लाइव , रूस और यूक्रेन के इमरजेंसी वार्निंग सिस्टम पर साइबर हमला

रूस और यूक्रेन ने अपने इमरजेंसी वार्निंग सिस्टम पर साइबर हमले होने का दावा किया है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • दिल्ली में बीजेपी की पदयात्रा
  • दिल्ली में पुलिस की तैनाती
  • वो दुकानदार जो सालों से दिल्ली में होनें वाले प्रोटेस्ट के हैं गवाह
  • बैरिकेड का रंग पीला क्यों होता है
  • जर्मनी में ‘ईगल्स नेस्ट’ नाम की इमारत में 23 अक्तूबर को आग लग गई
  • झांग शुए
  • जेडीयू से निकाले गए अनंत सिंह

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. रूस और यूक्रेन के इमरजेंसी वार्निंग सिस्टम पर साइबर हमला

    इमरजेंसी वार्निंग सिस्टम
    इमेज कैप्शन, रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने कहा है कि उसके अलर्ट ऐप पर बड़े पैमाने पर साइबर हमला हुआ है (फ़ाइल फ़ोटो)

    रूस और यूक्रेन ने अपने इमरजेंसी वार्निंग सिस्टम पर साइबर हमले होने का दावा किया है.

    हैकर्स ने दोनों देशों के नागरिकों को फ़र्ज़ी अलर्ट भेजे, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में दहशत की स्थिति पैदा हो गई. इन संदेशों में रेडिएशन के ख़तरे और परमाणु हमले जैसी चेतावनियां दी गई थीं.

    रूस के आपातकालीन मंत्रालय ने कहा है कि उसके अलर्ट ऐप पर बड़े पैमाने पर साइबर हमला हुआ है. मंत्रालय के मुताबिक़, इस हमले के ज़रिए हैकर ग़लत सूचनाएं भेज सकते थे.

    हालांकि, मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि देश का सार्वजनिक अलर्ट सिस्टम नॉर्मल तरीके से काम कर रहा है.

    वहीं, यूक्रेन के एयर रेड वार्निंग ऐप से भी कथित साइबर हमले के बाद फ़र्ज़ी चेतावनियां भेजे जाने का मामला सामने आया है.

    यूक्रेन के सेंटर फॉर स्ट्रैटेजिक कम्युनिकेशंस ने इस साइबर हमले के लिए रूस को ज़िम्मेदार ठहराया है.

    संगठन ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए यूक्रेन के एयर रेड ऐप पर दिखाई देने वाले कुछ अलर्ट की तस्वीरें भी जारी कीं.

  2. दिल्ली में फिर बढ़ा प्रदूषण: इन दो इलाक़ों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 350 के आसपास

    दिल्ली की एयर क्वालिटी
    इमेज कैप्शन, दिल्ली के इलाक़ों की हवा ‘बहुत ख़राब’ श्रेणी में पहुंच गई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर तेज़ी से बढ़ने लगा है.

    बारिश के बाद जहां दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 100 से नीचे पहुंच गया था, वहीं अब यह बढ़कर 350 के क़रीब पहुंच गया है.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक़, अक्षरधाम मंदिर और आईटीओ के आसपास एयर क्वालिटी इंडेक्स 349 दर्ज किया गया है. इन इलाक़ों की हवा ‘बहुत ख़राब’ श्रेणी में पहुंच गई है.

    वहीं, इंडिया गेट और जनपथ के आसपास भी प्रदूषण का स्तर काफ़ी बढ़ा हुआ है. यहां एक्यूआई 335 दर्ज किया गया है, जो ‘बहुत ख़राब’ श्रेणी में आता है.

    इससे पहले शनिवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 117 रहा था, जो मध्यम श्रेणी में आता है.

    रविवार को यह बढ़कर 261 पर पहुंच गया. वहीं, शाम 6 बजे के बाद एक्यूआई में और इज़ाफ़ा हुआ और यह 272 दर्ज किया गया.

  3. आंध्र प्रदेश: पुलिस की गोली से घायल हुआ छात्रा पर आरी से हमला करने वाला, बाला सतीश

    अनंतपुर के एसपी जगदीश
    इमेज कैप्शन, अनंतपुर के एसपी जगदीश का कहना है कि स्थिति को देखते हुए जान बचाने के लिए पुलिस ने आत्मरक्षा में अभियुक्त पर गोली चलाई

    आंध्र प्रदेश के अनंतपुर ज़िले में दसवीं कक्षा की छात्रा पर इलेक्ट्रिक आरी से हमला करने के मामले में मुख्य अभियुक्त हेमंत पर पुलिस ने गोली चलाई है.

    अनंतपुर के एसपी जगदीश ने मीडिया को इसकी जानकारी दी.

    एसपी जगदीश के मुताबिक़, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अभियुक्त हेमंत आत्मकूर के जंगल क्षेत्र में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस की दो विशेष टीमों को उसकी तलाश में मौक़े पर भेजा गया.

    एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने जब अभियुक्त को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने सीआई वेंकटेश्वर पर चाकू से हमला कर दिया. इसके बाद पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी और पहले हवा में गोलियां चलाईं.

    हालांकि, अभियुक्त ने इसके बावजूद आत्मसमर्पण नहीं किया और लगातार चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश करता रहा.

    एसपी के अनुसार, अभियुक्त पिछले दिन से नशे की हालत में था. स्थिति को देखते हुए जान बचाने के लिए पुलिस ने आत्मरक्षा में हेमंत पर गोली चलाई.

    मीडिया से बातचीत के दौरान एसपी जगदीश ने यह स्पष्ट नहीं किया कि पुलिस ने कुल कितने राउंड फ़ायरिंग की.

    उन्होंने बताया, "अभियुक्त हेमंत और घायल सीआई वेंकटेश्वर को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दोनों का फ़िलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है."

  4. ईरान का प्रस्ताव- अमेरिका ऐसा करता है तो दूसरे ही दिन खोल देंगे होर्मुज़ स्ट्रेट

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची
    इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा कि इस प्रस्ताव को लेकर क़तर के मध्यस्थों के साथ बातचीत जारी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि अमेरिका के साथ तनाव के बीच ईरान ने अपने प्रस्तावित सात दिवसीय प्लान को घटाकर दो दिन कर दिया है.

    टेलीविज़न नेटवर्क अल जज़ीरा को दिए एक इंटरव्यू में अराग़ची ने बताया कि अगर अमेरिका पहले दिन ईरान की शर्तों को पूरा करता है, तो दूसरे दिन होर्मुज़ स्ट्रेट को खोल दिया जाएगा.

    दरअसल, ईरान के 7-दिवसीय प्लान में तनाव कम करना, होर्मुज़ स्ट्रेट खोलना और नई बातचीत की शुरुआत करना शामिल था. लेकिन अब इसे दो दिन के फ़्रेमवर्क पर लाने का प्रस्ताव दिया गया है.

    अराग़ची ने कहा, "इस प्रस्ताव को लेकर क़तर के मध्यस्थों के साथ बातचीत जारी है. हालांकि, अभी तक इस पर कोई अंतिम सहमति नहीं बन पाई है. प्रस्ताव लागू होगा या नहीं, इसका फ़ैसला दूसरे पक्ष की ओर से ईरान के सवालों पर दिए जाने वाले जवाबों पर निर्भर करेगा."

    गौरतलब है कि ईरानी विदेश मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब फ़ारस की खाड़ी में कई अन्य तेल और गैस टैंकरों को निशाना बनाए जाने की ख़बरें सामने आई हैं.

    क्या हैं ईरान की शर्तें?

    ईरान के सात दिवसीय शांति प्रस्ताव के तहत शुरुआती एक से पांच दिनों में अमेरिका और उसके सहयोगियों को सैन्य संघर्ष पूरी तरह रोकना होगा, ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी हटानी होगी, तेल निर्यात पर लगी पाबंदियों में ढील देनी होगी और विदेशों में फ़्रीज़ की गई ईरानी संपत्तियों को बहाल करना होगा.

    इसके बदले में छठे दिन ईरान 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़' को व्यावसायिक जहाजों के लिए खोल देगा. सातवें दिन दोनों पक्षों के बीच परमाणु कार्यक्रम पर नई औपचारिक बातचीत शुरू की जाएगी.

  5. 'अर्नब' के बाद एक्टिव हुआ एक और चक्रवाती तूफ़ान, यहां हो सकता है असर

    तूफ़ान
    इमेज कैप्शन, आईएमडी ने बताया कि चक्रवाती तूफ़ान ‘मुरासु’ के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है (सांकेतिक तस्वीर)

    बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफ़ान ‘मुरासु’ और अधिक शक्तिशाली हो गया है.

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक़, तूफ़ान पिछले छह घंटों के दौरान 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है.

    मौसम विभाग के अनुसार, तूफ़ान फ़िलहाल तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से क़रीब 260 किलोमीटर, आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से 290 किलोमीटर, मछलीपट्टनम से 320 किलोमीटर और विशाखापत्तनम से क़रीब 470 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है.

    आईएमडी ने बताया कि चक्रवाती तूफ़ान ‘मुरासु’ के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है. अनुमान है कि यह 2 नवंबर की मध्यरात्रि से 3 नवंबर की सुबह के शुरुआती घंटों के बीच आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट से टकरा सकता है.

    तूफ़ान के तट से टकराने के दौरान हवा की रफ़्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है. वहीं, इस दौरान हवा के झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.

    मौसम विभाग के मुताबिक़, चक्रवाती तूफ़ान ‘मुरासु’ का असर देश के 10 राज्यों और क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है. इनमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र का विदर्भ क्षेत्र और पूर्वी मध्य प्रदेश शामिल हैं.

    बंगाल की खाड़ी में उठा यह दूसरा चक्रवाती तूफ़ान है. इससे पहले 26 अक्टूबर को चक्रवात ‘अर्नब’ आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था. इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में बारिश हुई थी.

  6. किमी एंटोनेली बने एफ़1 के सबसे युवा विश्व चैंपियन, तोड़ा सेबेस्टियन वेटेल का रिकॉर्ड

    किमी एंटोनेली
    इमेज कैप्शन, तीसरे स्थान के साथ 20 वर्षीय किमी एंटोनेली फॉर्मूला वन इतिहास के सबसे युवा वर्ल्ड चैंपियन बन गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    इटली के किमी एंटोनेली ने ने मेक्सिको सिटी ग्रैंड प्रिक्स में तीसरा स्थान हासिल कर 2026 फॉर्मूला वन (एफ़1) विश्व चैंपियनशिप का ख़िताब अपने नाम कर लिया है.

    मेक्सिको सिटी ग्रैंड प्रिक्स में मैक्स वर्स्टापेन ने पहला और लुईस हैमिल्टन ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि किमी एंटोनेली तीसरे स्थान पर रहे.

    तीसरे स्थान के साथ 20 वर्षीय किमी एंटोनेली फॉर्मूला वन इतिहास के सबसे युवा वर्ल्ड चैंपियन बन गए हैं. उन्होंने सेबस्टियन वेटेल का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 2010 में 23 साल की उम्र में यह ख़िताब जीता था.

    वह 1953 के बाद फॉर्मूला वन विश्व चैंपियनशिप जीतने वाले पहले इतालवी ड्राइवर भी बने हैं.

    ख़िताब जीतने के बाद एंटोनेली भावुक हो गए. रेस पूरी होने के बाद स्लोडाउन लैप के दौरान टीम ने जब उन्हें विश्व चैंपियन बनने की जानकारी दी, तो वह कुछ देर तक रेडियो पर बोल नहीं सके. उनकी आवाज़ में ख़ुशी और आंसू दोनों साफ़ झलक रहे थे.

    ख़ुद को संभालने के बाद उन्होंने कहा, "आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद. हमने कर दिखाया."

  7. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.