लाइव, स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से अपने जहाज़ के गुजरने पर जापान ने क्या कहा?

इस जहाज़ को फ़ारस की खाड़ी में रोका गया था. इस जहाज़ पर तीन जापानी क्रू मेंबर सवार हैं और यह फिलहाल जापान की ओर बढ़ रहा है.

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, रौनक भैड़ा

  1. स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से अपने जहाज़ के गुजरने पर जापान ने क्या कहा?

    स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फिलहाल जापान से जुड़ा जहाज़ जापान की ओर बढ़ रहा है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    आज यानी बुधवार को जापान से जुड़ा एक जहाज़ स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से होकर गुज़रा.

    इससे पहले इसे फ़ारस की खाड़ी में रोका गया था. इस जहाज़ पर तीन जापानी क्रू मेंबर सवार हैं और यह फिलहाल जापान की ओर बढ़ रहा है.

    जापान के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.

    जापान की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि, "जापान ने अलग-अलग मौकों पर, अंतरराष्ट्रीय बैठकों में ईरान से मांग की है कि वह सभी देशों के जहाज़ों, खासकर जापान से जुड़े जहाज़ों के लिए स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में सुरक्षित और बिना रोक-टोक आवाजाही सुनिश्चित करे."

    "जापान सरकार इसे को सकारात्मक मानती है, ख़ासकर से जापानी नागरिकों की सुरक्षा के नज़रिये से."

    मंत्रालय ने आगे कहा, "जापान आगे भी ईरान से आग्रह करता रहेगा कि वह स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से गुजरने वाले सभी जहाज़ों, जिनमें जापान से जुड़े जहाज़ भी शामिल हैं, के लिए सुरक्षित और स्वतंत्र रास्ता सुनिश्चित करे."

    दुनिया का करीब 20 फ़ीसदी तेल आमतौर पर स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से होकर गुज़रता है. अमेरिका-इसराइल से जंग शुरू होने के बाद से ईरान ने इसे बंद कर दिया था और अभी भी इसे पूरी तरह नहीं खोला गया है.

  2. इसराइल का दावा- हवाई हमले में हमास की इंटेलिजेंस विंग के बड़े लीडर की मौत

    इसराइली सैनिक

    इमेज स्रोत, HAZEM BADER / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल का कहना है कि वो शख़्स इसराइली सेना की हलचल की जानकारी जुटाने में अहम भूमिका निभाते थे

    इसराइली सेना और शिन बेट (इसराइल की सिक्योरिटी एजेंसी) ने एक संयुक्त बयान में बताया है कि उत्तरी ग़ज़ा पर किए गए हवाई हमले में हमास की इंटेलिजेंस विंग के एक बड़े लीडर की मौत हो गई है.

    बयान में बताया गया है कि मारे गए व्यक्ति का नाम इयाद अहमद अब्दुल रहमान शम्बारी था, जो इंटेलिजेंस यूनिट में ऑपरेशंस का प्रमुख था.

    बयान में कहा गया, "इयाद अब्दुल रहमान शम्बारी इसराइली सेना की हलचल की जानकारी जुटाने में अहम भूमिका निभाता था और इलाक़े में तैनात फ़ौजों के लिए सीधा ख़तरा माना जाता था."

    यह भी बताया गया कि उन्होंने '7 अक्तूबर 2023 को हमास के हमले की योजना बनाने में हिस्सा लिया' था.

    इसी के बाद इसराइल और फ़लस्तीन के बीच टकराव बढ़ गया था.

  3. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  4. पश्चिम बंगाल चुनाव: दोपहर 1 बजे तक 61.11% वोटिंग हुई

    महिला वोटर

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए 41,001 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है

    पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान जारी है. दोपहर 1 बजे तक 61.11% वोटिंग हो चुकी है.

    इन सीटों पर कुल 3.21 करोड़ मतदाता रजिस्टर्ड हैं. इनमें 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर के वोटर शामिल हैं.

    मतदान 41,001 केंद्रों पर हो रहा है और सभी केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है.

    पीटीआई के मुताबिक़, वोटिंग के दौरान बुधवार सुबह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी भवानीपुर के एक ही मतदान केंद्र पर पहुंच गए थे.

    वहां दोनों ने मीडिया के ज़रिए एक-दूसरे पर तंज कसे, लेकिन सीधे तौर पर कोई बातचीत या आमना-सामना नहीं हुआ.

    यह घटना चक्रबेड़िया के वार्ड नंबर 70 में हुई, जहां ममता बनर्जी पहले से ही मौजूद थीं. उन्हें स्थानीय टीएमसी नेताओं की शिकायतें मिली थीं.

    महिला वोटर्स

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

    युवा वोटर्स

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

    बुजुर्ग वोटर

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

  5. केजरीवाल और सिसोदिया के बाद 'आप' के इस नेता ने जस्टिस स्वर्ण कांता को चिट्ठी लिखी

    दुर्गेश पाठक, मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images

    अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बाद आम आदमी पार्टी नेता और पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक ने भी जस्टिस स्वर्ण कांता को चिट्ठी लिखी है.

    दुर्गेश पाठक ने चिट्ठी में कहा है कि आबकारी नीति मामले में वो ख़ुद या उनकी तरफ़ से वकील पेश नहीं होंगे.

    दुर्गेश पाठक ने इस चिट्ठी को एक्स पर जारी करते हुए लिखा, "न्याय सिर्फ़ होना ही नहीं चाहिए, बल्कि दिखना भी चाहिए."

    उन्होंने लिखा, "सम्मान और विनम्रता के साथ मैंने जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को लिखा है कि मैं भी अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के साथ क़ानूनी प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लूंगा, ना तो व्यक्तिगत रूप से और ना ही वकील के ज़रिए."

    इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने सोमवार और मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा को चिट्ठी लिखी.

    दोनों ने कहा कि आबकारी मामले में सीबीआई की अपील याचिका पर वो ख़ुद या उनके वकील पेश नहीं होंगे.

  6. ईरान ने अमेरिका के कब्ज़े वाले अपने जहाज़ों को छुड़वाने की किससे की अपील?

    अमीर सईद इरवानी

    इमेज स्रोत, Michael M. Santiago/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के संयुक्त राष्ट्र में राजदूत अमीर सईद इरवानी ने एंटोनियो गुटेरेस को पत्र लिखा (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन)से अपील करते हुए अपने उन जहाज़ों को छुड़वाने की मांग की है जिन्हें अमेरिका ने जब्त कर लिया है.

    इस संबंध में ईरान के संयुक्त राष्ट्र में राजदूत अमीर सईद इरवानी ने मंगलवार को यूएन के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को पत्र लिखा है.

    इरवानी ने अपने पत्र में अपील की है कि वो अमेरिकी कार्रवाई की कड़ी निंदा करें. साथ ही अमेरिका ने ईरान के जिन व्यापारिक जहाज़ों और टैंकरों को जब्त किया है, इन्हें तुरंत छोड़ा जाए.

    इरवानी ने ईरानी जहाज़ों की जब्ती को 'समुद्री डकैती' क़रार दिया.

    पत्र में इरवानी ने यह भी कहा, "अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत ईरान को इन खुलेआम की गई कार्रवाइयों का जवाब देने का पूरा अधिकार है."

    इसी बीच, अमेरिकी वित्त मंत्री ने अपने बयान में दावा किया है कि अगर अमेरिकी नाकाबंदी जारी रही तो ईरान की तेल भंडारण क्षमता पूरी तरह ख़त्म हो जाएगी. इससे ईरान की तेल सप्लाई लाइन को नुक़सान होगा और पेट्रोल की कमी हो जाएगी.

  7. गाज़ियाबाद की एक सोसाइटी की इमारत में लगी भीषण आग

    इमारत में लगी आग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, 15 मंज़िला इमारत के 9वें फ़्लोर पर लगी आग

    उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद के इंदिरापुरम की ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भीषण आग लग गई. आग बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे लगी, जिससे कई फ्लैट जल गए.

    यह आग 15 मंज़िला इमारत के 9वें फ़्लोर पर लगी, जो बाद में फैल गई और ऊपर के कुछ फ़्लोर को अपनी चपेट में ले लिया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए यहां के निवासी रोहित ने बताया, “करीब 10-12 फ्लैट आग में जल गए हैं. शायद बिजली की कोई समस्या रही होगी. मुझे पूरी जानकारी नहीं है.”

    यहां रहने वाली मीरा ने बताया, "आग 9वीं मंज़िल से 13वीं मंज़िल तक फैल गई है. सुबह करीब 8:30 बजे आग लगी थी और अब तक बुझी नहीं है, यह सबसे ऊपर की मंज़िल तक पहुंच गई है."

    उन्होंने कहा, "9वीं मंज़िल पर पेंट का काम चल रहा था. वहीं शॉर्ट सर्किट हुआ और एसी में धमाका हुआ. मुझे नहीं पता कि कोई घायल हुआ है या नहीं."

    इमारत में लगी आग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमारत में लगी आग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमारत में लगी आग

    इमेज स्रोत, ANI

  8. पश्चिम बंगाल में 9 बजे तक 18.39 फ़ीसदी वोटिंग हुई, सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी पर लगाया ये आरोप

    कतार में खड़े मतदाता

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

    पश्चिम बंगाल में आज सुबह 7 बजे से 142 सीटों पर मतदान हो रहा है. सुबह 9 बजे तक 18.39% वोटिंग हो चुकी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी भवानीपुर विधानसभा सीट के कई बूथों का दौरा किया. उन्होंने आरोप लगाया, "सेंट्रल फ़ोर्सेज़ और चुनाव पर्यवेक्षक बीजेपी के कहने पर काम कर रहे हैं."

    वहीं इस सीट पर उनके प्रतिद्वंद्वी बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, "ममता बनर्जी आज उम्मीदवार हैं और उन्हें बूथ पर जाने का अधिकार है, लेकिन वो इतनी भीड़ क्यों लेकर आई हैं? मैं भी बूथ पर जा रहा हूं, लेकिन सिर्फ़ अपने बॉडीगार्ड्स के साथ. उन्हें भी ऐसा ही करना चाहिए. उन्होंने डर फैलाने के लिए इतनी भीड़ लाई है."

    पीटीआई के मुताबिक़, बारानगर के वार्ड नंबर 72 में वोटिंग रोक दी गई है क्योंकि ईवीएम ख़राब हो गई. नाराज़ वोटरों का कहना है कि मशीन पांच बार बदली गई, लेकिन वोटिंग शुरू नहीं हुई.

    खानाकुल के हुगली ज़िले में राजहाटी-1 पंचायत के रामचंद्रपुर के बूथ नंबर 147 पर टीएमसी और आईएसएफ समर्थकों के बीच झगड़ा हुआ. आरोप है कि नकली पोलिंग एजेंट लगाए गए थे.

    महिला वोटर

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

    इमेज कैप्शन, दूसरे चरण में कुल 1448 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें से 220 महिलाएं हैं
    महिला वोटर

    इमेज स्रोत, X/@CEOWestBengal

    इमेज कैप्शन, 2021 में इन 142 सीटों में से टीएमसी ने 123 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी को सिर्फ 18 और आईएसएफ को 1 सीट मिली थी
  9. एक सर्वे के मुताबिक़ मौजूदा कार्यकाल में ट्रंप की लोकप्रियता सबसे निचले स्तर पर

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता उनके मौजूदा कार्यकाल में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है.

    यह बात ब्रिटिश अख़बार द गार्जियन में छपे रॉयटर्स-इप्सोस के नए सर्वे में सामने आई है.

    अमेरिकियों की नाराज़गी की प्रमुख वजह है बढ़ती महंगाई पर ट्रंप क़ाबू नहीं पा सके. इसके अलावा, ईरान के ख़िलाफ़ उनकी जंग लोगों को पसंद नहीं आ रही. इस युद्ध से अमेरिका में पेट्रोल की क़ीमतें बढ़ गई हैं.

    चार दिन चले सर्वे में सिर्फ़ 34 प्रतिशत अमेरिकियों ने ट्रंप के कामकाज को सही बताया, जबकि 15 से 20 अप्रैल के बीच हुए पिछले सर्वे में यह आंकड़ा 36 प्रतिशत था.

    महंगाई से जुड़े कामकाज पर ट्रंप को सिर्फ़ 22 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला, जबकि पिछले सर्वे में यह 25 प्रतिशत था.

    रिपब्लिकन पार्टी के समर्थकों में भी चिंता बढ़ रही है कि नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों में वे अमेरिकी संसद कांग्रेस में कमज़ोर पड़ सकते हैं.

    हालांकि, रिपब्लिकन पार्टी के 78 प्रतिशत लोग अब भी ट्रंप का समर्थन करते हैं, लेकिन 41 प्रतिशत पार्टी सदस्य महंगाई से निपटने में उनके कामकाज से असंतुष्ट हैं.

  10. ट्रंप के सामने किंग चार्ल्स ने ऐसा क्या कहा, जिसके बाद गूंजने लगे ठहाके

    किंग चार्ल्स और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Chris Jackson/Getty Images

    इमेज कैप्शन, व्हाइट हाउस में हुए स्टेट डिनर के दौरान किंग चार्ल्स और डोनाल्ड ट्रंप

    ब्रिटेन के किंग चार्ल्स अमेरिका में राजकीय दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने कहा है कि अगर ब्रिटिश न होते तो अमेरिकी लोग फ़्रेंच बोल रहे होते.

    किंग चार्ल्स ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में हुए स्टेट डिनर के दौरान मज़ाक़िया अंदाज़ में कहा, "राष्ट्रपति जी (डोनाल्ड ट्रंप) ने हाल ही में कहा था कि अगर अमेरिका न होता तो यूरोपीय देश जर्मन बोल रहे होते. मैं यह कहने की हिम्मत करूंगा कि अगर हम न होते, तो आप फ़्रेंच बोल रहे होते."

    इसके बाद हॉल में ठहाके गूंजने लगे और किंग चार्ल्स के सामने बैठे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी हंसने लगे.

    इससे पहले स्टेट डिनर में भाषण देते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि चार्ल्स भी इस बात पर सहमत हैं कि ईरान को परमाणु हथियार नहीं मिलना चाहिए.

  11. ट्रंप ने किंग चार्ल्स की मौजूदगी में ईरान को लेकर दिया बयान, किंग चार्ल्स ने नेटो की अहमियत पर दिया ज़ोर

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Chris Jackson/Getty Images

    इमेज कैप्शन, व्हाइट हाउस में स्टेट डिनर के दौरान ट्रंप ने भाषण दिया

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी सेना ने ईरान को सैन्य रूप से हरा दिया है. उन्होंने यह बात व्हाइट हाउस में स्टेट डिनर में ब्रिटेन के किंग चार्ल्स की मौजूदगी में कही.

    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "हम कभी भी उस विरोधी (ईरान) को परमाणु हथियार नहीं रखने देंगे. चार्ल्स मुझसे भी ज़्यादा इस बात से सहमत हैं, हम कभी भी ऐसा नहीं होने देंगे."

    ट्रंप ने अपने भाषण में मध्य पूर्व का ज़िक्र करते हुए कहा कि अमेरिका ईरान के साथ युद्ध में बहुत अच्छा कर रहा है.

    राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि अमेरिका और ब्रिटेन ने मिलकर "कम्युनिज़्म, फ़ासीवाद और तानाशाही ताक़तों के खिलाफ डटकर खड़े रहे हैं."

    इसके बाद किंग चार्ल्स ने नेटो और ऑकस अलायंस की अहमियत पर ज़ोर दिया. उन्होंने कहा कि ऐसे अलायंस से तकनीकी और सैन्य सहयोग को और मज़बूत किया जा सकता है.

  12. पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 सीटों पर मतदान जारी

    वोटिंग के लिए कतार में लगे लोग

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दूसरे चरण की 142 सीटों पर कुल 3.21 करोड़ मतदाता हैं (सांकेतिक फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 सीटों पर बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, दूसरे चरण में कुल 1448 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें से 220 महिलाएं हैं. दूसरे चरण की इन सीटों पर कुल 3.21 करोड़ वोटर्स हैं.

    कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया, हुगली और पूर्व बर्दवान जिलों में लोग मतदान केंद्रों पर कतारों में खड़े दिखे.

    2021 में इन 142 सीटों में से टीएमसी ने 123 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी को सिर्फ 18 और आईएसएफ को 1 सीट मिली थी.

    पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को वोटिंग हुई थी. 4 मई को चुनाव के रिज़ल्ट आएंगे.

  13. अमेरिकी संसद को संबोधित करते हुए किंग चार्ल्स ने क्या कहा?

    किंग चार्ल्स

    इमेज स्रोत, Henry Nicholls-Pool/Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी संसद को संबोधित करते किंग चार्ल्स

    ब्रिटेन के किंग चार्ल्स अमेरिका दौरे पर हैं. यहां पर उन्होंने मंगलवार को अमेरिकी संसद 'कांग्रेस' को संबोधित किया.

    यह दूसरा मौका था जब ब्रिटेन के सबसे बड़े शाही पद पर बैठे व्यक्ति ने अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित किया. इससे पहले उनकी मां क्वीन एलिज़ाबेथ ने कांग्रेस को संबोधित किया था.

    किंग चार्ल्स ने अपने भाषण में अमेरिका और ब्रिटेन के साझा इतिहास की ओर इशारा किया और कहा कि यह रिश्ता कई सदियों पुराना है.

    किंग चार्ल्स ने कहा, "इतिहास से आगे बढ़कर दोनों देशों के पास साझा लोकतांत्रिक मूल्य हैं, जो उनकी शासन व्यवस्था की नींव हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "ब्रिटेन और अमेरिका की ख़ास साझेदारी सिर्फ़ पुरानी कामयाबियों पर नहीं टिक सकती, ख़ासकर ऐसे समय में जब दुनिया तेज़ी से बदल रही है."

    उन्होंने ब्रिटेन और अमेरिका के बीच रक्षा क्षेत्र में और ज़्यादा सहयोग की अपील की और कहा कि यूक्रेन को समर्थन देना ज़रूरी है ताकि यूरोप में स्थायी शांति हासिल हो सके.

    किंग चार्ल्स

    इमेज स्रोत, Chris Jackson/Getty Images

    इमेज कैप्शन, व्हाइट हाउस में हुए स्टेट डिनर के दौरान किंग चार्ल्स

    इसके बाद व्हाइट हाउस में हुए स्टेट डिनर के दौरान किंग चार्ल्स ने नेटो और ऑकस अलायंस की अहमियत पर ज़ोर दिया.

    उन्होंने ट्रंप की मौजूदगी में कहा कि ऐसे अलायंस से तकनीकी और सैन्य सहयोग को और मज़बूत किया जा सकता है.

    उन्होंने आगे कहा, "ऐसा करने से हम मिलकर ऐसी दुनिया की चुनौतियों का सामना कर सकें जो लगातार जटिल होती जा रही है."

    गौरतलब है कि ब्रिटेन के किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला चार दिन के राजकीय दौरे पर अमेरिका में हैं.

  14. अमेरिका ने ईरान से जुड़े 35 लोगों और कंपनियों पर लगाया बैन, इन पर क्या आरोप

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Tasos Katopodis/Getty Images)

    अमेरिका ने ईरान से जुड़े 35 लोगों और कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए हैं. इन पर आरोप है कि ये लोग ईरान की "हिडन बैंकिंग व्यवस्था" का हिस्सा हैं.

    अमेरिकी वित्त विभाग के ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल का कहना है कि ये लोग 'अरबों डॉलर के लेन-देन में शामिल थे' और 'ईरान की आतंकवाद को मदद देने वाली गतिविधियों से जुड़े' हैं.

    रिपोर्ट के मुताबिक, "इस नेटवर्क ने अवैध तेल बिक्री से पैसा कमाया, मिसाइल और हथियारों के लिए ज़रूरी पुर्ज़े खरीदे और ईरान से जुड़े लड़ाकों को पैसे भेजे."

    अमेरिका का आरोप है कि ये नेटवर्क ईरान की सेना और रिवोल्यूशनरी गार्ड को दुनिया की वित्तीय व्यवस्था तक पहुंच दिलाते हैं.

    गौरतलब है कि इससे पहले भी अमेरिका ने ऐसे कदम उठाए हैं, जिससे ईरान पर आर्थिक तौर पर दबाव बनाया जा सके.

  15. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.