सरकारी होर्डिंग में आपत्तिजनक भाषा पर विवाद

छत्तीसगढ़

इमेज स्रोत, C G Khabar

छत्तीसगढ़ के महासमुंद ज़िले में धूम्रपान रोकने के लिए लगाए गए सरकारी होर्डिंग्स पर शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है.

समाज कल्याण विभाग ने धूम्रपान के ख़िलाफ़ शहर में कुछ महत्वपूर्ण जगहों पर होर्डिंग्स लगवाए थे, जिनमें नसीहत देते हुए ब्राह्मणों के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था.

छत्तीसगढ़

इमेज स्रोत, C G Khabar

सरकार ने इस मामले में विभाग के प्रभारी उपसंचालक को निलंबित कर दिया है, लेकिन ब्राह्मण समाज से जुड़े लोगों की मांग है कि इस मामले में सभी दोषियों पर कार्रवाई हो.

इसके बाद ब्राह्मण समाज से जुड़े विभिन्न संगठनों द्वारा इन विवादास्पद होर्डिंग्स को लेकर राज्य भर में धरना प्रदर्शन किया गया था. मामले की शिकायत राज्यपाल और मुख्यमंत्री से भी की गई थी.

समाज कल्याण विभाग की मंत्री रमशीला साहू के अनुसार, "किसी भी समाजिक वर्ग के ख़िलाफ़ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल आपत्तिजनक है. सरकार ने इस मामले में दोषियों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज़ की है और हमने विभाग के प्रभारी उपसंचालक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है."

छत्तीसगढ़

इमेज स्रोत, C G Khabar

लेकिन ब्राह्मण समाज की मांग है कि इस मामले में केवल एक अधिकारी को निलंबित कर सरकार मामले को रफ़ा-दफ़ा करने में जुटी है.

समाज के प्रभाकर तिवारी ने कहा, "इस मामले में ऊपर से नीचे तक कई लोग लिप्त हैं और हमारी मांग है कि इन सभी को निलंबित किया जाना चाहिए."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉयड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)