फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026: जर्मनी ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराया, डेनिज़ उंडाव की बदौलत मिली जीत
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ई मुकाबले में जर्मनी ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराया है.
टोरंटो स्टेडियम में शनिवार रात को खेले गए इस मुक़ाबले में जर्मन टीम ने डेनिज़ उंडाव के दो गोलों की बदौलत जीत हासिल कर ली.
मुक़ाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने अच्छा खेला और एक-दूसरे को टक्कर देती रहीं.
मैच का पहला गोल 30वें मिनट में आया. आइवरी कोस्ट की ओर से फ़्रैंक केसी ने गोल करते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई.
इसके बाद जर्मनी ने एक के बाद एक प्रयास किए, लेकिन हाफ़-टाइम तक स्कोर 1-0 ही रहा.
मैच में लंबे समय तक पिछड़ने के बाद जर्मनी के डेनिज़ उंडाव ने 68वें मिनट में एक गोल करते हुए स्कोर बराबरी पर ला दिया.
इसके बाद जब मैच ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था तो जर्मनी के डेनिज़ उंडाव ने 90 मिनट के बाद दिए गए एक्सट्रा चार मिनट में एक और गोल कर दिया. यह जर्मनी के लिए मैच विनिंग गोल साबित हुआ.
इसके बाद आइवरी कोस्ट वापसी नहीं कर सकी. इस जीत के साथ जर्मनी ने नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह पक्की कर ली.