लाइव, ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक यूएई और बहरीन पर कितने ड्रोन और मिसाइलें दाग़ी गईं?
बहरीन ने ईरान युद्ध की शुरुआत के बाद से इंटरसेप्ट किए गए हवाई हमलों का आंकड़ा जारी किया है.
सारांश
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि उसके पास 'समझौता करने या होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने' के लिए 48 घंटे का समय है, वरना 'क़हर बरपेगा'
अमेरिका में रह रहे कासिम सुलेमानी के रिश्तेदारों को हिरासत में लिया गया, विदेश मंत्रालय ने ये बताया
इमेज स्रोत, AFP
इमेज कैप्शन, अमरीका ने 3 जनवरी 2020 को बगद़ाद हवाई अड्डे के पास ड्रोन से हमला कर ईरान के अल-क़ुद्स फ़ोर्स के प्रमुख क़ासिम सुलेमानी को मार डाला था (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बताया है कि बीती रात ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के मारे गए मेजर जनरल कासिम सुनेमानी की भतीजी और उनकी बेटी को फ़ेडरल एजेंट्स ने हिरासत मेंलिया है.
यह कार्रवाई विदेश मंत्री मार्को रूबियो के उस फ़ैसले के बाद की गई, जिसमें रूबियो ने दोनों के क़ानूनी तौर पर स्थायी निवासी (एलपीआर) के दर्जे को समाप्त कर दिया.
विदेश विभाग के प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, “कासिम सुलेमानी की भतीजी हामिदेह सुलेमानी अफशर और उनकी बेटी अब अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट की हिरासत में हैं. समाचार माध्यमों की ख़बरों और उनके अपने सोशल मीडिया कमेंट्स से यह पता चलता है कि सुलेमानी अफशर ईरान के तानाशाही और आतंकवादी शासन की मुखर समर्थक हैं.”
इस प्रेस रिलीज़ में कहा गया, “अमेरिका में रहते हुए, उन्होंने ईरानी शासन के दुष्प्रचार को बढ़ावा दिया. मध्य पूर्व में अमेरिकी सैनिकों और सैन्य ठिकानों पर हुए हमलों का जश्न मनाया. ईरान के नए सर्वोच्च नेता की प्रशंसा की. अमेरिका को 'महान शैतान' कहकर उसकी निंदा की और आईआरजीसी (जिसे एक आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है) के प्रति अपना अटूट समर्थन ज़ाहिर किया.”
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने एक्स पर एक पोस्ट में अपने फ़ैसले की जानकारी दी
विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि अफशर सुलेमानी ने लॉस एंजलिस में एक आलीशान जीवन शैली का आनंद लेते हुए ईरान के आतंकवादी शासन के लिए इस दुष्प्रचार को आगे बढ़ाया, जैसा कि उनके हाल ही में हटाए गए इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी लगातार पोस्ट से साबित होता है.
हामिदेह सुलेमानी अफशर और उनकी बेटी के एलपीआर के दर्जे को समाप्त करने के अलावा, अफशर के पति के भी संयुक्त राज्य अमेरिका में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
इस महीने की शुरुआत में विदेश मंत्री रूबियो ने ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के पूर्व सचिव अली लारीजानी की बेटी, फ़ातिमा अर्देशियर लारीजानी और उनके पति सैयद कलंतर मोतमेदी के क़ानूनी दर्जे़ को भी समाप्त कर दिया था. अर्देशियर-लारीजानी और मोतमेदी दोनों अब अमेरिका में नहीं हैं और भविष्य में उनके प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है.
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ट्रंप प्रशासन अमेरिका को ऐसे विदेशी नागरिकों का ठिकाना नहीं बनने देगा जो अमेरिका-विरोधी 'आतंकवादी शासनों' का समर्थन करते हैं.
पाकिस्तान ने यूएई की 'जमा रकम' को लेकर चल रही ख़बरों पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जमा रकम को लेकर चल रही ख़बरों को 'भ्रामक और निराधार' बताते हुए ख़ारिज कर दिया है.
मंत्रालय ने कहा कि यह जमा रकम द्विपक्षीय व्यावसायिक समझौतों के तहत रखे गए थे, जो पाकिस्तान की आर्थिक स्थिरता के प्रति यूएई के मज़बूत समर्थन को दिखाते हैं. तय शर्तों के अनुसार, अब पाकिस्तान सरकार 'स्टेट बैंक ऑफ़ पाकिस्तान' के ज़रिए मैच्योर हो चुकी राशि यूएई को लौटा रही है.
बयान में कहा गया कि यह एक सामान्य वित्तीय प्रक्रिया है और इसे किसी अन्य तरह से पेश करना ग़लत और भ्रामक है. पाकिस्तान और यूएई के बीच लंबे समय से मज़बूत और भाईचारे के रिश्ते रहे हैं, जो व्यापार, निवेश, रक्षा और लोगों के आपसी संबंधों पर आधारित हैं.
मंत्रालय ने कहा कि यह रिश्ता समय के साथ और मज़बूत हुआ है और पाकिस्तान के लोग शेख ज़ायद बिन सुल्तान अल नाहयान की भूमिका को आज भी सम्मान के साथ याद करते हैं.
मध्य प्रदेश के अनूपपुर में इमारत गिरने से एक की मौत, कई के दबे होने की आशंका, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Shailendra Vishwakarma
इमेज कैप्शन, प्रशासन का कहना है कि मलबे से बाहर निकाले गए कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं
मध्य प्रदेश के अनूपपुर ज़िले में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ. अनूपपुर के कोतमा बस स्टैंड के पास स्थित अग्रवाल लॉज की बहुमंजिला इमारत अचानक गिर गई.
प्रशासन के मुताबिक़, हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. अब तक एक व्यक्ति का शव मलबे से निकला जा चुका है. लॉज के गिरने से आसपास की कई दुकानें भी इसकी चपेट में आ गई हैं.
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "अनूपपुर ज़िले के कोतमा नगर पालिका क्षेत्र में होटल का भवन ढहने की दुर्घटना दुखद है. एक नागरिक की मौत होना पीड़ादायक है. एनडीआरफ़ की टीम मौके़ के लिए रवाना हो चुकी है."
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में तीन लोगों को बाहर निकाले जाने की जानकारी दी है.
इमेज स्रोत, Shailendra Vishwakarma
इमेज कैप्शन, मौक़े पर राहत और बचाव का काम जारी है
प्रशासन के मुताबिक़, यह हादसा शाम क़रीब 5:30 बजे हुआ. घायलों और मृतकों को अस्पताल भेजा जा रहा है और घटनास्थल पर एंबुलेंस तैनात हैं.
मौके़ पर एसडीआरफ़, पुलिस और अन्य एजेंसियों की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं. क़रीब 100 लोगों की टीम मलबा हटाने का काम कर रही है. जेसीबी और क्रेन की मदद से मलबा हटाया जा रहा है.
अनूपपुर के एसपी मोती उर रहमान ने बताया, “हमें शाम क़रीब 6 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली. एनडीआरएफ़, पुलिस और सीआईएसएफ की टीमें मौके़ पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है.”
ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक यूएई और बहरीन पर कितने ड्रोन और मिसाइलें दाग़ी गईं?
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, बहरीन को लड़ाई के पहले दिन, 28 फ़रवरी को भी निशाना बनाया गया था (फ़ाइल फ़ोटो)
बहरीन ने ईरान युद्ध की शुरुआत के बाद से इंटरसेप्ट किए गए हवाई हमलों का आंकड़ा जारी किया है.
सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा गया है कि उसने ईरान की ओर से दाग़े गए 453 ड्रोन और 188 मिसाइलों को 'गिराया और नष्ट किया' है.
वहीं यूएई के रक्षा मंत्रालय ने अपने रोज़ाना अपडेट में बताया कि 4 अप्रैल को 23 बैलिस्टिक मिसाइलें और 56 ड्रोन रोके गए.
मंत्रालय के मुताबिक़, युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक कुल 498 बैलिस्टिक मिसाइलें, 23 क्रूज़ मिसाइलें और 2,141 ड्रोन को रोका जा चुका है.
अधिकारियों ने बताया कि इस संघर्ष में अब तक यूएई में सशस्त्र बलों के दो सदस्य, एक ठेकेदार और 10 अन्य लोगों की मौत हुई है, जबकि 217 लोग घायल हुए हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रंप ने ईरान को दी नई धमकी, कहा- '48 घंटे का समय है, वरना क़हर बरपेगा'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को समझौता करने के लिए 48 घंटे का समय दिया है
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि उसके पास 'समझौता करने या होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने' के लिए 48 घंटे का समय है, वरना 'क़हर बरपेगा'.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "याद रखिए जब मैंने ईरान को समझौता करने या होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने के लिए 10 दिन का समय दिया था. समय ख़त्म हो रहा है."
उन्होंने आगे कहा, "उन पर क़हर टूटने में बस 48 घंटे बाक़ी हैं."
27 मार्च को ट्रंप ने घोषणा की थी कि वह अगले 10 दिनों के लिए ईरानी ऊर्जा संयंत्रों पर किसी भी तरह के हमले को रोक रहे हैं.
इससे पहले एक अन्य पोस्ट में उन्होंने अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर टैरिफ़ के फ़ायदों का ज़िक्र किया.
अमेरिकी एफ़-15ई के दूसरे क्रू सदस्य को गिरफ़्तार करने को लेकर ईरान ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी वायुसेना का एक एफ़-15ई (फ़ाइल फ़ोटो)
ईरान के दक्षिण में स्थित कोहगिलुयेह और बोयरअहमद प्रांत में आईआरजीसी की एक इकाई और प्रांत के गवर्नर ने इस बात से इनकार किया है कि अमेरिकी एफ़-15ई के दूसरे क्रू सदस्य को गिरफ़्तार किया गया है.
गवर्नर ने यह भी ख़ारिज किया कि पहले पायलट को अमेरिका ने बचा लिया है. उन्होंने इसे 'दुश्मन की रणनीति' बताया.
वहीं, ईरान से जुड़े कुछ सरकारी चैनलों ने लोगों से अपील की है कि वे पायलट को 'ज़िंदा पकड़ें' और इसके लिए इनाम देने की बात भी कही है.
कुछ रिपोर्ट्स में इसके लिए क़रीब 66,000 डॉलर के इनाम का ज़िक्र किया गया है.
समीर रिज़वी की तूफ़ानी पारी, दिल्ली ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, समीर रिज़वी (फ़ाइल फ़ोटो)
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के आठवें मुक़ाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हरा दिया है.
163 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 18.1 ओवर में इसे हासिल कर लिया.
जहां शुरुआत में दिल्ली ने दूसरे ओवर में ही अपने दो विकेट खो दिए थे, वहीं समीर रिज़वी ने अपनी तूफ़ानी बल्लेबाज़ी से यह मैच आसानी से जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया.
समीर रिज़वी ने 7 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 51 गेंदों पर 90 रनों की पारी खेली.
वहीं मुंबई की ओर से कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों पर 51 रन बनाए.
लगातार दूसरी जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है.
बिहार के इस ज़िले में ज़हरीली शराब से 7 की मौत, कई की हालत गंभीर
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, चंपारण क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) हरिकिशोर राय
बिहार के पूर्वी चंपारण ज़िले में ज़हरीली शराब मामले में मृतकों की संख्या बढ़ गई है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, शनिवार को इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या सात हो हई.
अस्पताल में भर्ती 14 अन्य लोगों की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है.
पीटीआई ने जांच अधिकारियों के हवाले बताया, लाल किशोर राय और लड्डू साह की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई.
डॉक्टरों के मुताबिक़, अस्पताल में भर्ती लोगों में से तीन मरीज़ों की हालत काफ़ी गंभीर है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है.
इस मामले पर चंपारण क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) हरिकिशोर राय ने मीडिया से बात की थी. तब उन्होंने अपने बयान में पांच लोगों की मौत का ज़िक्र किया था.
उन्होंने कहा था, "लगभग 17-18 लोगों ने शराब का सेवन किया था. शराब कहां से आई, हम इसकी जांच कर रहे हैं. जो मुख्य अपराधी है उसकी गिरफ़्तारी हो चुकी है."
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा. लेकिन साथ ही उनका यह भी कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि शराब बनाने के दौरान कुछ गड़बड़ी हुई थी, जिसके कारण लोगों की मौत हुई है.
ईरान के न्यूक्लियर प्लांट पर हमले के दावे पर अब्बास अराग़ची ने दी चेतावनी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अब्बास अराग़ची (फ़ाइल फ़ोटो)
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट के पास हुए कथित हमले पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "यूक्रेन के ज़ापोरिज़्ज़िया न्यूक्लियर प्लांट के पास हमलों को लेकर पश्चिमी देशों का आक्रोश याद है? अब इसराइल और अमेरिका हमारे बुशहर प्लांट पर चार बार हमला कर चुके हैं."
अराग़ची ने चेतावनी दी, "रेडियोएक्टिव रिसाव का असर तेहरान नहीं, बल्कि गल्फ कॉर्पोरेशन काउंसिल (जीसीसी) के देशों की राजधानियों पर पड़ेगा."
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के पेट्रोकेमिकल ठिकानों पर हमले 'वास्तविक मंशा' को दिखाते हैं.
हालांकि, अमेरिका और इसराइल ने अब तक इन हमलों में अपनी भूमिका की पुष्टि नहीं की है.
जयपुर में दूषित पानी पीने से कई लोग बीमार, रोज़ अस्पताल पहुँच रहे मरीज़, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए जयपुर से
इमेज स्रोत, Madan Yadav
इमेज कैप्शन, बीते दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें लोग स्थानीय विधायक से इस मामले की शिकायत करते नज़र आए
राजस्थान की राजधानी जयपुर में सिविल
लाइन विधानसभा क्षेत्र के सुशीलपुरा इलाक़े में सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद
दूषित पानी पीने से कई लोग बीमार हुए हैं.
बीते चार दिनों से मरीज़ों का लगातार
अस्पताल पहुँचना जारी रहा. सरकारी डिस्पेंसरी युवाम -45 के प्रभारी डॉक्टर अनिल मेहता ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को फ़ोन पर बताया, "चार
दिनों में 75 मरीज़ आ चुके हैं. इस समय भी कुछ मरीज़ इलाज कराने आए हैं."
डॉक्टर मेहता ने बताया,
"हर दिन 120 की ओपीडी में से डायरिया,
पेट दर्द और उल्टी की शिकायत से पीड़ित लगभग बीस
लोग पहुँच रहे हैं."
बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक
वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें सुशीलपुरा के लोग दूषित पानी की शिकायत करते हुए स्थानीय विधायक को यही
दूषित पानी पीने के लिए देते हैं.
स्थानीय निवासी मदन यादव ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से फ़ोन पर बताया, "बीते सोमवार रात सड़क निर्माण के दौरान सीवर लाइन टूट गई थी और पानी की पाइपलाइन भी
डैमेज होने से पानी दूषित हो गया."
वह कहते हैं, "इसकी जानकारी लोगों को नहीं होने के कारण सुबह
वही पानी पी लिया, जिससे कुछ लोग बीमार हो गए और डिस्पेंसरी से दवाई लेनी
पड़ी."
स्थानीय निवासी रतन लाल का कहना है,
"श्याम नगर इलाक़े में बड़ी पाइपलाइन
टूटने के कारण पानी के दबाव को छोटी लाइनों में डायवर्ट किया गया. जिससे सीवर का
पानी सप्लाई में मिल गया और पीने के पानी की परेशानी बनी रही."
इमेज स्रोत, Madan Yadav
इमेज कैप्शन, स्थानीय लोगों के मुताबिक़, सोमवार को पाइपलाइट टूटी थी
इस मामले में विधायक गोपाल शर्मा ने बीबीसी से फ़ोन पर बातचीत में बताया, "यह पुरानी और जर्जर पाइपलाइन थी. जो कांग्रेस सरकार के समय में डाली गई थी. सड़क निर्माण के दौरान यह डैमेज होने से पानी दूषित हो गया."
उन्होंने आरोप लगाया कि सीवर लाइन 'उचित गहराई में नहीं डाली गई' थी, जिस कारण सड़क निर्माण के दौरान वह डैमेज हुई है.
विधायक ने दावा करते हुए कहा, "अब पानी साफ़ आ रहा है लेकिन एहतियातन लीकेज की जाँच जारी है. एक अन्य जगह भी पाइप लाइन डैमेज मिली है. जिसे जल्द ठीक कर सड़क निर्माण पूरा किया जाएगा."
ईरान से कच्चे तेल के कार्गो को चीन भेजने के दावे पर भारत सरकार ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मुंबई के तट पर 'कैसल शिप्स' (सांकेतिक तस्वीर)
भारत ने शनिवार को कहा है कि ईरान से कच्चे तेल के आयात को लेकर कोई भुगतान संबंधी समस्या नहीं है और घरेलू रिफ़ाइनरियां दूसरे वैश्विक सप्लायर्स के साथ-साथ ईरान से भी तेल ख़रीद रही हैं.
पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन रिपोर्ट्स को ख़ारिज किया, जिनमें कहा गया था कि ईरानी कच्चा तेल लेकर जा रहा एक टैंकर भारत की बजाय चीन की ओर मुड़ गया.
गुजरात के वाडिनार से जुड़े दावों को 'तथ्यात्मक रूप से ग़लत' बताते हुए मंत्रालय ने कहा, "ईरान से कच्चे तेल के आयात में कोई भुगतान बाधा नहीं है."
मंत्रालय के अनुसार, भारत 40 से अधिक देशों से कच्चा तेल आयात करता है और कंपनियों को व्यावसायिक ज़रूरतों के आधार पर कहीं से भी तेल ख़रीदने की पूरी आज़ादी है.
उसने यह भी कहा कि मध्य पूर्व में आपूर्ति बाधित होने के बावजूद भारतीय रिफ़ाइनरियों ने अपनी ज़रूरत के मुताबिक़ कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित कर ली है, जिसमें ईरान से आयात भी शामिल है.
मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि वैश्विक तेल कारोबार में जहाज़ों का डेस्टिनेशन बदलना आम बात है. बिल ऑफ लोडिंग में दिए गए पोर्ट अक्सर संकेतात्मक होते हैं और यात्रा के दौरान बदले जा सकते हैं.
मंत्रालय ने भरोसा दिलाया कि आने वाले महीनों के लिए भारत की कच्चे तेल की ज़रूरतें पूरी तरह सुरक्षित हैं.
साथ ही बताया गया कि 'सी बर्ड' नाम का एक एलपीजी जहाज़, जिसमें क़रीब 44 टीएमटी (हज़ार मेट्रिक टन) ईरानी एलपीजी था, 2 अप्रैल को मंगलुरु पहुंचा और फिलहाल वहां कार्गो उतारा जा रहा है.
इसराइल और अमेरिका ने न्यूक्लियर पावर प्लांट के पास हमला किया: ईरान, घोंचेह हबीबीज़ाद, बीबीसी फ़ारसी
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, जंग शुरू होने से पहले बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट की सैटेलाइट इमेज
ईरान के एटॉमिक एनर्जी ऑर्गेनाइजेशन के मुताबिक़, मौजूदा युद्ध के दौरान बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट के आसपास चौथी बार हमला किया गया है.
संगठन ने कहा कि इस हमले में प्लांट की सुरक्षा में तैनात एक कर्मचारी की मौत हुई है और इसके लिए अमेरिका और इसराइल को ज़िम्मेदार ठहराया गया है. हालांकि अमेरिका और इसराइल ने इस हमले की पुष्टि नहीं की है.
बयान के मुताबिक़, शुरुआती जांच में पता चला है कि प्लांट के मुख्य हिस्सों को कोई नुक़सान नहीं पहुंचा है और इसका संचालन प्रभावित नहीं हुआ है. लेकिन चेतावनी दी गई है कि यहां मौजूद रेडियोएक्टिव मटेरियल की वजह से अगर गंभीर नुक़सान होता है, तो बड़ा परमाणु हादसा हो सकता है.
बुशहर ईरान का एकमात्र चालू न्यूक्लियर पावर प्लांट है, जिसे रूस की मदद से तैयार किया गया था.
रूस ने पहले ही अपने कई कर्मचारियों को वहां से निकाल लिया है. रूसी सरकारी परमाणु कंपनी रोसाटॉम के प्रमुख एलेक्सी लिकाचेव ने हाल ही में कहा था कि अगले हफ़्ते क़रीब 200 लोगों को निकालने की अख़िरी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.
ईरान का न्यूक्लियर प्रोग्राम लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय विवाद का मुद्दा रहा है और इस पर कई प्रतिबंध लगाए गए हैं.
अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच मौजूदा युद्ध 28 फ़रवरी को शुरू हुआ था.
'घायल हूं, इसलिए घातक हूं', राघव चड्ढा का पार्टी के आरोपों पर जवाब
इमेज स्रोत, raghav_chadha/X
इमेज कैप्शन, राघव चड्ढा ने पार्टी के आरोपों पर ख़ारिज किया है
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर जवाब दिया है.
उन्होंने शनिवार को एक वीडियो जारी कर कहा, "कल से मेरे ख़िलाफ़ एक स्क्रिप्टेड कैंपेन चलाया जा रहा है. एक ही जैसी भाषा, एक जैसे आरोप. यह कोई इत्तिफ़ाक़ नहीं बल्कि एक कॉर्डिनेटेड अटैक है."
राघव चड्ढा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने मुझ पर तीन आरोप लगाते हुए कहा कि हम इन्हीं तीन आरोपों की वजह से संसद में राघव चड्ढा को बोलने का मौक़ा नहीं देंगे.
उन्होंने तीनों आरोपों का जवाब देते हुए कहा, "पहला आरोप कि मैं विपक्ष के वॉकआउट के दौरान वहाँ बैठा रहता हूं, यह सरासर झूठ है. मैं चुनौती देता हूं कि ऐसा एक भी मौक़ा बताएं जब विपक्ष ने वॉकआउट किया हो और मैंने उनका साथ न दिया हो. संसद में हर जगह सीसीटीवी कैमरे हैं. आप फुटेज़ निकालकर दिखाएं."
राघव का कहना है कि उनके ऊपर दूसरा आरोप यह लगाया गया कि उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की याचिका पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया.
इसके जवाब में उन्होंने इसे 'सफ़ेद झूठ' बताते हुए कहा, "आम आदमी पार्टी के किसी भी नेता ने इस प्रस्ताव पर साइन करने को नहीं कहा. न औपचारिक तौर पर, न अनौपचारिक तौर पर. आम आदमी पार्टी के राज्यसभा में कुल 10 सांसद हैं. इनमें से 6-7 सांसदों ने ख़ुद इस प्रस्ताव पर साइन नहीं किए, तो इसमें मेरी क्या ग़लती."
राघव के मुताबिक़ उन पर तीसरा आरोप पार्टी ने यह लगाया है कि वह डर गए हैं, इसलिए संसद में 'बेकार मुद्दे' उठाते हैं.
इसके जवाब में उन्होंने कहा, "मैं संसद में चीखने-चिल्लाने, गाली-गलौच करने, माइक तोड़ने नहीं गया, मैं वहां जनता के मुद्दे उठाने गया हूं. मैंने जीएसटी से इनकम टैक्स की बात की. पंजाब के पानी से लेकर दिल्ली की हवा का मुद्दा उठाया."
आख़िर में उन्होंने कहा कि जो लोग आज मुझ पर झूठे आरोप लगा रहे हैं, हर झूठ को बेनकाब किया जाएगा, क्योंकि मैं घायल हूं, इसलिए घातक हूं."
ईरान ने किया दावा, देश के दक्षिण में पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स पर हुआ हमला, घोंचेह हबीबीज़ाद, बीबीसी फ़ारसी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान के 'पार्स स्पेशल इकोनॉमिक एनर्जी ज़ोन' में पेट्रोकेमिकल का उत्पादन (फ़ाइल फ़ोटो)
ईरान के दक्षिणी ख़ुज़ेस्तान प्रांत के डिप्टी गवर्नर (सुरक्षा) वलीउल्लाह हयाती ने कहा है कि माहशहर पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को हमले में निशाना बनाया गया है.
उन्होंने यह भी बताया कि बंदर इमाम पेट्रोकेमिकल कंपनी पर भी हमला हुआ है और इसके लिए अमेरिका और इसराइल को ज़िम्मेदार ठहराया.
ईरानी मीडिया के मुताबिक़, इन हमलों में अब तक पांच लोग घायल हुए हैं.
ये दोनों संयंत्र ईरान के पेट्रोकेमिकल उद्योग का अहम हिस्सा हैं, जहां तेल और गैस से जुड़े उत्पाद बनाए जाते हैं. देश के दक्षिण में स्थित ये केंद्र उत्पादन और निर्यात, दोनों के लिए महत्वपूर्ण हैं.
पेट्रोकेमिकल स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन संगठन ने बयान जारी कर कहा है कि औद्योगिक क्षेत्र से कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और संभावित प्रदूषण से आसपास के शहरों को कोई ख़तरा नहीं है.
वहीं इसराइली सेना (आईडीएफ़) ने बीबीसी से कहा है कि वह "इस मामले पर सामान्य तौर पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकती."
माओवादी नेता प्रशांत बोस की अस्पताल में मौत के बाद अंतिम संस्कार के लिए पत्नी ने सरकार से ये कहा, मोहम्मद सरताज आलम, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Sartaj Alam
इमेज कैप्शन, प्रशांत बोस को माओवादी संगठन में महासचिव नंबला केशव राव के बाद दूसरा सबसे प्रभावशाली चेहरा माना जाता था (फ़ाइल फ़ोटो)
प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेताओं में से एक प्रशांत बोस उर्फ 'किशन दा' की 85 साल की उम्र में शुक्रवार को रांची के रिम्स अस्पताल में मौत हो गई.
मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उनका शव लेने के लिए कोई नहीं आया.
इस संबंध में बिरसा मुंडा जेल के अधीक्षक कुमार चंद्रशेखर ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि उनकी पत्नी ने कल एक लिखित आवेदन दिया था.
उन्होंने बताया, "उस पत्र में शीला मरांडी ने कहा कि मेरे अलावा मेरे पति का कोई और नहीं है, जो उनका शव क्लेम करे. ऐसे में मुझे अंतिम दर्शन कराने के बाद, सरकारी स्तर से उनका अंतिम संस्कार कर दिया जाए."
कुमार चंद्रशेखर ने कहा, "शव फिलहाल रिम्स के शवगृह में है. हम 72 घंटे तक इंतज़ार करेंगे कि कोई शव को क्लेम करे. अगर कोई नहीं आता है तब उनका अंतिम संस्कार सरकारी प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा."
12 नवंबर 2021 को प्रशांत बोस और उनकी पत्नी शीला मरांडी को सरायकेला-खरसावां ज़िले के कांड्रा टोल ब्रिज से गिरफ़्तार कर रांची स्थित बिरसा मुंडा जेल भेज दिया गया था.
जेल अधीक्षक कुमार चंद्रशेखर ने बताया कि बीते पांच साल में उनसे मिलने जेल में कोई नहीं आया.
माओवादी प्रशांत बोस के ऊपर पुणे में भीमा कोरेगांव हिंसा और साल 2013 में छत्तीसगढ़ के झीरम घाटी में विद्याचरण शुक्ल, नंदकिशोर पटेल, दिनेश पटेल, महेंद्र करमा समेत 30 कांग्रेस नेताओं की हत्या की साज़िश में शामिल होने के आरोप थे.
केरल के मलप्पुरम में शशि थरूर के काफिले को रोका गया, एक शख़्स गिरफ़्तार, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, इस मामले में पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की है (फ़ाइल फ़ोटो)
केरल के मलप्पुरम में कांग्रेस सांसद
शशि थरूर के गनमैन से जुड़ी रोड रेज की एक घटना में एक शख़्स को गिरफ़्तार किया
गया है.
यह घटना बीती रात वंडूर पुलिस स्टेशन
इलाक़े के चेल्लिथोड में हुई, जब थरूर
के काफ़िले को सड़क के एक संकरे हिस्से में दो कारों ने रोक लिया.
एक पुलिस अधिकारी ने अपनी पहचान
जाहिर न करने की शर्त पर बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "इससे गनमैन और कार में सवार एक व्यक्ति के बीच
कहासुनी हुई. यह बहस इसलिए हुई क्योंकि सड़क का एक हिस्सा मरम्मत के काम के लिए
बंद था."
वहीं, मलप्पुरम की एसपी चैत्रा टेरेसा जॉन ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा,
"अब तक की जाँच में इस घटना में किसी
भी राजनीतिक मक़सद के जुड़े होने का पता नहीं चला है."
सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा
डालने का मामला दर्ज किया गया है और उमर नाम के शख़्स को गिरफ़्तार किया गया है.
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर थरूर
को लेकर कई पोस्ट सामने आए. उन्होंने भी एक पोस्ट में कहा कि कुछ लोगों का 'सब्र टूट रहा' था.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह
आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर
लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ईरानी हमले में एक इसराइली शख़्स घायल, सीरिया में सुने गए धमाके
इमेज स्रोत, Issam Rimawi/Anadolu via Getty
इमेज कैप्शन, ईरान की ओर से दागी गई मिसाइल फ़लस्तीन के रामल्लाह के ऊपर से जाती देखी गई (चार अप्रैल की तस्वीर)
इसराइल की मैगन डेविड एडोम (एमडीए)
इमरजेंसी सर्विसेस ने कहा है कि ईरानी मिसाइल हमलों को रोकने की कार्रवाई के बीच
एक व्यक्ति घायल हुआ है.
एमडीए के मुताबिक़, 45 साल के एक व्यक्ति को तेल अवीव के बाहरी
इलाक़े बनेई ब्राक शहर में कांच के टुकड़ों से हल्की चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया.
वहीं, सीरिया की सरकारी टीवी ने बताया है कि शनिवार तड़के राजधानी दमिश्क और
उसके आसपास के इलाक़ों में धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं. रॉयटर्स न्यूज़ एजेंसी के
मुताबिक़, धमाकों की वजहें फ़िलहाल साफ़ नहीं
हैं.
सरकारी टीवी का कहना है कि ये धमाके
इसराइली एयर डिफेंस सिस्टम की ओर से ईरानी मिसाइलों को हवा में रोके जाने का नतीजा
हो सकते हैं.
विराट कोहली ने आरसीबी में 'पाँच विदेशी खिलाड़ी' के सवाल पर दिया यह जवाब
इमेज स्रोत, Surjeet Yadav/MB Media/Getty
इमेज कैप्शन, विराट कोहली अपने परिवार के साथ ज़्यादातर समय लंदन में बिताते हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
क्रिकेट स्टार विराट कोहली ने पहली
बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) में 'पाँच ओवरसीज़ प्लेयर्स के खेलने' से जुड़े सवाल पर प्रतिक्रिया दी है.
आरसीबी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में विराट कोहली, होस्ट दानिश सैत से बातचीत करते दिखते हैं.
दानिश सैत जब विराट कोहली से कहते
हैं, "सोशल मीडिया पर लोग आपके बारे में
बहुत कुछ कह रहे हैं. लोग कह रहे हैं कि आरसीबी पाँच विदेशी खिलाड़ी उतार रही है,
मुझे समझ नहीं आ रहा कि वे असल में क्या कह रहे
हैं."
इस सवाल पर विराट कोहली हँसते नज़र
आते हैं और कहते हैं, "मुझे
नहीं पता, आप मुझसे क्यों पूछ रहे हैं? विदेशी खिलाड़ियों से पूछिए, आप मुझसे क्यों पूछ रहे हैं?"
इसके बाद दानिश कहते हैं,
"मतलब हम नहीं जानते कि ये क्या है?"
इस पर विराट कोहली कहते हैं,
"मैं विदेशी खिलाड़ी नहीं हूँ. क्या
मैं विदेशी खिलाड़ी हूँ?"
आईपीएल के नियम के मुताबिक़, कोई भी टीम प्लेइंग इलेवन में महज़ चार विदेशी
खिलाड़ियों को जगह दे सकती है.
विराट कोहली आरसीबी का हिस्सा हैं और वह और उनका परिवार ज़्यादातर समय लंदन में बिताता है. इसी वजह से सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएँ हैं.