You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
'हेटर्स कहेंगे कि तुम 15 के नहीं हो...', गेल, रसेल से लेकर सचिन तक हुए वैभव के मुरीद, किसने क्या कहा?
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुक़ाबले में सनराइज़र्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ 29 गेंदों पर 97 रनों की पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी ने इस पारी में कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए.
हालांकि वह इस टूर्नामेंट में क्रिस गेल के नाम दर्ज 30 गेंदों पर सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए.
मैच के बाद सूर्यवंशी ने कहा कि उन्हें पारी के बाद पता चला कि उनसे यह रिकॉर्ड मिस हो गया है.
न्यू चंडीगढ़ में खेले गए इस मैच में सूर्यवंशी की 97 रनों की तूफ़ानी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 243 रन बनाए, जवाब में दिग्गज बल्लेबाज़ों से सजी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर ऑल आउट हो गई.
इस तरह से रॉजस्थान रॉयल्स ने हैदराबाद पर 47 रन से जीत दर्ज की. इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स क्वालीफ़ायर-2 में पहुंच गई है और अब फ़ाइनल में पहुंचने के लिए उनके सामने शुभमन गिल के नेतृत्व वाली गुजरात टाइटंस की चुनौती होगी. शुक्रवार को न्यू चंडीगढ़ में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी.
'प्लेयर ऑफ़ द मैच' रहे सूर्यवंशी ने मुक़ाबले के बाद कहा, "मुझे आउट होने के बाद पता चला कि मैंने सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड मिस कर दिया है. मेरा फ़ोकस छक्के लगाने पर था. मैं शतक तो आगे भी लगा सकता हूं लेकिन कोशिश यही रहती है कि टीम के लिए जितना हो सके योगदान दे सकूं."
सूर्यवंशी ने अपनी पारी में कुल 12 छक्के और पांच चौके लगाए यानी कुल मिलाकर उन्होंने 92 रन चौके-छक्कों से बनाए और सिर्फ़ 5 रन ही दौड़कर पूरे किए. सूर्यवंशी गेल के सबसे तेज़ आईपीएल शतक से तो चूक गए लेकिन अपनी इस पारी में सूर्यवंशी ने आईपीएल के एक सीज़न में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाते हुए गेल को पछाड़ दिया.
यूनिवर्स बॉस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा
भले ही सूर्यवंशी 29 गेंदों में शतक बनाने से चूक गए, लेकिन गेल का मानना है कि वह जल्द ही ऐसा कर लेंगे. फिलहाल आईपीएल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड गेल के नाम है, जिन्होंने 30 गेंदों में शतक लगाया था. वैभव ने अपनी इंस्टा स्टोरी में लिखा,"बदकिस्मत! आप वहां आखिरकार पहुंच ही जाएंगे."
"वैभव कितना ज़बरदस्त खिलाड़ी है. शानदार. नई सिक्स मशीन."
युवराज सिंह ने लिखा, "बॉस बेबी ने वर्ल्ड बॉस का रिकॉर्ड तोड़ दिया! यकीन नहीं होता, इस बच्चे को देखना बहुत अच्छा लगता है."
सूर्यवंशी की इस ताबड़तोड़ पारी के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर समेत कई खिलाड़ियों ने सूर्यवंशी की जमकर तारीफ़ की है.
वैभव की पारी की तारीफ़ करते हुए सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, "वैभव सूर्यवंशी का बैट स्विंग ज़बरदस्त रहा है. इससे भी ज़्यादा कमाल की बात यह है कि वह कितनी खूबसूरती से अपना अगला पैर हटाकर, पैरों की तरफ आने वाली गेंदों के लिए जगह बनाते हैं. इसी आज़ादी की वजह से वह उस तरह से खेल पाते हैं जैसा वह खेल रहे हैं. वह पारी किसी शानदार करिश्मे से कम नहीं थी."
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने मैच के बाद कहा, "उन्होंने (सूर्यवंशी ने) बेहद शानदार खेला. आपको लगता है कि आपके पास अधिक विकल्प नहीं बचे हैं. जाहिर तौर पर पिच काफ़ी अच्छी थी, लेकिन ग़लती की गुंजाइश भी बेहद कम थी. आपने यॉर्कर हल्के से मिस किया तो वह (सूर्यवंशी) एकदम मिस नहीं करने वाले हैं."
कमिंस ने कहा, "वह काफी अच्छा खेला. पिच बहुत अच्छी थी, लेकिन गलती की गुंजाइश इतनी कम होती है कि अगर आप यॉर्कर से चूक जाते हैं तो वह नहीं चूकता."
जोफ़्रा आर्चर ने कहा कि सूर्यवंशी टी20 में भी बड़े शतक लगाने में सक्षम हैं. उन्होंने कहा, "ये काफी रोमांचक था. जितने अधिक रन वह बनाएंगे हमारे पास बचाने के लिए उतने ही अधिक रन होंगे. वह 150 रन भी बना सकते हैं. जब वह ढेर सारे रन बनाते हैं तो यह टीम के लिए शानदार होता है."
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा कि उनके साथी खिलाड़ियों या कोचिंग स्टॉफ़ को इस 15 वर्षीय बल्लेबाज़ से अधिक बात करने की ज़रूरत नहीं पड़ती.
पराग ने पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में कहा, "बात ये है कि हम कोई बातचीत नहीं करते हैं. उसे (सूर्यवंशी को) अकेला छोड़ दीजिए और सारे मजे लेने दीजिए. जैसा कि मैंने पहले भी कहा है कि उसे बल्लेबाज़ी करना पसंद है तो हम नेट्स में उन्हें ढेर सारी बल्लेबाज़ी अभ्यास का मौक़ा देते हैं और फिर वह (मैदान पर) जाकर अपना काम करते हैं."
कोलकाता नाइटराइडर्स के आंद्रे रसेल आईपीएल के एक सीज़न में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वालों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. उन्होंने खुद को सूर्यवंशी का बड़ा प्रशंसक बताते हुए उन लोगों को अनदेखा करने की कोशिश की, जो उनकी उम्र को लेकर सवाल उठाते रहते हैं. रसेल ने इंस्टा स्टोरी पर लिखा, "मुबारक हो बच्चे, नफ़रत करने वाले कहेंगे कि तुम 15 (साल) के नहीं हो, लेकिन उनकी कौन परवाह करता है. 30 साल के खिलाड़ी भी वहां हैं और अपना बेस्ट देने की कोशिश कर रहे हैं और तुम ये काम पहले ही कर रहे हो. यूं ही खेलते रहो. मैं तुम्हारा बड़ा प्रशंसक हूँ. बॉल देखो और उड़ा दो."
'वैभव सूर्यवंशी असल चमत्कार'
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने एक्स पर लिखा, "वैभव ने मुझसे कहा था कि वह टी20 में 200 रन बनाना चाहता है. मुझे उस पर यकीन है!"
पूर्व टेस्ट क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ ने लिखा, "हम एक चमत्कार देख रहे हैं, हम भविष्य का एक सितारा देख रहे हैं, हम वैभव सूर्यवंशी नाम के उस वंडर बॉय को देख रहे हैं. हैरान कर देने वाले छक्के, अपने पहले पूरे आईपीएल सीज़न में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. और उसकी उम्र सिर्फ़ 15 साल है. विपक्षी खिलाड़ी, टीम मालिक और पूरी क्रिकेट दुनिया उसकी सराहना कर रही है. क्रिकेट के पास भविष्य के लिए बहुत कुछ है जिसका इंतज़ार किया जा सकता है."
पूर्व क्रिकेटर और कमेंटटेटर आकाश चोपड़ा ने लिखा, "वैभव सूर्यवंशी इस आईपीएल सीज़न के असली सुपरस्टार हैं. मुझे याद नहीं जब एक आईपीएल सीज़न में किसी एक शख्स ने पूरी दुनिया की क्रिकेट बिरादरी का ध्यान खींचा हो."
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने लिखा, "वह दुनिया के सबसे बेहतरीन टी20 ओपनर हैं. भारत को उन्हें राष्ट्रीय टीम में चुनना चाहिए."
इरफ़ान पठान ने लिखा, "आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज़्यादा छक्के लगाना वो भी 15 साल की उम्र में वाकई ताज्जुब की बात है. ऐसा हमने पहले कभी नहीं देखा. वैभव सूर्यवंशी असल चमत्कार है."
एक यूजर सागर ने लिखा, "वैभव सूर्यवंशी स्कूल गया और गणित की क्लास में सिर्फ़ चार और छह का पहाड़ा सीखा."
पल्लवी तिवारी ने लिखा, "हां, उन्होंने वो सवाल सॉल्व करने भी सीखे जो उनके सीनियर भी नहीं सुलझा पाए थे, दूसरों से पहले परीक्षा ख़त्म करना."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.