You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: इंग्लैंड ने डीआर कांगो और बेल्जियम ने सेनेगल को हराकर अंतिम 16 में ली एंट्री

इंग्लैंड का सामना रविवार को मेक्सिको सिटी के एज़्टेका स्टेडियम में को-होस्ट मेक्सिको से अंतिम-16 में होगा.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: इंग्लैंड ने डीआर कांगो और बेल्जियम ने सेनेगल को हराकर अंतिम 16 में ली एंट्री

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में बुधवार को खेले गए एक मैच में हैरी केन के दो शानदार गोल की बदौलत इंग्लैंड ने डीआर कांगो को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में एंट्री कर ली.

    कप्तान हैरी केन ने दूसरे हाफ में 11 मिनट के भीतर दो गोल दागकर इंग्लैंड की विश्व कप जीत की उम्मीदों को नई जान दे दी. उनके दम पर इंग्लैंड ने बुधवार रात अटलांटा में खेले गए राउंड ऑफ 32 मुकाबले में डीआर कांगो को 2-1 से हराकर शानदार वापसी की.

    अब इंग्लैंड का सामना रविवार को मेक्सिको सिटी के एज़्टेका स्टेडियम में को-होस्ट मेक्सिको से अंतिम-16 में होगा. डीआर कांगो ने मैच के सातवें मिनट में बढ़त बना ली थी.

    कप्तान चांसेल मबेम्बा के लंबे पास पर बॉक्स में बिना किसी निगरानी के मौजूद ब्रायन सिपेंगा ने शानदार फिनिश करते हुए गोल कर दिया था. मैच का रुख 75वें मिनट में बदला.

    इंग्लैंड के लगातार दबाव का असर थक चुकी कांगो की रक्षा पंक्ति पर दिखने लगा था.

    वहीं एक दूसरे मैच में बेल्जियम ने दो गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए सेनेगल को 3-2 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली.

    मैच के आख़िरी क्षणों में यूरी टिलेमांस ने विजयी गोल दागकर अपनी टीम को 3-2 की जीत दिलाई और विश्व कप के अंतिम-16 में पहुंचा दिया.

    सेनेगल 2002 में अपने पहले विश्व कप में पदार्पण के बाद पहली बार नॉकआउट मुकाबला जीतने की ओर बढ़ता दिख रहा था.लेकिन उसकी ये उम्मीद पूरी नहीं हुई.

  2. सरकार ने व्हाट्सऐप के 'यूज़रनेम' फ़ीचर को लेकर मेटा से मांगा जवाब

    भारत में व्हाट्सऐप पर 'यूज़रनेम' फ़ीचर शुरू करने को लेकर सरकार ने मेटा को नोटिस जारी किया है.

    मेटा व्हाट्सऐप की मालिकाना कंपनी है. सूत्रों के मुताबिक़ सरकार ने मेटा को निर्देश दिया है कि वह 'यूज़रनेम' फ़ीचर के बारे में तीन दिन के भीतर विस्तार से स्पष्टीकरण दे.

    सरकार ने मेटा को यह भी निर्देश दिया है कि इस मामले पर परामर्श प्रक्रिया पूरी होने तक 'यूज़रनेम' फ़ीचर भारत में लागू न किया जाए.

    इस सप्ताह की शुरुआत में व्हाट्सऐप ने घोषणा की थी कि वह सिलसिलेवार तरीके से ऐसा फ़ीचर शुरू करेगा,जिसके तहत यूजर अपनी पसंद का यूज़रनेम चुन सकेंगे.

    साथ ही किसी नए व्यक्ति से पहली बार संपर्क करते वक़्त अपना मोबाइल नंबर छिपा सकेंगे.

    यूज़रनेम एक वैकल्पिक और विशिष्ट पहचान (यूनिक आइडेंटिफायर) होगा, जिसे यूजर अपने व्हाट्सऐप अकाउंट के लिए चुन सकेंगे.

    दूसरे लोग इसी यूज़रनेम के जरिए उन्हें मैसेज भेज सकेंगे या कॉल कर सकेंगे,जबकि उनका मोबाइल नंबर प्राइवेट रहेगा.

  3. ईरान ने कहा, 'आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के ख़ून का बदला ज़रूर लेंगे'

    ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने एक बयान में घोषणा की है कि वह आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के 'खून का बदला' लेगी.

    बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरानी मीडिया ने सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहम्मद बाकर ज़ोलक़द्र की ओर से दस्तख़त किया हुआ एक संदेश प्रकाशित किया है.

    इसमें कहा गया है कि आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के 'ख़ून का बदला' उनके हत्यारों से निश्चित तौर पर लिया जाएगा.

    मोहम्मद बाक़र का यह संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी किया गया है. ईरान के सर्वोच्च नेता ख़ामेनई की हत्या 28 फ़रवरी 2026 को हुई थी.

    इसी दिन ईरान पर अमेरिकी और इसराइल ने पहला हमला किया था. इस हमले में कई अन्य अहम ईरानी अधिकारियों के साथ-साथ उनके परिवार के कुछ सदस्य भी मारे गए थे.

    बीबीसी की फ़ारसी के मुताबिक़ अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह 4 से 8 जुलाई तक तेहरान, क़ोम और मशहद में आयोजित किए जाएंगे.

    जबकि शोक सभाएं इराक़ के शहरों बग़दाद,काज़मिन,कर्बला और नजफ़ में भी आयोजित की जाएंगी.

  4. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत के नतीज़ों के बारे में अब ये कहा

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ चल रही बातचीत में हुई प्रगति 'सकारात्मक' है.

    ये भी दावा है कि क़तर में हाल ही में हुई बैठकें भी अच्छी रही हैं. बुधवार को नॉर्थ डकोटा के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को घटाने की दिशा की प्रक्रिया सही दिशा में आगे बढ़ रही है.

    एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच बहुत अच्छी बैठकें हुईं, लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा, "हम देखेंगे कि आगे क्या होता है."

    राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान पर दबाव भी डाला है, लेकिन इसके बावजूद बातचीत की प्रक्रिया जारी है.

    ईरान लगातार इस बात पर ज़ोर देता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है.

    ईरान और अमेरिका के बीच क़तर की राजधानी दोहा में अप्रत्यक्ष तकनीकी वार्ता चल रही है, जिसमें क़तर और पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे हैं.

  5. भारत-इंग्लैंड के बीच पहला टी-20 मैच बारिश से धुला, श्रेयस और अभिषेक की तूफ़ानी पारियां

    भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी-20 मैचों की सिरीज़ का पहला मैच बारिश की वजह से बिना किसी रिज़ल्ट के ख़त्म हो गया.

    चेस्टर ले स्ट्रीट में खेले गए पहले मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फ़ैसला किया और 20 ओवर में 7 विकेट के नुक़सान पर 189 रन बनाए.

    लेकिन बारिश की वजह से इंग्लैंड की पारी शुरू ही नहीं हो पाई और मैच बिना किसी परिणाम के ख़त्म हो गया.

    भारत की तरफ़ से अभिषेक शर्मा ने सिर्फ़ 24 गेंदों पर तूफ़ानी 59 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 6 चौके शामिल थे.

    वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 47 गेंदों पर 68 रन बनाए, जिसमें एक छक्का और 6 चौके शामिल थे. पारी के आख़िरी लम्हों में शिवम दुबे ने सिर्फ़ 21 गेंदों पर 42 रन बनाकर भारत का स्कोर 189 तक पहुंचाने में मदद की.

    आयरलैंड के ख़िलाफ़ भारत दो मैचों की टी-20 सिरीज़ 0-2 से हार गया था. दोनों मैचों में वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं मिली थी.

    इसके बाद इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेले गए इस मैच में भी वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं मिली.

  6. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    वैभव सूर्यवंशी को नहीं मिली टीम में जगह, इंग्लैंड के ख़िलाफ़ भारत का पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला

    वेनेज़ुएला भूकंप: मलबे में फँसे लोगों की तलाश के बीच जब छा गई दर्दनाक ख़ामोशी

    वैभव सूर्यवंशी के बारे में श्रेयस अय्यर ने जो कहा उसे सुनकर फ़ैंस बोले, 'इतना घमंड ठीक नहीं कप्तान साहब'

    '35 करोड़ की पेशकश की गई': क्या तमिलनाडु में विजय के विधायक को ख़रीदने की कोशिश हुई?