लाइव, लखनऊ आग हादसा: पुलिस ने चार लोगों को गिरफ़्तार किया

लखनऊ के अलीगंज इलाक़े में एक इमारत में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने सोमवार देर रात को चार लोगों को गिरफ़्तार किया है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
  • पीएम मोदी ने कोलकाता में मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
  • प्रदर्शनकारियों का जंतर-मंतर से हटने से इनकार
  • समंदर नीला क्यों दिखाई देता है
  • मैक्रों
  • जेडी वेंस
  • ट्रंप
  • भाई- बहन

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. लखनऊ आग हादसा: पुलिस ने चार लोगों को गिरफ़्तार किया

    इमारत

    इमेज स्रोत, Deepak Gupta/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पुलिस ने कहा कि आरोपों की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी

    लखनऊ के अलीगंज इलाक़े में एक इमारत में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने सोमवार देर रात को चार लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से बताया कि गिरफ़्तार किए गए लोगों की पहचान राम कृष्ण उपाध्याय, वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, तुषार कृष्ण जायसवाल और सुरेश कुमार साहू के रूप में हुई है.

    अधिकारियों ने बताया कि अभियुक्त इमारत के संयुक्त मालिक हैं. पुलिस के मुताबिक़, अलीगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और उत्तर प्रदेश फ़ायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज एक्ट से जुड़ी धाराओं के तहत छह नामज़द लोगों और अन्य के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की गई है.

    इसके अलावा, उत्तर प्रदेश सरकार ने बयान जारी कर बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

    आरोप है कि इमारत को रहने के लिहाज से मंज़ूरी मिली थी, लेकिन इसका ग़ैरक़ानूनी तरीक़े से व्यावसायिक कामों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था.

    अलीगंज एसीपी शशि प्रकाश मिश्रा ने पीटीआई को बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी.

  2. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026: मेसी ने रचा इतिहास, एमबापे का करिश्मा

    लियोनेल मेसी और किलियन एमबापे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अर्जेंटीना के फ़ुटबॉलर लियोनेल मेसी और फ़्रांस के फ़ुटबॉलर किलियन एमबापे

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 में 22 जून का दिन एक बार फिर अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी और फ़्रांस के सुपरस्टार किलियन एमबापे के नाम रहा.

    दोनों ने ज़बरदस्त प्रदर्शन करके अपनी-अपनी टीमों को जीत दिलाई. अर्जेंटीना और फ़्रांस दोनों ही अपने शुरुआती दो-दो मैच जीतकर अब अपने-अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई हैं और अगले दौर में पहुंचने की उनकी संभावनाएं बेहद बढ़ गई हैं.

    इंगलवुड के सोफ़ी स्टेडियम में ग्रुप जे के एक मैच में अर्जेंटीना और ऑस्ट्रिया की टीमें आमने-सामने थीं. सबकी नज़रें थी अर्जेंटीना के कप्तान और स्टार लियोनेल मेसी पर. वो मैच से पहले कुल वर्ल्ड कप मैचों में 16 गोल करके मिरोस्लाव क्लोसा के रिकॉर्ड की बराबरी कर चुके थे. ऑस्ट्रिया के ख़िलाफ़ भी उनका जलवा दिखा. हालांकि, वो एक पेनल्टी मिस कर गए और मैदान में मौजूद अर्जेंटीना के समर्थकों में निराशा फैल गई.

    लेकिन जल्द ही टीम ने ज़बरदस्त वापसी की. मेसी ने मैच के 38वें मिनट में एक गोल किया और मैच के आख़िरी लम्हों में भी एक गोल करके अपनी टीम को 2-0 से जीत दिला दी. इन दो गोल के साथ ही वो वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज़्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. अब उनके नाम 18 गोल हैं.

    दूसरी ओर फ़्रांस के सुपरस्टार किलियन एमबापे भी उनसे ज़्यादा पीछे नहीं रहे. ग्रुप आई के एक मैच में फ़्रांस ने इराक़ को आसानी से 3-0 से हरा दिया और 6 अंकों के साथ अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई. एमबापे ने 14वें और 54वें मिनट में गोल दागे जबकि फ़्रांस के लिए तीसरा गोल उस्मान डेंबले ने किया. फ़्रांस भी 6 अंकों के साथ अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच गई है.

    एमबापे के अब विश्व कप मैचों में कुल 16 गोल हो चुके हैं.

  3. पाकिस्तान के दौरे पर रहेंगे ईरानी राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान, इन मुद्दों पर होनी है चर्चा

    मसूद पेज़ेश्कियान

    इमेज स्रोत, Foad Ashtari/SOPA Images/LightRocket via Getty Image

    इमेज कैप्शन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान पाकिस्तान के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से भी मिलेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान मंगलवार को पाकिस्तान के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे. इसकी पुष्टि पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने की है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, मसूद पेज़ेश्कियान अपने दौरे के दौरान पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से मुलाक़ात करेंगे.

    इसके अलावा वह सीनेट के चेयरमैन, नेशनल असेंबली के स्पीकर और विदेश मंत्री इस्हाक़ डार से भी मिलेंगे.

    बतौर राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान का यह दूसरा पाकिस्तान दौरा होगा.

    मंत्रालय ने जानकारी दी, "इस दौरे में पाकिस्तान और ईरान द्विपक्षीय संबंधों की पूरी समीक्षा करेंगे. व्यापार, ऊर्जा, सीमा सुरक्षा और क्षेत्रीय जुड़ाव के नए रास्तों पर चर्चा करेंगे."

    यह दौरा इसलिए भी अहम है, क्योंकि हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर दस्तख़त हुए हैं और स्विट्ज़रलैंड में दोनों पक्षों की बैठक भी हुई. इस दौरान पाकिस्तान ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.