अब इस लाइव ब्लॉग को यहीं रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि वो कभी भी दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान से नहीं मिले थे और न उनसे उनकी जान-पहचान थी.
चंदन कुमार जजवाड़े, संदीप राय
अब इस लाइव ब्लॉग को यहीं रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि वो कभी भी दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान से नहीं मिले थे और न उनसे उनकी जान-पहचान थी.
हाल ही में दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान की मौत के मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे.
इसके बाद मीडिया में इस मामले को लेकर आदित्य ठाकरे का नाम जोड़ा जा रहा था.
आदित्य ठाकरे ने एक्स पर लिखा, “अफ़वाहें फैलने से रोकने के लिए, मैं एक बार फिर सच बता रहा हूँ.”
अब आदित्य ठाकरे ने कहा है, “मैं दिशा सालियान से कभी नहीं मिला और न ही मैं उनसे जान-पहचान रखता था. पॉलिटिकल वजहों, पर्सनल नफ़रत और चरित्र हनन के लिए, कुछ लोग पिछले छह सालों से जानबूझकर इस बुरी घटना से मेरा नाम जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, वो भी बिना किसी सबूत या कनेक्शन के.”
“बिना किसी फैक्ट और सच्चाई के यह लगातार झूठा कैंपेन बहुत बुरा है. टीवी चैनलों पर जो नकली चर्चाएँ और मीडिया ट्रायल हो रहे हैं, वे सच को नहीं बदल सकते.”
“ऑफिशियल एजेंसियों को यह जाँच बार-बार बिना किसी रुकावट, बिना पॉलिटिकल दख़ल के, बिना चरित्र हनन के और बिना किसी भेदभाव के करने दें. एक बार फिर, जो लोग सोचते हैं कि आप इस तरह के चरित्र हनन और झूठे प्रोपेगैंडा से हमें चुप करा सकते हैं, वे गलतफहमी में हैं.”
“सच के लिए, अन्याय के खिलाफ़ और देशवासियों के साथ हमारी लड़ाई जारी रहेगी.”

स्थानीय बचावकर्मियों के मुताबिक, ग़ज़ा पट्टी में युद्ध के दौरान क्षतिग्रस्त एक इमारत रात में ढह गई.
इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जिनमें आठ बच्चे शामिल हैं, जबकि दर्जनों लोग लापता हैं.
चश्मदीदों ने बीबीसी को बताया कि ग़ज़ा सिटी के तल अल-हवा इलाके़ में छह मंज़िला इमारत एक साल से ज़्यादा समय पहले इसराइल के हमले के बाद एक तरफ़ ख़तरनाक तरीके़ से झुक गई थी. उन्होंने बताया कि विस्थापित परिवार मजबूरी में इस इमारत में रह रहे थे.
संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियां और मिस्र की एक टीम भी बचे लोगों की तलाश में शामिल हो गई हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि उपकरणों की कमी के कारण बचाव अभियान धीमी गति से चल रहा है.
बचाव अभियान के शुरुआती प्रयास में हमास संचालित सिविल डिफेंस एजेंसी के सदस्यों ने अपने हाथों से मलबा हटाया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि इमारत के अपार्टमेंट में क़रीब 10 परिवार रह रहे थे.
सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि युद्ध के शुरुआती हफ्तों में इमारत के आसपास के इलाके़ को निशाना बनाया गया था, जबकि इमारत को हुए नुक़सान के संकेत पहली बार 2024 में सामने आए थे.

इमेज स्रोत, Getty Images
सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का पर ड्रोन हमले के मामले में मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने बुधवार प्रतिक्रिया दी है.
मीरवाइज़ ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "पवित्र शहर मक्का अल-मुकर्रमा के पास ड्रोन हमले की ख़बर बेहद परेशान करने वाली और निंदनीय है. इससे दुनियाभर के मुसलमानों में चिंता और पीड़ा है."
मीरवाइज़ ने सभी पक्षों से संयम बरतने और बातचीत और कूटनीति की ओर लौटने की अपील की.
उन्होंने कहा, "क्षेत्र पहले से ही लंबे समय से जारी संघर्ष से जूझ रहा है. ऐसे में सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए और तत्काल बातचीत तथा कूटनीति की ओर लौटना चाहिए."
इस ड्रोन हमले को लेकर पाकिस्तान समेत कई मुस्लिम देशों ने चिंता जताई और इसकी निंदा की है.
सऊदी अरब ने दावा किया था कि उसने यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से दाग़े गए एक ड्रोन हमले को मक्का के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र से पहले ही नाकाम कर दिया.
हालांकि हूति विद्रोहियों के प्रवक्ता याह्या सरी ने सोशल मीडिया ने सऊदी अरब के दावों का खंडन करते हुए कहा, "हमारे अभियान तेल और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हैं."
"हमारे अभियान तेल और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हैं."

इमेज स्रोत, Getty Images
बीसीसीआई के मेंस सेलेक्शन कमेटी ने वेस्टइंडीज के ख़िलाफ़ आगामी एक दिवसीय मैचों की घरेलू सीरीज़ के लिए भारतीय टीम की बुधवार को घोषणा की.
सेलेक्शन कमेटी ने जापान टी20 और एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम का एलान किया.
अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ दिल्ली में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान चोटिल होने के बाद वरुण चक्रवर्ती जापान के ख़िलाफ़ होने वाले एकमात्र टी20 और एशियाई खेलों से बाहर हो गए हैं.
उनकी जगह लेग स्पिन ऑलराउंडर विपराज निगम को टीम में शामिल किया है.
वहीं, नितीश कुमार रेड्डी, जो पहले एशियाई खेलों की टीम का हिस्सा थे, उन्हें टीम से हटा दिया गया है.
विपराज निगम को पहली बार इंडियन टीम में चुना गया है. वह आईपीएल 2025 के दौरान चर्चा में आए थे.
दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने उस सीज़न में 14 मैचों में 11 विकेट लिए थे और उनका इकॉनमी रेट 9.12 रहा था.
हालांकि आईपीएल 2026 में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक़ नहीं रहा.
उधर वनडे टीम में हार्दिक पंड्या को जगह नहीं मिली है. टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा को शामिल किया गया है. उप कप्तान केएल राहुल को बनाया गया है.
जापान टी20 और एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम
भारत की एक दिवसीय टीम
इसके साथ ही ईरानी कप के लिए रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर के ख़िलाफ़ रेस्ट ऑफ इंडिया टीम का एलान भी किया गया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
श्रीलंका की एक अदालत ने बुधवार को पूर्व क्रिकेटर अरविंदा डी सिल्वा और उनकी पत्नी को तुरंत गिरफ़्तार कर अदालत में पेश करने का वारंट जारी किया.
बीबीसी सिंहला के अनुसार, मजिस्ट्रेट ने यह आदेश तब दिया, जब अरविंदा डी सिल्वा और उनकी पत्नी अदालत में सुनवाई के दौरान उपस्थित नहीं हुए.
ये दोनों प्रियंका नियोमा के ख़िलाफ़ पिछले एक मामले में ज़मानतदार के तौर पर पेश हुए थे.
प्रियंका नियोमा, अरविंदा डी सिल्वा की पत्नी की जुड़वां बहन और दिवंगत कपिला चंद्रसेना की पत्नी हैं. अदालत में ज़मानतदार के तौर पर उनकी ज़िम्मेदारी से हटने के मामले की सुनवाई होनी थी.
यह आदेश इसलिए दिया गया क्योंकि मामले की सुनवाई के दौरान अदालत में उपस्थित नहीं होने का कारण बताने के लिए उन्होंने कोई सबूत पेश नहीं किया.

इमेज स्रोत, Aviation Voice / Facebook
कपिला चंद्रसेना की मौत
श्रीलंकन एयरलाइंस के पूर्व सीईओ कपिला चंद्रसेना का शव अरविंदा डी सिल्वा के घर पर मिला था. इस संबंध में अरविंदा डी सिल्वा ने 12 मई को फ़ोर्ट मजिस्ट्रेट की अदालत में गवाही दी थी.
बाद में अरविंदा डी सिल्वा की पत्नी प्रियंका अनुष्का विजयनायके ने भी अदालत में गवाही दी थी.

इमेज स्रोत, Getty Images
सेंसर बोर्ड यानी केंद्रीय फ़िल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफ़सी) के पुनर्गठन में सुनील शेट्टी, प्रीति जिंटा और पंकज त्रिपाठी समेत 18 नए सदस्यों के नामों की घोषणा की गई है.
पीआईबी पर जारी बयान के अनुसार, यह पुनर्गठन तीन साल के लिए किया गया है.
बयान के मुताबिक़, केंद्र सरकार ने सिनेमैटोग्राफ़ अधिनियम, 1952 की धारा 3 की उप-धारा (1) के तहत मिली शक्तियों और सिनेमैटोग्राफ़ (प्रमाणीकरण) नियम, 2024 के नियम 3 के प्रावधानों के तहत सीबीएफ़सी का पुनर्गठन किया है.
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने बुधवार को बोर्ड के पुनर्गठन के संबंध में अधिसूचना जारी की.
बोर्ड में 18 सदस्य शामिल हैं-
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त

इमेज स्रोत, Getty Images
इस्लाम के पवित्र स्थलों में से एक और सऊदी अरब के मक्का शहर के पास एक ड्रोन हमले पर अरब लीग के महासचिव ने प्रतिक्रिया दी है.
अरब लीग के महासचिव नबील फहमी ने मक्का शहर पर यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से किए गए कथित हमले की निंदा की है.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, उन्होंने एक बयान में कहा कि मक्का की सुरक्षा और इस्लामी पवित्र स्थलों की पवित्रता एक "बहुत गंभीर मामला" है और उन्होंने हमले को विफल करने के लिए सऊदी वायु सेना की तारीफ़ की.
उधर, हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता ने ड्रोन हमले में अपनी भूमिका से इनकार किया है.
अरब लीग के महासचिव ने यह भी चेतावनी दी कि सऊदी क्षेत्र पर हूती हमलों में वृद्धि क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए ख़तरा है.
हाल के हफ्तों में, अरब लीग ने बार-बार सऊदी अरब पर हूती हमलों की निंदा की है और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए इसके परिणामों के बारे में चेतावनी दी है.

इमेज स्रोत, ANI
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया है कि उनके ऊपर बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने अंडे फेंके.
उन्होंने पश्चिम बंगाल के डीजीपी और पश्चिम बंगाल पुलिस को टैग करते हुए एक्स पर लिखा, "हेलो, पश्चिम बंगाल के डीजीपी और पश्चिम बंगाल पुलिस, ये वे बीजेपी वाले थे जो अंडे फेंक रहे थे और 'हिंदू विरोधी महुआ दूर हटो' के नारे लगा रहे थे. हर चेहरा साफ दिखाई दे रहा है. आप निश्चित तौर पर 'अज्ञात लोगों' के खिलाफ एफ़आईआर दर्ज करेंगे. जय श्री राम ही सही!"
महुआ मोइत्रा ने एक वीडियो साझा किया है जिसमें दिखता है कि उनकी कार के ऊपर कुछ फेंका जा रहा है, जबकि पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है.
कृष्णानगर
इस वीडियों में ये कहते हुए सुनाई देती हैं, "देखिए पुलिस के सामने क्या हो रहा है?"
वह बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र कृष्णानगर के तहट्टा इलाक़े में गई थीं. टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने इस घटना की निंदा की है.

इमेज स्रोत, ANI
कन्नड़ एक्टर अनंत नाग को साल 2024 के दादासाहेब फाल्के अवार्ड दिए जाने की घोषणा हुई है.
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने एक्स पर एक बयान जारी करते हुए लिखा, "भारत सरकार ने भारतीय सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान और शानदार यात्रा के लिए अनंत नाग को प्रतिष्ठित दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 देने की घोषणा की है. उन्होंने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है."
बयान के अनुसार, यह पुरस्कार 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा, जोकि गुजरात के केवड़िया में 22 सितंबर 2026 को आयोजित होगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, "दिग्गज कलाकार अनंत नाग जी को दादा साहब फाल्के पुरस्कार मिलने पर बधाई. कई दशकों से, उनके सहज अभिनय, अद्भुत बहुमुखी प्रतिभा और शानदार काम ने भारतीय सिनेमा, और खासकर कन्नड़ सिनेमा पर गहरी छाप छोड़ी है."
पिछले साल अनंत नाग को कला के क्षेत्र में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था.

इमेज स्रोत, CG Khabar
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी हमला मामले में बस्तर में एनआईए की विशेष अदालत ने दस आरोपियों को मृत्युदंड की सज़ा सुनाई है. अभियुक्तों में दो महिलाएं भी शामिल हैं.
एनआईए कोर्ट ने इस मामले में जिन दस आदिवासियों को मृत्युदंड की सजा सुनाई है, उनमें प्रमिला मोडियाम, चैतू लेकाम उर्फ़ मुन्ना, सुमित्रा उर्फ़ पुनम मोडियाम, मुक्का मंडावी, कोसा कवासी उर्फ़ कोसराम, आयता मरकाम, मड़कम देवा, जोगा मरकाम, बंजामी सन्ना उर्फ चमरू और महादेव नाग शामिल हैं.
इससे पहले जगदलपुर की विशेष एनआईए अदालत ने 5 सितंबर को 10 अभियुक्तों को दोषी करार दिया था.
हालाँकि इन दस में से कोई भी बड़ा नक्सली नेता शामिल नहीं है. इन सभी पर हमले में शामिल होने या हमले में मदद करने के आरोप हैं.
25 मई 2013 को नक्सलियों ने बस्तर की झीरम घाटी में काँग्रेस की ‘परिवर्तन यात्रा’ पर हमला किया था. भारत में किसी राजनीतिक दल पर किए गए, अब तक के सबसे बड़े हमले में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं समेत 28 लोग मारे गए थे. मारे जाने वालों में दस पुलिसकर्मी भी शामिल थे.
मारे जाने वाले नेताओं में तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व गृहमंत्री नंद कुमार पटेल, उनके बेटे दिनेश पटेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष और आदिवासी नेता महेंद्र कर्मा, पूर्व विधायक उदय मुदलियार और पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल शामिल थे.
इस घटना के तीसरे ही दिन से एनआईए ने मामले की जांच शुरू कर दी थी. न्यायिक जांच भी शुरू हुई थी लेकिन वह विवादों में उलझ कर रह गई.
इसी तरह कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में मामले की जांच के लिए एसआईटी यानी विशेष जांच दल का भी गठन किया गया था. लेकिन एनआईए ने इसका विरोध किया था.
हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इस जांच पर रोक से इनकार किया था लेकिन तब तक राज्य से भूपेश बघेल सरकार की विदाई हो चुकी थी, इसलिए एसआईटी जांच भी फ़ाइलों में रह गई.


इमेज स्रोत, Getty Images
यूपीआई लेन-देन पर शुल्क लगाने के लिए भारत सरकार के अध्यादेश को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है.
याचिकाकर्ता वकील अंजन दत्ता ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर केंद्रीय वित्त मंत्रालय की हालिया अधिसूचनाओं को रद्द करने की मांग की है.
इन अधिसूचनाओं में 2,000 रुपये से अधिक के व्यावसायिक यूपीआई लेनदेन पर मर्चेंट शुल्क लगाने की अनुमति दी गई है.
अंजन दत्ता ने कहा, "14 सितंबर को यूपीआई शुल्क बढ़ने की अटकलों के बीच एक गजट अधिसूचना जारी हुई. 14 सितंबर को अधिसूचना कते जरिए बताया गया कि यूपीआई लेनदेन पर कुछ शुल्क बढ़ेंगे. 15 सितंबर को इसे किस तरह लागू किया जाएगा और यह कब प्रभावी होगा, इसकी प्रक्रिया जारी की गई."
उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट में संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत इस फ़ैसले को चुनौती दी गई, "क्योंकि शुल्क लगाने का असर नागरिकों पर पड़ेगा."
वकील रंजन दत्ता ने कहा, "हमने दो मांगें की हैं. पहली, 14 सितंबर की गजट अधिसूचना को रद्द किया जाए और दूसरी, 15 सितंबर को जारी प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए. इसे प्रभावी बनाने के लिए संबंधित क़ानूनों में भी संशोधन किए गए हैं, जिस पर रोक लगाई जाए और इन सभी उपायों को रद्द किया जाए."

इमेज स्रोत, ANI
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ ओडिशा के बालासोर ज़िले में बचाए जाने के बाद पांच बेबी ओरंगुटान को नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क में क्वारंटीन किया गया है.
इनमें से एक को बुखार होने के बाद मंगलवार को छह सदस्यीय विशेषज्ञों की टीम ने सभी की स्वास्थ्य जांच की.
वहीं समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया, ओडिशा के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) (वन्यजीव) की ओर से एक उच्च स्तरीय तकनीकी समिति गठित की गई है. सभी पांच छोटे ओरंगुटान को बालासोर ज़िले के तटीय वन क्षेत्र से बचाया गया है.
पीसीसीएफ (वन्यजीव) और ओडिशा फॉरेस्ट डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के एमडी प्रेम कुमार झा ने बताया था, "बचाए गए पांच बेबी ओरंगुटान की उम्र लगभग एक साल या उससे कम है. पशु चिकित्सकों और पोषण विशेषज्ञों की एक विशेष टीम चौबीसों घंटे उनकी निगरानी कर रही है."

इमेज स्रोत, Ronaldo Bolanos / Los Angeles Times via Getty Images
अमेरिका के लॉस एंजेलिस फ़ायर डिपार्टमेंट अधिकारियों ने बताया कि शहर के बाहरी (सबअर्बन) इलाक़े में एक हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हो गया है, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है.
यह हेलीकॉप्टर एक न्यूज़ कवरेज में लगा था. इस हादसे में दो अन्य लोग घायल हो गए हैं.
एनबीसी न्यूज़ लॉस एंजेलिस ने पुष्टि की कि हेलीकॉप्टर उसका न्यूज़चॉपर4 था, जो टेलीमुंडो 52 के लिए भी काम करता था.
स्टेशन के लोगों ने बताया है कि हेलीकॉप्टर में सवार दो लोग उनके सहकर्मी और मित्र थे, जिनकी हादसे में मौत हो गई है. स्टेशन ने मारे गए लोगों का नाम एलियाना मोरेनो और जॉर्ज मार्सिनिव बताया.
इस हेलीकॉप्टर को मंगलवार को हुए एक भीषण बस हादसे की रिपोर्टिंग के लिए भेजा गया था.
चैट्सवर्थ में एक एसयूवी के सिटी बस से टकराने के बाद दो लोगों की मौत हो गई थी और छह अन्य घायल हुए थे.
लॉस एंजेलिस फायर डिपार्टमेंट के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि स्थानीय समयानुसार शाम क़रीब सात बजे चैट्सवर्थ इलाक़े में दो व्यावसायिक इमारतों के बीच यह हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

इमेज स्रोत, ANI
मक्का के पास हुए ड्रोन हमले को लेकर भारत सरकार ने चिंता ज़ाहिर करते हुए बयान जारी किया है.
भारत के विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है, "हम मक्का के पास हुए ड्रोन हमले को लेकर बेहद चिंतित हैं. भारत सऊदी अरब के संप्रभु क्षेत्र पर हुए हमलों और नागरिकों की जान तथा बुनियादी ढांचे को ख़तरे में डालने वाली कार्रवाइयों की निंदा दोहराता है."
"मक्का के पास हुई यह घटना विशेष रूप से चिंताजनक है, क्योंकि दुनिया भर के मुसलमानों के लिए इस शहर का विशेष महत्व है. हमें उम्मीद है कि क्षेत्र में जल्द शांति और स्थिरता बहाल होगी."
इस ड्रोन हमले को लेकर पाकिस्तान समेत कई मुस्लिम देशों ने चिंता जताई और इसकी निंदा की है.
सऊदी अरब ने दावा किया था कि उसने यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से दाग़े गए एक ड्रोन हमले को मक्का के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र से पहले ही नाकाम कर दिया.
हालांकि हूति विद्रोहियों के प्रवक्ता याह्या सरी ने सोशल मीडिया ने सऊदी अरब के दावों का खंडन करते हुए कहा, "हमारे अभियान तेल और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हैं."
"हमारे अभियान तेल और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हैं."

इमेज स्रोत, @RahulGandhi
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी कर यूपीआई को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है.
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के एक पोट्रेट के सामने खड़ा होकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के सामने झुकने के आरोप लगाए हैं.
राहुल गांधी ने कहा, "एक बार इंदिरा जी से पूछा गया कि उनका झुकाव लेफ़्ट या राइट किस ओर है. उनका जवाब था कि मेरा झुकाव न तो लेफ़्ट की ओर है न राइट की ओर. मैं सीधी खड़ी हूं."
"लेकिन मोदी जी का बिल्कुल अलग कॉन्सेप्ट है. वो न तो लेफ़्ट हैं न राइट. उन्होंने ट्रंप के सामने सीधे लेट जाने का फ़ैसला किया है. उन्होंने यूपीआई पर टैक्स लगाकर और बड़ी मात्रा में अमेरिका को पैसा देकर, हर भारतीय व्यक्ति पर टैक्स लगा दिया है."
राहुल गांधी ने कहा, "मोदी जी, कृपया अमेरिका के सामने लेट जाना बंद करिए और कुछ रीढ़ दिखाइए, खड़े हो जाइए और यूपीआई टैक्स को वापस लीजिए."
इससे पहले कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि यूपीआई पर चार्ज लगाने को लेकर मोदी सरकार ने सदन में झूठ बोला था.
कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने एक प्रेस कांफ़्रेंस में कहा, "अगस्त में मोदी सरकार टैक्सेशनल एंड अदर लॉज़ अमेंडमेंट बिल लेकर आई थी, जिसके तहत यूपीआई के लेनदेन पर चार्ज लगाने का रास्ता खोला गया. अब आगे चलकर किसी भी लेन देन पर बिना संसद जाए चार्ज बढ़ाया जा सकता है."
उन्होंने कहा, "छह अगस्त को निर्मला सीतारमण ने कहा कि एमडीआर पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है. 10 अगस्त को फिर से निर्मला सीतारमण ने कहा कि एमडीआर के किसी फ़्रेम वर्क को अंतिरम रूप नहीं दिया गया है."
"14 सितंबर को नोटिफ़िकेश आता है और एमडीआर का चार्ज लगा दिया जाता है और एमडीआर मतलब यूपीआई को कमज़ोर करना."
पहले कांग्रेस का दावा है कि यूपीआई को चलाने में 20,000 करोड़ रुपये लगता है और सरकार आरबीआई से मिले सरप्लस से इसे चला सकती है. आरबीआई ने सरकार को 2.87 लाख करोड़ रुपये ट्रांसफ़र किये हैं. यूपीआई चलाने के लिए इस सरप्लस का मात्र सात प्रतिशत फ़ंड चाहिए.

इमेज स्रोत, rebelwheels_sia_/Instagram
गुरुग्राम के गोल्फ़ कोर्स रोड हिट एंड रन मामले में अभियुक्त कल्याण बैंसला को हरियाणा की एक स्थानीय अदालत ने दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है.
इसकी पुष्टि बैंसला के वकील ललित बिंदल ने एएनआई से की.
वकील ललित बिंदल ने कहा, "अदालत ने दो दिन की पुलिस हिरासत मंजूर की है. हमने इसका विरोध करते हुए कहा कि पुलिस के पास पहले ही पर्याप्त समय था. हमने अपनी आपत्ति दर्ज कराई और अदालत ने अपना फैसला सुनाया."

इमेज स्रोत, ANI
गुरुग्राम के गोल्फ़ कोर्स रोड पर रविवार को सिया नाम की एक महिला बाइकर को एक कार सवार ने टक्कर मारी थी. यह पूरी घटना बाइक में लगे लाईव कैमरे में क़ैद हो गई थी.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, इसके बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए थे.
इसके बाद कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ़्तार किया गया.
ईस्ट गुरुग्राम के डीसीपी संदीप कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बताया कि कल्याण बैंसला के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की 109, 78 और 79 समेत कई धाराएं लगाई गई हैं.

इमेज स्रोत, Khaled ZIAD / AFP via Getty Images
यमन के हूती विद्रोहियों ने बुधवार को दावा किया कि उन्होंने एक सऊदी लड़ाकू विमान को मार गिराया है.
उन्होंने यह भी कहा कि विमान को निशाना बनाने के लिए 'घरेलू स्तर पर निर्मित' हथियार का इस्तेमाल किया गया.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, "हूती लड़ाकों के प्रवक्ता याह्या सरी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यमनी सशस्त्र बलों ने मारीब प्रांत के हवाई क्षेत्र में शत्रुतापूर्ण अभियान चला रहे एक सऊदी का एफ़-15 लड़ाकू विमान को मार गिराने में कामयाबी हासिल की है."
याह्या सरी ने कहा कि लड़ाकू विमान को "स्वदेशी निर्मित हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल का इस्तेमाल करके निशाना बनाया गया था."
प्रवक्ता ने सऊदी अरब के उन दावों का भी खंडन किया, जिसमें आरोप लगाया गया है कि हूती लड़ाकों ने इस सप्ताह मक्का शहर को निशाना बनाकर हमला किया था.
उन्होंने कहा, "हमारे अभियान तेल और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हैं."
कुछ घंटे पहले, सऊदी अरब की एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने कहा कि उन्होंने यमन के हूती गुट की ओर से दाग़े गए एक ड्रोन को मक्का के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही रोककर नष्ट कर दिया था.
जुलाई में यमन में गृहयुद्ध फिर से भड़कने के बाद से, हूती हथियारबंद गुट सऊदी अरब समर्थित यमनी सरकारी सेना के साथ नए सिरे से लड़ाई में लगा हुआ है.