You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, जर्मनी से जुड़े ट्रंप के इस फ़ैसले का उन्हीं के सांसद कर रहे हैं विरोध, जानिए क्या है मामला

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जर्मन चांसलर फ़्रिड्रिख़ मर्त्ज़ की आलोचना की थी, क्योंकि मर्त्ज़ ने कहा था कि मौजूदा युद्ध में ईरानी वार्ताकारों ने अमेरिका को "अपमानित" किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. जर्मनी से जुड़े ट्रंप के इस फ़ैसले का उन्हीं के सांसद कर रहे हैं विरोध, जानिए क्या है मामला, रॉबर्ट ग्रीनल, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी के दो वरिष्ठ सांसदों ने जर्मनी में तैनात पांच हज़ार अमेरिकी सैनिकों की कटौती के पेंटागन (अमेरिका रक्षा मुख्यालय) के फ़ैसले की आलोचना की है.

    सांसदों का कहना है कि इससे प्रतिरोध की क्षमता कमज़ोर होने का ख़तरा है और इससे रूस को ग़लत संकेत जाएगा.

    रिपब्लिकन सांसद रोजर विकर और माइक रोजर्स, सीनेट और हाउस की सशस्त्र सेवा कमेटियों के प्रमुख हैं. उन्होंने कहा कि इन सैनिकों को वापस बुलाने के बजाय, उन्हें और ज़्यादा पूर्व दिशा की ओर भेजा जाना चाहिए.

    पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने शुक्रवार को कहा कि यह क़दम एक गहन समीक्षा के बाद उठाया गया है और इसमें "क्षेत्रीय ज़रूरतों और ज़मीनी हालात" को ध्यान में रखा गया है.

    शनिवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इसमें और भी कटौती हो सकती है, हालांकि उन्होंने इसका कोई विस्तृत ब्योरा नहीं दिया.

    जर्मनी में अमेरिका के 36,000 से अधिक सक्रिय सैनिक तैनात हैं. जर्मनी में अमेरिकी सेना की तैनाती यूरोप में अब तक की सबसे बड़ी तैनाती है. इसकी तुलना में इटली में क़रीब 12 हज़ार और ब्रिटेन में 10 हज़ार सैनिक तैनात हैं.

    शनिवार को जब सैनिकों की वापसी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "हम सैनिकों की संख्या बहुत कम करने जा रहे हैं और हम पांच हज़ार से भी कहीं ज़्यादा सैनिक वापस बुला रहे हैं."

    ट्रंप ने इटली और स्पेन से भी अमेरिकी सैनिकों को वापस बुलाने का सुझाव दिया है.

    जर्मनी के रक्षा मंत्री ने कहा कि पेंटागन के इस फ़ैसले की पहले से ही उम्मीद थी.

    सैन्य गठबंधन ‘नेटो’ ने कहा है कि वह अमेरिका से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांग रहा है.

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जर्मन चांसलर फ़्रिड्रिख़ मर्त्ज़ की आलोचना की थी, क्योंकि मर्त्ज़ ने कहा था कि मौजूदा युद्ध में ईरानी वार्ताकारों ने अमेरिका को "अपमानित" किया है.

  2. राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने ख़ुद के ख़िलाफ़ 'एफ़आईआर' को लेकर क्या बताया

    आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कहा है कि उन्हें अब तक पंजाब में अपने ख़िलाफ़ हुई किसी भी एफ़आईआर की कोई जानकारी नहीं दी गई है.

    संदीप पाठक ने पत्रकारों से कहा, "कल से टीवी चैनल यह रिपोर्ट कर रहे हैं कि पंजाब में मेरे ख़िलाफ़ दो एफ़आईआर दर्ज की गई हैं. मुझे अभी तक इनके बारे में कोई औपचारिक या अनौपचारिक जानकारी नहीं मिली है. कल से ही मैं दोनों एफ़आईआर की कॉपी मिलने का इंतज़ार कर रहा हूँ ताकि अपना जवाब दे सकूँ."उन्होंने कहा, “जब तक मैंने आम आदमी पार्टी में काम किया, मैंने सिद्धांतों और सदाचार के अनुसार काम किया. आज मैं बीजेपी हूँ और सिद्धांतों और सदाचार के अनुसार ही काम करता रहूँगा. राजनीति में सफलता या असफलता मेरे लिए कोई मायने नहीं रखती.”

    “मैंने आम आदमी पार्टी किसी निजी कारण से नहीं छोड़ी. मैंने ऐसा विचारधारा और कार्यशैली में लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों के कारण किया."

    इससे पहले शनिवार को ख़बर आई थी कि पंजाब में संदीप पाठक के ख़िलाफ़ दो एफ़आईआर दर्ज हुई हैं. इस पर बीजेपी के कई नेताओं ने प्रतिक्रिया दी थी और इसे बदले की कार्रवाई बताया था.

    ख़बर लिखे जाने तक इस मुद्दे पर पंजाब सरकार या पंजाब पुलिस की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

  3. ईरान ने कहा, 'ट्रंप को एक असंभव अभियान या एक ख़राब समझौते में से एक चुनना होगा'

    ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के ख़ुफ़िया संगठन ने कहा है कि अमेरिका एक ऐसी स्थिति में है जहां उसे ईरान के साथ "एक असंभव अभियान या एक ख़राब समझौते में से किसी एक को चुनना होगा.''

    आईआरजीसी इंटेलिजेंस ने दावा किया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की स्थिति अमेरिका और दुनिया भर में कमज़ोर हुई है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़ अपने एक बयान में संगठन ने हालिया घटनाओं का ज़िक्र किया और कहा कि 'अमेरिका के लिए फ़ैसले लेने का दायरा सीमित हो गया है.'

    आईआरजीसी इंटेलिजेंस का कहना है, "ईरान की ओर से पेंटागन को नाकाबंदी हटाने के लिए दी गई समयसीमा; चीन, रूस और यूरोप का अमेरिका के प्रति अपना रुख़ बदलना, अमेरिकी कांग्रेस को लिखी गई ट्रंप की बेअसर चिट्ठी, और ईरान की बातचीत की शर्तों को स्वीकार करना अब कोई मायने नहीं रखता.''

    इसमें आगे कहा गया है, ''ट्रंप को 'ऑपरेशन इम्पॉसिबल' या 'ईरान के साथ एक ख़राब समझौते' में से किसी एक को चुनना होगा."

  4. हज यात्रा को लेकर शिकायतों पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, 'राजनीति न करें'

    सऊदी अरब जा रहे हज यात्रियों और अन्य लोगों की शिकायतों पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सफाई दी है. उन्होंने कहा है कि कुछ लोग मुद्दे को बिना समझे सोशल मीडिया पर सरकार की आलोचना कर रहे हैं.

    किरेन रिजिजू ने कहा, "इस बार के हज के बारे में बहुत से लोगों को कुछ पता नहीं है. लेकिन सोशल मीडिया में लिख कर सरकार की आलोचना की जा रही है. मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि भारत सरकार ने हज जाने वाले हर व्यक्ति के लिए अच्छी हज यात्रा का पूरा इंतजाम किया है. हम यहां से बैठकर भी पूरी निगरानी रख रहे हैं."

    उन्होंने बताया, "हज का किराया 100 डॉलर क्यों बढ़ाया गया है, इसे लेकर कुछ लोगों ने पत्र लिखा है. कई सांसदों ने भी मुझे पत्र लिखा है. ईरान और अमेरिका-इसराइल जंग के बाद एयरलाइंस वालों ने हमसे अनुरोध किया कि हर हज यात्री के हवाई किराये में 400 डॉलर का इज़ाफ़ा होना चाहिए."

    "हम नहीं चाहते हैं कि ग़रीब हाज यात्री पैसे की वजह से हज यात्रा न कर पाएं. इसलिए एयरलाइंस से बात कर हज कमेटी ऑफ़ इंडिया की तरफ से हज जाने वालों के लिए 100 डॉलर और प्राइवेट ऑपरेटर के ज़रिए जाने वालों के लिए 150 डॉलर ज़्यादा हवाई किराये पर सहमति बनाई."

    किरेन रिजिजू ने कहा, "कुछ लोगों को नहीं मालूम है, वो पूछ रहे हैं कि अल्पसंख्यक मामलों का मंत्रालय सौ डॉलर अतिरिक्त क्यों ले रहा है. उन्हें जानने चाहिए कि मिनिस्ट्री क्यों चार्ज करेगा. मिनिस्ट्री केवल सर्विस देता है. ये तो एयरलाइंस वालों ने कहा कि ईंधन का दाम बढ़ जाने से पुराने रेट में उड़ान सेवा देना मुश्किल है."

    "हम नहीं चाहते थे कि हज यात्रा की फ्लाइट कैंसिल हो जाए, इसलिए हमने उनसे बातचीत की."

    "किसी ने वीडियो डाला है कि सऊदी अरब में बाथरूम-टॉयलेट में पानी भर गया है. इस एक तस्वीर को लेकर किसी ने सोशल मीडिया पर सरकार को बदनाम किया. लोगों को नहीं भूलना चाहिए कि सऊदी अरब का सिस्टम भारत की तरह नहीं है. अगर इस तरह की बात करेंगे तो सऊदी अरब के अधिकारी नाराज़ हो सकते हैं.

    किरेन रिजिजू ने कहा, ''हर मुसलमान के लिए हज उसके जीवन की सबसे बड़ी धार्मक यात्रा होती है, उस पर कोई राजनीति न करें. और जिन लोगों ने मुझे चिट्ठी लिखी है, मैं उन्हें कहना चाहूंगा कि हमारी तरफ से कोई कमी नहीं रहेगी.''

  5. ईरान: जेल में बंद नोबेल पुरस्कार विजेता की सेहत बिगड़ी, परिवार ने की ये मांग, ग़ोन्चेह हबीबीज़ाद, बीबीसी फ़ारसी और हेनरी एस्टियर

    जेल में बंद ईरानी मानवाधिकार कार्यकर्ता नरगिस मोहम्मदी के रिश्तेदारों और नोबेल शांति पुरस्कार समिति ने उन्हें बेहतर मेडिकल सुविधाओं वाली जगह पर शिफ़्ट करने की मांग की है. नरगिस मोहम्मदी की सेहत में अचानक आई भारी गिरावट के बाद यह मांग की गई है.

    शुक्रवार को उनके परिवार ने बताया कि 54 साल की नरगिस को उत्तर-पश्चिमी ईरान की जेल से एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया है.

    परिवार ने इस क़दम को "आख़िरी मौके़ पर उठाया गया क़दम बताया, जो शायद बहुत देर से उठाया गया" है.

    नॉर्वे में रहने वाले उनके भाई ने शनिवार को बीबीसी को बताया, "उनका ब्लड प्रेशर बहुत तेज़ी से नीचे गिर गया है, और वे उसे स्थिर नहीं कर पा रहे हैं."

    नरगिस मोहम्मदी को साल 2023 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया था. उन्हें दिसंबर में अधिकारियों की आलोचना करने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था.

    पिछले महीने उनके भाई हामिदरेज़ा मोहम्मदी ने बताया था कि उत्तर-पश्चिमी ईरान की ज़ंजन जेल में उनके साथ बंद क़ैदियों ने उन्हें बेहोशी की हालत में पाया था, उन्हें शायद दिल का दौरा पड़ा था.

    उन्होंने आगे बताया कि जेल अधिकारियों ने दिल, फेफड़े और ब्लड प्रेशर से जुड़ी पुरानी बीमारियों के इतिहास के बावजूद उन्हें अस्पताल शिफ़्ट करने से मना कर दिया था.

    शुक्रवार को नरगिस मोहम्मदी फ़ाउंडेशन (जिसे उनका परिवार चलाता है) ने बताया कि "उनकी सेहत में आई बेहद गंभीर गिरावट" के बाद उन्हें ज़ंजन प्रांत के एक अस्पताल में शिफ़्ट कर दिया गया है.

    बयान में यह भी कहा गया कि यह क़दम "140 दिनों की मनमानी हिरासत और विशेष मेडिकल देखभाल से लगातार वंचित रखे जाने के बाद" उठाया गया है.

    नरगिस मोहम्मदी के फाउंडेशन के मुताबिक़, उन्हें अब तक अलग-अलग मौक़ों पर 13 बार गिरफ़्तार किया गया है और उन्हें कुल 31 साल की जेल के साथ ही 154 कोड़ों की सज़ा सुनाई गई है.

  6. यूपी: पानी की टंकी के ऊपर फंसे दो बच्चों को वायुसेना ने हेलीकॉप्टर से बचाया

    यूपी के सिद्धार्थनगर में पानी की टंकी पर फंसे दो बच्चों को एयरफ़ोर्स के हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू किया गया है जबकि 10 साल के एक लड़के की मौत हो गई.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया, पानी की टंकी पर से तीन बच्चे नीचे गिर गए. एक की मौत हो गई और दो गंभीर हालत में हैं.

    टंकी के ऊपर फंसे दो बच्चों को रविवार सुबह वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बचाया गया.

    सेंट्रल एयर कमांड ने एक्स पर लिखा, "उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकारियों के अनुरोध पर सेंट्रल एयर कमांड (सीएसी) का एक आईएएफ़ एमआई 17 वी5 हेलीकॉप्टर भेजा गया ताकि सिद्धार्थनगर में पानी की टंकी के ऊपर फंसे दो बच्चों को बचाया जा सके."

    सेंट्रल एयर कमांड के मुताबिक़, बच्चे रातभर टंकी के ऊपर फंसे रहे, क्योंकि टंकी की सीढ़ी टूट गई थी.

  7. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  8. पश्चिम बंगाल: मतगणना से एक दिन पहले भवानीपुर के काउंटिंग सेंटर पर हंगामा

    पश्चिम बंगाल की भवानीपुर सीट के काउंटिंग सेंटर पर मतगणना से एक दिन पहले हंगामा हो गया.

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी के झंडे लगी दो गाड़ियों को उस परिसर में जाने दिया गया, जहां ईवीएम रखी गई हैं.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इससे पहले गुरुवार रात को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसी काउंटिंग सेंटर के सामने चार घंटे तक धरना दिया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ लोग बिना अनुमति के स्ट्रॉन्गरूम में घुस रहे हैं.

    वोटिंग ख़त्म होने के बाद पश्चिम बंगाल में टीएमसी और बीजेपी के बीच तनाव बढ़ गया है.

    गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों (23 अप्रैल और 29 अप्रैल) में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे.

  9. इसराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान के लोगों को दी ये चेतावनी

    इसराइली सेना ने रविवार को दक्षिणी लेबनान के कस्बों और गांवों के लोगों को तुरंत घर खाली करने को कहा है. कम से कम 1000 मीटर दूर खुले इलाकों में जाने की चेतावनी दी है.

    रॉयटर्स के मुताबिक, सेना ने कहा कि वह दक्षिणी लेबनान के 11 कस्बों और गांवों पर हमला करेगी. ब्रिटिश अखबार 'द इंडिपेंडेंट' के अनुसार, सेना का दावा है कि यह कार्रवाई हिज़्बुल्लाह के खिलाफ है.

    सेना का कहना है कि यह कार्रवाई हिज़्बुल्लाह के विरुद्ध है, क्योंकि उसने युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है. सेना ने चेतावनी दी कि जो भी हिज़्बुल्लाह के लड़ाकों या उनके ठिकानों के पास मिलेगा, उसे ख़तरा हो सकता है.

    इसराइल लगातार दक्षिणी लेबनान में हवाई हमले कर रहा है और उसकी सेना देश के दक्षिणी हिस्से की जमीन पर कब्जा किए हुए है. सेना ने कई इमारतों को नष्ट कर दिया है, जिन्हें वह हिज़्बुल्लाह का ढांचा बताती है.

    ईरान समर्थित यह सशस्त्र संगठन भी लेबनान और उत्तरी इसराइल में इसराइली सेना पर ड्रोन और मिसाइल हमले कर रहा है.

  10. जबलपुर क्रूज़ हादसा: पुलिस को मिला चाचा-भतीजे का शव, मरने वालों की संख्या 13 हुई

    मध्य प्रदेश के जबलपुर ज़िले के बरगी डैम में क्रूज़ के डूबने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है.

    पुलिस ने बताया कि मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी बांध से रविवार सुबह एक पांच वर्षीय लड़के और उसके चाचा का शव बरामद किया गया है.

    यह हादसा खमरिया टापू के पास 30 अप्रैल की शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ, जब तूफान की वजह से मध्य प्रदेश पर्यटन का करीब 20 साल पुराना क्रूज़ डैम में डूब गया.

    क्रूज़ के पायलट महेश ने दावा किया है कि वह पिछले दस साल से क्रूज़ चला रहे हैं और पूरी तरह प्रशिक्षित और लाइसेंसधारी हैं.

    उनके मुताबिक़ क्रूज़ में सभी सुरक्षा इंतजाम और पर्याप्त लाइफ़ जैकेट मौजूद थे, लेकिन तूफ़ान इतनी तेजी से आया कि यात्रियों को लाइफ़ जैकेट पहनने का मौका नहीं मिल सका.

  11. ईरान: अली ख़ामेनेई की मौत के दो महीने बाद उनके डॉक्टर ने क्या बताया?

    ईरान के सुप्रीम लीडर रहे आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के डॉक्टर ने बताया है कि अपने आख़िरी दिनों में ख़ामेनेई को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, डॉक्टर मोहम्मद मरांदी ने यह बात तब कही, जब एक कार्यक्रम में उनसे पूछा गया- 'क्या ख़ामेनेई किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे, क्योंकि चर्चा है कि वो बम धमाके में नहीं मारे जाते तो भी बचते नहीं?'

    इसके बाद डॉक्टर मोहम्मद मरांदी ने स्पष्ट किया कि अली ख़ामेनेई को ऐसी कोई बीमारी नहीं थी. उन्होंने यह भी कहा कि ख़ामेनेई को 'कभी कैंसर नहीं हुआ.'

    उन्होंने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर रहे अली ख़ामेनेई आख़िरी दिनों तक तंदुरुस्त और ठीक थे, वह उन्हें हर हफ़्ते एक बार जांचते थे.

    हालांकि, डॉक्टर मरांदी ने माना कि उम्र बढ़ने के साथ-साथ इंसान कमज़ोर होता जाता है.

    गौरतलब है कि ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई दो महीने पहले अमेरिका और इसराइल के संयुक्त हमलों में मारे गए थे.

  12. ईरानी सांसद ने किसे बताया परमाणु हथियार से भी ज़्यादा अहम?

    ईरानी सांसद मोहम्मद रज़ा रज़ाई ने कहा है कि ईरान के लिए होर्मुज़ स्ट्रेट परमाणु हथियार से ज़्यादा अहम है.

    मोहम्मद रज़ा रज़ाई ने कहा, "होर्मुज़ स्ट्रेट को संभालना और उस पर नियंत्रण करना परमाणु हथियार बनाने से ज़्यादा ज़रूरी है."

    ईरान के सरकारी चैनल अल-आलम टीवी के मुताबिक़ रज़ाई ने कहा, "होर्मुज़ स्ट्रेट पर नियंत्रण पाना ईरानी जनता की मांग है और हम इससे पीछे नहीं हटेंगे."

    इसके अलावा, ईरान की संसद के एक सदस्य के अनुसार, होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले जहाज़ों से ली जाने वाली फ़ीस का 30 फ़ीसदी हिस्सा सैन्य ढांचे को मज़बूत करने में खर्च किया जाएगा.

    गौरतलब है कि ईरान ने कहा था कि वह होर्मुज़ स्ट्रेट से आवाजाही करने वाले जहाज़ों से टोल वसूलेगा. हालांकि, बाद में अमेरिका ने यहां नाकाबंदी कर दी.

  13. सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने तेल टैंकर को किया हाइजैक, अधिकारियों ने क्या बताया?

    सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने यमन के तट के पास एक तेल टैंकर को क़ब्ज़े में ले लिया है. यह जानकारी सोमालिया के सुरक्षा अधिकारियों ने बीबीसी को दी है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, यमन के कोस्ट गार्ड ने बताया था कि एमटी यूरिका नाम का टैंकर हाइजैक कर सोमालिया ले जाया गया है.

    सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि एमटी यूरिका पश्चिम अफ़्रीका में टोगो का झंडा लेकर चल रहा था.

    सूत्रों ने कहा कि टैंकर पर समुद्री लुटेरों ने अदन की खाड़ी में क़ाना बंदरगाह के पास हमला किया.

    सुरक्षा अधिकारियों ने बीबीसी को बताया कि लुटेरे क़ंदाला कस्बे के पास एक दूर के तटीय इलाक़े से निकले थे

    यह 10 दिनों में दूसरी बार हुआ है जब इस क्षेत्र में तेल टैंकर हाइजैक किया गया. इससे पहले 22 अप्रैल को समुद्री लुटेरों ने ऑनर 25 नाम के टैंकर को क़ब्ज़े में लिया था.

  14. दिल्ली: शाहदरा की चार मंज़िला इमारत में भीषण आग, पार्षद ने बताया- नौ लोगों की मौत

    दिल्ली के शाहदरा इलाक़े के विवेक विहार में रविवार सुबह चार मंज़िला इमारत में भीषण आग लग गई. स्थानीय नगर पार्षद ने बताया कि इस हादसे के बादनौ लोगों के शव मिले हैं.

    रेस्क्यू और आग बुझाने के दौरान बिल्डिंग से 10-15 लोगों को बचाया गया.

    वहीं शाहदरा ज़िले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने कहा, "हमें सुबह 4 बजे आग लगने की सूचना मिली. फ़ायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर क़ाबू पाया. यहां 3-4 शव मिले हैं."

    स्थानीय नगर पार्षद पंकज लूथरा ने कहा, "सूचना मिलते ही मैं तुरंत मौके पर पहुंचा. दूसरी मंज़िल के पीछे की तरफ़ पांच शव मिले. पीछे की तरफ़ एक और शव मिला और सबसे ऊपर की मंज़िल पर तीन शव मिले."

    उन्होंने कहा, "अब तक नौ शव मिलने की पुष्टि हो चुकी है."

  15. आईपीएल: मुंबई इंडियंस पर चेन्नई सुपरकिंग्स की जीत के बाद ऋतुराज गायकवाड़ की चर्चा क्यों?

    चेन्नई चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार को हुए आईपीएल के मुक़ाबले में मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हराया. इस मैच के बाद से ही ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी पारी की खूब चर्चा हो रही है. सीएसके और मुंबई इंडियंस कट्टर प्रतिद्वंद्वी समझे जाते हैं.

    दोनों के बीच पिछले सात मुक़ाबलों में सीएसके हावी रही है.

    दरअसल, चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 159 रन बनाए.

    160 रन का टारगेट चेज़ करते हुए चेन्नई की टीम ने 13 रन पर संजू सैमसन का अहम विकेट गंवा दिया.

    इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभालते हुए पहले उर्विल पटेल के साथ 49 और बाद में कार्तिक शर्मा के साथ नाबाद 98 रन की साझेदारी की.

    ऋतुराज गायकवाड़ ने 48 गेंदों पर नाबाद 67 रन की पारी खेली. चेन्नई ने 18.1 ओवर में 2 विकेट पर टारगेट चेज़ कर लिया.

  16. चीन ने अमेरिकी प्रतिबंधों को मानने से किया इनकार, जानें क्या कहा?

    चीन ने कहा है कि वह ईरानी तेल खरीदने वाली पांच कंपनियों पर लगाई गई अमेरिकी पाबंदियों को नहीं मानेगा.

    चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा, "ये पाबंदियां अन्य देशों के साथ सामान्य आर्थिक और व्यापारिक कामकाज करने से चीनी कंपनियों को रोकती हैं. अंतरराष्ट्रीय क़ानून और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन करती हैं."

    मंत्रालय ने कहा कि वह अमेरिकी पाबंदियों को मान्यता नहीं देता और चीनी कंपनियों व संस्थानों को इन्हें लागू नहीं करना चाहिए.

    मंत्रालय ने आगे कहा, "चीनी सरकार हमेशा उन एकतरफ़ा पाबंदियों का विरोध करती है जो संयुक्त राष्ट्र की मंज़ूरी के बिना और अंतरराष्ट्रीय क़ानून पर आधारित नहीं होतीं."

    कल ही अमेरिका ने एक और चीनी कंपनी पर पाबंदी लगाई थी. अमेरिका ने कहा था कि चीनी कंपनी ने "लाखों बैरल" ईरानी कच्चा तेल आयात किया और ईरान के लिए अरबों डॉलर की आमदनी जुटाई.

    हालांकि, चीन के वाणिज्य मंत्रालय के बयान में उस कंपनी का नाम नहीं बताया गया है.

    गौरतलब है कि अमेरिका की ओर से ये पाबंदियां ऐसे समय में सामने आई हैं जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसी महीने चीन की यात्रा पर जाएंगे और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाक़ात करेंगे.

  17. पश्चिम बंगाल की इस सीट पर 21 मई को फिर होगी वोटिंग, क्या है वजह?

    पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना ज़िले की फाल्टा विधानसभा सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को फिर से वोटिंग होगी.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, चुनाव आयोग की ओर से फिर से मतदान का आदेश इसलिए दिया गया क्योंकि 29 अप्रैल को हुए मतदान में 'गंभीर चुनावी गड़बड़ियां और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बिगाड़ने की घटनाएं' सामने आई थीं.

    आयोग ने अपने आदेश में कहा कि उसने मुख्य चुनाव अधिकारी, ज़िला चुनाव अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारी और अन्य अधिकारियों की रिपोर्टों को ध्यान से देखा. साथ ही पर्यवेक्षकों की राय जानी और उपलब्ध दस्तावेज़ों को भी जांचा, उसके बाद यह फ़ैसला लिया गया.

    पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट में “मतदाताओं को डराने, बूथों के अंदर ग़ैरक़ानूनी मौजूदगी और छेड़छाड़ की आशंका” जैसी बातें सामने आईं.

    इसके बाद आयोग ने कहा कि फाल्टा विधानसभा सीट के सभी मतदान केंद्रों पर 21 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक फिर से मतदान होगा.

    इस दौरान “कड़ी सुरक्षा व्यवस्था” की जाएगी ताकि मतदान स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो सके.

    चुनाव आयोग ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पर्याप्त केंद्रीय बल, माइक्रो-ऑब्ज़र्वर और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाए ताकि “गड़बड़ी दोबारा न हो.”

    पूरा चुनाव प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग और सख़्त निगरानी भी होगी.

    चुनाव आयोग से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि फाल्टा सीट के वोटों की गिनती 24 मई को होगी

    ग़ौरतलब है कि दो चरणों (23 अप्रैल और 29 अप्रैल) में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे.

  18. ईरान के युद्ध खत्म करने वाले प्रस्ताव पर डोनाल्ड ट्रंप ने अब क्या कहा?

    अमेरिका और ईरान के बीच बीते तीन हफ़्तों से युद्धविराम चल रहा है. ईरान ने युद्ध को ख़त्म करने के लिए नया प्लान भेजा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो इसे रिव्यू करेंगे.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "मैं जल्द ही उस प्लान को रिव्यू करूंगा जो ईरान ने हमें भेजा है."

    उन्होंने लिखा, "लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह स्वीकार्य होगा, क्योंकि उन्होंने अब तक इंसानियत और दुनिया के साथ पिछले 47 सालों में जो किया है, उसकी बड़ी क़ीमत नहीं चुकाई है."

    इससे पहले भी डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक बयान में कहा था कि वो ईरान की ओर से भेजे गए प्लान से संतुष्ट नहीं हैं.

    उन्होंने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ''ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन वे उनके प्रस्तावों से संतुष्ट नहीं हैं. अब देखते हैं आगे क्या होता है.''

  19. डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद ईरान ने कहा- फ़ैसला अमेरिका के हाथ में

    ईरान ने कहा है कि उसने अमेरिका से हमेशा के लिए युद्ध ख़त्म करने के लिए पाकिस्तान को प्लान भेजा है.

    हालांकि, इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शुक्रवार को कह चुके हैं कि ईरान की ओर से आए एक प्लान से वो संतुष्ट नहीं हैं.

    इसके बाद शनिवार को ईरान के डिप्टी विदेश मंत्री काज़ेम ग़रीबाबादी ने कहा कि ईरान ने पाकिस्तान को मध्यस्थ बनाकर युद्ध को हमेशा के लिए ख़त्म करने का अपना प्लान दिया है.

    उन्होंने कहा, "अब फ़ैसला अमेरिका के हाथ में है कि वह बातचीत का रास्ता चुनता है या टकराव जारी रखता है."

    ग़रीबाबादी ने शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान में कुछ राजदूतों से मुलाक़ात की, उन्हें युद्ध ख़त्म करने के प्रस्ताव के बारे में बताया.

    गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम को लगभग तीन हफ़्ते हो चुके हैं. हालांकि, दोनों के बीच अभी तक युद्ध ख़त्म करने पर सहमति नहीं बनी है.

  20. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.