अमेरिकी स्पेशल फ़ोर्सेज़ के सैकड़ों जवान मध्य-पूर्व पहुँचे- सीबीएस की रिपोर्ट
बीबीसी के अमेरिकी मीडिया सहयोगी सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, अमेरिकी नेवी सील्स (स्पेशल फ़ोर्स), आर्मी रेंजर्स और पैराट्रूपर्स मध्य-पूर्व पहुँच चुके हैं.
अमेरिकी स्पेशल फ़ोर्सेज़ के सैकड़ों जवान मध्य-पूर्व पहुँचे- सीबीएस की रिपोर्ट
इमेज स्रोत, Jam STA ROSA / AFP via Getty
इमेज कैप्शन, अमेरिकी सेंट्रल कमान ने शनिवार को कहा था कि यूएसएस त्रिपोली मध्य-पूर्व पहुँच चुका है (फ़ाइल फ़ोटो)
बीबीसी के अमेरिकी मीडिया सहयोगी
सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, अमेरिकी
नेवी सील्स (स्पेशल फ़ोर्स), आर्मी
रेंजर्स और पैराट्रूपर्स मध्य-पूर्व पहुँच चुके हैं.
सीबीएस का कहना है कि मध्य-पूर्व में
तैनात अमेरिकी स्पेशल फ़ोर्सेज़ में सैकड़ों नेवी सील्स और आर्मी रेंजर्स शामिल
हैं. इसके अलावा अमेरिकी मरीन्स और पैराट्रूपर्स भी क्षेत्र में मौजूद हैं.
सूत्रों ने सीबीएस को बताया कि
सैनिकों की तैनाती का मक़सद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ईरान के संदर्भ
में विकल्प देना है. इसमें होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने से जुड़ी कार्रवाई, ख़ार्ग द्वीप से तेल लेने या ईरान के समृद्ध
यूरेनियम भंडार पर नियंत्रण जैसे ऑपरेशन शामिल हो सकते हैं.
अमेरिकी सेंट्रल कमान (सेंटकॉम) ने
इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया है.
शनिवार को सेंटकॉम ने कहा था कि
3500 नाविक और मरीन यूएसएस त्रिपोली पर सवार होकर मध्य-पूर्व पहुँच चुके हैं.
नसीम शाह पर पीसीबी ने लगाया दो करोड़ का जुर्माना, मरियम नवाज़ को लेकर एक्स पर पोस्ट हुई थी वायरल
इमेज स्रोत, Getty Images/PCB
इमेज कैप्शन, नसीम शाह पीएसएल फ़्रेंचाइज़ी 'रावलपिंडी' का हिस्सा हैं
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने तेज़
गेंदबाज़ नसीम शाह पर सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन करने के लिए दो करोड़ रुपये
का जुर्माना लगाया है.
पीसीबी का कहना है कि 'नसीम शाह ने अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की कई
शर्तों का उल्लंघन किया है.'
पीसीबी ने 27 मार्च को नसीम शाह को
कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिसमें
उन पर कॉन्ट्रैक्ट की विभिन्न धाराओं और पीसीबी के सोशल मीडिया दिशानिर्देशों के
उल्लंघन का आरोप लगाया गया था.
एक बयान जारी कर पीसीबी ने बताया कि
नसीम शाह ने कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया और "इसकी समीक्षा करने के बाद,
तीन सदस्यीय अनुशासनात्मक समिति ने उन्हें 30
मार्च को तलब किया और उनका पक्ष सुना."
पीसीबी के मुताबिक़, नसीम शाह के स्पष्टीकरण की समीक्षा करने के बाद
समिति ने फ़ैसला किया है कि भले ही उन्होंने बिना शर्त माफ़ी मांगी है, फिर भी उन्होंने "अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट
की कई शर्तों का उल्लंघन किया है और इसलिए उन पर दो करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया
जाता है."
क्या है मामला?
हालांकि, पीसीबी ने अपने आदेश में इसका ज़िक्र नहीं किया है लेकिन 26 मार्च को नसीम शाह ने एक्स पर एक पोस्ट की थी जो वायरल हो गई थी.
पीएसएल के उद्घाटन के लिए मरियम नवाज़ के गद्दाफ़ी स्टेडियम पहुंचने पर नसीम शाह के एक्स अकाउंट से एक पोस्ट किया गया था, जिसमें लिखा था, "उनके साथ रानी जैसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है?"
नसीम शाह ने यह पोस्ट पीसीबी के एक पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए किया था.
पीसीबी ने अपनी पोस्ट में एक वीडियो डाला था. इस वीडियो में मरियम नवाज़ पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नक़वी के साथ खिलाड़ियों से मुलाक़ात करती दिख रही थीं.
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और नसीम शाह के प्रशंसकों और क्रिकेट कमेंटेटरों ने चिंता जताई कि इससे भविष्य में नसीम शाह के लिए समस्याएं पैदा हो सकती हैं.
बाद में नसीम शाह ने दावा किया कि उनका एक्स अकाउंट हैक हो गया था, जिसे बाद में रिकवर कर लिया गया.
इसराइल के हाइफ़ा शहर की तेल रिफ़ाइनरी में 'मिसाइल के मलबे' से लगी आग
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, इसराइल के हाइफ़ा शहर की तेल रिफ़ाइनरी में आग के बाद उठता धुआँ
रॉयटर्स के मुताबिक़, इसराइल फ़ायर एंड रेस्क्यू सर्विस का कहना है कि
हाइफ़ा शहर में इंटरसेप्ट की गई मिसाइल के मलबे से बाज़ान ऑयल रिफ़ाइनरी का एक
ईंधन टैंकर प्रभावित हुआ है.
सोमवार सुबह जारी बयान में फ़ायर
सर्विस ने कहा कि दमकलकर्मी आग को फैलने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं और फंसे हुए
लोगों की तलाश भी कर रहे हैं.
इसराइली टेलीविज़न और ईरानी सोशल
मीडिया पर प्रसारित वीडियो में हाइफ़ा की एक तेल रिफ़ाइनरी से धुआँ उठता दिख रहा
है, जिसे इस संघर्ष के दौरान पहले भी
निशाना बनाया जा चुका है.
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि मिसाइलें कहां से दागी गईं, लेकिन युद्ध शुरू होने के बाद से इसराइल पर ईरान
और लेबनान में हिज़्बुल्लाह लड़ाकों की तरफ़ से लगातार हमले हो रहे हैं.
इससे पहले ईरान के सरकारी मीडिया ने
दावा किया था कि ईरानी मिसाइलों ने उत्तरी इसराइल के एक औद्योगिक क्षेत्र को
निशाना बनाया है.
भारतीय शेयर बाज़ार फिर क्रैश: सेंसेक्स 1635 अंक टूटा, निफ़्टी इतने पर बंद हुआ
इमेज स्रोत, Ge
इमेज कैप्शन, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की इमारत
सोमवार को बाज़ार बंद होते वक्त बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क बीएसई सेंसेक्स 2.22% गिरकर 71,947.55 पर आ गया.
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों वाला निफ़्टी इंडेक्स 2.14% गिरकर
22,331.40 पर बंद हुआ.
ये दोनों लगभग एक साल के अपने सबसे निचले स्तर पर बंद हुए.
रायटर्स के मुताबिक़, ये
दोनों इंडेक्स की ये मार्च 2020 के बाद से अपनी सबसे बड़ी मासिक गिरावट है.
रॉयटर्स के मुताबिक़, इसकी वजह मध्य-पूर्व में चल रहा संघर्ष है जिसके कारण तेल की कीमतें 115 डॉलर प्रति बैरल के क़रीब पहुँच गई हैं.
रुपये का क्या हाल रहा
सोमवार को भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुक़ाबले लगभग स्थिर रहा और 94.83 पर बंद हुआ.
ये रुपये के लिए एक मुश्किल भरा वित्त वर्ष रहा. रॉयटर्स के मुताबिक़, पूरे वित्त वर्ष के दौरान व्यापारिक तनाव, भू-राजनीतिक घटनाक्रम और पूँजी के कमज़ोर प्रवाह ने रुपये को बुरी तरह प्रभावित किया.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'नक्सल-मुक्त भारत' को लेकर लोकसभा में क्या कुछ कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अमित शाह संसद में 'देश को वामपंथी उग्रवाद से मुक्त कराने के प्रयासों' पर हुई बहस का जवाब दे रहे थे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने
सोमवार को लोकसभा में कहा कि देश 'नक्सल-मुक्त'
हो चुका है.
उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य 31 मार्च तक नक्सल-मुक्त भारत का
था. पूरी प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूरी होने के बाद देश को सूचित किया जाएगा,
मगर मैं ऐसा बोल सकता हूं कि हम नक्सल मुक्त हो
गए हैं."
इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पर
आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश में 'नक्सलवाद' ख़त्म करने के लिए कुछ नहीं किया.
अमित शाह संसद में 'देश को वामपंथी उग्रवाद से मुक्त कराने के प्रयासों'
पर हुई बहस का जवाब दे रहे थे.
उन्होंने कहा, "मनमोहन सिंह जी ने देश के सामने स्वीकार किया था
कि कश्मीर और नॉर्थ ईस्ट से भी बड़ी चुनौती देश के सामने नक्सलवाद है, लेकिन कांग्रेस ने कुछ नहीं किया."
इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया,
"देश के 12 राज्यों को रेड कॉरिडोर
बना दिया गया और वहाँ क़ानून का शासन समाप्त कर दिया गया. 12 करोड़ लोग ग़रीबी के
अंदर सालों तक जीते रहे. दोनों तरफ़ से 20 हज़ार युवा मारे गए, कई दिव्यांग बन गए. आख़िर इसके लिए कौन
ज़िम्मेदार है?"
इमेज स्रोत, Sansad TV
इमेज कैप्शन, केंद्रीय गृह मंत्री ने माओवादियों के सरेंडर से जुड़ी जानकारी भी दी
अमित शाह ने माओवादियों के सरेंडर से जुड़ी सरकार की नीति का भी ज़िक्र किया और कहा कि 'जो हथियार डालता है, उसी से बातचीत होती है और गोली का जवाब गोली से दिया जाता है'.
उन्होंने कहा, "कुछ लोग चर्चा से नहीं मानते, उनके ख़िलाफ़ बल प्रयोग करना पड़ता है. उनके अत्याचार से निर्दोष नागरिकों को बचाना पड़ता है. इन्होंने किसानों के खेतों में बम लगाकर उन्हें अपंग बना दिया गया. बच्चों के स्कूलों में रेड कर उन्हें भर्ती किया गया. मोदी सरकार में हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है. कोई समझ जाए तो ठीक है, नहीं तो फ़ोर्स इसी दिन के लिए बनाई गई है."
केंद्रीय गृह मंत्री ने माओवादियों के सरेंडर से जुड़ी जानकारी भी दी.
उन्होंने कहा, "मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की स्टेट कमेटियों के सदस्य सरेंडर कर चुके हैं. ओडिशा में जो चार बचे थे, उनमें से एक ने सरेंडर किया और तीन मारे गए. तेलंगाना में छह ने सरेंडर किया, तीन मारे गए. अब वहाँ एक भी नहीं बचा है."
उन्होंने कहा, "इस प्रकार उनका पॉलित ब्यूरो और सेंट्रल स्ट्रक्चर लगभग समाप्त हो चुका है. हमारा लक्ष्य 31 मार्च तक नक्सल-मुक्त भारत का था. पूरी प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूरी होने के बाद देश को सूचित किया जाएगा, मगर मैं ऐसा बोल सकता हूं कि हम नक्सल मुक्त हो गए हैं."
होर्मुज़ में ईरान के 'नियंत्रण' से जुड़े प्रस्ताव पर बोले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो
इमेज स्रोत, Alain JOCARD / AFP via Getty
इमेज कैप्शन, मार्को रुबियो ने कहा कि ईरान में जारी अमेरिकी अभियान का मूल उद्देश्य ईरान की वायुसेना और नौसेना को नष्ट करना है (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो
ने एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट में एक ऐसा सिस्टम बनाने की
कोशिश कर रहा है, जिसमें वह यह तय करेगा कि इस जलमार्ग
से कौन गुज़रेगा.
उन्होंने कहा कि दुनिया को ईरान की
इन 'धमकियों' की ओर ध्यान देना चाहिए.
मार्को रुबियो ने कहा, "ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट पर नियंत्रण और टोल सिस्टम
बनाने की धमकी दे रहा है. ऐसा होने नहीं दिया जाएगा."
इससे पहले ईरानी सांसद अलादीन
बोरूजेर्दी ने कहा था कि ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट से जुड़ी नई संसदीय योजना को
"जल्द से जल्द" मंज़ूरी देगा. इस प्रस्तावित "नए सिस्टम" के
तहत ईरान की "इजाज़त के बिना" किसी भी जहाज़ को गुज़रने की अनुमति नहीं
होगी.
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान होर्मुज़
से गुज़रने वाले जहाज़ों से ट्रांज़िट टोल वसूलने की तैयारी कर रहा है.
मार्को रुबियो ने यह भी कहा कि ईरान
में जारी अमेरिकी अभियान का मूल उद्देश्य ईरान की वायुसेना और नौसेना को नष्ट करना
है. उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को काफ़ी हद तक हासिल किया जा चुका है.
अमेरिकी विदेश मंत्री ने ईरान के
परमाणु कार्यक्रमों पर भी टिप्पणी की है.
उन्होंने कहा, "वे कट्टर धार्मिक विचारधारा वाले लोग हैं और
उन्हें कभी भी परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती, क्योंकि उनके भविष्य को लेकर विनाशकारी विचार
हैं."
राजस्थान: रिटायर्ड फौजी की हत्या के बाद तनाव, अभियुक्त के घर को बुलडोजर से गिराया, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिन्दी के लिए जयपुर से
इमेज स्रोत, MOHAR SINGH MEENA
इमेज कैप्शन, उदयवीर सिंह की हत्या के अभियुक्त के घर पर ज़िला प्रशासन ने बुलडोजर चलाया
राजस्थान के झुंझुनूं ज़िले में रविवार देर रात एक रिटायर्ड फौजी उदयवीर की हत्या कर दी गई.
यह घटना ज़िले के खेतड़ी पुलिस थाना इलाक़े के बामनवास गांव की है. गांव के ही अकरम पर हत्या का आरोप लगा है.
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार सुबह दिल्ली-बीकानेर न्यू हाईवे को जाम कर दिया.
अभियुक्त की गिरफ़्तारी की मांग को लेकर बढ़ते ग्रामीणों के विरोध के बीच भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
इसके अलावा प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियुक्त के घर को बुलडोजर से गिरा दिया है.
इमेज स्रोत, MOHAR SINGH MEENA
इमेज कैप्शन, पुलिस ने बताया कि उदयवीर सिंह (तस्वीर में) और अभियुक्त अकरम एक ही गांव के हैं.
झुंझुनूं ज़िले के एडिशनल एसपी फूल चंद मीणा ने बीबीसी से कहा, "जीआरपी की सहायता से अभियुक्त अकरम को जयपुर से हिरासत में लिया गया है. इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया है."
उन्होंने बताया कि उदयवीर सिंह के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है.
डिप्टी एसपी देवेंद्र ने बताया, "अभियुक्त ने मामूली कहासुनी के बाद उदयवीर की चाकू मारकर हत्या कर दी थी. दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं. हत्या के असल कारणों का पता अभियुक्त से पूछताछ के बाद चल पाएगा."
उन्होंने बताया, "बामनवास गांव में अभियुक्त अकरम के घर पर बुलडोजर से कार्रवाई करते हुए गिराया गया है."
होर्मुज़ में नया सिस्टम लागू करने की तैयारी में ईरान, टोल वसूली का प्रस्ताव, ग़ोंचेह हबीबीआज़ाद, सीनियर रिपोर्टर, बीबीसी फ़ारसी
इमेज स्रोत, Corbis via Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरानी सांसद ने कहा कि "नए सिस्टम" के तहत ईरान की "इजाज़त के बिना" किसी भी जहाज़ को गुज़रने की अनुमति नहीं होगी
ईरानी सांसद अलादीन बोरूजेर्दी ने
कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट से जुड़ी नई संसदीय योजना को "जल्द से
जल्द" मंज़ूरी दी जाएगी.
बोरूजेर्दी ने कहा कि संसद में
प्रस्तावित "नए सिस्टम" के तहत ईरान की "इजाज़त के बिना" किसी
भी जहाज़ को गुज़रने की अनुमति नहीं होगी.
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान होर्मुज़
से गुज़रने वाले जहाज़ों से ट्रांज़िट टोल वसूलने की तैयारी कर रहा है.
उन्होंने कहा, "क्योंकि सुरक्षा बनाए रखने और यहाँ से गुज़रने
वाले जहाज़ों को सेवाएं देने में लागत आती है, इसलिए होर्मुज़ से ट्रांज़िट टोल वसूलने के लिए एक फ़्रेमवर्क तैयार
करना ज़रूरी है."
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के लिए
परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) से बाहर निकलने का "समय आ गया है" और
इसराइल और अमेरिका की तरफ़ से ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमलों के बाद यह संधि
"अप्रासंगिक" हो गई है.
कार्टून: फ्रीडम ऑफ़ एक्सप्रेशन नाम की चीज
इमेज कैप्शन, तेलंगाना में हेट स्पीच के ख़िलाफ़ बिल पर आज का कार्टून
केंद्र सरकार ने डीएपी और यूरिया की आपूर्ति को लेकर क्या बताया
इमेज स्रोत, PIB
इमेज कैप्शन, मध्य-पूर्व संकट को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार के कई मंत्रालयों ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेंस की
केंद्र सरकार के उर्वरक विभाग की
संयुक्त सचिव अपर्णा शर्मा ने सोमवार को बताया कि विभाग की ओर से उर्वरकों की
आपूर्ति में विविधता लाने के लिए ज़रूरी क़दम उठाए जा रहे हैं.
दरअसल, ईरान युद्ध की वजह से होर्मुज़ स्ट्रेट बंद होने से ऊर्जा संकट के बाद
अब आने वाले समय में उर्वरकों की कमी की आशंका जताई जा रही है.
गर्मियों के बाद मानसून में खरीफ की
फ़सलें बोई जाएंगी. ऐसे में देश में उर्वरकों की आपूर्ति को लेकर चर्चाएं चल रही
हैं.
मध्य-पूर्व संकट को लेकर सोमवार को
केंद्र सरकार के कई मंत्रालयों ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. इसमें उर्वरक
विभाग की संयुक्त सचिव अपर्णा शर्मा ने देश में उर्वरक आपूर्ति को लेकर जानकारी
दी.
उन्होंने कहा, "यूरिया और डीएपी के हमारे जो बड़े सप्लायर्स हैं,
उन सभी के साथ हम बहुत क़रीबी संपर्क में हैं,
जिससे कि हमारे पास उर्वरक उपलब्ध रहे."
उन्होंने कहा कि उर्वरकों के स्रोतों
में विविधता लाने के लिए क़दम उठाए जा रहे हैं.
अपर्णा शर्मा ने कहा, "खाड़ी देशों के अलावा रूस, मोरक्को, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, मलेशिया,
जॉर्डन, कनाडा,
अल्जीरिया, मिस्र और टोगो जैसे देशों से उर्वरकों की आपूर्ति में विविधता लाने के
लिए सक्रिय क़दम उठाए जा रहे हैं."
दिल्ली में तेज़ हवाएं और बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली में बीते दिनों भी बारिश हुई थी (20 मार्च की तस्वीर)
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने
सोमवार को राजधानी दिल्ली में बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की बारिश का येलो
अलर्ट जारी किया है.
आईएमडी की वेबसाइट के मुताबिक़,
दिल्ली में सोमवार को दोपहर के दौरान 'बहुत हल्की से हल्की बारिश', बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की
रफ़्तार से हवाएं चलेंगी.
मौसम विभाग का कहना है कि इसी तरह की
स्थिति शाम और रात के दौरान भी रहेगी.
दिल्ली में सोमवार को दोपहर लगभग तीन
बजे के बाद से तेज़ हवाएं चल रही हैं और काले घने बादल छाए हुए हैं. इस दौरान कुछ
जगहों पर हल्की बारिश भी हुई है.
इराक़ के रक्षा मंत्रालय ने कहा, एयरबेस पर मिसाइल हमले से एक विमान नष्ट हुआ
इमेज स्रोत, Iraqi Ministry of Defence
इमेज कैप्शन, इराक़ की वायुसेना का क्षतिग्रस्त विमान
इराक़ के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मोहम्मद अला एयरबेस पर मिसाइलों से हुए हमले में वायुसेना का एक विमान नष्ट हो गया है.
यह हमला सोमवार तड़के बग़दाद
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हुआ. इस हमले में किसी के घायल होने या मारे जाने
की ख़बर नहीं है.
इराक़ के रक्षा मंत्रालय ने अपनी
वेबसाइट पर जारी अपडेट में इस हमले को "सैन्य ठिकानों और उसकी रक्षा क्षमता
को निशाना बनाने वाला कायरतापूर्ण और आपराधिक कृत्य" बताया है और इसकी निंदा
की है.
इससे पहले सोमवार सुबह, सीरियाई अरब सेना ने कहा कि उसने इराक़ी सीमा के पास
अपने कई सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हुए ड्रोन हमले को नाकाम कर दिया है. यह
जानकारी देश की सरकारी समाचार एजेंसी ने दी.
सेना के ऑपरेशंस कमांड ने सरकारी
समाचार एजेंसी सना को बताया कि ज़्यादातर ड्रोन को रोक लिया गया और मार गिराया
गया.
नीतीश कुमार के इस्तीफ़े के बाद भावुक हुए बिहार के मंत्री अशोक चौधरी, क्या बोले
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अशोक चौधरी का कहना है कि नीतीश कुमार के पदचिह्नों पर चलना बड़ी चुनौती है
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के
विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफ़े के बाद राज्य के मंत्री और जेडीयू के
राष्ट्रीय महासचिव अशोक चौधरी भावुक हो गए.
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में
अशोक चौधरी ने कहा, "नीतीश जी
ने विकास की जो बड़ी रेखा खींची है, जो भी
व्यक्ति आएगा उसके लिए बड़ी चुनौती रहेगी. नीतीश जी के पदचिह्नों पर चलना, उनकी तरह काम करना, घोर से घोर विरोधी के लिए सम्मान रखना, ये सब बड़ी बातें हैं."
उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार
जैसी राजनीतिक सोच वाले लोग अब 'नई पीढ़ी
में नहीं रह गए' हैं.
जब उनसे पूछा गया कि 'क्या भविष्य में बिहार के लिए कोई दूसरा नीतीश
कुमार बन पाएगा?' तो उन्होंने जवाब दिया,
"नहीं, नीतीश कुमार तो कोई नहीं हो सकता. नीतीश कुमार (जैसा) न कभी पैदा हुआ
था, न कभी होगा."
नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार की
विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया. विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण
सिंह ने बताया, "नीतीश कुमार ने इस्तीफ़ा दे दिया है.
अब आगे की प्रक्रिया की जाएगी."
एमएलसी संजय गांधी नीतीश कुमार का
इस्तीफ़ा लेकर विधान परिषद पहुंचे थे.
नीतीश कुमार हाल ही में राज्यसभा के
सदस्य चुने गए थे. इसके बाद संवैधानिक नियमों के मुताबिक़, उन्हें 30 मार्च तक एमएलसी के पद से इस्तीफ़ा देना था.
लेबनान में इसराइल के छह सैनिक घायल, बेरूत में आईडीएफ़ के हमले तेज़ हुए
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, दक्षिणी लेबनान में इसराइली हमलों के बाद धुआँ उठता दिखाई दिया
इसराइली सेना का कहना है कि उसने
लेबनान की राजधानी बेरूत में हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए हैं.
सोमवार सुबह की तस्वीरों में बेरूत के दक्षिणी इलाक़ों से धुआँ उठता दिख रहा है.
इसराइली सेना (आईडीएफ़) का कहना है
कि वह ईरान समर्थित समूह हिज़्बुल्लाह के "आतंकवादी ठिकानों" को निशाना
बना रहा है.
लेबनानी मीडिया ने भी दक्षिणी बेरूत
में इसराइली हमलों की ख़बर दी है.
इससे पहले आईडीएफ़ ने बताया था कि
लेबनान में अलग-अलग घटनाओं में उसके छह सैनिक घायल हुए हैं.
आईडीएफ़ के मुताबिक़, दक्षिणी लेबनान में शनिवार दोपहर एक एंटी-टैंक
मिसाइल दागे जाने के बाद दो सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए.
इसराइली सेना का कहना है कि तीन अन्य
सैनिक उनके नज़दीक एक ड्रोन गिरने से घायल हुए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है. इसके अलावा एक और सैनिक "ऑपरेशनल
एक्सीडेंट" में घायल हुआ. सभी सैनिकों को अस्पताल ले जाया गया है.
अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच जारी
संघर्ष का असर पूरे क्षेत्र पर पड़ रहा है, जिसके कारण लेबनान में दस लाख से ज़्यादा लोग विस्थापित हो चुके हैं.
ईरान युद्ध: आईआरजीसी ने पुष्टि की, 'नौसेना कमांडर अली रज़ा तंगसिरी मारे गए'
इमेज स्रोत, Tasnim News Agency
इमेज कैप्शन, इसराइल ने चार दिन पहले ही दावा किया था कि उसने तंगसिरी को निशाना बनाया था (फ़ाइल फ़ोटो)
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि उसके नौसेना कमांडर अली रज़ा तंगसिरी की मौत हो गई है.
जबकि इसराइल ने चार दिन पहले ही दावा किया था कि उसने तंगसिरी को निशाना बनाया था.
आईआरजीसी से जुड़ी तस्नीम एजेंसी के मुताबिक़ बयान में कहा गया, "तंगसिरी फ़ौज को संगठित कर रहे थे, द्वीपों और तटों की रक्षा को मज़बूत कर रहे थे. वो गंभीर चोटों की वजह से मारे गए."
बयान में यह भी कहा गया, "आईआरजीसी नेवी ने तंगसिरी की ग़ैरमौजूदगी के बावजूद तगड़े हमले किए और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ पर मज़बूत कंट्रोल बनाए रखा."
आईआरजीसी ने कहा, "दुश्मन को पूरी तरह ख़त्म करने तक चैन से नहीं बैठेंगे."
गौरतलब है कि अली रज़ा तंगसिरी आईआरजीसी के सबसे वरिष्ठ कमांडरों में से एक थे. वो हाल ही में होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों की आवाजाही पर नज़र रख रहे थे.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
निशिकांत दुबे के बयान पर पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Ashish Vaishnav/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
इमेज कैप्शन, नवीन पटनायक ने कहा कि अपमानजनक बातें सुनकर मैं हैरान था
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने बीजू पटनायक पर टिप्पणी की थी, जिस पर अब ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की प्रतिक्रिया आई है.
नवीन पटनायक ने कहा, "बीजू बाबू के बारे में कही गई अपमानजनक बातें सुनकर मैं हैरान था. शायद उन्हें पता नहीं कि प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने दिल्ली में अपने दफ़्तर के पास ही बीजू बाबू को एक दफ़्तर दिया था, ताकि चीन संघर्ष के समय रणनीति बनाने में मदद कर सकें."
"उस समय मेरी उम्र क़रीब 13 साल थी, लेकिन मुझे याद है कि चीनी हमले से बीजू बाबू कितने ग़ुस्से में थे और उन्होंने उसे रोकने के लिए कितना काम किया. मुझे लगता है कि सांसद (निशिकांत दुबे) को मानसिक डॉक्टर की ज़रूरत है.”
इससे पहले निशिकांत दुबे के बयान के ख़िलाफ़ बीजेडी सांसद सस्मित पात्रा ने विरोध जताते हुए संचार और आईटी समिति से इस्तीफ़ा दे दिया है.
पीटीआई के मुताबिक़, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने 27 मार्च को एक बयान में दावा किया, "1960 के दशक में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और सीआईए के बीच बीजू पटनायक लिंक थे."
पाकिस्तान के विदेश मंत्री लड़खड़ाकर गिरे, बेटे ने दिया ये अपडेट
इमेज स्रोत, Russian FM Press Service/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, मिस्र के विदेश मंत्री का स्वागत करते समय लड़खड़ाकर गिर गए थे पाकिस्तान के विदेश मंत्री (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार के बेटे ने बताया है कि उनके पिता रविवार को कुछ अहम मुलाक़ातों के दौरान लड़खड़ाकर गिर गए.
अली डार ने फ़ेसबुक पर लिखा, "आज मिस्र के विदेश मंत्री का स्वागत करते समय चोट लगने के बावजूद, इसहाक़ डार सभी अहम बैठकों में मौजूद रहे, अल्लाह का शुक्र है, पूरे दिन क़लम हाथ में लिए रहे."
उन्होंने बताया, "रात क़रीब 9 बजे परिवार के कहने पर उनका मेडिकल चेकअप हुआ, जब आधिकारिक बयान रिकॉर्ड हो चुका था. पाकिस्तान के लिए बड़ा दिन अच्छे तरीक़े से ख़त्म हुआ."
उन्होंने आगे कहा, "कंधे में हल्की चोट है. अगले कुछ दिनों तक वो दवा लेंगे और सावधानी बरतेंगे."
ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने रविवार को इस्लामाबाद में तुर्की, मिस्र और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों से मुलाक़ात की थी.
यह मुलाक़ातें मध्य पूर्व में तनाव कम करने की कोशिशों के सिलसिले में हुई थीं.
यूरोप में नेस्ले की 4 लाख किटकैट चॉकलेट चोरी हुईं, कंपनी ने क्या बताया
इमेज स्रोत, Dominic Lipinski/Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, किटकैट के आधिकारिक एक्स हैंडल पर कंपनी ने इस घटना की पुष्टि की (फ़ाइल फ़ोटो)
यूरोप में नेस्ले के मशहूर किटकैट चॉकलेट की बड़ी खेप चोरी हो गई है. ब्रांड ने कहा कि कस्टमर सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ा है.
किटकैट के आधिकारिक एक्स हैंडल पर कंपनी ने जानकारी साझा करते हुए लिखा, "हम पुष्टि कर सकते हैं कि 12 टन किटकैट प्रोडक्ट्स हमारी फैक्ट्री (सेंट्रल इटली) से पोलैंड जाते समय चोरी हो गए."
इमेज स्रोत, X/KITKAT
इमेज कैप्शन, किटकैट के आधिकारिक एक्स हैंडल पर जारी किया गया बयान
कंपनी ने कहा, "हम स्थानीय अधिकारियों और सप्लाई चेन पार्टनर्स के साथ मिलकर जाँच कर रहे हैं. अच्छी ख़बर यह है कि ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर कोई चिंता नहीं है और सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ा है."
पीटीआई के मुताबिक़, नेस्ले ने कहा है कि इस चोरी हुई खेप में किटकैट ब्रांड की क़रीब 4,13,793 चॉकलेट बार्स थीं.