लाइव, ब्रिटेन: दो ट्रेनों के बीच टक्कर में एक ड्राइवर की मौत, क़रीब 90 लोग घायल

स्थानीय एम्बुलेंस सर्विस का कहना है कि इस हादसे में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि 22 अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. इस हादसे में 56 लोगों को मामूली चोटें आई हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. ब्रिटेन: दो ट्रेनों के बीच टक्कर में एक ड्राइवर की मौत, क़रीब 90 लोग घायल

    एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ी

    इमेज स्रोत, Photo by Brook Mitchell/Getty Images

    इमेज कैप्शन, हादसे के फ़ौरन बाद इमरजेंसी सेवा की 30 से ज़्यादा गाड़ियों को राहत और बचाव के काम में लगाया गया

    ब्रिटेन में बेडफ़ोर्ड के पास ईस्ट मिडलैंड्स रेलवे की दो ट्रेनों की टक्कर में एक ट्रेन ड्राइवर की मौत हो गई है.

    स्थानीय समय के मुताबिक़ ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस को शुक्रवार शाम 5:15 बजे इस हादसे की सूचना मिली.

    नेशनल यूनियन ऑफ़ रेल, मैरीटाइम एंड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स ने पुष्टि की है कि इस हादसे में एक ट्रेन ड्राइवर की मौत हो गई.

    स्थानीय एम्बुलेंस सर्विस का कहना है कि इस हादसे में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि 22 अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं. इस हादसे में 56 लोगों को मामूली चोटें आई हैं.

    ईस्ट मिडलैंड्स रेलवे के अनुसार, जिन ट्रेनों में टक्कर हुई, उनमें कॉर्बी से लंदन सेंट पैनक्रास जाने वाली ट्रेन और नॉटिंघम से लंदन सेंट पैनक्रास जाने वाली ट्रेन शामिल थीं. हादसे के वजहों की जांच फ़िलहाल जारी है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने इस हादसे में मारे गए और घायल हुए लोगों के प्रति दुख जताया है.

  2. विदेश मंत्रालय इसे भारत की बड़ी जीत क्यों बता रहा है?

    विवेक अग्रवाल

    इमेज स्रोत, PIB

    इमेज कैप्शन, विवेक अग्रवाल फ़िलहाल संस्कृति मंत्रालय के सचिव का पद संभाल रहे हैं

    भारत को पहली बार मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद को मिलने वाली आर्थिक सहायता पर नज़र रखने वाली वैश्विक संस्था फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफ़एटीएफ़) के उपाध्यक्ष का पद मिला है.

    भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी विवेक अग्रवाल को इस पद के लिए चुना गया है. विदेश मंत्रालय ने इस नियुक्ति को भारत की बड़ी जीत बताया है.

    विवेक अग्रवाल फ़िलहाल संस्कृति मंत्रालय के सचिव हैं और वे जुलाई 2026 से जून 2027 तक एफ़एटीएफ़ के उपाध्यक्ष का पद संभालेंगे.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है, "एफ़एटीएफ़ में भारत की बड़ी जीत. भारत सरकार के सचिव विवेक अग्रवाल को फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (एफ़एटीएफ़) का वाइस प्रेसिडेंट चुना गया है.''

    ''आतंकवाद के ख़िलाफ़ जीरो-टॉलरेंस नीति पर आगे बढ़ते हुए भारत की यह नई नेतृत्व भूमिका वैश्विक आतंकवादी फंडिंग नेटवर्क से लड़ने और अवैध वित्तीय तंत्र को ख़त्म करने की उसकी प्रतिबद्धता को और मज़बूत करती है.''

    ''भारत के एफ़एटीएफ़ प्रतिनिधिमंडल के पूर्व प्रमुख और एफ़आईयू-आईएनडी के पूर्व निदेशक के रूप में उनका गहरा अनुभव एफ़एटीएफ़ के वित्तीय प्रणाली की वैश्विक अखंडता सुनिश्चित करने के मिशन को आगे बढ़ाने में मदद करेगा.''

  3. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.