होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने के लिए ईरान किससे कर रहा है बात?

ईरान ने कहा कि वह अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहा है और ऐसी कोई योजना भी नहीं है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • बृज भूषण सिंह
  • स्पेन ने माइग्रेंट्स को वापस मोरक्को भेजा
  • डोनाल्ड ट्रंप
  • भारत-ऑस्ट्रेलिया का सिडनी टेस्ट मैच
  • व्हेल ने दिया बच्चे को जन्म
  • एके-47 गन की कहानी
  • एम्बुलेंस में ख़त्म हुई ऑक्सीजन, युवक की मौत
  • स्पेन में ऐसे घुसे हज़ारों प्रवासी

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, दीपक मंडल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    दतिया में बीजेपी क्यों हारी, कांग्रेस की जीत में क्या सिर्फ़ नरोत्तम मिश्रा फ़ैक्टर थे?

    'भारत के लिए खेलना है तो कुछ मायने नहीं रखता': ये कहने वाले जम्मू-कश्मीर के आक़िब नबी भारतीय टीम में चुने गए

    विधानसभा उपचुनाव: बांकीपुर से जीते प्रशांत किशोर, दतिया में कांग्रेस और मांजलपुर में बीजेपी ने दर्ज की जीत

  2. होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने के लिए ईरान किससे कर रहा है बात?

    होर्मुज़ स्ट्रेट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने कहा कि वह अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहा है

    ईरान ने कहा है कि वह ओमान के साथ बातचीत कर रहा है ताकि होर्मुज़ स्ट्रेट में रास्ते कमर्शियल जहाज़ों की आवाजाही दोबारा शुरू करने के लिए एक अस्थायी व्यवस्था पर सहमति बन सके.

    यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान में युद्ध ख़त्म करने के लिए सोमवार से नई बातचीत शुरू होगी और इसी मकसद से उन्होंने ईरान पर होने वाले 'बड़े पैमाने' के हमलों को रोक दिया है.

    इसके जवाब में ईरान ने कहा कि वह अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहा है और ऐसी कोई योजना भी नहीं है.

    ट्रंप ने यह नहीं बताया कि इस बातचीत में कौन-कौन शामिल होगा. इससे पहले उन्होंने कहा था कि समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन चुकी है, जिसमें होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलना भी शामिल है.

    ईरान की ओर से इस अहम समुद्री मार्ग को बंद किए जाने से तेल की क़ीमतों में तेज़ उछाल आया है.

  3. रूस ने कहा- भारी भीड़ वाले बीच पर यूक्रेन के ड्रोन हमले में सात लोगों की हुई मौत

    यूक्रेन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ड्रोन हमले का एक वीडियो भी सामने आया है

    रूसी अधिकारियों ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम रूस के एक व्यस्त समुद्र तट पर यूक्रेनी ड्रोन हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं.

    यह साफ़ नहीं है कि ड्रोन समुद्र तट पर गिरने से पहले रोका गया था या नहीं.

    रिपोर्टों के मुताबिक़ उसका निशाना लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित एक रूसी नौसैनिक अड्डा हो सकता था.

    बीबीसी वेरिफ़ाई ने घटना से जुड़े वीडियो की जांच की है.

    उधर, मॉस्को से लगभग 112 मील पूर्व स्थित वाइल्डबेरीज़ के एक गोदाम पर भी कथित यूक्रेनी ड्रोन हमला हुआ है.

    रूस

    इमेज स्रोत, Telegram

    इमेज कैप्शन, वायरल वीडियो में समुद्र में गिरती हुई एक आकृति दिख रही है

    वाइल्डबेरीज़ रूस की सबसे बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी है और हाल के हफ्तों में उस पर कई बार हमले हो चुके हैं.

    यह हमला शनिवार को कीएव पर हुए रूसी मिसाइल हमलों के बाद हुआ, जिनमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई थी.

  4. कर्नाटक: पांच दशक में पहली बार मंत्रिमंडल में एक भी महिला नहीं, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, @DKShivakumar

    कर्नाटक में कम से कम पिछले पाँच दशकों में पहली बार पूरी तरह पुरुषों वाला मंत्रिमंडल बना है.

    मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सोमवार को अपने 14-सदस्यीय मंत्रिमंडल में 19 और सदस्यों को शामिल किया. लेकिन इनमें एक भी महिला को प्रतिनिधित्व नहीं मिला.

    पार्टी हाईकमान की दी गई सूची में एक महिला का नाम शामिल था, लेकिन शपथ ग्रहण समारोह से लगभग दो घंटे पहले गायत्री शांतिगौड़ा का नाम सूची से हटा दिया गया.

    इसके पीछे तर्क यह दिया गया कि उन्हें अभी तक विधान परिषद की सदस्य के रूप में शपथ नहीं दिलाई गई है.

    दूसरा कारण यह था कि उन्हें कर्नाटक उच्च न्यायालय के आदेश के बाद केवल शुक्रवार को ही निर्वाचित घोषित किया गया था.

    शांतिगौड़ा अदालत गई थीं क्योंकि चिक्कमगलुरु स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र में उनके बीजेपी प्रतिद्वंद्वी प्राणेश छह मतों के अंतर से विजयी घोषित हुए थे.

    मामला उनके पक्ष में गया क्योंकि नगरपालिकाओं के 12 मनोनीत सदस्यों ने, जिन्हें निर्वाचक होने का अधिकार नहीं था, प्राणेश के पक्ष में मतदान किया था.

    एक दूसरा राजनीतिक कारण यह भी था कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शांतिगौड़ा को मंत्री बनाए जाने पर आपत्ति जताई थी, क्योंकि इस बारे में उनसे कोई सलाह नहीं ली गई थी. शांतिगौड़ा और सिद्धारमैया दोनों एक ही समुदाय, कुरुबा (चरवाहा) समुदाय, से आते हैं.

    हालांकि, सिद्धारमैया ने शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा नहीं लिया. इससे पार्टी के भीतर कई तरह के राजनीतिक संकेत गए. एक वरिष्ठ विधायक ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, "यह साफ़ है कि अपने समर्थकों को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से वह खुश नहीं हैं. साथ ही आज उनका जन्मदिन भी था और उन्हें बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक उनके घर पहुंचे थे.

    कर्नाटक मंत्रिमंडल

    इमेज स्रोत, @DKShivakumar

    केपीसीसी अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी से कहा, "एक और मंत्रिमंडल पद अभी भरा जाना बाकी है. हम निश्चित रूप से एक महिला को शामिल करेंगे. यह पूरी तरह पुरुषों वाला मंत्रिमंडल नहीं रहेगा. आप निश्चिंत रहें. हमारे पास पर्याप्त महिला सदस्य हैं."

    224 सदस्यीय विधानसभा में राज्य मंत्रिमंडल में अधिकतम 34 मंत्री हो सकते हैं. सोमवार को शामिल किए गए 19 मंत्रियों की सूची को पार्टी हाईकमान ने पूरी तरह मंजूरी दी थी.

    शामिल किए गए मंत्रियों में बी जेड जमीर अहमद खान भी हैं, जिन पर दावणगेरे दक्षिण विधानसभा सीट के उपचुनाव में पार्टी के ख़िलाफ़ काम करने का आरोप लगाया गया था.

    इसके अलावा बी. नागेंद्र को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया, जिन्हें कर्नाटक वाल्मीकि डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रहते हुए कथित गबन के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ़्तार किया था.

  5. बांकीपुर के नतीजे पर बोले अरविंद केजरीवाल- 'बीजेपी का अहंकार टूटता जा रहा है'

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी की हार पर अरविंद केजरीवाल ने तंज़ कसा है

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल ने बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत के बाद बीजेपी पर तंज़ किया है.

    उन्होंने कहा, ''बीजेपी अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट ही हार गई बांकीपुर से प्रशांत किशोर जी बड़े मार्जिन से जीत गए. उनको बहुत-बहुत बधाई.''

    अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''भाजपा की ज़मीन पूरी तरह से खिसक चुकी है. चंदा चोरी, पेपर लीक, ई20... मोदी सरकार के प्रति लोगों में गहरा असंतोष है. अहंकार टूटता जा रहा है. देश की जनता ने बदलाव का संकेत दे दिया है.''

    इससे पहले प्रशांत किशोर ने अपनी जीत पर कहा था कि ये नतीजा आंखें खोलने वाला है और वो सिर्फ़ बांकीपुर में ही नहीं पूरे बिहार में मौजूदा व्यवस्था से 'परेशान लोगों' की आवाज़ उठाते रहेंगे.

  6. प्रशांत किशोर की जीत के क्या हैं मायने? | 03 अगस्त, 2026 | दिनभर- बीबीसी हिन्दी

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. बांकीपुर में जीत के बाद प्रशांत किशोर ने क्या कहा

    प्रशांत किशोर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार की बांकीपुर सीट पर बीजेपी उम्मीदवार को हराया है

    बांकीपुर उपचुनाव में जीत के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा है कि ये नतीजा आंखें खोलने वाला है.

    उन्होंने कहा कि वो सिर्फ बांकीपुर में ही नहीं पूरे बिहार में मौजूदा व्यवस्था से परेशान लोगों की आवाज़ उठाते रहेंगे.

    उन्होंने कहा, ''मेरे दरवाज़े सिर्फ बांकीपुर की जनता के लिए नहीं, बल्कि बिहार के हर उस व्यक्ति के लिए खुले हैं जिसे लगता है कि प्रशांत किशोर या जन सुराज उनकी मदद कर सकते हैं.''

    उन्होंने कहा, ''आज विधानसभा में हमारी आवाज़ भले ही सिर्फ़ एक विधायक की हो, लेकिन विधायक बनने से पहले भी हम पूरे बिहार में मौजूदा व्यवस्था से परेशान लोगों की आवाज़ उठाते रहे हैं. अब हम यह काम पहले से भी अधिक मज़बूती के साथ करेंगे.''

    प्रशांत किशोर ने कहा, ''आज की इस जीत से मैं खासकर उन युवाओं से कहना चाहता हूं जो राजनीति में आना चाहते हैं. जो लोग मानते हैं कि बिहार में जाति की राजनीति की बेड़ियां नहीं टूट सकतीं या यहां राजनीति दो प्रमुख धाराओं से आगे नहीं बढ़ सकती, उनके लिए बांकीपुर का यह नतीजा आंखें खोल देने वाला साबित होगा.''

    प्रशांत किशोर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के नीरज कुमार को 19324 वोट से हरा दिया है.

    प्रशांत किशोर को 64151 वोट मिले हैं. जबकि नीरज कुमार को 44827 वोट मिले हैं. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन का इस्तीफ़ा देने से बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हुई थी.

  8. आज का कार्टून: टेंशन वाली बात

    झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन पर आज का कार्टून.
    इमेज कैप्शन, झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन पर आज का कार्टून
  9. बिहार के बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत पर क्या बोले सीएम सम्राट चौधरी

    सम्राट चौधरी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बिहार के मुख्यमंत्री समेत राज्य के बीजेपी नेताओं ने प्रशांत किशोर को जीत की बधाई दी है

    बिहार के बांकीपुर उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत के बाद बीजेपी नेताओं ने उन्हें बधाई दी है.

    बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें जीत की बधाई देते हुए लिखा, ''लोकतंत्र के महापर्व में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता ने जनसुराज को चुना है. मैं जनता के इस निर्णय का सम्मान करते हुए श्री प्रशांत किशोर जी को उनकी जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं.''

    वहीं बिहार बीजेपी के प्रमुख संजय सरावगी ने लिखा, ''बांकीपुर उपचुनाव के जनादेश को भारतीय जनता पार्टी सिर झुकाकर स्वीकार करती है और जनता के निर्णय का सम्मान करती है. लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है. वोट क्यों नहीं मिले इसकी गंभीरता से समीक्षा करेंगे. कमियों को समझकर उन्हें दूर करने के लिए पूरी मुस्तैदी से काम करेंगे.''

    ''हम विपक्षी दलों की तरह अपनी हार का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं, ईवीएम या चुनाव आयोग पर नहीं फोड़ते. भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्थाओं में पूर्ण विश्वास रखती है और आत्ममंथन एवं समीक्षा के माध्यम से अपनी कमियों को सुधारने में विश्वास करती है.''

    प्रशांत किशोर की जीत पर मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पत्रकारों से कहा, "यह लोकतंत्र की धरती है और हम जनता के जनादेश का सम्मान करते हैं. भारतीय जनता पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खड़ी रही है. विपक्ष की तरह हम चुनाव आयोग या ईवीएम पर दोष नहीं मढ़ते.''

    उन्होंने कहा, ''हम लोकतंत्र में विश्वास करते हैं, संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करते हैं और जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं। हम इस बात की गहन समीक्षा करेंगे कि गलतियां कहां और क्यों हुईं."

    प्रशांत किशोऱ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के नीरज कुमार को 19324 वोट से हरा दिया है.

    प्रशांत किशोर को 64151 वोट मिले हैं. जबकि नीरज कुमार को 44827 वोट मिले हैं.

  10. महिला समूहों और प्रमुख नारीवादियों ने बृजभूषण शरण सिंह की निंदा की

    महिला पहलवानों का प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Khanna/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, 2023 में बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ आंदोलन के दौरान बाएं से विनेश फोगाट, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत में 250 से ज़्यादा प्रमुख नारीवादियों और महिला समूहों के सदस्यों ने यौन उत्पीड़न के मामले में बरी किए गए पूर्व बीजेपी सांसद और रेसलर फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की निंदा की है.

    साथ ही, उन्होंने उन पहलवानों के प्रति एकजुटता ज़ाहिर की है जिन्होंने इस मामले में बृजभूषण सिंह का विरोध किया और अदालती लड़ाई लड़ी.

    महिला अधिकार कार्यकर्ताओं की संयुक्त पहल की ओर से जारी एक प्रेस नोट में कहा गया है कि इन लोगों ने तमाम मुश्किलों के बावजूद बहादुरी से न्याय की लड़ाई लड़ी है.

    बयान पर दस्तख़्त करने वाली नारीवादियों और महिला समूहों में वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह, शिक्षाविद उमा चक्रवर्ती, सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय, शबनम हाशमी, पीयूसीएल इंडिया की अध्यक्ष कविता श्रीवास्तव, कल्याणी मेनन सेन, उवर्शी बुटालया, सुजाता गोथोस्कर, तीस्ता सीतलवाड़, मल्लिका साराभाई, जगमती सांगवान, मीना सरस्वती शेषु, ट्रांसपेरेंसी कार्यकर्ता अंजलि भारद्वाज, वकील लारा जेसानी, गोविंद केलकर, शिक्षाविद शिल्पा फड़के और पत्रकार रितुपर्णा चटर्जी और लक्ष्मी मूर्ति शामिल हैं.

    बृजभूषण शरण सिंह

    इमेज स्रोत, @b_bhushansharan

    इमेज कैप्शन, अदालत के फ़ैसले के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्हें यकीन था कि उनके साथ न्याय होगा

    एनएफ़आईडब्ल्यू की पूर्व महासचिव एनी राजा और वर्तमान महासचिव जीएस निशा सिद्धू और एआईडीब्ल्यूए की सचिव मैमूना मोल्लाह ने भी इसका समर्थन किया.

    अपने बयान में उन्होंने कहा कि कानूनी लड़ाई पहले दिन से ही आसान नहीं थी. पहलवानों के हिंसक हो चुके सार्वजनिक विरोध-प्रदर्शन के बाद एफ़आईआर दर्जन करने से लेकर दो साल से ज़्यादा समय तक चले पूरे ट्रायल के दौरान, वरिष्ठ वकील रेबेका जॉन के नेतृत्व वाली कानूनी टीम ने पहलवानों से ठोस गवाही दिलाने और अदालत के सामने मज़बूत तर्क पेश करने में कोई कसर नहीं छोड़ी.

    बयान में कहा गया है कि "फ़ैसले ने आरोपी को बरी कर दिया है, लेकिन न्याय के लिए लड़ाई जारी रहेगी."

    बृजभूषण शरण सिंह को सोमवार को दिल्ली की एक अदालत ने महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में बरी कर दिया था.

    फ़ैसले के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा था, ''पूरा भरोसा था कि मेरे साथ न्याय होगा. मैंने कभी ख़ुद को अपराधी महसूस नहीं किया.''

    जबकि उनके ख़िलाफ़ अदालती लड़ाई लड़ रही पहलवान विनेश फोगाट ने कहा था कि शुरू से ही ये सरकार और सिस्टम बृजभूषण को बचाने के लिए लगा हुआ था.

  11. सोमवार से नई बातचीत के ट्रंप के दावे पर ईरान ने क्या कहा, बर्नड डेबसमैन जूनियर और जेम्स चैटर

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को ख़ारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि संघर्ष खत्म करने के लिए सोमवार से नई बातचीत शुरू होगी.

    सोमवार को ईरान के विदेश मंत्रालय ने इन दावों को खारिज कर दिया. मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं हो रही है और ऐसी कोई योजना भी नहीं है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा कि ईरान, ओमान के साथ बातचीत कर रहा है ताकि होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने का कोई रास्ता निकाला जा सके.

    इससे पहले ट्रंप ने रविवार को कहा था कि उन्होंने ईरान पर होने वाले 'बहुत बड़े' हमलों को फ़िलहाल रोक दिया है.

    रविवार को एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा था, "ईरान को हमले की पूरी जानकारी थी, क्योंकि उसने इसकी तैयारी होते देख ली थी."

    उन्होंने यह भी कहा था, "हम बातचीत के ज़रिए आगे बढ़ रहे हैं. यह सोमवार दोपहर से शुरू होगी."

    इससे पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा था कि ईरान और मध्य पूर्व में अमेरिका के सहयोगी देशों ने उनसे हमले रोकने का अनुरोध किया था, क्योंकि समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है.

    ट्रंप ने दावा किया था कि होर्मुज़ स्ट्रेट और परमाणु मुद्दे पर समझौते की संभावना बनी हुई है.

  12. आंग सान सू ची को पांच साल बाद मिली किसी से मिलने की इजाज़त, जोनाथन हेड, दक्षिण पूर्व एशिया संवाददाता

    आंग सान सू ची

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आंग सान सू ची को पांच साल बाद किसी से मिलने की इजाज़त मिल गई

    हिरासत में बंद म्यांमार की नेता आंग सान सू ची को इंटरनेशनल रेड क्रॉस कमिटी के प्रतिनिधिमंडल से मिलने की इजाज़त मिल गई है.

    ढाई साल पहले अपने बेटे को पत्र लिखने के बाद बाहरी दुनिया से उनका ये ऐसा पहला संपर्क है जिसकी पुष्टि की गई है.

    म्यांमार सैन्य सरकार की ओर से जारी मुलाकात की तस्वीरों में सू ची स्वस्थ दिखाई दे रही हैं.

    2021 में सेना ने उनकी सरकार को सत्ता से हटाए जाने के कुछ ही समय बाद उन्हें हिरासत में ले लिया था.

    बाद में उन्हें उन आरोपों में 33 साल जेल की सजा सुनाई गई, जिन्हें व्यापक रूप से मनगढ़ंत माना जाता है.

    हालांकि बाद में उनकी सजा कम कर दी गई और उन्हें नज़रबंद कर दिया गया.

    सेना बार-बार यह दावा करती रही है कि सू ची जीवित हैं और स्वस्थ हैं, लेकिन उसने कभी इसका कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया

    हाल के महीनों में उनके बेटे किम एरिस ने 81 वर्षीय लोकतंत्र समर्थक नेता के जीवित होने का सबूत देने के लिए अभियान चलाया था.

  13. बांकीपुर में प्रशांत किशोर की बढ़त देख बोले भगवंत मान- ‘बीजेपी का पतन शुरू’

    भगवंत मान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि आने वाले चुनावों में बीजेपी की हार तय है

    बांकीपुर उपचुनाव में जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की बढ़त पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि बीजेपी के पतन की शुरुआत हो चुकी है.

    भगवंत सिंह ने मान ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, ''ये लोगों का जनादेश है. उन्हें (बीजेपी) इसे स्वीकार करना ही होगा. उनका पतन शुरू हो चुका है. पहले वो कहते थे कि हमारी सरकार में इस्तीफ़े नहीं होते. इस्तीफ़ा भी हो गया. उनके एक मंत्री को इस्तीफ़ा देकर जाना पड़ा. आने वाले चुनावों में बीजेपी को हार का सामना करना होगा.''

    उपचुनाव में बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर जनसुराज पार्टी के प्रशांत किशोर बीजेपी के नीरज कुमार से 25 राउंड की गिनती के बाद 14,953 वोटों से आगे चल रहे हैं.

    ये सीट बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफ़ा देने से खाली हुई थी.

  14. पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष की बैठक में चन्नी समर्थकों ने किया हंगामा, लगाए नारे

    अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग

    इमेज स्रोत, Amarinder Singh Raja Warring/FB

    इमेज कैप्शन, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने चरणजीत सिंह चन्नी को अपना बड़ा भाई बताया

    बठिंडा में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मीटिंग में पार्टी नेता और पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगे.

    इसके बाद जब पत्रकारों ने जब उनसे इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ''कार्यकर्ताओं की मुझसे कोई नाराजगी नहीं है. आप चन्नी साहब से पूछिए, वो मेरे बड़े भाई हैं.''

    रविवार को बरनाला की जिला स्तरीय बैठक में भी अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग मंच पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने पहुंचे तो वहां भी चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने 'चन्नी जिंदाबाद' के नारे लगाए थे.

  15. सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 34 से बढ़कर 38 होगी, लोकसभा में बगैर बहस के बिल पारित

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Arvind Yadav/Hindustan Times via Getty Images)

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट में अब चीफ़ जस्टिस समेत जजों की संख्या 34 से बढ़कर 38 हो जाएगी

    सुप्रीम कोर्ट में अब चीफ़ जस्टिस समेत जजों की संख्या 34 से बढ़कर 38 हो जाएगी.

    सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने के लिए लाया गया बिल बिना बहस के पारित हो गया है.

    इस बिल के क़ानून बनते ही सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ जाएगी.

    लोकसभा के एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी दी गई है.

    यह बिल मई 2026 में जारी सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन अध्यादेश, 2026 का स्थान लेगा.

    इसके तहत भारत के चीफ़ जस्टिस (सीजेआई) को छोड़कर सुप्रीम कोर्ट के जजों की स्वीकृत संख्या 33 से बढ़ाकर 37 की जाएगी.

    यानी चीफ़ जस्टिस समेत सुप्रीम कोर्ट में कुल जजों की कुल संख्या अब 38 होगी

  16. कर्नाटक कैबिनेट विस्तार: डीके शिवकुमार सरकार में शामिल होंगे 20 नए मंत्री

    डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डीके शिवकुमार ने तीन जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    कर्नाटक में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण के क़रीब दो महीने बाद कैबिनेट का विस्तार किया जा रहा है. शिवकुमार सरकार के मंत्रिमंडल में 20 नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा.

    नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार शाम 4 बजे होने की संभावना है.

    वर्तमान में कर्नाटक कैबिनेट में 14 मंत्री हैं. विस्तार के बाद राज्य सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 34 हो जाएगी.

    दरअसल, 3 जून को डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. उनके साथ उप मुख्यमंत्री जी परमेश्वर और 12 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया था.

    कैबिनेट विस्तार के बाद कर्नाटक सरकार में मंत्रियों के सभी पद भर जाएंगे और मंत्रिमंडल में कोई जगह खाली नहीं रहेगी.

    मंत्रिमंडल की सूची

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शिवकुमार सरकार के मंत्रिमंडल में 20 नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा
  17. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.- बृज भूषण शरण सिंह महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न मामले में कोर्ट से बरी, बजरंग पूनिया क्या बोले?

  18. स्पेन में घुस रहे लोगों पर मोरक्को के गृह मंत्रालय ने क्या कहा

    स्यूटा

    इमेज स्रोत, Adri Salido/Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्पेनिश अधिकारियों के मुताबिक़ हाल के दिनों में लगभग 60,000 प्रवासी स्पेन के स्यूटा पहुंचे (फ़ाइल फ़ोटो)

    मोरक्को के गृह मंत्रालय ने रविवार को कहा कि स्पेन के स्यूटा और मेलिला में बड़े पैमाने पर सीमा पार करने के प्रयास सोशल मीडिया पर फैलाई गई भ्रामक जानकारी और मानव तस्करी नेटवर्क की गतिविधियों का नतीजा थे.

    मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "आंकड़ों से स्पष्ट हुआ है कि ये घटनाएं अचानक या अपने आप नहीं हुई थीं. इन घटनाओं के पीछे कई कारण रहे, जैसे- डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म का दुर्भावनापूर्ण इस्तेमाल, भ्रामक सूचनाओं का प्रसार, मानव तस्करी गिरोहों की सक्रियता और कानूनी व प्रशासनिक जानकारियों की गलत व्याख्या."

    बीबीसी अरबी के मुताबिक़, गृह मंत्रालय ने बताया कि स्यूटा की तरफ़ बड़े पैमाने पर हुए सीमा पार करने के प्रयास में क़रीब 40,000 लोग शामिल थे, जबकि मेलिला में 1,135 लोगों को एंट्री करने से रोक दिया गया.

    वहीं, स्पेनिश अधिकारियों के मुताबिक़ हाल के दिनों में लगभग 60,000 प्रवासी स्पेन के स्यूटा पहुंचे. इनमें से अधिकांश लोगों को मोरक्को के शहर फ़निदेक वापस भेज दिया गया.

  19. बृज भूषण सिंह के बरी होने पर ये बोलीं विनेश फोगाट

    बृज भूषण शरण सिंह

    इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि शुरू से ही ये सरकार और सिस्टम बृज भूषण को बचाने के लिए लगा हुआ है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय जनता पार्टी के नेता और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को सोमवार को दिल्ली की एक अदालत ने महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में बरी कर दिया है.

    इस मामले पर पहलवान और कांग्रेस नेता विनेश फोगाट की प्रतिक्रिया आई है.

    विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि शुरू से ही ये सरकार और सिस्टम बृज भूषण को बचाने के लिए लगा हुआ है.

    विनेश फोगाट ने बयान जारी करते हुए लिखा, "हमें सड़क पर उतरने और सत्ताधारी पार्टी के एक बाहुबली नेता के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करवाने के लिए बहुत हिम्मत जुटानी पड़ी थी. सत्ता और अपने बाहुबल के दम पर बृज भूषण ने कई लड़कियों को डराकर उनके नाम वापस करवाए हैं."

    उन्होंने लिखा, "लेकिन कई महिला पहलवान खड़ी रहीं और कोर्ट में बृज भूषण के ख़िलाफ़ लड़ाई लड़ती रहीं. हमें इस बात का बहुत दुख है कि अदालत ने बृज भूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों की ओर से लगाए गए यौन हिंसा के आरोपों में दोषी नहीं माना."

    फोगाट ने लिखा, "शुरू से ही सारा तंत्र, सरकार और ये सिस्टम बृज भूषण को बचाने के लिए लगा हुआ है. महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील करने का निर्देश दे दिया है और यह जल्द से जल्द की जाएगी. हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और पहलवान अपनी लड़ाई जारी रखेंगे."

    पहलवान बजरंग पूनिया ने भी एक्स पर यही बयान साझा किया है.

    वहीं, बृज भूषण शरण सिंह ने इस मामले पर कहा कि उन्हें भरोसा था कि उन्हें न्याय मिलेगा.

    बृज भूषण शरण सिंह ने कहा, "मुझे पूरा भरोसा था कि मेरे साथ न्याय होगा. मैंने कभी ख़ुद को अपराधी महसूस नहीं किया. जो जूनियर खिलाड़ी थे, जिनका हक़ मारा जा रहा था, हमने उनके लिए लड़ाई लड़ी. मुझे ख़ुशी है कि उस लड़ाई में भी हमारी ही जीत हुई और भरोसा है कि वो (जूनियर) खिलाड़ी आने वाले समय में पहलवानी में देश का परचम लहराएंगे."

  20. अभिजीत दीपके बोले- मैं स्कॉलरशिप लेटर दिखाऊंगा, क्या बीजेपी नेता डिग्री दिखाएंगे

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अभिजीत दीपके ने पूछा कि अगर कोई सामान्य घर का लड़का बोस्टन यूनिवर्सिटी से पढ़कर लौटा है तो इन्हें क्यों तकलीफ़ हो रही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है कि वो अपना स्कॉलरशिप लेटर और एजुकेशन लोन से जुड़े दस्तावेज़ दिखाने को तैयार हैं.

    इस पर अभिजीत दीपके ने कहा, "मैंने देखा कि किसी बीजेपी कार्यकर्ता ने मुझ पर आरटीआई फ़ाइल की है और वो जानना चाहते हैं कि मैंने अपनी एजुकेशन कैसे पूरी की. मैं उनसे पूछना चाहता हूँ कि क्या आपके नेता अपनी डिग्री दिखाएँगे?"

    उन्होंने कहा, "मैं अपना स्कॉलरशिप लेटर और एजुकेशन लोन से जुड़े दस्तावेज़ दिखाने को तैयार हूं. लेकिन क्या आपके नेता अपनी असली डिग्री दिखाएंगे? मुझे समझ नहीं आता कि इन लोगों को एजुकेशन से इतनी क्या समस्या है."

    दीपके ने कहा, "अगर कोई आम घर का लड़का बोस्टन यूनिवर्सिटी से पढ़कर लौटा है तो इन्हें क्यों तकलीफ़ हो रही है. आप लोग एजुकेशन के ख़िलाफ़ क्यों हो?"

    गौरतलब है कि सूरत के एक आरटीआई कार्यकर्ता अमित तिवारी ने शनिवार को दावा किया था कि उन्होंने अभिजीत दीपके के पिता की वित्तीय स्थिति की जाँच कराने की मांग की है.