इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच में यास्तिका भाटिया शतक बनाने की ओर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय बैटर यस्तिका भाटिया 91 रन बना कर खेल रही हैं
भारत और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के बीच लॉर्ड्स मैदान में खेले जा रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम की स्थिति मज़बूत नज़र आ रही है.
भारत ने पहली पारी में 285 रन बनाए थे, वहीं दूसरी पारी में भारतीय टीम 4 विकेट के नुक़सान पर 250 रन बनाकर खेल रही है. फ़िलहाल भारत इंग्लैंड से 365 रन आगे है.
इंग्लैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में 170 रन बनाए थे. भारत की ओर से तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़ ने पांच विकेट लिए थे.
तीसरे दिन के लंच ब्रेक तक भारतीय टीम की बल्लेबाज़ यस्तिका भाटिया 91 रन बनाकर खेल रही हैं. वहीं, स्मृति मंधाना ने दूसरी पारी में भारत के लिए 70 रन बनाए. पहली पारी में स्मृति ने 83 रन बनाए थे.
टिकट न मिलने पर नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाया है और वो मान गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
बीजेपी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने रविवार को दतिया उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने और नाराज़गी के सवालों पर मीडिया से बात की. इस दौरान उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति पार्टी से बड़ा नहीं होता.
नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "अब यह तय हो गया है कि किसी भी व्यक्ति का कद पार्टी से बड़ा नहीं होता. टिकट नहीं दिए जाने का फैसला इस बात का जवाब है कि पार्टी से ऊपर कोई नहीं है. पार्टी का स्थान बहुत ऊंचा है और वह दूर तक सोचने और देखने की क्षमता रखती है."
उन्होंने कहा, "पार्टी ने जो फैसला लिया है, उसे स्वीकार करना और संगठन के लिए काम करना ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है. मैं एक कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा."
बीजेपी के दतिया उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के नामांकन में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वो कार्यक्रम में ज़रूर शामिल होंगे.
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाया है और वो मान गए हैं.
उन्होंने कहा, "मैंने कहा कि पार्टी के फ़ोरम पर बात रखने का एक तरीका है, उस तरीके से पार्टी फोरम पर अपनी बात रखिए."
उम्मीदवारी से बाहर किए जाने पर उन्होंने कहा, "मैं संगठन को दोष नहीं देता और न ही मुख्यमंत्री को दोष देता हूं. मैं किसी पर उंगली नहीं उठाता. मेरा मानना है कि मुझमें कहीं न कहीं कोई कमी रह गई होगी."
भारत और ब्रिटेन के बीच 15 जुलाई से लागू होगा फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट, पीयूष गोयल ने क्या बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि एफ़टीए से ब्रिटेन में काम करने वाले भारत के युवाओं को भी फ़ायदा होगा
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि 15 जुलाई से भारत-ब्रिटेन फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) लागू हो जाएगा.
उन्होंने कहा, "अब सिर्फ़ दो दिन बचे हैं. आज 12 तारीख़ है. 15 तारीख़ से भारत से ब्रिटेन भेजे जाने वाले सभी सामान पर वहां कोई आयात शुल्क नहीं लगेगा. भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता हम सभी के लिए नए अवसर और अपार संभावनाएं लेकर आया है."
उन्होंने कहा, "जहां तक उन भारतीय युवाओं की बात है, जो दो, तीन या पांच साल के लिए काम करने ब्रिटेन जाते हैं, जिनमें कंपनी के अंदर होने वाले तबादले (इंट्रा-कंपनी ट्रांसफर) भी शामिल हैं, पहले उनकी तनख्वाह का क़रीब 25 प्रतिशत हिस्सा वहां की सरकार के पास चला जाता था और उन्हें उसका कोई फायदा नहीं मिलता था."
पीयूष गोयल ने आगे कहा, "अब हमने 'डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन एग्रीमेंट' को अंतिम रूप दे दिया है, जो 15 तारीख़ से लागू होगा. इसके तहत, सेवा क्षेत्र या अन्य नौकरियों में पांच साल तक के लिए ब्रिटेन जाने वाले भारतीयों की तनख्वाह से पहले जो 25 फ़ीसदी राशि वहां की सरकार लेती थी, अब वह भारत में उनके भविष्य निधि (पीएफ) खाते में जमा होगी."
पीयूष गोयल ने बताया कि यह पैसा उनका अपना होगा, जिस पर 8.25 फ़ीसदी टैक्स-फ्री ब्याज मिलेगा.
राम मंदिर चंदा चोरी मामले में केजरीवाल का हस्ताक्षर अभियान, बीजेपी क्या बोली
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरिवाल
अरविंद
केजरीवाल ने राम मंदिर चढ़ावे में कथित चोरी के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने
के लिए रविवार को एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया.
उन्होंने कहा, "पूरा देश
जानता है कि भगवान राम के नाम पर वोट किसने मांगे. पिछले 40-50 साल से भारतीय जनता
पार्टी और उससे जुड़े संगठन भगवान राम के नाम पर वोट मांगने में कोई कसर नहीं छोड़
रहे हैं.”
“वहीं, भगवान राम ने भी उन्हें
वोट दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्होंने केंद्र में और 21 राज्यों में सरकार बनाई.
इसके बावजूद उन्होंने भगवान राम के साथ विश्वासघात किया."
केजरीवाल रविवार को दिल्ली में एक सुंदरकांड पाठ में शामिल हुए.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "आज हम सभी राम भक्तों ने यह संकल्प लिया है कि श्री राम मंदिर में डकैती करने वाले महापापियों को फांसी की सजा दिलवाकर ही दम लेंगे. यही भगवान राम का आदेश है और हमारा धर्म है."
इस बीच दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने एक वीडियो जारी कर अरविंद केजरीवाल के सुंदरकांड में शामिल होने पर सवाल उठाया है.
उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल के लिए श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन एक राजनीतिक छलावा मात्र है. वे श्री सुंदरकांड का आयोजन कर अपनी राजनीतिक स्थिति सुधारने का प्रयास कर रहे हैं. अरविंद केजरीवाल बताएं कि वे कब तक श्री हनुमान जी और श्री सुंदरकांड पाठ के नाम पर अपनी बगुला भक्ति दिखाकर हिंदू धर्म की भावनाओं का अपमान करते रहेंगे."
ईरान बोला- एकतरफ़ा डील का दौर अब ख़त्म, अगले आदेश तक होर्मुज़ स्ट्रेट बंद
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ अमेरिका के साथ समझौता वार्ता की अगुवाई कर रहे थे (फ़ाइल फ़ोटो)
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि 'एकतरफ़ा डील का दौर अब ख़त्म' हो गया है.
उन्होंने लिखा, "एकतरफ़ा समझौतों का दौर अब ख़त्म हो चुका है. हमने आपसे कहा था, अपनी बात पर कायम रहें, वरना अंजाम भुगतें. हक़ीकत अब सामने आ रही है."
उन्होंने अमेरिका के साथ हुए एमओयू के पांचवें पॉइंट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है, जिसमें लिखा है कि एमओयू पर हस्ताक्षर करने के बाद ईरान 60 दिनों तक बिना किसी कर वसूली के कमर्शियल जहाज़ों को फ़ारस की खाड़ी से ओमान की खाड़ी तक सुरक्षित निकालने देगा.
भारत में मौजूद ईरानी दूतावास ने एक्स पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर का बयान पोस्ट किया है,
इसमें लिखा है, "अगली सूचना तक होर्मुज़ स्ट्रेट बंद रहेगा और इस क्षेत्र में अमेरिकी दख़ल ख़त्म होने तक बंद ही रहेगा. किसी भी जहाज़ को इस स्ट्रेट से गुज़रने की इजाज़त नहीं होगी."
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक, आईआरजीसी ने एक बयान में कहा है कि अमेरिका की ओर से ईरान के दक्षिणी शहरों पर हुए हमलों के जवाब में उसने होर्मुज़ स्ट्रेट में एक दूसरे जहाज़ को निशाना बनाया और उसे रोक दिया है.
बयान में यह भी कहा गया है, "जवाबी कार्रवाई के दूसरे चरण में क़तर के अल-उदैद में स्थित अमेरिकी हवाई अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया. इस हमले में लड़ाकू विमानों के मरम्मत और रखरखाव केंद्र, हवाई अड्डे के कमांड और कंट्रोल सेंटर को नष्ट कर दिया गया है."
ईरान के धुर विरोधी अमेरिकी रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम का निधन
इमेज स्रोत, Heather Diehl/Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका के रिपब्लिकन सीनेटर और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के क़रीबी सहयोगी लिंडसे ग्राहम का शनिवार को 71 वर्ष की उम्र मेंनिधन हो गया.
लिंडसे ग्राहम के निधन की पुष्टि उनके कार्यालय ने आधिकारिक बयान जारी कर की. ग्राहम की मौत 'बीमारी की वजह' से हुई है.
उनके कार्यालय की ओर से कहा गया, "सीनेटर ग्राहम का परिवार इस कठिन समय में लोगों से दुआओं और समर्थन की अपील करता है. साथ ही परिवार ने उनकी निजता का सम्मान किए जाने का अनुरोध भी किया है."
साउथ कैरोलाइना से अमेरिकी सीनेट के लिए निर्वाचित लिंडसे ग्राहम रिपब्लिकन पार्टी और अमेरिकी कंज़रवेटिव राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल थे. विदेश नीति के मुद्दों पर उनकी स्पष्ट और सख़्त राय के कारण उनकी अलग पहचान थी.
ग्राहम ईरान के इस्लामी शासन के मुख़र आलोचक रहे. उन्होंने ईरान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाने की वकालत की.
उनका मानना था कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम, क्षेत्रीय गतिविधियां और मध्य पूर्व में ईरान समर्थित समूहों की भूमिका अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए प्रमुख बड़ी चुनौतियां हैं.
अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी की कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
मध्य पूर्व: पाकिस्तान-ईरान की चर्चा, इसहाक़ डार ने अराग़ची से ये कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार और ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची से टेलीफ़ोन पर बातचीत की. इस दौरान दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व के मौजूदा हालात पर चर्चा की.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, इसहाक़ डार ने सभी संबंधित पक्षों से तनाव कम करने की दिशा में क़दम उठाने और संयम बरतने की अपील की.
उन्होंने कहा कि जून 2026 में हुए इस्लामाबाद एमओयू में भी तनाव कम करने, बातचीत और कूटनीति को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी थी.
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री ने कहा कि विवादों के समाधान और क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करने का सबसे प्रभावी रास्ता बातचीत और कूटनीति ही है.
बयान में कहा गया कि इसहाक़ डार ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए पाकिस्तान की सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई.
दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय घटनाक्रम को लेकर आपसी संपर्क और समन्वय बनाए रखने पर सहमति जताई.
भारत की तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़ ने रचा इतिहास, इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट में लिए पांच विकेट
इमेज स्रोत, Pat Elmont - ECB/ECB via Getty Images
इमेज कैप्शन, क्रांति गौड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 रन देकर पांच विकेट झटके
भारतीय तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़ ने लॉर्ड्स टेस्ट के ऑनर्स बोर्ड पर अपना नाम दर्ज कर इतिहास रच दिया. वह लॉर्ड्स के टेस्ट ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं.
क्रांति की गेंदबाज़ी के दम पर भारत ने इंग्लैंड को पहली पारी में 170 रन पर समेटते हुए 115 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की.
भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 285 रन बनाए थे. इसके जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 170 रन पर सिमट गई.
क्रांति गौड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 रन देकर पांच विकेट झटके.
उन्होंने पहले दिन टैमी ब्यूमोंट का विकेट लेने के बाद दूसरे दिन भी अपनी लय बरकरार रखी और माया बुशियर (23), एलिस कैप्सी (9) और इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट (44) को पवेलियन भेजा.
क्रांति के अलावा सयाली सतघरे और स्नेह राणा ने दो-दो विकेट अपने नाम किए, जबकि दीप्ति शर्मा को एक सफलता मिली.
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 154 रन बना लिए थे.
इस तरह भारतीय टीम की कुल बढ़त 269 रन हो गई है और उसने मुकाबले में अपनी पकड़ मज़बूत कर ली है.
दक्षिण अफ़्रीका के फुटबॉलर जेडन एडम्स का 25 साल की उम्र में निधन, माइकल शॉर्ट, सीनियर जर्नलिस्ट, बीबीसी स्पोर्ट
इमेज स्रोत, Hector Vivas - FIFA/FIFA via Getty Images
इमेज कैप्शन, फ़ुटबॉलर जेडन एडम्स का शव एक घर में मिला, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है
दक्षिण अफ़्रीका और मामेलोडी सनडाउन्स के मिडफील्डर जेडन एडम्स का 25 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनका निधन देश के लिए वर्ल्ड कप में खेलने के कुछ हफ़्तों बाद हुआ.
दक्षिण अफ़्रीकी पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह सेंट्रल केपटाउन के शॉटशेक्लूफ इलाके के एक घर में उनका शव मिला, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है.
जेडन एडम्स ने वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ़्रीका के ग्रुप चरण के तीनों मैच खेले थे. उनकी टीम नॉकआउट दौर तक पहुंची थी, लेकिन राउंड ऑफ़ 32 में कनाडा के ख़िलाफ़ हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी.
दक्षिण अफ़्रीका के खेल, कला और संस्कृति मंत्री गैटन मैकेंज़ी ने एक बयान में कहा, "बहुत गहरे सदमे और भारी मन के साथ मुझे जेडन एडम्स के निधन की जानकारी मिली है."
उन्होंने बताया, "दक्षिण अफ़्रीकी फुटबॉल ने अपनी सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में से एक को खो दिया है. पूरा देश उनके परिवार, टीम के साथियों और लाखों प्रशंसकों के साथ दुख में शामिल है."
मैकेंज़ी ने आगे कहा, "जेडन की मौत का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. मैं मीडिया और आम लोगों से अपील करता हूं कि वे संयम बनाए रखें और किसी भी तरह की अटकलों से बचें. इस बेहद मुश्किल समय में उनके परिवार और मामेलोडी सनडाउन्स को प्राइवेट स्पेस देना चाहिए."
दक्षिण अफ़्रीकी फ़ुटबॉल प्लेयर्स यूनियन ने एडम्स के असमय निधन पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि एडम्स ने 2022 में दक्षिण अफ़्रीका के लिए अपना पहला मैच खेला था.
यूनियन ने कहा, "जेडन ने हाल ही में 2026 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ़्रीका का प्रतिनिधित्व किया था. उनका निधन उनके परिवार, टीम के साथियों, क्लबों, फ़ुटबॉल जगत और पूरे देश के लिए बहुत बड़ा नुकसान है."
ब्रेकिंग न्यूज़, क़तर के पूर्व अमीर शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा का 74 साल की उम्र में निधन
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, क़तर के पूर्व अमीर शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल थानी
क़तर के पूर्व अमीर शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल थानी का रविवार सुबह 74 साल की उम्र में निधन हो गया. इसकी जानकारी क़तर सरकार ने दी है.
शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल थानी 1995 से 2013 तक क़तर के अमीर रहे.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल थानी को आधुनिक क़तर बनाने वाले प्रमुख लोगों में से एक माना जाता है. उनके शासन के दौरान देश ने तेज़ आर्थिक विकास देखा.
उनके शासन के दौरान उन्हीं के आदेश पर 1996 में अल जज़ीरा इंटरनेशनल नेटवर्क की शुरुआत हुई.
साल 2013 में उन्होंने सत्ता अपने बेटे शेख़ तमीम बिन हमद अल थानी को सौंप दी थी, जो वर्तमान में क़तर के अमीर हैं.
मणिपुर: किसान की गोली मारकर हत्या, मैतेई समुदाय के घरों में आग लगाने से बढ़ा तनाव, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Manipur Police
इमेज कैप्शन, मैतेई समुदाय के कुछ घरों में आग लगने के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया
मणिपुर के कांगपोकपी ज़िले में संदिग्ध उग्रवादियों ने एक 53 वर्षीय आदिवासी किसान की गोली मारकर हत्या कर दी है.
यह हमला शनिवार दोपहर को हुआ जब किसान अपनी पत्नी के साथ धान के खेत में काम कर रहा था. कांगपोकपी पुलिस ने मृतक की पहचान गोवाजंग गांव के हाओलाल सिंगसिट के तौर पर की है.
इस घटना को लेकर एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "शनिवार को जब हाओलाल अपने खेत में काम कर रहा था, तभी हथियारबंद हमलावरों ने उस पर फायरिंग की. कई गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हमले के दौरान उनकी पत्नी भी वहां मौजूद थी, लेकिन वो वहां से सुरक्षित जगह भागने में सफल रही."
पुलिस ने इस घटना को लेकर एक मामला दर्ज किया है और आसपास के इलाकों में हमलावरों की तलाश में अभियान चला रही है. कांगपोकपी ज़िले के ट्विलांग इलाके में गोवाजांग कुकी समुदाय का आखिरी गांव है, जहां इस समय भय का माहौल है.
इमेज स्रोत, Manipur Police
इमेज कैप्शन, पुलिस आसपास के इलाकों में हमलावरों की तलाश में अभियान चला रही है (फ़ाइल फ़ोटो)
इस बीच शनिवार दोपहर करीब 2 बजे मैतेई लोगों के कुछ घरों में आग लगा दी गई, जिसके बाद इलाके में तनाव बढ़ गया.
इस घटना पर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी करते हुए बताया कि कांगपोकपी ज़िले के कांटो सबल गांव (जो एक मैतेई गांव है) में हुई हिंसा और खाली घरों में आग लगाने की कोशिश के मामले में कार्रवाई की गई है.
मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ, आरएएफ और सेना की संयुक्त टीमों ने लीमाखोंग एरिया प्रोटेक्शन कमिटी के चेयरमैन और हेंगजांग गांव के मुखिया कम्मंग ल्होवम (65 वर्ष) और खुनखो कुकी गांव के पैगिन हैंगशिंग (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है.
कनाडा: टोरंटो में साल्सा फ़ेस्टिवल में गोलीबारी, दो लोगों की मौत, टैबी विल्सन
इमेज स्रोत, Jorge UZON / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पुलिस ने बताया कि दो लोगों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया
कनाडा के टोरंटो शहर में एक उत्सव के दौरान शनिवार रात को हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई.
पुलिस को स्थानीय समय के अनुसार, रात क़रीब 8:12 बजे सेंट क्लेयर एवेन्यू पर एक हमलावर के बारे में सूचना मिली. उस समय वहां साल्सा फ़ेस्टिवल चल रहा था. मौके पर पहुंची पुलिस को यहां छह घायल लोग मिले.
पुलिस ने बताया कि इनमें से दो लोगों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया.
पुलिस ने कहा कि घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है. हालांकि, लोगों से अपील की गई है कि वे इस इलाक़े से दूर रहें. पुलिस की बड़ी मौजूदगी अभी भी वहां बनी रहेगी.
पुलिस के मुताबिक़, गोलीबारी के संदिग्ध हमलावर या हमलावरों को अभी तक गिरफ़्तार नहीं किया गया है.
ओंटारियो की सरकार के प्रमुख डग फ़ोर्ड ने साल्सा उत्सव में हुई इस हिंसा की निंदा की. उन्होंने कहा कि इस घटना में दो लोगों की जान गई और कई अन्य घायल हुए हैं.
डग फ़ोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी बयान में लिखा, "दोषी को पकड़ा जाना चाहिए, उसे क़ानून के अनुसार सज़ा मिलनी चाहिए."
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: अर्जेंटीना ने स्विट्ज़रलैंड को 3-1 से हराया, सेमीफ़ाइनल में इस टीम से होगी भिड़ंत
इमेज स्रोत, Kevin C. Cox/Getty Images
इमेज कैप्शन, अर्जेंटीना का मुक़ाबला अब सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड से होगा
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फ़ाइनल में रविवार को अर्जेंटीना ने स्विट्ज़रलैंड के ख़िलाफ़ रोमांचक मुक़ाबले में जीत दर्ज की है.
अर्जेंटीना ने 3-1 के स्कोर से मुक़ाबला अपने नाम किया.
अब अर्जेंटीना का मुक़ाबला सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड से होगा. इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराकर सेमीफ़ाइनल में जगह पक्की की थी.
मैच के 10वें मिनट में एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने स्विट्ज़रलैंड के ख़िलाफ़ गोल दागते हुए अर्जेंटीना को 1-0 से बढ़त दिलाई.
इसके बाद स्विट्ज़रलैंड ने 67वें मिनट में वापसी करते हुए स्कोर को 1-1 से बराबर किया. स्विट्ज़रलैंड के डैन डोये ने बराबरी का गोल दागा.
निर्धारित समय में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं, इसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में गया. 112वें मिनट में अर्जेंटीना के अल्वारेज़ ने गोल कर टीम को स्विट्ज़रलैंड पर बढ़त दिलाई.
मैच के आख़िरी लम्हों में अर्जेंटीना के लौटारो मार्टिनेज़ ने गोल दागते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की और स्विट्ज़रलैंड की वापसी का रास्ता बंद कर दिया.
एम्बोलो को मिला येलो कार्ड
मैच के 72वें मिनट में मैदान पर स्विट्ज़रलैंड के एम्बोलो और अर्जेंटीना के परेडेस के बीच ड्रामा भी दिखा. दरअसल, गेंद एम्बोलो के पज़ेशन में थी और वह गिर पड़े. रेफ़री ने उनके पीछे खड़े अर्जेंटीना के परेडेस को यलो कार्ड दिखा दिया.
हालांकि, इसके बाद परेडेस के कहने पर वीएआर लिया गया. इसमें दिखा कि परेडेस का उनसे कोई कॉन्टैक्ट हुआ ही नहीं था.
रेफ़री ने फ़ैसला बदलते हुए एम्बोलो को येलो कार्ड दिखाया. एम्बोलो को लगातार दो मैचों में दूसरा येलो कार्ड मिला, जो रेड कार्ड में तब्दील हो गया. उन्हें मैदान से बाहर जाना पाड़ा.
गौरतलब है कि फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 का पहला हाई-वोल्टेज सेमीफ़ाइनल मुक़ाबला फ़्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा.
यह पहली दफ़ा है जब फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में टॉप रैंकिंग की शीर्ष चार टीम ही सेमीफ़ाइनल में पहुंची हैं.
चीन में एक हफ़्ते के भीतर दूसरा बड़ा तूफ़ान, 20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, रॉबर्ट ग्रीनॉल
इमेज स्रोत, Wang Dongming/China News Service/VCG via Getty Image
इमेज कैप्शन, इससे पहले फिलीपींस में इस तूफ़ान के कारण हुए भूस्खलन में कम से कम 17 लोगों की मौत हो चुकी है
चीन में शक्तिशाली तूफ़ान ‘बावी’ ने दस्तक दे दी है. यह एक सप्ताह के भीतर देश को प्रभावित करने वाला दूसरा बड़ा तूफ़ान है.
तूफ़ान के संभावित ख़तरे को देखते हुए इसके रास्ते में आने वाले इलाकों से करीब 20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक़, ‘बावी’ शनिवार शाम को पहली बार ताइज़ोउ शहर के तट से टकराया. इसके बाद रात में यह वेंझोउ में दोबारा जमीन से टकराया. यह तूफ़ान क़रीब 1,000 किलोमीटर के दायरे तक फैला हुआ है, जो लगभग फ्रांस के आकार के बराबर है.
चीन पहुंचने से पहले ‘बावी’ ने जापान के दूरदराज़ द्वीपों को प्रभावित किया और ताइवान के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश हुई.
इससे पहले फिलीपींस में इस तूफ़ान के कारण हुए भूस्खलन में कम से कम 17 लोगों की मौत हो चुकी है.
हालांकि, अब ‘बावी’ कमजोर पड़ रहा है, लेकिन इसके साथ मौजूद भारी नमी के कारण अभी भी भारी बारिश और बाढ़ का खतरा बना हुआ है.
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि तूफ़ान के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने के साथ इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है.
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि रविवार को पूर्वी झेजियांग प्रांत और उत्तर-पूर्वी फुजियान प्रांत में भारी बारिश हो सकती है. प्रशासन ने कहा कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने का फ़ैसला किसी भी गंभीर स्थिति से बचने के लिए लिया गया है.
इमेज स्रोत, Daniel Ceng/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, चीन पहुंचने से पहले ‘बावी’ ने जापान के दूरदराज़ द्वीपों को प्रभावित किया और ताइवान के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश हुई
सरकारी मीडिया के अनुसार, झेजियांग प्रांत में 17 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि पड़ोसी प्रांतों में भी हजारों लोगों को निकाला गया है.
तूफ़ान के चलते झेजियांग में स्कूल, कामकाज और बाहरी गतिविधियों को रोक दिया गया है. इसके अलावा करीब 400 उड़ानें और कई ट्रेन सेवाएं भी रद्द कर दी गई हैं.
चीन की राजधानी बीजिंग में भी एहतियात के तौर पर करीब एक लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं.
इससे पहले इस सप्ताह आए तूफ़ान ‘मायसाक’ से दक्षिणी चीन के कई इलाके अभी भी उबर नहीं पाए हैं. ‘मायसाक’ ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई थी.
मध्य प्रदेश: नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री और दिग्गज नेताओं से मुलाक़ात के बाद ये कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वो नामांकन में शामिल होने जाएंगे
मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार रात को मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुलाक़ात की.
इसके बाद उन्होंने कहा कि बीजेपी दतिया में जीत दर्ज करेगी.
दरअसल, नरोत्तम मिश्रा को दतिया विधानसभा उप चुनाव के लिए पार्टी ने टिकट नहीं दिया, जिसके बाद से ज़िले में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे. बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को यहां से अपना उम्मीदवार बनाया है.
मुख्यमंत्री से मुलाक़ात के बाद नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "बहुत अच्छी बात हुई. दतिया को जीतने की बात हुई. मैं अपने समर्थकों को कह चुका हूं कि धैर्य का परिचय दें. मैं निश्चित तौर पर नामांकन में शामिल होने जाऊंगा."
इससे पहले भी शनिवार दोपहर को उन्होंने कहा था, "यह पार्टी का फ़ैसला है. मैंने सोशल मीडिया पर पेट्रोल और मिट्टी का तेल डालने वाले वीडियो देखे हैं, कार्यकर्ताओं से अपील है कि ऐसा कोई काम ना करें."
गौरतलब है कि बीजेपी के नरोत्तम मिश्रा दतिया से तीन बार विधायक रह चुके हैं, लेकिन 2023 में वो यहां से चुनाव हार गए थे. उप चुनाव के लिए उन्हें यहां से टिकट नहीं मिला.
अमेरिका ने ईरान पर फिर किए हवाई हमले, जवाब में आईआरजीसी ने उठाया ये बड़ा कदम, रॉबर्ट ग्रीनॉल और टैबी विल्सन
इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, सेंटकॉम का कहना है कि आईआरजीसी ने साइप्रस के झंडे वाले एक जहाज़ पर हमला किया था (फ़ाइल फ़ोटो: आईआरजीसी गार्ड)
अमेरिका ने रविवार को एक बार फिर ईरान पर हवाई हमले किए हैं. यह हाल के दिनों में ईरान पर किए गए हमलों का तीसरा दौर है.
अमेरिका के मुताबिक़ पहले ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे एक जहाज़ पर हमला किया, जिसके बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) की ओर से जवाबी हमले हुए.
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने कहा है कि अगले आदेश तक होर्मुज़ स्ट्रेट को बंद कर दिया गया है.
ईरान की सरकारी मीडिया के मुताबिक़, जिस जहाज़ पर हमला किया गया, उसने अपने सिस्टम बंद कर दिए थे और तय रास्ते से हट गया था. इसके बाद उस पर हमला किया गया.
दूसरी ओर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसने इस हफ़्ते ईरान पर तीसरे दौर के हमले किए हैं. सेंटकॉम का कहना है कि आईआरजीसी ने साइप्रस के झंडे वाले एक जहाज़ पर हमला किया था.
सेंटकॉम ने कहा कि इंजन वाले हिस्से को भारी नुक़सान पहुंचने की वजह से जहाज़ अपनी यात्रा जारी नहीं रख सका. उसके मुताबिक़, जहाज़ पर मौजूद चालक दल का एक सदस्य लापता है.
सेंटकॉम ने एक्स पर जारी बयान में कहा, "कारोबारी जहाज़ों पर पहले हुए हमलों के बाद जवाबदेही तय किए जाने के बाद भी ईरान को समझौते का पालन करने का एक और मौक़ा दिया गया था, लेकिन वह फिर नाकाम रहा."
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी यह बयान साझा किया. उन्होंने लिखा, "ईरान ने ग़लत फ़ैसला लिया. अब उसे इसकी क़ीमत चुकानी होगी."
इससे पहले इसी हफ़्ते तीन कारोबारी तेल टैंकरों पर हमले हुए थे. इसके बाद अमेरिका और ईरान के बीच हमलों का सिलसिला शुरू हो गया.
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप-2026: इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हरकार सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई
इमेज स्रोत, Peter Joneleit/Icon Sportswire via Getty Images
इमेज कैप्शन, जूड बेलिंगहैम के दो गोल की बदौलत इंग्लैंड ने सेमीफ़ाइनल में पहुंचा
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप-2026 के क्वार्टर फ़ाइनल में इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हरा दिया और सेमीफ़ाइनल में एंट्री पा ली है.
मियामी में खेले गए इस मुक़ाबले में शुरुआती बढ़त नॉर्वे को मिली, लेकिन इसके बाद इंग्लैंड ने वापसी करते हुए पहले बराबरी की और फिर एक्स्ट्रा टाइम में विजयी गोल दागा.
दरअसल, मैच के पहले हाफ के 36वें मिनट में एंड्रियास शेल्डेरुप के गोल ने नॉर्वे को 1-0 की बढ़त दिलाई. लेकिन पहले हाफ के इंजरी टाइम में जूड बेलिंगहैम ने गोल कर इंग्लैंड को बराबरी पर ला दिया. हाफ टाइम पूरा होने तक दोनों टीमों का स्कोर 1-1 था, जिस वजह से मुक़ाबला रोमांचक हो गया.
इसके बाद दूसरे हाफ़ के एक्स्ट्रा टाइम की शुरुआत में ही बेलिंगहैम ने एक और गोल दाग दिया. मैच के 93वें मिनट में किए गए इस गोल ने इंग्लैंड की टीम की जीत सुनिश्चित कर दी. एक्स्ट्रा टाइम के 30 मिनट तक इंग्लैंड ने ये बढ़त बरकरार रखते हुए मैच 2-1 से जीत लिया.
साल 2018 के बाद पहली बार इंग्लैंड ने सेमीफ़ाइनल में जगह बनाई है. अब सेमीफ़ाइनल में टीम का मुक़ाबला अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मैच के विजेता से होगा.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.
बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.