
बनर्जी ने ख़ुद पर हुए हमले के बाद कहा है कि वे इस मामले में 'अदालत का रुख़ ज़रूर करेंगे.'
टीएमसी सांसद ने आगे कहा कि वह इस
मामले के बारे में कलकत्ता हाई कोर्ट और राज्यपाल को बताएंगे.
उन्होंने कहा, "पूरी घटना कैमरे में कैद हुई है. हम इस मामले में
हाई कोर्ट को सूचना ज़रूर देंगे. हम राज्यपाल को भी इस बारे में बताएंगे."
वहीं जब उनसे सवाल किया गया कि क्या
वह इस मामले में अदालत का रुख़ करेंगे तो उन्होंने जवाब दिया, "मैं कोर्ट ज़रूर जाऊंगा."
अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना ज़िले
के सोनारपुर में चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने गए थे, जहां उन्होंने ख़ुद के साथ मारपीट होने का आरोप
लगाया.
पुलिस के मुताबिक़, अभिषेक बनर्जी पर पत्थर और अंडे फेंके गए.
अभिषेक बनर्जी ने इस घटना के लिए
बीजेपी पर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, "सबकुछ बीजेपी की ओर से प्रायोजित था."
विनेश फोगाट ने एशियन गेम्स ट्रायल मुक़ाबले में हार के बाद लगाए ये आरोप
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, विनेश को एशियन गेम्स के ट्रायल्स में शामिल होने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने इजाज़त दी थी
रेसलर विनेश फोगाट एशियन गेम्स
ट्रायल्स के तीसरे मुक़ाबले में हार के बाद बाहर हो गई हैं. इसके बाद उन्होंने
अपनी ट्रेनिंग बढ़ाने और आगे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई.
उन्होंने कहा, "मैंने अच्छा किया. जितना मैं कर सकती थी, मैंने अपना सौ प्रतिशत दिया है... मेरे अंदर जितनी एनर्जी थी मैंने अपना सब दिया है. मुझे लगता है मेहनत कम थी, मैं और मेहनत करूंगी."
विनेश ने ट्रायल्स में 'पक्षपात' और 'चीटिंग' का भी आरोप लगाया. हालांकि भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि 'ट्रायल साफ़-सुथरा हुआ' है.
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में
उन्होंने कहा, "ज़ाहिर तौर पर पक्षपात हुआ है,
लेकिन मैं चाहती हूं कि मैं इतनी ट्रेनिंग करूं
कि ये जो चीटिंग कर रहे हैं, उनकी
चीटिंग भी पीछे रह जाए. और ये चाह कर भी मुझे न हरा पाएं."
विनेश ने कहा, "मैं कोशिश करूंगी कि ट्रेनिंग बढ़ाऊं, और अच्छा करूं."
वहीं, एएनआई ने जब विनेश से सवाल किया कि 'उन्होंने कहा है कि ट्रायल्स ठीक-ठाक हुए हैं, अगर कोई दिक्कत है तो उसमें कुछ नहीं कर सकते.'
इस पर उन्होंने कहा, "मुझे कुछ बोलने की ज़रूरत नहीं है, सबने देखा है कितने फ़ेयर तरीक़े से (ट्रायल्स) हुए हैं. पूरा देश जानता है."
वहीं, भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा, "ट्रायल साफ़-सुथरा हुआ है. रेफ़री, ऑफ़िशियल्स और मीडिया के देखरेख में फ़ेयर चयन हुआ है. जो जीते हैं उन्हें बधाई. जो हारे हैं उन्हें भी बधाई और आगे अच्छी तैयारी करें. आगे और तैयारी के साथ मैट पर आएं."
ट्रायल्स पर आरोपों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, "यहां आईओए और खेल मंत्रालय के ऑब्ज़र्वर बैठे हुए हैं. मुझे नहीं लगता कि कहीं से कोई आरोप लगेगा."
विनेश ने बातचीत के दौरान सुप्रीम
कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट को धन्यवाद कहा.
उन्होंने कहा, "मैं बड़ी शुक्रगुज़ार हूं सुप्रीम कोर्ट और
दिल्ली हाई कोर्ट का. उन्होंने अनुमति दी, इसीलिए
मैं आज मैट पर हूं, नहीं तो ये लोग तो मुझे किसी भी तरह
से मैट पर नहीं आने देना चाहते थे. शुरू से मैं यही बोल रही थी कि मैट पर तय होने
दो कि कौन अच्छा है और कौन नहीं है."
विनेश को एशियन गेम्स के ट्रायल्स
में शामिल होने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने इजाज़त दी. इससे पहले दिल्ली
हाई कोर्ट ने भी उन्हें ट्रायल्स में शामिल होने के लिए अनुमति दी थी.
हालांकि, भारतीय कुश्ती महासंघ ने हाई कोर्ट के इस फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में
चुनौती दी थी.
विनेश फोगाट शनिवार को हुए ट्रायल्स के तीसरे मुक़ाबले में हार के बाद ट्रायल्स से बाहर हो गईं.
विनेश ने अपने पहले मुक़ाबले में ज्योति के ख़िलाफ़ 7-1 की आसान जीत हासिल की. वहीं दूसरे मुक़ाबले में निशु ने उन्हें कड़ी टक्कर दी.
निशु ने मुक़ाबले में 5-0 की बड़ी बढ़त बना ली थी, लेकिन विनेश ने वापसी करते हुए यह मुक़ाबला जीत लिया.
तीसरे मुक़ाबले में उन्हें हरियाणा की मीनाक्षी के ख़िलाफ़ हार का सामना करना पड़ा. मुक़ाबले में विनेश ने 4 अंक हासिल किए, जबकि मीनाक्षी ने 6 अंक जुटाए.
ब्रेकिंग न्यूज़, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ सोनारपुर में हिंसा, पश्चिम बंगाल पुलिस ने क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अभिषेक बनर्जी ने इस घटना के लिए बीजेपी पर आरोप लगाया है
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद
अभिषेक बनर्जी के साथ पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में हिंसा हुई है.
समाचार एजेंसी एएनआई का कहना है कि
उनके साथ स्थानीय लोगों ने मारपीट की है.
वहीं, अभिषेक बनर्जी ने इस घटना के लिए बीजेपी पर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, "सबकुछ बीजेपी की ओर से प्रायोजित
था."
उन्होंने अपना हाल दिखाते हुए कहा,
"देखिए क्या हाल किया गया है. ये है
इनका लोकतंत्र का नमूना, एक महीना
भी हुआ नहीं. आप देखिए पुलिस कहीं नहीं है, पुलिस को बार-बार बोलने के बावजूद भी."
वहीं, समाचार एजेंसी पीटीआई ने पुलिस का बयान जारी किया है.
पुलिस ने कहा है कि पश्चिम बंगाल के
दक्षिण 24 परगना ज़िले के सोनारपुर में प्रदर्शनकारी स्थानीय लोगों ने टीएमसी नेता
अभिषेक बनर्जी के साथ कथित तौर पर मारपीट की है.
पुलिस के मुताबिक़, अभिषेक बनर्जी सोनारपुर में चुनाव के बाद हुई
हिंसा के पीड़ितों से मिलने गए थे. वहां उन पर पत्थर और अंडे फेंके गए.
विनेश फोगाट एशियन गेम्स की रेस से हुईं बाहर, तीसरे ट्रायल मुक़ाबले में मिली हार
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, विनेश ने अपने पहले मुक़ाबले में ज्योति के ख़िलाफ़ 7-1 की आसान जीत हासिल की
रेसलर विनेश फोगाट एशियन गेम्स
ट्रायल्स के तीसरे मुक़ाबले में हार गई हैं. इसके साथ ही वह ट्रायल्स से बाहर हो
गई हैं.
तीसरे मुक़ाबले में उन्हें हरियाणा
की मीनाक्षी के ख़िलाफ़ हार का सामना करना पड़ा. मुक़ाबले में विनेश ने 4 अंक
हासिल किए, जबकि मीनाक्षी ने 6 अंक जुटाए.
इस हार के साथ विनेश फोगाट का एशियाई
खेल ट्रायल्स में सफ़र समाप्त हो गया है और वह अब ट्रायल्स से बाहर हो गई हैं.
इससे पहले विनेश ने अपने पहले
मुक़ाबले में ज्योति के ख़िलाफ़ 7-1 की आसान जीत हासिल की. वहीं दूसरे मुक़ाबले
में निशु ने उन्हें कड़ी टक्कर दी.
निशु ने मुक़ाबले में 5-0 की बड़ी
बढ़त बना ली थी, लेकिन विनेश ने वापसी करते हुए यह
मुक़ाबला जीत लिया.
विनेश फोगाट को एशियन गेम्स ट्रायल्स
में महिलाओं की 53 किलोग्राम कैटेगरी में खेलने की इजाज़त मिली थी.
पीटीआई के मुताबिक़, भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफ़आई) ने पहले उन्हें
सिर्फ़ 50 किलोग्राम वर्ग में खेलने की अनुमति दी थी, लेकिन बाद में अपना फ़ैसला बदल दिया.
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ही
फ़ैसला दिया कि विनेश फोगाट को एशियन गेम्स 2026 के लिए होने वाले ट्रायल
में हिस्सा ले सकती हैं.
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी बोलीं, 'ज़बरदस्ती हटाकर दिखाएं, मैं बंगला ख़ाली नहीं करूंगी'
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, बिहार सरकार ने राबड़ी देवी को पटना के 10, सर्कुलर रोड स्थित बंगला ख़ाली करने का नोटिस दिया है (फ़ाइल फ़ोटो)
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी
देवी ने शनिवार को कहा कि जिस सरकारी बंगले में वह पिछले दो दशक से ज़्यादा समय से
रह रही हैं, उसे वह 'ख़ाली नहीं करेंगी'.
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
को चुनौती देते हुए कहा कि उन्हें 'ज़बरदस्ती
हटाकर दिखाएं.'
पीटीआई के मुताबिक़, राबड़ी देवी ने कहा, "हां, मैं देख रही हूं कि हाल ही में
मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी काफ़ी उत्साहित हैं. उन्हें मुझे ज़बरदस्ती हटाकर
दिखाने दीजिए. मैं यह परिसर ख़ाली नहीं करने वाली हूं."
पटना में बीबीसी संवाददाता सीटू तिवारी के मुताबिक़, सचिवालय डीएसपी अन्नू कुमारी पुलिस बल के साथ राबड़ी देवी के आवास पर पहुंची थीं.
इस दौरान राबड़ी देवी के आवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे. अन्नू कुमारी आवास के अंदर गईं, लेकिन उन्होंने बाहर निकलकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.
बिहार सरकार ने राबड़ी देवी को पटना के
10, सर्कुलर रोड स्थित बंगला ख़ाली करने
का नोटिस दिया है. सरकार का कहना है कि अब यह बंगला मंत्री नंद किशोर राम को
आवंटित किया गया है.
राबड़ी देवी जनवरी 2006 से इस बंगले
में रह रही हैं.
बिहार की भवन निर्माण मंत्री लेसी
सिंह ने शुक्रवार को बताया कि बीती 25 नवंबर को ही राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड आवंटित किया गया था. उन्होंने कहा
कि "उनके बंगले को तैयार भी कर दिया गया है, लेकिन राबड़ी देवी ने 10, सर्कुलर रोड ख़ाली नहीं किया."
लेसी सिंह का कहना है कि विभाग ने
उन्हें कई बार नोटिस जारी किया है. उन्होंने इसमें किसी तरह की राजनीति के आरोपों
को ख़ारिज किया.
वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम से खेलने के लिए कितने तैयार, राजस्थान के हेड कोच संगकारा ने बताया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कई दिग्गज क्रिकेटरों का मानना है कि अब वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम के लिए तैयार हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
आईपीएल 2026 में धमाकेदार बल्लेबाज़ी
करने के बाद राजस्थान रॉयल्स के स्टार बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी की भारतीय टीम में
चयन को लेकर चर्चाएं हो रही हैं.
कई दिग्गज मौजूदा और पूर्व
क्रिकेटरों का मानना है कि अब वैभव सूर्यवंशी भारतीय टीम के लिए तैयार हैं.
इस बीच राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच
और श्रीलंका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी कुमार संगकारा ने भी वैभव के भारतीय टीम में
चयन को लेकर प्रतिक्रिया दी है.
समाचार एजेंसी पीटीआई से ख़ास बातचीत
में कुमार संगकारा ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में विश्व स्तरीय
गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह इस बात का संकेत है कि वह भारत के लिए खेलने के लिए पूरी तरह तैयार
हैं.
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इस साल
आईपीएल में आरआर की ओर से सभी मैच खेले हैं. उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए.
वह ऑरेंज कैप की रेस में पहले नंबर
पर हैं. अगर रविवार को होने वाले फ़ाइनल में शुभमन गिल या साई सुदर्शन उनसे आगे
नहीं निकलते हैं, तो वह टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा
रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन जाएंगे.
शुभमन गिल ने अब तक 722 रन बनाए हैं,
जबकि साई सुदर्शन के नाम 710 रन हैं.
क़रीब दो महीने तक चले इस टूर्नामेंट
के दौरान सूर्यवंशी ने जसप्रीत बुमराह, कगिसो
रबाडा और पैट कमिंस जैसे गेंदबाज़ों के ख़िलाफ़ आक्रामक बल्लेबाज़ी की.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सीयूईटी-यूजी परीक्षा को लेकर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Dibyangshu SARKAR / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि पीएम मोदी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा पर सवाल उठाए हैं.
उन्होंने कहा कि जिस पीढ़ी का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है, वह हिसाब करेगी.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "नीट, सीबीएसई, एसएससी और आज सीयूईटी... चार परीक्षाएं, एक करोड़ बच्चे और एक भी ईमानदारी से नहीं हो पाई."
उन्होंने लिखा, "दावे विश्वगुरु के, मगर देश में एक परीक्षा नहीं करवा सकते. मोदी जी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है. जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं, वही पीढ़ी आपका हिसाब करेगी."
परीक्षा देरी से शुरू होने पर दिल्ली की पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने भी सवाल उठाए हैं.
उल्लेखनीय है कि इससे पहले एनटीए ने परीक्षा देरी से शुरू होने की वजह 'तकनीकी दिक़्क़तों' को बताया. साथ ही स्टूडेंट्स और उनके अभिभावकों को परेशानी के लिए खेद जताया.
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक इस लाइव ब्लॉग के ज़रिये ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
सीयूईटी-यूजी 2026: परीक्षा देरी से शुरू होने पर एनटीए ने जताया खेद
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, एनटीए ने छात्रों और अभिभावकों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया है (फ़ाइल फ़ोटो)
कॉलेज में दाख़िले के लिए होने वाली सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा शनिवार को कुछ सेंटर्स पर 'तकनीकी दिक़्क़त' की वजह से देर से शुरू हुई.
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने बताया कि समस्या का समाधान हो चुका है और एग्ज़ाम देरी से शुरू होने की वजह से स्टूडेंट्स को एक्स्ट्रा टाइम भी दिया जाएगा.
एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "टीसीएस ने बताया कि उनकी तरफ़ से तकनीकी दिक़्क़त आई थी, जिसकी वजह से सीयूईटी-यूजी 2026 के कुछ सेंटरों पर शनिवार को देर से शुरू हुई. अब समस्या का समाधान हो गया है और परीक्षा में जितनी देर हुई है, उतना ही अतिरिक्त समय दिया जा रहा है, ताकि सभी छात्रों को बराबर मौक़ा मिले."
एनटीए ने बताया, “दोपहर की परीक्षा का नया समय कुछ यूं है. रिपोर्टिंग या एंट्री टाइम दोपहर 2:30 बजे और परीक्षा शुरू होने का समय 4:00 बजे है.”
एनटीए ने आगे लिखा, "हम छात्रों और अभिभावकों को हुई परेशानी के लिए ईमानदारी से खेद जताते हैं.”
दिल्ली की पूर्व सीएम ने उठाए सवाल
इस मामले पर दिल्ली की पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी की टिप्पणी भी आई है.
आतिशी ने एक्स पर लिखा, "पहले नीट, फिर सीबीएसई, अब सीयूईटी… आज सीयूईटी ‘तकनीकी समस्या’ की वजह से देरी से शुरू हुई."
उन्होंने परीक्षा में देरी के लिए जारी किया गया नोटिस साझा करते हुए लिखा, "लाखों छात्रों को पूरे भारत में आज परीक्षा देनी थी और घंटों इंतज़ार करने के बाद सभी सेंटरों के बाहर ऐसे नोटिस लगाए गए हैं."
डोनाल्ड ट्रंप का हेल्थ चेक-अप करने के बाद डॉक्टर ने क्या बताया?
इमेज स्रोत, NISHIMURA / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सालाना हेल्थ चेक-अप 26 मई को हुआ था (फ़ाइल फ़ोटो)
डोनाल्ड ट्रंप के डॉक्टर ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस से जारी एक नोट में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति 'पूरी तरह से स्वस्थ' हैं.
ट्रंप के डॉक्टर शॉन बारबेला ने बताया कि इस हफ़्ते हुए टेस्ट में दिखा कि 79 साल के डोनाल्ड ट्रंप के पैरों में हल्की सूजन है और हाथों पर सामान्य चोट के निशान हैं.
डॉ शॉन बारबेला ने शुक्रवार शाम जारी नोट में कहा, "डोनाल्ड ट्रंप का शारीरिक स्वास्थ्य एकदम ठीक है. उनका दिल, फेफ़ड़े, नर्वस सिस्टम और पूरा शरीर अच्छी और सामान्य स्थिति में है.
डॉक्टर के मुताबिक़, ट्रंप राष्ट्रपति पद और अमेरिकी सेना के कमांडर-इन-चीफ़ की ज़िम्मेदारियां निभाने के लिहाज़ से पूरी तरह फिट हैं.
गौरतलब है कि ट्रंप का सालाना हेल्थ चेक-अप 26 मई को हुआ था. वो अगले महीने यानी जून में 80 साल के हो जाएंगे.
डोनाल्ड ट्रंप अक्सर ख़ुद को पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन से ज़्यादा एनर्जेटिक और फिट बताते हैं.
महाराष्ट्र: इस मामले में निलंबित हुए 6 पुलिसकर्मी और आबकारी विभाग के 13 कर्मचारी
इमेज स्रोत, Himanshu Bhatt/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, मामले की जांच सीआईडी कर रही है और अवैध शराब कारोबारी समेत आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है (सांकेतिक तस्वीर: पुलिसकर्मी)
महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी चिंचवड में संदिग्ध ज़हरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत के बाद 6 पुलिसकर्मियों और आबकारी विभाग के 13 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इन पर आरोप है कि ये संदिग्ध ज़हरीली अवैध शराब की सप्लाई रोकने में नाकाम रहे.
पुणे पुलिस कमिश्नरेट के आदेश के अनुसार, हडपसर पुलिस थाने से सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर संजय मोगले, असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर हसीना सिकलगार और सब-इंस्पेक्टर हसन मुलानी को निलंबित कर दिया गया है.
इसके अलावा, पिंपरी चिंचवड पुलिस के छह कर्मचारियों को भी निलंबित किया गया है.
राज्य आबकारी विभाग ने भी 13 कर्मचारियों को निलंबित किया है.
वहीं इस मामले की जांच सीआईडी कर रही है और अवैध शराब कारोबारी समेत आठ लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध ज़हरीली शराब पीने के बाद पिंपरी चिंचवड के फुगेवाड़ी इलाके में 10 लोगों की मौत हुई, जबकि पुणे के हडपसर स्थित पंधारे माला इलाके में चार लोगों की मौत हुई. पांच लोगों का पिंपरी चिंचवड के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है.
भारत की सेना का ज़िक्र करते हुए क्या बोले अमेरिकी रक्षा मंत्री
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि भारत शक्तिशाली है और अपनी सेना को आधुनिक बना रहा है.
हेगसेथ ने यह बयान शनिवार को सिंगापुर में शांगरी-ला डायलॉग में दिया.
पीट हेगसेथ ने कहा, "भारत औद्योगिक और लॉजिस्टिक क्षमता बना रहा है ताकि बड़े और मुश्किल सैन्य अभियान चलाए जा सकें. हमने भारत के साथ मिलकर उत्पादन करने का भी वादा किया है ताकि क्षमता को आगे बढ़ाया जा सके."
पीट हेगसेथ ने चीन का ज़िक्र करते हुए कहा कि एशिया-प्रशांत क्षेत्र में कोई भी देश प्रभुत्व नहीं जमा सकता.
उन्होंने कहा, "अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका और चीन के संबंध कई सालों में फ़िलहाल सबसे अच्छे हैं. हालांकि, कोई भी देश प्रभुत्व नहीं जमा सकता, हमारे देश और सहयोगियों की सुरक्षा को चुनौती नहीं दे सकता."
शांगरी-ला डायलॉग का आज दूसरा दिन है, जिसमें इस साल 44 देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं. यह एशिया-प्रशांत क्षेत्र का एक वार्षिक शिखर सम्मेलन है, जहां देश अपनी रक्षा और सुरक्षा से जुड़ी बातें करते हैं.
यह ब्रिटेन के एक स्वतंत्र थिंक-टैंक 'इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फ़ॉर स्ट्रेटेजिक स्टडीज़' की ओर से आयोजित किया जाता है.
वैभव सूर्यवंशी को लेकर अमिताभ बच्चन ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, SUJIT JAISWAL/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, अमिताभ बच्चन ने क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की तारीफ़ की है (फ़ाइल फ़ोटो)
बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने शुक्रवार देर रात एक एक्स पोस्ट में क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की तारीफ़ की है.
अमिताभ बच्चन ने एक्स पोस्ट में लिखा, "सूर्यवंशी - 15 साल की उम्र का अद्भुत सूर्या. इस उम्र में तो हम बंटे और गुल्ली-डंडा भी ठीक से नहीं खेल पा रहे थे."
वहीं पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, " वैभव इतनी कम उम्र में ताक़त और परिपक्वता के साथ खेल रहे हैं. भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए यह शानदार संकेत है."
गौरतलब है कि शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच हुआ मुक़ाबला हुआ था.
यह मैच गुजरात टाइटन्स के नाम रहा और वह 7 विकेट से जीत गई. इसी के साथ राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 से बाहर हो गई.
वैभव ने 47 गेंद में 97 रन बनाए. उनकी पारी में 7 छक्के शामिल रहे. इस पारी के दौरान भी वैभव का स्ट्राइक 200 से ज़्यादा का ही रहा.